You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लक्ष्य सेन ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप के फ़ाइनल में पहुंचे

भारत के लक्ष्य सेन ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप्स के फ़ाइनल में पहुंच गए हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता, रौनक भैड़ा

  1. लक्ष्य सेन ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप के फ़ाइनल में पहुंचे

    भारत के लक्ष्य सेन ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप्स के फ़ाइनल में पहुंच गए हैं.

    बर्मिंघम में शनिवार को सेमीफ़ाइनल मैच में 25 वर्षीय लक्ष्य सेन ने कनाडा के 21 वर्षीय विक्टर लाई को 21-16, 18-21, 21-15 से हराया.

    लक्ष्य सेन ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप के फ़ाइनल में दूसरी बार पहुंचे हैं. साल 2022 में वो रनर अप रहे थे.

    वहीं लक्ष्य सेन के मेंटर और पूर्व बैडमिंटन खिलाड़ी प्रकाश पादुकोण ने साल 1980 में ये ख़िताब जीता था और साल 1981 में वो रनर अप रहे थे.

    फ़ाइनल मुक़ाबला रविवार को खेला जाएगा, इसमें लक्ष्य सेन का मुक़ाबला दूसरे सेमीफ़ाइनल के विजेता से होगा.

    दूसरा सेमीफ़ाइनल चीनी ताइपे के लिन चुन-यी और थाईलैंड के कुनलावुत वितिसर्न के बीच खेला जाएगा.

  2. अब इस लाइव ब्लॉग को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा को दीजिए इजाज़त. कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे.

    आप बीबीसी हिन्दी पर मौजूद अहम ख़बरों को उनके साथ दिए गए लिंक्स पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  3. ईरान से चल रही जंग को लेकर डोनाल्ड ट्रंप ने अब किया ये दावा

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका ने तीन दिन में ईरान के 42 नौसेना के जहाज़ तबाह किए हैं. साथ ही उन्होंने कहा कि ईरान के एयर फ़ोर्स और टेलीकॉम सिस्टम को ख़त्म कर दिया है.

    दरअसल, डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को फ़्लोरिडा के मियामी में 'शिल्ड ऑफ़ द अमेरिका' सम्मेलन संबोधित किया.

    ट्रंप ने कहा कि वो इस भाषण के बाद सीधे उन अमेरिकी सैनिकों के परिवारों से मिलने जाएंगे, जो इस लड़ाई में जान गंवा चुके हैं.

    उन्होंने जंग में मारे गए सैनिकों के लिए कहा, "ये सभी हमारे देश के बड़े हीरो हैं, जो ईरान से घर लौट रहे हैं लेकिन उस तरीक़े से नहीं जैसे उन्होंने सोचा था. अमेरिका कोशिश करेगा कि सैनिकों की मौत कम से कम हो."

    ट्रंप ने कहा, "अमेरिका ईरान में बहुत अच्छा कर रहा है और ईरान की सेना को कमज़ोर करने में बड़ी सफलता मिली है."

    वहीं, इसराइल ने दावा किया है कि उसने तेहरान के मेहराबाद एयरपोर्ट पर इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर की क़ुद्स फ़ोर्स के 16 जहाज़ तबाह कर दिए हैं.

    इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ का दावा है कि हमले में तबाह किए गए 16 जहाज़ हिज़्बुल्लाह को हथियार पहुंचा रहे थे. उन्होंने यह भी कहा कि 'कई ईरानी लड़ाकू विमान' भी निशाने पर लिए गए.

  4. नेपाल चुनाव: रैपर बालेन शाह ने पूर्व पीएम केपी शर्मा ओली को हराया, रजनीश कुमार, बीबीसी संवाददाता

    नेपाल में आम चुनाव की मतगणना जारी है. रैपर और काठमांडू के मेयर रहे बालेन शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को 49,614 वोटों से हराया है.

    निर्वाचन आयोग के मुताबिक़, बालेन शाह को 68,348 वोट मिले जबकि ओली को केवल 18,734 वोट प्राप्त हुए.

    राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के बालेन शाह और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ नेपाल-यूनिफ़ाइड मार्क्सिस्ट लेनिनिस्ट (सीपीएन-यूएमएल) के केपी शर्मा ओली झापा-5 सीट से चुनाव लड़ रहे थे. यहां से ओली 2017 और 2022 में चुनाव जीत चुके हैं.

