पाकिस्तान में भी संजू सैमसन की धूम, मुरीद हुए क्रिकेटर और विशेषज्ञ

इमेज स्रोत, Alex Davidson-ICC/ICC via Getty Images
'कोहली की जगह ले रहे हैं संजू सैमसन'
'संजू ने अपने रिकॉर्ड के बजाय टीम के हित को ऊपर रखा'
'इनके साथ ज़्यादती हुई लेकिन इन्होंने दिखाया कि ये कितने मज़बूत हौसले वाले प्लेयर हैं.'
ये वो कुछ कमेंट्स हैं जो पाकिस्तानी क्रिकेटरों और विशेषज्ञों ने संजू सैमसन के लिए कहे.
उन्होंने टी-20 वर्ल्ड कप के ईडन गार्डन्स में खेले गए मैच में 50 गेंदों पर 97 रनों की मैच विनिंग पारी खेली.
वो पारी जिसने वेस्ट इंडीज़ के ख़िलाफ़ निर्णायक मैच में भारत को जीत दिलाई और सेमीफ़ाइनल में पहुंचा दिया.
उसके बाद भारत ही नहीं पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी सैमसन की पारी, उनके स्ट्रोक प्ले और उनकी मैच्योरिटी की चर्चा हो रही है.
'ज़्यादती हुई लेकिन उन्होंने साबित किया'
जियो न्यूज़ के एक कार्यक्रम में पैनलिस्ट के तौर पर शामिल पाकिस्तान के तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद आमिर, पूर्व विकेटकीपर राशिद लतीफ़ और क्रिकेटर अहमद शहज़ाद ने संजू सैमसन के लिए तालियां बजाईं.
अहमद शहज़ाद ने कहा, "संजू सैमसन के साथ ज़्यादती हुई. लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद उन्हें टीम से निकाला जाता रहा है. इस दफ़ा भी उन्हें इसलिए मौक़ा दिया गया क्योंकि बाक़ी प्लेयर स्कोर नहीं कर रहे थे. ये दिखाता है कि इंडियन टीम में कितना कॉम्पटीशन है. इस मैच में जिस तरह से संजू ने मौक़े की नज़ाकत को समझा. अपने नर्व को कंट्रोल किया, वो क़ाबिले तारीफ़ है."
इसी शो में मौजूद राशिद लतीफ़ ने कहा, "जिस तरह से उन्होंने विनिंग शॉट मारा उसको देख कर लगता है जैसे उन्हें पता रहा हो कि बॉल कहां आएगी. उनके पैरों के मूवमेंट भी उसी हिसाब से उन्होंने एडजस्ट किए. यही बड़े प्लेयर की निशानी होती है."

इमेज स्रोत, Alex Davidson-ICC/ICC via Getty Images
शो में मौजूद पाकिस्तान के तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद आमिर ने कहा, "190 प्लस का स्कोर चेज़ करने के लिए बड़ी पारी की ज़रूरत होती है. संजू सैमसन ने वही पारी खेली और भारत को मैच जिता दिया."
वहीं एक शो में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मोहम्मद हफ़ीज़ ने कहा, "संजू ने शतक बनाने की कोशिश नहीं की. उन्होंने टीम की ज़रूरतों के हिसाब से अपनी पारी खेली. वो बस मैच जीतना चाहते थे. उनमें शतक बनाने का लालच नहीं दिखा."
पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर और कप्तान मोहम्मद यूसुफ़ ने सैमसन का ज़िक्र करते हुए भारत के क्रिकेट इन्फ़्रास्ट्रक्चर की तारीफ़ की.
उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, "संजू सैमसन विराट कोहली की जगह ले रहे हैं. ये दिखाता है कि भारत के क्रिकेटिंग इन्फ़्रास्ट्रक्चर में कितनी गहराई है. उनका सिस्टम कितना मज़बूत है. सैमसन ने कोई स्लॉगिंग नहीं की. बस विशुद्ध टेक्नीकल स्किल्स दिखाईं और मज़बूत इरादों के साथ अपनी आक्रमकता दिखाई."
'भारत का गौरव'

इमेज स्रोत, Debajyoti Chakraborty/NurPhoto via Getty Images
वहीं राज्य सभा सांसद शशि थरूर ने संजू सैमसन को 'केरल का गौरव' बताया.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "आज के वर्चुअल क्वार्टरफ़ाइनल में उनकी शानदार और सर्वश्रेष्ठ पारी के बाद मैं उनके लिए बेहद राहत भी महसूस कर रहा हूं और मुझे उन पर गर्व भी है. पहले की असफलताओं के कारण टीम में अपनी जगह खो देने पर मैंने उनके लिए बहुत दुख महसूस किया था. लेकिन आज उन्होंने दुनिया को दिखा दिया कि वे शुरुआत से ही टीम में जगह पाने के हकदार थे. तिरुवनंतपुरम के इस होनहार बेटे, भारत के गौरव पर हमें गर्व है."
क्रिकेट कमेंटेटर हर्षा भोगले ने एक्स पर लिखा, "अगर हमें कभी याद दिलाने की ज़रूरत थी, तो संजू सैमसन ने आज हमें याद दिला दिया कि क्लास को कभी नज़रअंदाज़ नहीं कर सकते. वे एक बेहद ख़ास क्रिकेटर हैं, लेकिन आज उनकी असली क्वालिटी उनकी मैच्योरिटी में दिखी-अंत तक डटे रहने और ज़िम्मेदारी निभाने के जज़्बे में."
इसके अलावा इरफ़ान पठान, युवराज सिंह जैसे पूर्व क्रिकेटरों ने भी उनकी तारीफ़ की.
रविवार को आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 के आखिरी मुकाबले में वेस्टइंडीज को हराकर भारत ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है.
वेस्टइंडीज ने भारत के सामने जीत लिए 196 रन का लक्ष्य रखा था. इसे भारतीय टीम ने 19.2 ओवर में पांच विकेट गंवाकर हासिल कर लिया. संजू सैमसन को उनकी बेहतरीन पारी के लिए मैन ऑफ़ द मैच चुना गया.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.















