You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लाइव, आईआरजीसी का दावा, 'होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़र रहे तेल टैंकर को निशाना बनाया'

ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने दावा किया है कि उसने खाड़ी में एक तेल टैंकर को निशाना बनाया है, जो होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़र रहा था.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता, रौनक भैड़ा

  1. आईआरजीसी का दावा, 'होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़र रहे तेल टैंकर को निशाना बनाया'

    ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने दावा किया है कि उसने खाड़ी में एक तेल टैंकर को निशाना बनाया है, जो होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़र रहा था.

    टेलीग्राम पर जारी बयान में कहा गया है, "प्राइमा नाम के तेल टैंकर पर ड्रोन से हमला किया गया, क्योंकि उसने आईआरजीसी नेवी की बार-बार दी गई चेतावनियों को नज़रअंदाज़ किया था. चेतावनी में होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रने पर रोक की बात कही गई थी."

    आईआरजीसी ने यह भी कहा है कि वह 'विरोधी देशों' के तेल टैंकरों और व्यापारिक जहाज़ों को होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रने नहीं देगा.

    ग़ौरतलब है कि होर्मुज़ स्ट्रेट दुनिया की ऊर्जा सप्लाई के लिए सबसे अहम रास्तों में से एक है. दुनिया में तेल और गैस का लगभग पांचवां हिस्सा इसी रास्ते से गुज़रता है.

    मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध की वजह से यह रास्ता लगभग बंद हो गया है. ईरानी शासन ने इस हफ़्ते धमकी दी थी कि जो जहाज़ यहां से गुज़रने की कोशिश करेंगे, उन्हें "आग लगा दी जाएगी."

    इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ज़रूरत पड़ने पर अमेरिकी नौसेना जहाज़ों को सुरक्षित रास्ता मुहैया करा सकती है.

    दूसरी तरफ़, इसराइल डिफ़ेंस फोर्सेज़ (आईडीएएफ़) ने कहा है, "हमने तेहरान और इस्फ़हान में ईरानी इंफ़्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाते हुए 'बड़े पैमाने पर हमले' शुरू किए हैं."

  2. बादशाह का विवादित गाना 'टटीरी' यूट्यूब से हटा, रैपर की गिरफ़्तारी के लिए पुलिस दे रही दबिश

    रैपर-सिंगर आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया उर्फ़ बादशाह को गिरफ़्तार करने के लिए हरियाणा पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं. बादशाह को पुलिस के सामने पेश होने का नोटिस भी जारी हो गया है.

    बादशाह के नए गाने 'टटीरी' के बोल पर विवाद हो गया है. उन पर एफ़आईआर दर्ज हुई है और हरियाणा महिला आयोग ने भी उनको समन भेजा है.

    हरियाणा पुलिस ने एक्स पर जानकारी देते हुए कहा, "बादशाह के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज हो गई है. अभियुक्त के ख़िलाफ़ लुकआउट सर्कुलर जारी कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है."

    हरियाणा पुलिस ने आगे लिखा, "पंचकूला पुलिस ने यूट्यूब से विवादित गाना हटवाया, अन्य सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म से भी वीडियो हटवाने की कार्रवाई जारी है. आपत्तिजनक सामग्री साझा करने वालों पर भी सख़्त क़ानूनी कार्रवाई होगी."

    हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने कहा है, "बादशाह ने इस गाने में शर्मसार करने वाले शब्दों का इस्तेमाल किया है. इस आपत्तिजनक भाषा को वापस लेना चाहिए और माफ़ी माँगी जानी चाहिए."

  3. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक ख़बरें पहुंचा रही थीं.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  4. पड़ोसी देशों पर हमले को लेकर ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान का आया ताज़ा बयान

    ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने ईरान के सरकारी टेलीविज़न पर एक वीडियो मैसेज दिया है.

    उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि उन पड़ोसी देशों से माफ़ी मांगना ज़रूरी है, जिन पर हमला हुआ है. पड़ोसी देशों पर हमला करने का हमारा कोई इरादा नहीं है."

    राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान ने "शांति और सुकून कायम करने" के लिए क्षेत्र में सहयोग करने की अपील की.

    उन्होंने कहा कि सेना को ईरानी नेतृत्व का एक फ़ैसला जारी किया गया है, "अब से, पड़ोसी देशों पर तब तक हमला ना करें जब तक कि पहले (ईरान पर) हमला न हो."