    केपी शर्मा ओली ने बालेन शाह को बधाई देते हुए एक्स पर लिखा, "बालेन बाबू, आपको जीत की बहुत-बहुत बधाई. आपका पांच साल का कार्यकाल अच्छा और सफल रहे, दिल से शुभकामनाएं."

  5. कमल हासन ने ट्रंप से कहा- अपने काम पर ध्यान दें, भारत दूसरे देशों से ऑर्डर नहीं लेता

    अभिनेता और मक्कल निधि मय्यम पार्टी के संस्थापक कमल हासन ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के ख़िलाफ़ तीखी प्रतिक्रिया दी है. कमल हासन मौजूदा समय में राज्यसभा सांसद भी हैं.

    कमल हासन ने एक एक्स पोस्ट में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को कहा, "डियर मिस्टर प्रेसीडेंट, हम भारत के लोग एक आज़ाद और स्वाभिमानी देश से हैं. हम बाहर के देशों से आदेश नहीं लेते. कृपया अपनी काबिलियत के हिसाब से अपने काम पर ध्यान दें."

    "आज़ाद देशों के बीच आपसी सम्मान ही दुनिया में लंबे समय तक शांति की नींव है. हम आपके देश और उसके लोगों के लिए शांति और तरक़्क़ी की कामना करते हैं."

    हाल के समय में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कई ऐसे बयान दिए हैं, जिन्हें भारत में बड़ी संख्या में लोगों ने सहजता से नहीं लिया है.

    बीते दिनों अमेरिका ने कहा था कि वह भारत को रूस से तेल ख़रीदने के लिए '30 दिन की छूट' दे रहा है.

    अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने एक्स पर लिखा था, "अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में तेल की आपूर्ति बनाए रखने के लिए अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने भारतीय रिफ़ाइनरियों को रूस से तेल ख़रीदने के लिए 30 दिन की छूट दी है."

    इस मुद्दे पर भी भारत में विपक्षी दलों और अन्य कई लोगों ने अमेरिका के ख़िलाफ़ बयान दिए.

  6. राष्ट्रपति मुर्मु के बयान के बाद पीएम मोदी और ममता बनर्जी ने क्या कहा?

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पश्चिम बंगाल के एक कार्यक्रम में कहा कि "अगर राष्ट्रपति कहीं जाती हैं तो मुख्यमंत्री और मंत्री को आना चाहिए. लेकिन वह (ममता बनर्जी) नहीं आईं." अब इस पर पीएम मोदी और सीएम ममता बनर्जी ने भी अपनी बात रखी है.

    पीएम मोदी ने एक्स पोस्ट में लिखा, "यह बहुत शर्मनाक है. लोकतंत्र और आदिवासी समाज की ताक़त में विश्वास रखने वाले सभी लोग गहरी चोट महसूस कर रहे हैं. राष्ट्रपति ख़ुद आदिवासी समाज से आती हैं, उनकी पीड़ा और चिंता ने पूरे भारतवासियों के दिलों में गहरा दुख भर दिया है."

    "पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस सरकार ने सारी हदें पार कर दी हैं. उनके प्रशासन की वजह से राष्ट्रपति का अपमान हुआ है."

    दूसरी तरफ़, ममता बनर्जी ने कहा, "जब आदिवासियों पर अत्याचार होते हैं, तब आप (राष्ट्रपति मुर्मु) विरोध क्यों नहीं करते. जब यह मध्य प्रदेश या छत्तीसगढ़ में होता है, तब आप आवाज़ क्यों नहीं उठाते? पहले उनके लिए कुछ काम कीजिए, फिर कुछ कहिए. चुनाव के समय बीजेपी की सलाह पर राजनीति मत कीजिए."

    दरअसल, राष्ट्रपति मुर्मु शनिवार को पहले दार्जिलिंग के गोशाईपुर के कार्यक्रम में शामिल हुईं और फिर सिलीगुड़ी उपमंडल के बिधान नगर पहुंचीं. यहां पर उन्होंने बताया कि वो यहीं कार्यक्रम करना चाहती थीं, लेकिन प्रशासन से अनुमति नहीं मिली.

  7. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु बोलीं- शायद ममता बनर्जी मुझसे नाराज़ हैं

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शनिवार को पश्चिम बंगाल में एक कार्यक्रम में कहा है कि 'शायद ममता बनर्जी मुझसे नाराज़ हैं.' राष्ट्रपति मुर्मु अंतरराष्ट्रीय संथाल कॉन्फ़्रेंस में शामिल होने पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग पहुंची थीं.

