ईरान के सुप्रीम लीडर की क्या है अहमियत, कैसे होता है चुनाव और ख़ामेनेई के बाद किसके हाथ में हो सकती है कमान?

ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह ख़ामेनेई हाथ उठाकर लोगों का अभिवादन करते हुए

इमेज स्रोत, ATTA KENARE/AFP via Getty Images

इमेज कैप्शन, दुनिया भर को इंतज़ार है कि आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत के बाद उनकी जगह कौन लेगा
पढ़ने का समय: 10 मिनट

ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई शुक्रवार को इसराइल और अमेरिका के हमले में मारे गए. ख़ामेनेई ईरान के सबसे ताक़तवर शख़्स थे.

1979 में आयतुल्लाह ख़ुमैनी के नेतृत्व में हुई इस्लामी क्रांति के बाद ईरान के संविधान में सर्वोच्च नेता का पद बनाया गया था.

उन्हें 3 दिसंबर,1979 को देश का पहला सर्वोच्च नेता बनाया गया था.

आयतुल्लाह ख़ुमैनी ने साढ़े नौ साल तक इस पद को संभाला और 1989 में उनके निधन के बाद आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई को देश का दूसरा सर्वोच्च नेता चुना गया.

उन्होंने 28 फरवरी, 2026 को अपनी मौत तक साढ़े 36 साल तक इस पद को संभाला.

नए सर्वोच्च नेता के चुनाव तक किसका नियंत्रण रहेगा?

 अली ख़ामेनेई लोगों का अभिवादन करते हुए

इमेज स्रोत, Iranian Leader Press Office/Anadolu via Getty Images

इमेज कैप्शन, जनवरी 2026 में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान अली ख़ामेनेई

ईरानी संविधान के अनुच्छेद 111 के मुताबिक़ सर्वोच्च नेता की मृत्यु से लेकर सर्वोच्च नेता परिषद की ओर से नए सर्वोच्च नेता की नियुक्ति तक, तीन सदस्यीय परिषद अस्थायी रूप तौर पर नेतृत्व का जिम्मा संभालती है.

इस परिषद के सदस्यों में देश के राष्ट्रपति,न्यायपालिका के प्रमुख और संरक्षक परिषद के एक न्यायविद शामिल होते हैं. ईरान ने अली रज़ा अराफ़ी को इस सर्वोच्च परिषद में न्यायविद के पद पर चुना है.

इस तीन सदस्यीय परिषद के पास पूरे अधिकार नहीं है और इन पांच मामलों में इसके फ़ैसले केवल तीन-चौथाई सदस्यों की मंजूरी से ही लागू किए जा सकते हैं. ये पांच मामले हैं-

1. सिस्टम की सामान्य नीतियों का निर्धारण करना

2. जनमत संग्रह का अध्यादेश जारी करना

3. युद्ध या शांति की घोषणा

4. राष्ट्रपति पर महाभियोग

5. संयुक्त स्टाफ़ के प्रमुख, रिवोल्यूशनरी के कमांडर-इन-चीफ़ या शीर्ष सैन्य और कानून प्रवर्तन कमांडरों की बर्ख़ास्तगी और नियुक्ति.

अगर सर्वोच्च नेता बीमारी या दुर्घटना के कारण अस्थायी रूप से अपने कर्तव्यों का पूरा नहीं कर पा रहा है तो भी यह परिषद उसी क्षमता में अपने कर्तव्यों को पूरा करती है.

नेताओं की परिषद और सर्वोच्च नेता का चुनाव

 बशर-अल-अ सद और ख़ामेनेई आमने-सामने बैठे हुए हैं

इमेज स्रोत, ATTA KENARE/AFP via Getty Images

इमेज कैप्शन, अली ख़ामेनेई सीरिया के पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद से बात करते हुए (फ़ाइल फ़ोटो)
छोड़कर पॉडकास्ट आगे बढ़ें
कहानी ज़िंदगी की

मशहूर हस्तियों की कहानी पूरी तसल्ली और इत्मीनान से इरफ़ान के साथ.

