लाइव, ईरान के परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर एक प्रोजेक्टाइल गिरा, संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी ने ये बताया

अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) का कहना है कि उसे ईरान ने देश के दक्षिण-पश्चिम में स्थित एक परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर एक प्रोजेक्टाइल गिरने की सूचना दी है.

सारांश

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े

  1. ईरान के परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर एक प्रोजेक्टाइल गिरा, संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी ने ये बताया

    रफ़ाएल ग्रोसी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रफ़ाएल ग्रोसी ने एक बार फिर से कहा है कि संघर्ष के दौरान परमाणु दुर्घटना को टालने के लिए अत्यधिक संयम बरता जाए (फ़ाइल फ़ोटो)

    अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) का कहना है कि उसे ईरान ने देश के दक्षिण-पश्चिम में स्थित एक परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर एक प्रोजेक्टाइल गिरने की सूचना दी है.

    परमाणु तकनीकों की देखरेख करने वाली संयुक्त राष्ट्र की संस्था आईएईए ने एक बयान में कहा कि ईरान ने मंगलवार शाम को बुशहर परमाणु ऊर्जा संयंत्र में हुई इस घटना की जानकारी दी.

    बयान में कहा गया है, "संयंत्र को किसी तरह का नुक़सान होने या कर्मचारियों को चोट लगने की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है."

    आईएईए के महानिदेशक रफ़ाएल ग्रोसी ने एक बार फिर अपील की है कि "संघर्ष के दौरान ज़्यादा से ज़्यादा संयम बरता जाए, ताकि किसी भी परमाणु दुर्घटना के जोखिम को टाला जा सके."

  2. इराक़ की राजधानी बग़दाद में अमेरिकी दूतावास पर ताज़ा हमले

    अमेरिकी दूतावास

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, बग़दाद में अमेरिकी दूतावास काफ़ी सुरक्षित इलाक़े में है

    इराक़ की राजधानी बग़दाद में अमेरिकी दूतावास पर ताज़ा हमले हुए हैं. समाचार एजेंसी एएफ़पी और रॉयटर्स ने इन हमलों की ख़बर दी है.

    इसके मुताबिक़ स्थानीय समय के अनुसार बुधवार तड़के ये हमले हुए हैं.

    इन एजेंसियों ने सुरक्षा सूत्रों का हवाला दिया है और शहर में मौजूद एएफ़पी के पत्रकारों ने दूतावास के पास धमाकों की आवाज़ सुनी.

    यह अमेरिकी दूतावास अत्यधिक सुरक्षा वाले 'ग्रीन ज़ोन' इलाक़े में स्थित है, जहाँ कई राजनयिक मिशन और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के दफ़्तर मौजूद हैं.

    अमेरिका-इसराइल और ईरान के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से अमेरिकी ठिकानों पर कई हमले हो चुके हैं.

  3. ईरान ने इसराइल में किए कई मिसाइल हमले, दो लोगों की मौत

    ईरानी मिसाइल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान ने तेल अवीव और इसके आसपास कई जगहों पर मिसाइलें दागी हैं

    ईरान ने मंगलवार रात इसराइल की राजधानी तेल अवीव और इसके आसपास कई मिसाइल हमले किए हैं. स्थानीय पुलिस का कहना है कि एक ईरानी मिसाइल हमले में दो लोगों की मौत हो गई है.

    इसराइल की एम्बुलेंस सेवा के एक आपातकालीन कर्मचारी ने समाचार एजेंसी एएफ़पी को बताया कि उन्होंने एक इमारत से "धुआँ उठते हुए" देखा, साथ ही उन्होंने "काफ़ी नुक़सान और टूटे हुए काँच" भी देखे.

    उन्होंने आगे बताया, "हमने दो लोगों को देखा, जिनकी नब्ज़ नहीं चल रही थी और वे साँस भी नहीं ले रहे थे; उनके शरीर पर गंभीर चोटें थीं."

    बाद में डॉक्टरों ने तेल अवीव के पूर्वी इलाक़े में एक पुरुष और एक महिला की मौत की पुष्टि की, जिन्हें "मिसाइल के टुकड़ों से गंभीर चोटें" आईं थीं.

  4. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.