महिला दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने क्या कहा?
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रविवार को कहा कि शिक्षित और सशक्त महिलाएं एक प्रगतिशील राष्ट्र की मज़बूत नींव होती हैं. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौक़े पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं.
राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर अपने पोस्ट में कहा कि 'नारी शक्ति' आज अलग-अलग क्षेत्रों में बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है और साहस के साथ नेतृत्व कर रही है. इससे एक ज़्यादा समावेशी और समृद्ध समाज की नींव मज़बूत होती है.
उन्होंने कहा, "इस अवसर पर हमें अपने सामूहिक संकल्प को दोहराना चाहिए कि हम ऐसा समाज बनाएं जहां हर महिला को आगे बढ़ने और गरिमा, सुरक्षा और आज़ादी के साथ ज़िंदगी जीने के समान अवसर मिलें."
वहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी महिला दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रदेश और देश की महिलाओं को बधाई एवं शुभकामनाएं. किसी भी राज्य या देश के विकास में महिलाओं का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है. महिलाओं के सशक्तिकरण और उनकी सुरक्षा, शिक्षा एवं सामाजिक और आर्थिक विकास हेतु राज्य सरकार निरंतर कर्मठ है."
"अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि महिलाओं के उत्थान के प्रति सदैव प्रयत्नशील रहें ताकि उनका सामाजिक एवं आर्थिक विकास हो सके और उन्हें एक सुरक्षित और बेहतर वातावरण मिल सके."