पाकिस्तान के कराची में अमेरिकी कॉन्सुलेट पर ग़ुस्साई भीड़ का हमला, छह लोगों की मौत

ग़ुस्साई भीड़
इमेज कैप्शन, कराची में अमेरिकी कॉन्सुलेट में ग़ुस्साई भीड़ ने तोड़फोड़ की है
पढ़ने का समय: 4 मिनट

आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान के कराची में हिंसक प्रदर्शन हुआ है. शहर के अमेरिकी कॉन्सुलेट के बाहर हुए इस हिंसक प्रदर्शन में छह लोगों की मौत हुई है.

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिख रहा है कि कुछ लोगों ने वाणिज्य दूतावास का गेट तोड़ा और रिसेप्शन के पास स्थित सिक्युरिटी रूम की खिड़कियां तोड़ दीं.

मजलिस-ए-वहादत मुस्लिमीन के प्रवक्ता ने कहा कि यह एक सार्वजनिक प्रदर्शन था, जिसमें लोग आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत के बाद अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के बाहर जमा हुए.

उन्होंने दावा किया कि इन लोगों पर कॉन्सुलेट के अंदर से भी गोलियां चलाई गईं. कराची पुलिस के अधिकारी डॉक्टर समी सैयद ने पुष्टि की कि प्रदर्शन के दौरान छह लोग मारे गए और आठ लोग घायल हुए.

बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

पाकिस्तान के सिंध प्रांत के गृह मंत्री ज़ियाउल हसन लांजर ने इस प्रदर्शन के संबंध में कराची के अतिरिक्त आईजी से रिपोर्ट मांगी है.

उन्होंने कहा कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के ख़िलाफ़ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.

उन्होंने पुलिस को संवेदनशील प्रतिष्ठानों की सुरक्षा और अधिक बढ़ाने का निर्देश दिया.

समाचार एजेंसी एएफ़पी के एक पत्रकार के मुताबिक रविवार को सैकड़ों ईरान समर्थक प्रदर्शनकारियों ने कराची में अमेरिकी कॉन्सुलेट पर धावा बोलने की कोशिश की.

युवाओं की भीड़ मेन गेट पर चढ़ गई और कॉन्सुलेट बिल्डिंग के ड्राइव वे में घुस गई, जिससे कुछ खिड़कियां टूट गईं. एएफ़पी के पत्रकार के मुताबिक पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले छोड़े, जिससे वे तितर-बितर हो गए.

सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे वीडियो में युवा कॉन्सुलेट की मेन बिल्डिंग की खिड़कियां तोड़ते हुए दिख रहे थे, जबकि कंपाउंड के ऊपर अमेरिकी झंडा लहराता हुआ देखा जा सकता था. कंपाउंड के चारों ओर कांटेदार तार लगे हैं.

ईरान पर अमेरिका और इसराइल के संयुक्त हमले में शनिवार को आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत हो गई थी. ईरान के सरकारी टीवी ने रविवार सुबह इसकी पुष्टि कीथी.

इससे पहले शनिवार को ईरान पर अमेरिका और इसराइल के हमलों के बाद कराची में अमेरिकी कॉन्सुलेट ने अपने नागरिकों के लिए एडवाइज़री भी जारी कर रखी है.

इसमें कहा गया है, "इलाक़े के मौजूदा तनाव को देखते हुए अत्यधिक सावधानी के तौर पर कराची स्थित अमेरिकी कॉन्सुलेट जनरल अमेरिकी सरकार के कर्मचारियों की आवाजाही पर सोमवार, 2 मार्च, 2026 को स्थानीय समय के मुताबिक़ शाम पांच बजे तक रोक लगा रहा है."

"हम अमेरिकी नागरिकों को याद दिलाते हैं कि वे निजी सुरक्षा के लिए बेहतर सुरक्षा उपायों का पालन करें, जिसमें अपने आस-पास का ध्यान रखना, ज़्यादा भीड़ से बचना और यह पक्का करना शामिल है कि आपका एसटीईपी रजिस्ट्रेशन अप-टू-डेट हो."

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.