    राष्ट्रपति मुर्मु पहले गोशाईपुर के कार्यक्रम में शामिल हुईं और फिर सिलीगुड़ी उपमंडल के बिधान नगर पहुंचीं.

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बिधान नगर में कहा, "आज अंतरराष्ट्रीय संथाल परिषद का सम्मेलन था. जब मैं इसे (गोशाईपुर में) अटेंड करके यहां आई, तो मुझे लगा कि अगर यह सम्मेलन यहां होता तो बेहतर होता, क्योंकि यह इलाक़ा बहुत बड़ा है."

    "मुझे समझ नहीं आया प्रशासन ने क्या सोचकर ऐसा किया, उन्होंने मुझसे कहा कि वह छोटी जगह है. लेकिन मुझे लगता है यहां आसानी से पांच लाख लोग इकट्ठा हो सकते थे. मुझे बहुत दुख है कि यहां के लोग सम्मेलन तक नहीं पहुंच पाए क्योंकि यह बहुत दूर रखा गया था."

    राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा, "शायद प्रशासन को लगा कि कोई नहीं आएगा और राष्ट्रपति बस लौट जाएंगी. अगर राष्ट्रपति कहीं जाती हैं तो मुख्यमंत्री और मंत्री भी आना चाहिए. लेकिन वह नहीं आईं. मैं भी बंगाल की बेटी हूं. ममता दीदी भी मेरी बहन हैं, छोटी बहन. पता नहीं, शायद वह मुझसे नाराज़ हैं."

  8. दिल्ली: अलग-अलग समुदायों के दो परिवारों में झड़प के बाद एक की मौत, पुलिस ने सात लोगों को पकड़ा

    दिल्ली केउत्तम नगर में अलग-अलग समुदायों के दो परिवारों के बीच हुई झड़प में एक शख़्स की मौत हो गई. इस मामले में पुलिस ने सात लोगों को पकड़ा है, इनमें एक नाबालिग भी शामिल है.

    द्वारका डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया, "4 मार्च को विवाद तब शुरू हुआ जब एक लड़की ने एक महिला पर पानी का गुब्बारा फेंका. इसके बाद दो परिवारों के लोग सड़क पर आ गए और मारपीट हुई. इसमें एक तरफ़ से तीन और दूसरी तरफ़ से पांच लोग घायल हुए."

    "एक को छोड़कर बाक़ी सभी को उसी दिन अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. 5 मार्च को 26 वर्षीय तरुण की मौत हो गई."

    डिप्टी कमिश्नर ने बताया, "दोनों परिवार पिछले पचास साल से एक-दूसरे को जानते हैं. दोनों के बीच पार्किंग, कचरा फेंकने जैसी छोटी-छोटी बातों पर पहले से ही विवाद होता रहा है."

    डीसीपी कुशल पाल ने आगे कहा, "कुछ असामाजिक लोग इस घटना को अलग रंग देने और क़ानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे, जिनसे सख़्ती से निपटा जा रहा है. हालात क़ाबू में हैं."

  9. रैपर बादशाह ने 'टटीरी' गाने पर विवाद होने के बाद माफ़ी मांगते हुए क्या कहा?

    रैपर आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया उर्फ़ बादशाह ने अपने हालिया रिलीज़ गाने 'टटीरी' पर हुए विवाद के बाद माफ़ी मांगी है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म इंस्टाग्राम पर यह भी लिखा कि गाने को हर जगह से हटा दिया गया है.

    रैपर बादशाह ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह कह रहे हैं, "मेरे नए गाने 'टटीरी' के एक हिस्से में लिरिक्स और विज़ुअल रिप्रज़ेंटेशन से जो संदेश गया है, उससे कई लोगों को ठेस पहुंची है. ख़ासकर, मेरे अपने हरियाणा के लोगों की भावनाओं को ठेस लगी है."

    "मेरा इरादा नहीं था कि मैं हरियाणा की किसी महिला के बारे में ऐसी बेहूदगी भरी बात करूं. मैं हिप-हॉप जॉनर से हूं, जहां लिरिक्स प्रतिद्वंदी के लिए होते हैं, न कि किसी औरत या बच्चे के लिए."

