कुवैत में अमेरिका के कई लड़ाकू विमान क्रैश, अब तक क्या-क्या पता है?

कुवैत में कई अमेरिकी विमान क्रैश हुए हैं

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, कुवैत में कई अमेरिकी विमान क्रैश हुए हैं (सांकेतिक तस्वीर)
पढ़ने का समय: 4 मिनट

कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि अमेरिका के कई लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हुए हैं.

रक्षा मंत्रालय ने बताया कि क्रैश होने वाले विमानों के सभी पायलट सुरक्षित हैं और उन्हें अस्पताल भेजा गया है.

रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि संबंधित अधिकारियों ने तुरंत खोज और बचाव अभियान शुरू किया, जिसके तहत क्रू सदस्यों को सुरक्षित अस्पताल ले जाया गया, सभी की हालत स्थिर है.

आधिकारिक प्रवक्ता ने आगे बताया कि घटना के हालात को लेकर अमेरिकी बलों से सीधे संपर्क किया गया है और संयुक्त तकनीकी क़दम उठाए गए हैं.

कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि घटना के कारणों की जांच चल रही है. लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया कि ये हादसे तकनीकी दुर्घटनाएँ हैं या किसी हमले का नतीजा हैं.

बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

वीडियो में गिरता लड़ाकू जहाज़
इमेज कैप्शन, बीबीसी ने उस वीडियो फ़ुटेज को वेरिफ़ाई किया है जिसमें लड़ाकू जहाज़ गिर रहा है

वहीं एक वायरल वीडियो में अमेरिकी एफ़-15 लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त होते हुए दिखाया गया है.

अल जज़ीरा टेलीविज़न ने बताया है कि लड़ाकू विमान कुवैती राजधानी से 32 किलोमीटर दूर जहरा शहर में दुर्घटनाग्रस्त हुआ था.

बीबीसी ने उस वीडियो फ़ुटेज को वेरिफ़ाई किया है जिसमें कुवैत सिटी के नज़दीक एक अमेरिकी लड़ाकू जहाज़ आसमान से ज़मीन पर गिरते दिख रहा है.

इस वीडियो को अल-जहरा इलाक़े के किनारे से लिया गया है.

चश्मदीदों ने देखा धुएं का ग़ुबार

क़तर से बीबीसी संवाददाता बारबरा प्लेट-अशर की रिपोर्ट के मुताबिक़, कुवैत के अधिकारियों का कहना है कि अमेरिका के कई लड़ाकू विमान देश की इराक़ सीमा के पास दुर्घटनाग्रस्त हुए हैं.

यह घटना ईरान पर चल रहे अमेरिका-इसराइल के संयुक्त हवाई हमलों के तीसरे दिन हुई है.

इसी बीच, ईरान ने पड़ोसी अरब देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर अपने जवाबी हमले जारी रखे हैं.

सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में दिखा कि कुवैत में एक लड़ाकू विमान का क्रू सदस्य विमान क्रैश होने से कुछ ही क्षण पहले बाहर निकल गया और पैराशूट से सुरक्षित नीचे उतर गया.

खाड़ी देश अब इस युद्ध की अग्रिम पंक्ति बन गए हैं. दोहा, दुबई और कुवैत में फिर से तेज़ धमाकों की आवाज़ें सुनी गईं.

कुवैत में स्थित अमेरिकी दूतावास ने अपने नागरिकों को सुरक्षित जगहों पर पनाह लेने की चेतावनी जारी की है.

दूतावास ने यह नहीं बताया कि क्या वह ख़ुद निशाना बना है. हालांकि चश्मदीदों ने आसपास काले धुएँ का ग़ुबार उठते हुए देखा है.

कुवैत

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, दोहा, दुबई और कुवैत में फिर से तेज़ धमाकों की आवाज़ें सुनी गई हैं

किस तरह के विमान हुए क्रैश?

छोड़कर पॉडकास्ट आगे बढ़ें
कहानी ज़िंदगी की

मशहूर हस्तियों की कहानी पूरी तसल्ली और इत्मीनान से इरफ़ान के साथ.

एपिसोड

समाप्त

क्रिस पैटरिज

हथियार विशेषज्ञ

वीडियो फ़ुटेज में जो विमान दिख रहा है, वह देखने में एफ़-15ई स्ट्राइक ईगल या उसका कोई वैरिएंट लगता है.

वीडियो में विमान एक बड़ी तकनीकी नाकामी के बाद फ़्लैट स्पिन में घूमता हुआ दिखता है. यह तकनीकी नाकामी कैसे हुई यह अभी स्पष्ट नहीं है.

अभी तक यूएस सेंट्रल कमांड की ओर से कोई बयान नहीं आया है, जो इस क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य अभियानों की ज़िम्मेदारी संभालता है.

लेकिन कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि कुवैत में कई अमेरिकी जेट दुर्घटनाग्रस्त हुए और पायलटों ने आपातकालीन स्थिति में इजेक्ट किया. यह उस समय हुआ जब कुवैत को ईरान तेज़ी से निशाना बना रहा था.

एफ-15ई स्ट्राइक ईगल हवा से हवा और हवा से ज़मीन, दोनों तरह के मिशनों के लिए इस्तेमाल होने वाला मल्टी-रोल लड़ाकू विमान है. अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इस संघर्ष में वे कौन-सी भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन अत्यधिक संभावना है कि वे ईरानी मिसाइलों और ड्रोन को रोकने के लिए डिफ़ेंसिव काउंटर-एयर ऑपरेशंस में शामिल हों.

इस तरह के मिशनों में वे अपने ऑन-बोर्ड हीट-सीकिंग मिसाइलों, लंबी दूरी की मिसाइलों या नज़दीक होने पर "गन्स" का इस्तेमाल कर सकते हैं. इनके पास और भी हथियार होते हैं, जैसे लेज़र-गाइडेड रॉकेट.

यह भी स्पष्ट नहीं है कि इराक सीमा के पास हुई इस घटना में गिरे हुए जेट मित्र देशों की फायरिंग से गिरे या दुश्मन की फायरिंग से. लेकिन युद्ध के माहौल में- जहाँ चारों ओर "गरम धातु" (फ़ायरिंग/मिसाइलें) उड़ रही हों तो ऐसी घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और व्हॉट्सऐप पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)