    पेज़ेश्कियान ने कहा, "जो लोग इस मौक़े का फ़ायदा उठाकर ईरान पर हमला करने की सोच रहे हैं, उन्हें साम्राज्यवाद की कठपुतली नहीं बनना चाहिए."

    उन्होंने कहा कि इसराइल या अमेरिका को समर्थन देना "सम्मान और आज़ादी का ज़रिया" नहीं है.

  5. डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम पत्रकार छत्रपति की हत्या के मामले में बरी

    पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के मामले में शनिवार को डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को बरी कर दिया है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ डेरा प्रमुख के वकील जितेंद्र खुराना ने शनिवार को यह जानकारी दी.

    कोर्ट ने डेरा प्रमुख को दोषी ठहराए जाने और आजीवन कारावास की सजा सुनाए जाने के सात साल से अधिक समय बाद बरी किया.

    जितेंद्र खुराना ने कहा, "कोर्ट ने उन्हें पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के मामले में बरी कर दिया है."

    लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक़ पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के चीफ़ जस्टिस शील नागू और जस्टिस विक्रम अग्रवाल की बेंच ने सज़ा के ख़िलाफ़ दायर अपील पर यह फ़ैसला सुनाया है.

    अपने फ़ैसले में, कोर्ट ने बाकी तीन अभियुक्तों, कुलदीप सिंह, निर्मल सिंह और कृष्ण लाल की सज़ा और उम्रकैद को बरक़रार रखा.

    सेंट्रल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) कोर्ट ने साल 2019 में इन सभी को इस मामले में दोषी ठहराया था. इसके बाद चारों दोषियों को उम्रकैद की सज़ा सुनाई गई थी.

    रामचंद्र छत्रपति सिरसा के अख़बार 'पूरा सच' के संपादक थे. साध्वी के साथ हुए रेप की ख़बर प्रकाशित करने के कुछ महीने बाद ही छत्रपति को अक्तूबर 2002 में गोली मार दी गई थी.

    गंभीर रूप से घायल होने के कारण बाद में उनकी मौत हो गई थी. साल 2003 में ये मामला दर्ज किया गया था और 2006 में ये मामला सीबीआई को सौंप दिया गया था.

    राम रहीम को अगस्त 2017 में दो महिला अनुयायियों के बलात्कार के मामले में 20 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी.

  6. ईरान जंग के बीच क़तर पहली बार खोलेगा अपना एयर स्पेस

    ईरान पर अमेरिकी-इसराइली हमलों के बाद बीते एक हफ़्ते से पैदा हुए हालात के बीच क़तर ने पहली बार सीमित उड़ानें शुरू करने की घोषणा की है.

    क़तर की एविएशन अथॉरिटी ने कहा कि लोगों को निकालने और ज़रूरी कार्गो फ़्लाइट्स के लिए देश का हवाई क्षेत्र आशिंक रूप से फ़िर से खोला जाएगा.

    हमाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट के मुताबिक़ और फ़्लाइटों की आवा-जाही आने वाले दिनों में सुरक्षा हालात पर निर्भर करेगी.

    क़तर के अधिकारियों ने इस हफ़्ते की शुरुआत में एयरपोर्ट पर ईरानी हमलों की कोशिश को नाक़ाम करने की बात कही थी.

    रक्षा मंत्रालय ने बताया कि क़तर ने शुक्रवार को नौ ड्रोन इंटरसेप्ट किए. एक ड्रोन बिना कोई नुक़सान पहुंचाए एक सुनसान इलाके में गिरा.

  7. घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दाम में 60 रुपये की बढ़ोतरी, क्या बोले लोग?

    रसोई गैस सिलेंडर के दाम में 60 रुपये और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 115 रुपये का इज़ाफ़ा हुआ है. इंडियन ऑयल के मुताबिक़ रसोई गैस सिलेंडर के नए दाम शनिवार, 7 मार्च से लागू कर दिए गए हैं.

    इंडियन ऑयल की वेबसाइट पर नए दाम अपडेट कर दिए गए हैं. अब 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 913 रुपये, कोलकाता में 939 रुपये, मुंबई में 912.50 रुपये और चेन्नई में 928.50 रुपये हो गई है.

    घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत अप्रैल 2025 से नहीं बढ़ाई गई थी.

    वहीं 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 1883 रुपये, कोलकाता में 1990 रुपये, मुंबई में 1835 रुपये और चेन्नई में 2043.50 रुपये हो गई है.