    बादशाह ने कहा, "मैं ख़ुद हरियाणा से हूं, मेरी पहचान हरियाणा से है. मैंने हमेशा कोशिश की है कि मैं हरियाणा की संस्कृति और बोली को ऊंचाई तक लेकर जाऊं."

    बादशाह ने आगे कहा, "लेकिन अगर गाने के उस हिस्से से किसी को भी ठेस पहुंची है तो मैं तहेदिल से आप सबसे क्षमा मांगता हूं. मैं उम्मीद करता हूं कि आप मुझे हरियाणा का बेटा समझकर, अपना बेटा समझकर माफ़ करेंगे."

    गौरतलब है कि रैपर-सिंगर आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया उर्फ़ बादशाह को गिरफ़्तार करने के लिए हरियाणा पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं. बादशाह को पुलिस के सामने पेश होने का नोटिस भी जारी भी हुआ है.

  10. डोनाल्ड ट्रंप का दावा- 'आज ईरान पर बहुत बड़ा हमला होगा'

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि "आज ईरान पर बहुत बड़ा हमला होगा." ट्रंप ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान के ताज़ा बयान पर भी प्रतिक्रिया दी है.

    डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, "ईरान को बुरी तरह हराया जा रहा है. उसने अपने पड़ोसी मिडिल ईस्ट देशों से माफ़ी मांगी है और वादा किया है कि अब उन पर हमला नहीं करेगा. यह वादा लगातार चल रहे अमेरिका-इसराइल के हमले की वजह से किया गया है."

    "उनका (ईरान) मक़सद मिडिल ईस्ट पर क़ब्ज़ा करना और राज करना था. यह पहली बार है जब ईरान हज़ारों सालों में अपने आसपास के मिडिल ईस्ट देशों से हार गया है. उन्होंने (मिडिल ईस्ट देश) कहा- धन्यवाद राष्ट्रपति ट्रंप. मैंने कहा- आपका स्वागत है."

    ट्रंप ने आगे लिखा, "ईरान अब मिडिल ईस्ट पर 'धौंस जमाने वाला' नहीं रहा, बल्कि 'मिडिल ईस्ट का लूज़र' बन गया है. आने वाले कई दशकों तक ऐसा ही रहेगा, जब तक कि वे पूरी तरह हार न मान लें या शायद पूरी तरह टूट न जाएं."

    ट्रंप ने कहा, "आज ईरान पर बहुत बड़ा हमला होगा. ईरान के ग़लत व्यवहार की वजह से अब उन जगहों और लोगों को भी निशाना बनाने पर गंभीर विचार हो रहा है, जिन्हें अब तक निशाना बनाने पर विचार नहीं किया गया था."

    गौरतलब है कि ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने ईरान के सरकारी टेलीविज़न पर एक वीडियो मैसेज दिया था.

    इसमें उन्होंने अपने पड़ोसी देशों से माफ़ी मांगते हुए कहा, "मुझे लगता है कि उन पड़ोसी देशों से माफ़ी मांगना ज़रूरी है, जिन पर हमला हुआ है. पड़ोसी देशों पर हमला करने का हमारा कोई इरादा नहीं है."

  11. टी-20 वर्ल्ड कप 2026: भारत के ख़िलाफ़ फ़ाइनल खेलने से पहले क्या बोले न्यूज़ीलैंड के कप्तान?, जान्हवी मुले, बीबीसी संवाददाता

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच 8 मार्च को टी-20 वर्ल्ड कप का फ़ाइनल मैच खेला जाना है. इससे पहले न्यूज़ीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर का बयान सामने आया.

    न्यूज़ीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने मीडिया से बातचीत में कहा, “मुझे ट्रॉफ़ी जीतने में कोई दिक़्क़त नहीं होगी. जब आप इस टीम को देखते हैं, तो दिखता है कि हम इन टूर्नामेंट्स में काफ़ी स्थिर रहे हैं. इसकी वजह है कि हम हालात या सामने वाली टीम से दबाव में नहीं आते.”

    उन्होंने कहा, "हम एक टीम की तरह अपना काम करने पर ध्यान देते हैं. अच्छा होगा अगर हम कुछ दिल तोड़ें और ट्रॉफ़ी जीतें. ज़ाहिर है, भारत पर घर में वर्ल्ड कप जीतने का बहुत दबाव है.”