एपिसोड

समाप्त

ईरान वर्तमान में शिया बहुसंख्यक आबादी वाला दुनिया का सबसे शक्तिशाली देश है. देश के संविधान के मुताबिक़ सिर्फ़ केवल एक आयतुल्लाह ही सर्वोच्च नेता बन सकता है. ये शियाओं का धार्मिक नेता होता है.

हालांकि, जब अली ख़ामेनेई चुने गए तो आयतुल्लाह नहीं थे. उन्हें इस पद को हासिल करने की अनुमति देने के लिए क़ानूनों में बदलाव किया गया.

ईरान में, सर्वोच्च नेता परिषद नामक 88 धर्मगुरुओं का एक निकाय सर्वोच्च नेता का चुनाव करता है. हर आठ साल में, लाखों ईरानी नागरिक इस निकाय के सदस्यों का चुनाव करते हैं. पिछली बार ऐसा 2016 में हुआ था.

लेकिन सर्वोच्च नेता की परिषद के किसी भी उम्मीदवार को सबसे पहले 'संरक्षक परिषद ' नामक एक समिति की मंजूरी की जरूरत होती, जिसके सदस्यों का चयन प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से मौजूदा सर्वोच्च नेता करते हैं.

यह साफ़ है सर्वोच्च नेता का प्रभाव संरक्षक परिषद और सर्वोच्च नेता की परिषद पर भी है. पिछले तीन दशकों में आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई ने ये सुनिश्चित किया है कि इन समितियों में रूढ़िवादी बहुमत हो.

इस सभा के वर्तमान अध्यक्ष मोहम्मद अली मोहिदी करमानी हैं, जबकि हाशिम हुसैनी बुशेहरी और अली रजा उर्फ़ी उपाध्यक्ष हैं. नियमों के मुताबिक़ सर्वोच्च परिषद की बैठक तभी वैध मानी जाती है जब उसके कम से कम दो-तिहाई सदस्य (59 लोग) उपस्थित हों.

नए नेता के चुनाव के लिए बैठक में उपस्थित सदस्यों के दो-तिहाई बहुमत की जरूरत होती है. इसका मतलब ये कि केवल 59 सदस्य उपस्थित हों, तो नए नेता के चुनाव के लिए 40 मत पर्याप्त हैं.

संभावित उम्मीदवारों की समीक्षा के लिए आयोग

ईरान में धार्मिक नेताओं की एक बैठक में कई लोग बैठे हुए हैं

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, ईरान में धार्मिक नेताओं की एक बैठक (फ़ाइल फ़ोटो)

सर्वोच्च नेता परिषद के एक आयोग को उन व्यक्तियों की योग्यताओं की समीक्षा करने का कार्य सौंपा जाता है जिन्हें सर्वोच्च नेता के पद के लिए योग्य माना जा सकता है.

इस आयोग के प्रमुख सदस्यों में न्यायशास्त्र संरक्षक परिषद के सदस्य अहमद हुसैनी ख़ोरासानी, संरक्षक परिषद के सदस्य अली रजा उर्फ़ी और मोहम्मद रजा मद्रासी यजदी, सर्वोच्च नेता परिषद के प्रथम उपाध्यक्ष हाशेम हुसैनी बुशहरी, यूरोप में आयतुल्लाह ख़ामेनेई के पूर्व प्रतिनिधि मोहसेन मोहम्मदी अराकी शामिल हैं.

इसके अलावा इस्फ़हान में शुक्रवार की नमाज़ के इमाम और सर्वोच्च नेता परिषद के तीन बार सदस्य रह चुके अबुल हसन महदवी, और अर्दबिल में शुक्रवार की नमाज़ के इमाम हसन अमोली भी इस आयोग में शामिल हैं.

नए सर्वोच्च नेता के चुनाव के लिए कोई निश्चित समय नहीं है, और चूंकि तीन सदस्यीय अंतरिम परिषद का गठन किया जा चुका है इसलिए कम से कम कागजों पर तो कोई सत्ता का सर्वोच्च पद ख़ाली नहीं है.

