बादशाह के नए गाने 'टटीरी' को लेकर क्या है विवाद, जिसकी वजह से दर्ज हुई एफ़आईआर

    • Author, नवजोत कौर
    • पदनाम, बीबीसी पत्रकार
  • पढ़ने का समय: 7 मिनट

गायक और रैपर बादशाह अपने नए गाने 'टटीरी' को लेकर विवादों में घिर गए हैं. बादशाह के इस गाने के ख़िलाफ़ पंचकुला के साइबर पुलिस स्टेशन में 6 मार्च, 2026 को एफ़आईआर दर्ज की गई है.

हरियाणा पुलिस ने आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया उर्फ़ बादशाह के ख़िलाफ़ लुकआउट सर्कुलर जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और उसे पुलिस के सामने पेश होने का नोटिस जारी किया है.

पुलिस ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "पुलिस टीमें गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं. पंचकुला पुलिस ने विवादित गाने को यूट्यूब से हटा दिया है, अन्य सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म से भी वीडियो हटाने की प्रक्रिया जारी है. आपत्तिजनक सामग्री साझा करने वालों के ख़िलाफ़ सख़्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी."

बादशाह ने अब 'टटीरी' पर हुए विवाद के बाद माफ़ी मांग ली है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म इंस्टाग्राम पर यह भी लिखा कि गाने को हर जगह से हटा दिया गया है.

बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

रैपर बादशाह ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह कह रहे हैं, "मेरा इरादा नहीं था कि मैं हरियाणा की किसी महिला के बारे में ऐसी बेहूदगी भरी बात करूं. मैं हिप-हॉप जॉनर से हूं, जहां लिरिक्स प्रतिद्वंदी के लिए होते हैं, न कि किसी औरत या बच्चे के लिए."

बादशाह ने कहा, "मैं ख़ुद हरियाणा से हूं, मेरी पहचान हरियाणा से है. मैंने हमेशा कोशिश की है कि मैं हरियाणा की संस्कृति और बोली को ऊंचाई तक लेकर जाऊं."

बादशाह ने आगे कहा, "लेकिन अगर गाने के उस हिस्से से किसी को भी ठेस पहुंची है तो मैं तहेदिल से आप सबसे क्षमा मांगता हूं. मैं उम्मीद करता हूं कि आप मुझे हरियाणा का बेटा समझकर, अपना बेटा समझकर माफ़ करेंगे."

बादशाह का 'टटीरी' गाना 1 मार्च, 2026 को यूट्यूब पर रिलीज़ हुआ था. हरियाणा में विभिन्न जगहों पर लोगों ने बादशाह के इस गाने के ख़िलाफ़ आपत्ति जताई.

विरोध प्रदर्शनों के बाद शनिवार, 7 मार्च से यह गाना यूट्यूब पर मौजूद नहीं है. जबकि 6 मार्च को यह गाना यूट्यूब पर सुना जा रहा था.

जब हम यूट्यूब की हिस्ट्री में जाकर इस गाने को सुनने की कोशिश करें तो एक सूचना दिखाई देती है जिसमें लिखा होता है, "सरकार की क़ानूनी शिकायत के कारण, यह सामग्री इस देश के डोमेन पर उपलब्ध नहीं है."

एफ़आईआर में क्या लिखा है?

पंचकुला में बादशाह के गाने के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज कराने वाले शिकायतकर्ता ने बीबीसी को बताया, "गाने के बोल महिलाओं के प्रति अश्लील हैं. वीडियो में अश्लील इशारे और स्कूल यूनिफॉर्म में लड़कियां दिखाई गई हैं, जिसे सुनना और देखना सभ्य नहीं है."

पंचकुला साइबर पुलिस स्टेशन में दर्ज एफ़आईआर के अनुसार, 'टटीरी' की सामग्री की जांच भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 296 के तहत की जा रही है और साथ ही महिलाओं के अश्लील चित्रण अधिनियम, 1986 की धारा 3 और 4 के तहत भी कार्रवाई की जा रही है.

इस गाने में क्या है?

हरियाणवी हिप-हॉप सिंगल 'टटीरी' 1 मार्च, 2026 को रिलीज़ हुआ था, जिसमें रैपर-गायक बादशाह के साथ हरियाणवी गायिका सिमरन जगलान भी हैं.

इसके बोल बादशाह ने लिखे हैं.

इस गाने में हरियाणा की महिलाओं और पुरुषों को दिखाया गया, स्कूल यूनिफॉर्म पहने लड़कियां नाचती हुई दिखाई दे रही थीं.