    सैंटनर ने मध्य एशिया में चल रहे संघर्ष के बीच भारत में फंसी टीमों पर कहा, "ये एक चुनौती है. लेकिन मुझे लगता है कि आख़िर में हम यहां काफ़ी सुरक्षित हैं. हमारे पास कल का बड़ा मैच है. आज हम जो कर सकते हैं वो है इस मैच की तैयारी करना और फिर मैदान पर जाकर अच्छा खेल दिखाना.”

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच कल अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मुक़ाबला होना है. टॉस शाम 6:30 बजे होगा और मैच शाम 7 बजे से शुरू होगा. इसे जीतने वाली टीम टी-20 विश्व कप का ख़िताब अपने नाम कर लेगी.

  12. दुबई एयरपोर्ट के पास ड्रोन हमला, वहां की सरकार के मीडिया ऑफ़िस ने क्या बताया?

    दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास ड्रोन हमला हुआ है. बीबीसी ने उस वीडियो की पुष्टि की है जिसमें एक ड्रोन दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास गिरता दिख रहा है.

    सोशल मीडिया पर शेयर हो रहे वीडियो में धमाका और टर्मिनल के पास धुएं का बड़ा ग़ुबार दिखाई दे रहा है.

    वीडियो में एक शख़्स यह कहते हुए सुनाई दे रहा है, "एक और ड्रोन."

    धमाका किस जगह हुआ, यह साफ़ नहीं है, लेकिन संभव है कि यह एयरपोर्ट के 'कॉनकोर्स-ए' के पास हुआ.

    दुबई सरकार के मीडिया ऑफ़िस ने एक्स पर लिखा, "दुबई अधिकारियों ने पुष्टि की है कि मलबा गिरने के बाद हुई छोटी घटना को सफलतापूर्वक क़ाबू कर लिया गया है. किसी के घायल होने की ख़बर नहीं है. अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर फैल रही उन रिपोर्टों को भी ग़लत बताया है जिनमें दावा किया गया था कि दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कोई घटना हुई है."

    दुबई सरकार के मीडिया ऑफ़िस ने ताज़ा संदेश भी शेयर किया है जिसमें शनिवार दोपहर से उड़ानें शुरू होने की जानकारी दी गई है.

  13. आईआरजीसी का दावा, 'होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़र रहे तेल टैंकर को निशाना बनाया'

    ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने दावा किया है कि उसने खाड़ी में एक तेल टैंकर को निशाना बनाया है, जो होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़र रहा था.

    टेलीग्राम पर जारी बयान में कहा गया है, "प्राइमा नाम के तेल टैंकर पर ड्रोन से हमला किया गया, क्योंकि उसने आईआरजीसी नेवी की बार-बार दी गई चेतावनियों को नज़रअंदाज़ किया था. चेतावनी में होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रने पर रोक की बात कही गई थी."

    आईआरजीसी ने यह भी कहा है कि वह 'विरोधी देशों' के तेल टैंकरों और व्यापारिक जहाज़ों को होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रने नहीं देगा.

    ग़ौरतलब है कि होर्मुज़ स्ट्रेट दुनिया की ऊर्जा सप्लाई के लिए सबसे अहम रास्तों में से एक है. दुनिया में तेल और गैस का लगभग पांचवां हिस्सा इसी रास्ते से गुज़रता है.

    मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध की वजह से यह रास्ता लगभग बंद हो गया है. ईरानी शासन ने इस हफ़्ते धमकी दी थी कि जो जहाज़ यहां से गुज़रने की कोशिश करेंगे, उन्हें "आग लगा दी जाएगी."

    इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ज़रूरत पड़ने पर अमेरिकी नौसेना जहाज़ों को सुरक्षित रास्ता मुहैया करा सकती है.

    दूसरी तरफ़, इसराइल डिफ़ेंस फोर्सेज़ (आईडीएएफ़) ने कहा है, "हमने तेहरान और इस्फ़हान में ईरानी इंफ़्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाते हुए 'बड़े पैमाने पर हमले' शुरू किए हैं."

  14. बादशाह का विवादित गाना 'टटीरी' यूट्यूब से हटा, रैपर की गिरफ़्तारी के लिए पुलिस दे रही दबिश

    रैपर-सिंगर आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया उर्फ़ बादशाह को गिरफ़्तार करने के लिए हरियाणा पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं. बादशाह को पुलिस के सामने पेश होने का नोटिस भी जारी हो गया है.