हालांकि, इस्लामी गणराज्य के संस्थापक आयतुल्लाह रुहोल्लाह ख़ुमैनी की मृत्यु के बाद की घटनाओं के अनुभवों से पता चलता है कि सर्वोच्च परिषद के सदस्यों ने इन परिस्थितियों में उत्तराधिकारी चुनने में जल्दबाजी दिखाई थी.

आयतुल्लाह ख़ुमैनी का निधन चार जून, 1989 को रात 10 बजे के बाद हुआ और सर्वोच्च नेता की परिषद ने अगली सुबह एक बैठक बुलाई और कुछ ही घंटों के भीतर उनके उत्तराधिकारी का फ़ैसला कर लिया.

सर्वोच्च नेता के पद की अहमियत

ईरान में सर्वोच्च नेता रहे अली ख़ामेनेई हाथ उठाए हुए

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, ईरान में सर्वोच्च नेता को इस्लामी क्रांति का प्रतीक माना जाता है. (फ़ाइल फ़ोटो)

ईरानी संविधान के अनुच्छेद 57 के मुताबिक़, 'ईरान के इस्लामी गणराज्य की सरकार के तीन अंग हैं- विधायिका, न्यायपालिका और प्रशासन. ये तीनों अंग उम्माह के नेतृत्व और राज्य के संरक्षण में संविधान के विभिन्न प्रावधानों के मुताबिक़ काम करते हैं.

लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए कथित ख़तरों और इस्लामी क्रांति के अस्तित्व को लेकर चिंताओं ने सर्वोच्च नेता के पद को पहले दिन से ही सार्वजनिक और राजनीतिक आंदोलनों का केंद्र बना दिया है.

हालाकि संविधान में नेता की निगरानी का प्रावधान है और असहमति व्यक्त करने की अनुमति भी है फिर भी नेता को इस्लामी क्रांति का प्रतीक माना जाता है.

उनका विरोध करना क्रांति के ख़िलाफ़ विद्रोह माना जाता है.

ईरानी संविधान के अनुच्छेद 91 के तहत सर्वोच्च नेता संरक्षक परिषद के 12 सदस्यों में से छह को मनोनीत करता है और अनुच्छेद 157 के तहत मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति भी करता है.

अनुच्छेद 110 उन्हें सुविधा परिषद के परामर्श से ईरान की सामान्य रणनीति तैयार करने और सरकार की पूरी व्यवस्था की देखरेख करने का अधिकार देता है.

नेता को जनमत संग्रह कराने का भी अधिकार है. वह ईरान के सभी सशस्त्र बलों के प्रमुखों की नियुक्ति करता है, जिसमें रिवोल्यूशनरी गार्ड्स भी शामिल हैं. केवल नेता को ही युद्ध की घोषणा करने का अधिकार है.

राष्ट्रपति चुनाव के बाद, विजयी उम्मीदवार का नियुक्ति पत्र भी नेता की ओर से जारी किया जाता है.

नेता को राष्ट्रपति को बर्ख़ास्त करने का अधिकार है लेकिन यह तभी संभव है जब मुख्य न्यायाधीश ने राष्ट्रपति को किसी अपराध का दोषी पाए या फिर संसद ने अनुच्छेद 89 के तहत राष्ट्रपति को अयोग्य घोषित कर दिया हो.

सरकार की विभिन्न शाखाओं के बीच मतभेद होने पर नेता से परामर्श लिया जाता है.

हालांकि संविधान की व्याख्या के लिए संरक्षक परिषद से परामर्श लिया जाता है. उन्हें ईरान के सरकारी प्रसारण संगठन के प्रमुख की नियुक्ति का अधिकार भी प्राप्त है.

नेता न्यायपालिका की ओर से दोषी ठहराए गए लोगों को क्षमादान देने का अधिकार रखते हैं. इसके अतिरिक्त नेता अपनी शक्तियां किसी और को सौंप सकते हैं.