    दिल्ली की एक महिला ने कहा, "आज एलपीजी सिलेंडर की कीमतें बढ़ी हैं, कुछ दिनों में पेट्रोल और डीज़ल की कीमतें भी बढ़ जाएंगी. इसका असर आम आदमी पर पड़ेगा."

    यूपी के मुरादाबाद की एक महिला ने कहा, "सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. बहुत सारी समस्याएं हैं. आमदनी कम है और ख़र्चा ज़्यादा है...हम चाहते हैं कि कीमत कम हो जाए."

    वहीं कांग्रेस ने बढ़ोतरी पर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है. कांग्रेस ने इसे 'जनता को झटका' बताया है.

    वहीं बीजेपी सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने अंतरराष्ट्रीय स्थिति का ज़िक्र करते हुए कहा कि 'विपक्ष बिना मतलब का शोर मचा रहा' है.

  8. ईरान के विदेश मंत्री अराग़ची का पोस्ट, अरब देशों और अमेरिका को लेकर क्या कहा?

    ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराग़ची ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट कर देश में अमेरिकी हमलों की निंदा की.

    अराग़ची ने लिखा कि 'अमेरिका ने ईरान के अरब दोस्तों की ज़मीन से बच्चों और मासूमों को निशाना बनाया'.

    उन्होंने पोस्ट किया, "ईरान और अरब भाई सदियों से प्यार, दोस्ती और आपसी सम्मान की भावना से साथ-साथ रहते आए हैं."

    "अमेरिकी हमलावरों ने हमारे अरब दोस्तों की ज़मीन से बच्चों और मासूमों को निशाना बनाया. जहां तक ईरान की जवाबी कार्रवाई की बात है, तो यह निश्चित तौर पर अमेरिकी अड्डों पर होगी."

    ईरान पर अमेरिकी-इसराइली हमले के बाद से ही मध्यपूर्व में तनाव है.

    अमेरिका और इसराइल ने 28 फ़रवरी को ईरान के कई ठिकानों पर हमला किया, जिसमें ईरानी सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली ख़ामेनेई सहित कई बड़े अधिकारियों की मौत हो गई.

    अमेरिका-इसराइल के हवाई हमलों के जवाब में ईरान ने अपने अरब पड़ोसियों की ओर सैकड़ों मिसाइलें और ड्रोन दागे हैं.

    ईरान ने अरब देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की बात कही है.

  9. बीबीसी में काम कर चुके वरिष्ठ पत्रकार नारायण बारेठ का निधन, मोहर सिंह मीणा, जयपुर से बीबीसी हिन्दी के लिए

    वरिष्ठ पत्रकार, मीडिया शिक्षाविद और राजस्थान के पूर्व सूचना आयुक्त नारायण बारेठ का बीती रात जयपुर में 68 साल की उम्र में निधन हो गया.

    राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत कई लोगों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है.

    नारायण बारेठ के मित्र पंकज भारद्वाज ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया कि उन्हें 31 जनवरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

    उन्हें जयपुर के मालवीय नगर स्थित एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था.

    उन्होंने कहा “उन्हें फेफड़े की दिक्कत थी. उन्हें वेंटिलेटर पर लिया गया और बीच में कुछ तबीयत सुधरी भी थी लेकिन बाद में स्थिति और नाजु़क हो गई. कल रात में उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया था और सीपीआर दिए जाने के बाद भी बचाया नहीं जा सका.”

    पंकज भारद्वाज ने बताया कि उन्होंने 'टाइम्स ऑफ़ इंडिया', 'नवभारत टाइम्स' और बीबीसी हिन्दी समेत कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के लिए काम किया था.

    वे राजस्थान के हरिदेव जोशी पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में वर्ष 2013 से 2018 तक प्रोफ़ेसर भी रहे.

    राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने फ़ेसबुक पोस्ट में लिखा, “नारायण बारेठ जी के निधन का समाचार बेहद दुखद है. वे कई दिनों से निमोनिया से पीड़ित थे. ​नारायण जी ने बीबीसी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता कर अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई.''

    ''नारायण बारेठ ने कुशल प्रशासक के रूप में सूचना आयुक्त के पद पर रहते हुए भी अपनी अमिट छाप छोड़ी. वो न केवल एक प्रखर पत्रकार थे, बल्कि एक अत्यंत सरल और नेक इंसान भी थे. उनका ऐसे असमय जाना पत्रकारिता जगत और मेरे लिए व्यक्तिगत तौर पर एक बड़ी क्षति है.''