    बादशाह के नए गाने 'टटीरी' के बोल पर विवाद हो गया है. उन पर एफ़आईआर दर्ज हुई है और हरियाणा महिला आयोग ने भी उनको समन भेजा है.

    हरियाणा पुलिस ने एक्स पर जानकारी देते हुए कहा, "बादशाह के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज हो गई है. अभियुक्त के ख़िलाफ़ लुकआउट सर्कुलर जारी कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है."

    हरियाणा पुलिस ने आगे लिखा, "पंचकूला पुलिस ने यूट्यूब से विवादित गाना हटवाया, अन्य सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म से भी वीडियो हटवाने की कार्रवाई जारी है. आपत्तिजनक सामग्री साझा करने वालों पर भी सख़्त क़ानूनी कार्रवाई होगी."

    हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने कहा है, "बादशाह ने इस गाने में शर्मसार करने वाले शब्दों का इस्तेमाल किया है. इस आपत्तिजनक भाषा को वापस लेना चाहिए और माफ़ी माँगी जानी चाहिए."

  15. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक ख़बरें पहुंचा रही थीं.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  16. पड़ोसी देशों पर हमले को लेकर ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान का आया ताज़ा बयान

    ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने ईरान के सरकारी टेलीविज़न पर एक वीडियो मैसेज दिया है.

    उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि उन पड़ोसी देशों से माफ़ी मांगना ज़रूरी है, जिन पर हमला हुआ है. पड़ोसी देशों पर हमला करने का हमारा कोई इरादा नहीं है."

    राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान ने "शांति और सुकून कायम करने" के लिए क्षेत्र में सहयोग करने की अपील की.

    उन्होंने कहा कि सेना को ईरानी नेतृत्व का एक फ़ैसला जारी किया गया है, "अब से, पड़ोसी देशों पर तब तक हमला ना करें जब तक कि पहले (ईरान पर) हमला न हो."

    पेज़ेश्कियान ने कहा, "जो लोग इस मौक़े का फ़ायदा उठाकर ईरान पर हमला करने की सोच रहे हैं, उन्हें साम्राज्यवाद की कठपुतली नहीं बनना चाहिए."

    उन्होंने कहा कि इसराइल या अमेरिका को समर्थन देना "सम्मान और आज़ादी का ज़रिया" नहीं है.

  17. डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम पत्रकार छत्रपति की हत्या के मामले में बरी

    पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के मामले में शनिवार को डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को बरी कर दिया है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ डेरा प्रमुख के वकील जितेंद्र खुराना ने शनिवार को यह जानकारी दी.

    कोर्ट ने डेरा प्रमुख को दोषी ठहराए जाने और आजीवन कारावास की सजा सुनाए जाने के सात साल से अधिक समय बाद बरी किया.

    जितेंद्र खुराना ने कहा, "कोर्ट ने उन्हें पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के मामले में बरी कर दिया है."

    लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक़ पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के चीफ़ जस्टिस शील नागू और जस्टिस विक्रम अग्रवाल की बेंच ने सज़ा के ख़िलाफ़ दायर अपील पर यह फ़ैसला सुनाया है.

    अपने फ़ैसले में, कोर्ट ने बाकी तीन अभियुक्तों, कुलदीप सिंह, निर्मल सिंह और कृष्ण लाल की सज़ा और उम्रकैद को बरक़रार रखा.

    सेंट्रल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) कोर्ट ने साल 2019 में इन सभी को इस मामले में दोषी ठहराया था. इसके बाद चारों दोषियों को उम्रकैद की सज़ा सुनाई गई थी.

    रामचंद्र छत्रपति सिरसा के अख़बार 'पूरा सच' के संपादक थे. साध्वी के साथ हुए रेप की ख़बर प्रकाशित करने के कुछ महीने बाद ही छत्रपति को अक्तूबर 2002 में गोली मार दी गई थी.

    गंभीर रूप से घायल होने के कारण बाद में उनकी मौत हो गई थी. साल 2003 में ये मामला दर्ज किया गया था और 2006 में ये मामला सीबीआई को सौंप दिया गया था.

    राम रहीम को अगस्त 2017 में दो महिला अनुयायियों के बलात्कार के मामले में 20 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी.