संविधान के अनुच्छेद 60 के अनुसार, राष्ट्रपति को अपने मंत्रियों की सहायता से उन सभी कार्यकारी शक्तियों का प्रयोग करने का अधिकार है, सिवाय उन कार्यकारी शक्तियों के जो संविधान में सर्वोच्च नेता के लिए आरक्षित हैं.

हालांकि, व्यवहार में, सर्वोच्च नेता ने सशस्त्र बलों के सर्वोच्च कमांडर की शक्तियां राष्ट्रपति को सौंप दी हैं.

सर्वोच्च नेता और ईरान की सेना

ईरान की सेना

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, ईरान की सेना में सामान्य सेना के साथ रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर के सदस्य भी शामिल हैं

ईरान के सशस्त्र बलों में रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर, थल सेना, नौसेना और वायु सेना के साथ-साथ स्ट्रेटजिक कुद्स फोर्स भी शामिल हैं.

इसके अलावा ईरान की पारंपरिक सशस्त्र सेना, जिसे 'ईरान की सेना' (ईरान के सशस्त्र बल) भी है. ये भी ईरान की सैन्य ताक़त का हिस्सा है.

सर्वोच्च नेता इन सभी सशस्त्र बलों के सर्वोच्च कमांडर हैं और वे ही इनके कमांडरों की नियुक्ति करते हैं.

कहा जाता है कि ईरान में एक करोड़ से अधिक स्वयंसेवक हैं, जिन्हें 'बसीज' के नाम से जाना जाता है.

इसकी स्थापना की घोषणा आयतुल्लाह ख़ुमैनी ने की थी और इसका मक़सद 'इस्लामी क्रांति की रक्षा करना था.'

इसे 'बसीज रेजिस्टेंस फोर्स ' के नाम से भी जाना जाता है, लेकिन इसका आधिकारिक नाम 'बसीज उत्पीड़ित संगठन' है.

शुरुआत में यह एक स्वतंत्र संगठन था, लेकिन बाद में इसे रिवोल्यूशनरी गार्ड्स का हिस्सा बना दिया गया था.

इसके प्रमुख की नियुक्ति भी सर्वोच्च नेता ही करते है. बसीज में प्रशासनिक कर्मचारी होते हैं जिन्हें राज्य कर्मचारियों के समान वेतन मिलता है, लेकिन इसके सामान्य स्वयंसेवक बिना वेतन के काम करते हैं.

आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई का उत्तराधिकारी कौन हो सकता है?

अली ख़ामेनेई के बेटे मुज्तबा ख़ामेनेई

इमेज स्रोत, Morteza Nikoubazl/NurPhoto via Getty Images

इमेज कैप्शन, अली ख़ामेनेई के बेटे मुज्तबा ख़ामेनेई (फ़ाइल फ़ोटो)

आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत के बाद सबसे अहम सवाल ये है कि उनका उत्तराधिकारी किसे बनाया जाए.

ख़ामेनेई अपने पूर्ववर्ती इमाम ख़ुमैनी की तरह अपने समर्थकों से परे एक व्यापक गठबंधन बनाने में सक्षम नहीं थे, लेकिन उन्हें ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के प्रमुख कमांडरों का समर्थन हासिल था.

इसलिए, इस बात की संभावना है कि देश के नए सर्वोच्च नेता के चयन में रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के नेतृत्व का असर भी दिख सकता है.

अली ख़ामेनेई के जीवित रहते कुछ लोगों का मानना था कि उनके लिए दो उम्मीदवार अहम थे - उनके बेटे, मुज़तबा ख़ामेनेई, और न्यायपालिका के प्रमुख इब्राहिम रायसी.

लेकिन इब्राहिम रायसी की 2024 में एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई थी.

(इस कहानी में बीबीसी पर्शियन और बीबीसी उर्दू में छपे लेखों से मदद ली गई है)

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और व्हॉट्सऐप पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)