भारत्तोलन में भारत को स्वर्ण और रजत

सतीश सिवालिंगम

इमेज स्रोत, PA

स्कॉटलैंड के ग्लासगो में चल रहे राष्ट्रमंडल खेलों में भारत्तोलन स्पर्धा के 77 किलोग्राम वर्ग में भारत ने स्वर्ण और रजत पदक जीते हैं.

इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक सतीश सिवालिंगम और रजत पदक रवि कटुलू ने अपने नाम किया जबकि ऑस्ट्रेलिया के एफ़ इतोउंडी को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा.

सतीश सिवालिंगम ने कुल 328 किलोग्राम वज़न उठाया जो राष्ट्रमंडल खेलों में नया कीर्तिमान है.

22 वर्षीय सतीश ने स्नैच स्पर्धा में तीन प्रयासों में 142, 146 और 149 किलोग्राम वज़न उठाया.

क्लीन और जर्क स्पर्धा में उन्होंने 179 किलोग्राम वज़न उठाकर ये सुनिश्चित कर दिया था कि स्वर्ण पदक किसी और को नहीं मिलेगा.

इन पदकों के साथ ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय भारत्तोलकों ने कुल नौ पदक जीत लिए हैं.

इसके साथ ही भारत पदक तालिका में पांचवे स्थान पर आ गया है. भारत ने अब तक छह स्वर्ण, नौ रजत और सात कांस्य पदक जीते हैं.

सतीश सिवालिंगम

इमेज स्रोत, PA

इसी तरह महिला भारत्तोलन में 63 किलोग्राम वर्ग में भारत की पूनम यादव ने 202 किलोग्राम वज़न उठाकर कांस्य पदक जीता.

इससे पहले, महिलाओं की डबल ट्रैप निशानेबाज़ी स्पर्धा में भारत की श्रेयसी सिंह ने रजत पदक जीता.

पुरुषों की डबल ट्रैप निशानेबाज़ी स्पर्धा में भारत के मोहम्मद असब ने कांस्य पदक हासिल किया.

ऑस्ट्रेलिया 25 स्वर्ण पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर बना हुआ है. इंग्लैंड दूसरे और स्कॉटलैंड तीसरे पायदान पर है. चौथे स्थान पर कनाडा है.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>