झालावाड़ में हिंसा, दो की मौत

- Author, नारायण बारेठ
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता, जयपुर
राजस्थान और मध्य प्रदेश की सीमा से लगे झालावाड़ ज़िले में सोमवार को पुलिस और हिंसक भीड़ में हुई भिड़ंत में दो लोग मारे गए हैं जबकि दस से अधिक लोग घायल हुए हैं.
पुलिस का कहना है कि लाठीचार्ज के बाद भीड़ को क़ाबू में करने के लिए फ़ायरिंग भी करनी पड़ी.
हालात को देखते हुए वहाँ अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया है और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुँच गए है.
पुलिस के मुताबिक हालात तनावपूर्ण मगर क़ाबू में हैं.
सांप्रदायिक रंग
पुलिस के मुताबिक़ बलात्कार की एक घटना को लेकर एक समुदाय के लोगों ने ज़िले के मनोहर थाना क़स्बे के निकट सोमवार को पंचायत की थी और बाद में वे कथित बलात्कार में शामिल एक दूसरे समुदाय के लोगों के मोहल्लों की ओर बढ़ने लगे.
कोटा के पुलिस महानिरीक्षक राजीव दासोत का कहना है कि पुलिस ने इस भीड़ को रोकने की कोशिश की, लेकिन भीड़ बेक़ाबू हो गई.
उनके अनुसार पुलिस को पहले लाठी चार्ज और आँसू गैस छोडने पड़े,फिर हवा में गोलियाँ दागी गईं, मगर भीड़ हिंसा पर उतारु थी और पुलिस को गोली चलानी पड़ी.
झालावाड़ के पुलिस अधीक्षक गौरव श्रीवास्तव ने दो व्यक्तियों के मरने की पुष्टि की है.
पुलिस के मुताबिक बलात्कार के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को पहले ही गिरफ़्तार कर लिया था. मगर इससे एक समुदाय के लोग संतुष्ट नहीं हुए और पंचायत आयोजित कर क़ानून हाथ में लेने की कोशिश की.
भीड़ और पुलिस की झड़प में दस से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं.
पुलिस का कहना है कि उपद्रवी भीड़ ने पथराव किया और तोड़फोड़ भी की.
इलाक़े में शांति बनाए रखने के लिए कोटा से अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया है और आला पुलिस अफ़सर भी रवाना हो गए हैं.