  18. ईरान जंग के बीच क़तर पहली बार खोलेगा अपना एयर स्पेस

    ईरान पर अमेरिकी-इसराइली हमलों के बाद बीते एक हफ़्ते से पैदा हुए हालात के बीच क़तर ने पहली बार सीमित उड़ानें शुरू करने की घोषणा की है.

    क़तर की एविएशन अथॉरिटी ने कहा कि लोगों को निकालने और ज़रूरी कार्गो फ़्लाइट्स के लिए देश का हवाई क्षेत्र आशिंक रूप से फ़िर से खोला जाएगा.

    हमाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट के मुताबिक़ और फ़्लाइटों की आवा-जाही आने वाले दिनों में सुरक्षा हालात पर निर्भर करेगी.

    क़तर के अधिकारियों ने इस हफ़्ते की शुरुआत में एयरपोर्ट पर ईरानी हमलों की कोशिश को नाक़ाम करने की बात कही थी.

    रक्षा मंत्रालय ने बताया कि क़तर ने शुक्रवार को नौ ड्रोन इंटरसेप्ट किए. एक ड्रोन बिना कोई नुक़सान पहुंचाए एक सुनसान इलाके में गिरा.

  19. घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दाम में 60 रुपये की बढ़ोतरी, क्या बोले लोग?

    रसोई गैस सिलेंडर के दाम में 60 रुपये और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 115 रुपये का इज़ाफ़ा हुआ है. इंडियन ऑयल के मुताबिक़ रसोई गैस सिलेंडर के नए दाम शनिवार, 7 मार्च से लागू कर दिए गए हैं.

    इंडियन ऑयल की वेबसाइट पर नए दाम अपडेट कर दिए गए हैं. अब 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 913 रुपये, कोलकाता में 939 रुपये, मुंबई में 912.50 रुपये और चेन्नई में 928.50 रुपये हो गई है.

    घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत अप्रैल 2025 से नहीं बढ़ाई गई थी.

    वहीं 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 1883 रुपये, कोलकाता में 1990 रुपये, मुंबई में 1835 रुपये और चेन्नई में 2043.50 रुपये हो गई है.

    दिल्ली की एक महिला ने कहा, "आज एलपीजी सिलेंडर की कीमतें बढ़ी हैं, कुछ दिनों में पेट्रोल और डीज़ल की कीमतें भी बढ़ जाएंगी. इसका असर आम आदमी पर पड़ेगा."

    यूपी के मुरादाबाद की एक महिला ने कहा, "सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. बहुत सारी समस्याएं हैं. आमदनी कम है और ख़र्चा ज़्यादा है...हम चाहते हैं कि कीमत कम हो जाए."

    वहीं कांग्रेस ने बढ़ोतरी पर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है. कांग्रेस ने इसे 'जनता को झटका' बताया है.

    वहीं बीजेपी सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने अंतरराष्ट्रीय स्थिति का ज़िक्र करते हुए कहा कि 'विपक्ष बिना मतलब का शोर मचा रहा' है.

  20. ईरान के विदेश मंत्री अराग़ची का पोस्ट, अरब देशों और अमेरिका को लेकर क्या कहा?

    ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराग़ची ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट कर देश में अमेरिकी हमलों की निंदा की.

    अराग़ची ने लिखा कि 'अमेरिका ने ईरान के अरब दोस्तों की ज़मीन से बच्चों और मासूमों को निशाना बनाया'.

    उन्होंने पोस्ट किया, "ईरान और अरब भाई सदियों से प्यार, दोस्ती और आपसी सम्मान की भावना से साथ-साथ रहते आए हैं."

    "अमेरिकी हमलावरों ने हमारे अरब दोस्तों की ज़मीन से बच्चों और मासूमों को निशाना बनाया. जहां तक ईरान की जवाबी कार्रवाई की बात है, तो यह निश्चित तौर पर अमेरिकी अड्डों पर होगी."

    ईरान पर अमेरिकी-इसराइली हमले के बाद से ही मध्यपूर्व में तनाव है.

    अमेरिका और इसराइल ने 28 फ़रवरी को ईरान के कई ठिकानों पर हमला किया, जिसमें ईरानी सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली ख़ामेनेई सहित कई बड़े अधिकारियों की मौत हो गई.

    अमेरिका-इसराइल के हवाई हमलों के जवाब में ईरान ने अपने अरब पड़ोसियों की ओर सैकड़ों मिसाइलें और ड्रोन दागे हैं.

    ईरान ने अरब देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की बात कही है.