    नारायण बारेठ की के परिवार में बेटी, दामाद और एक नातिन है.

    पंकज भारद्वाज ने बताया कि जयपुर में शनिवार दोपहर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.

  10. ईरान के मेहराबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर धमाके, चश्मदीदों ने क्या बताया

    ईरान के एक मुख्य एयरपोर्ट पर बड़ा हमला होने की ख़बर है. ये ईरान का सबसे व्यस्त रहने वाला मेहराबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट है.

    सोशल मीडिया पर चश्मदीदों की ओर से शेयर किए गए फ़ुटेज में मेहराबाद एयरपोर्ट पर जलते हुए प्लेन और धुआं दिखाई दे रहा है.

    शुक्रवार को ली गई सैटेलाइट इमेज से पता चलता है कि एयरपोर्ट पर कई विमान थे. ईरान की सरकारी मीडिया भी रिपोर्ट कर रही है कि एयरपोर्ट के कुछ हिस्सों को टारगेट किया गया है.

    यह तब हुआ जब इसराइली सेना ने कहा कि वह ईरान में "बड़े पैमाने पर नए हमले" शुरू कर रही है.

    इससे पहले इसराइली सेना ने 4 मार्च को एयरपोर्ट को टारगेट किया था, यह कहते हुए कि उसके हमलों ने डिफ़ेंस और डिटेक्शन सिस्टम को ख़त्म कर दिया जो इसराइली एयर फ़ोर्स के लिए ख़तरा थे.

    यह अभी साफ़ नहीं है कि नए हमले में एयरपोर्ट के किन हिस्सों पर बमबारी की गई है, लेकिन चश्मदीदों का कहना है कि इस बार की बमबारी बहुत ज़्यादा तेज़ थी.

  11. ईरान में अब तक कितने लोग मारे गए, संयुक्त राष्ट्र में ईरानी प्रतिनिधि ने बताया

    संयुक्त राष्ट्र (यूएन) में ईरान के स्थाई प्रतिनिधि अमीर सईद इरवानी ने कहा है कि 28 फ़रवरी से देश पर अमेरिकी-इसराइली हमलों की वजह से अब तक 1,332 आम लोग मारे गए हैं.

    शुक्रवार को (भारतीय समय के अनुसार शनिवार) न्यूयॉर्क में यूएन हेडक्वार्टर में पत्रकारों से इरवानी ने कहा कि ईरानी रेड क्रिसेंट सोसाइटी के अनुसार, मरने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं.

    उन्होंने कहा, "हज़ारों लोग घायल हुए हैं और यह संख्या बढ़ती जा रही है."

    इरवानी ने आरोप लगाया कि स्कूलों, अस्पतालों और दूसरे आम लोगों के इंफ़्रास्ट्रक्चर को "जानबूझकर" निशाना बनाया गया था.

    अमेरिका ने आम लोगों के इंफ़्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाने से इनकार किया है. ईरान में लड़कियों के स्कूल पर हुए हमले के मामले में अमेरिका ने "जांच करने" की बात कही है. इस हमले में 150 से अधिक लोग मारे गए जिनमें ज़्यादातर बच्चियां हैं.

    वहीं इसराइल ने ईरान पर अपने आम लोगों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है.

  12. ट्रंप बोले- ईरान की सेना तबाह हो गई, अमेरिकी सेना का काम 'जबरदस्त'

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका ईरान में बहुत अच्छा काम कर रहा है. उन्होंने कहा कि ईरान की सेना 'पूरी तरह तबाह' हो गई है.

    व्हाइट हाउस में कॉलेज स्पोर्ट्स पर हुए राउंडटेबल के दौरान ट्रंप पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे. एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि ईरान में हमारी सेना "जबरदस्त काम" कर रही है.

    ट्रंप ने कहा, "उनकी (ईरान) आर्मी ख़त्म हो गई है. उनकी नेवी ख़त्म हो गई है. उनका कम्युनिकेशन चला गया है. उनके नेताओं की दो कतारें चली गई हैं. अब उनके नेतृत्व की तीसरी कतार है. उनकी एयर फ़ोर्स पूरी तरह से मिटा दी गई है."

    "जरा सोचिए, उनके पास 32 जहाज थे. सभी 32 जहाज समुद्र में डूब गए हैं."

  13. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.