इसमें हरियाणा रोडवेज की एक बस भी दिखाई गई, और बादशाह को ऐसे इशारे करते हुए देखा गया, जिसे आपत्तिजनक माना गया.

पंचकुला में दर्ज एफ़आईआर के अनुसार, "इस गाने में स्कूल और छात्राओं को ग़लत तरीके से पेश करने की कोशिश की गई है, जिसका युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है. इसलिए, इस गाने को तुरंत हटाया जाना चाहिए और बादशाह के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई की जानी चाहिए."

हरियाणा महिला आयोग का बादशाह को समन

हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने भी इस गाने का स्वतः संज्ञान लिया है और रैपर बादशाह के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है.

बीबीसी से बात करते हुए रेणु भाटिया ने कहा, "गाने में लड़कियां स्कूल यूनिफॉर्म पहने हुए दिखाई दे रही हैं और लड़कियों के प्रति अनुचित भाषा का इस्तेमाल किया गया है, यही वजह है कि महिला आयोग ने यह कार्रवाई की है."

रेणु भाटिया कहती हैं, "हमारी पहली मांग थी कि बादशाह का गाना 'टटीरी' यूट्यूब से हटा दिया जाए. क्योंकि इस गाने का और प्रचार नहीं हो सकता. अब मैं देख रही हूं कि यह गाना यूट्यूब पर दिखाई नहीं दे रहा है."

"पुलिस ने इस मामले में एफ़आईआर भी दर्ज कर ली है, हरियाणा महिला आयोग ने भी बादशाह को 13 मार्च को स्पष्टीकरण देने के लिए तलब किया है. ऐसी भाषा बिल्कुल भी ठीक नहीं है. इस आपत्तिजनक भाषा को वापस लेना चाहिए और माफ़ी मांगी जानी चाहिए."

रेणु भाटिया ने कहा, "एक तरफ हम महिला दिवस मना रहे हैं और दूसरी तरफ आज भी कुछ ऐसे गायक हैं जो ख़ुद को आधुनिक कहते हैं, वे महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक गीत लिखते और गाते हैं. यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है."

हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने क्या कहा?

इस पूरे मामले पर हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि जिस तरह से हरियाणा की संस्कृति को ग़लत तरीके से पेश किया जा रहा है, वह बेहद दुखद और निंदनीय है.

उन्होंने कहा, "जैसे ही यह मामला सरकार के संज्ञान में आया, माननीय मुख्यमंत्री ने इस पर कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए हैं."

गाने के निर्माता/गीतकार के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज कर ली गई है. इस बात की भी जांच की जा रही है कि वीडियो में दिखाई गई बस किस डिपो की है और किसके आदेश पर इसे गाने की शूटिंग के लिए भेजी गई थी.

महिपाल ढांडा ने कहा कि नियमों के अनुसार बस चालक और कंडक्टर के ख़िलाफ़ भी कार्रवाई की जाएगी.

उन्होंने कहा, "वीडियो में एक स्कूल का नाम भी दिखाई दे रहा है. यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि यह कौन सा स्कूल है. इस गाने में बच्चों के यूनिफ़ॉर्म और स्कूल बैग को जिस तरह से दिखाया गया है, वह बेहद आपत्तिजनक और निंदनीय है. दोषियों के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई की जाएगी."

महिपाल ढांडा के मुताबिक़, "सरकार ने गानों में अश्लीलता और अनुचित सामग्री के संबंध में पहले ही सख़्त नियम बना दिए हैं. अब वह गानों में आपत्तिजनक भाषा के प्रयोग के संबंध में भी सख़्त नियम बनाने के लिए कदम उठा रही है."

रैपर-सिंगर बादशाह कौन हैं?

बादशाह का पूरा नाम आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया है, जो बॉलीवुड के गायक और रैपर हैं.

बादशाह के संगीत के सफ़र की शुरुआत पंजाबी गानों से हुई. उन्होंने बॉलीवुड रैपर हनी सिंह के साथ मिलकर कई पंजाबी गाने रिकॉर्ड किए. इसके बाद, बादशाह ने हिंदी और बॉलीवुड गानों में रैप करना शुरू किया.

बादशाह संगीत के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय हैं. उनके हिट गानों में 'अभी तो पार्टी शुरू हुई है', 'काला चश्मा' और 'बेबी को बेस पसंद है' शामिल हैं.

बादशाह फिलहाल एक सिंगिंग रियलिटी शो में जज भी हैं.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.