You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
दूसरी एपस्टीन सर्वाइवर का दावा, 'उन्हें पूर्व प्रिंस के साथ सेक्स के लिए ब्रिटेन भेजा गया था'
- Author, ची ची इज़ुंडू
- Author, ओलिविया डेविस
- Author, विलियम डालग्रीन और
- Author, एडम वॉकर
- पढ़ने का समय: 4 मिनट
जेफ़री एपस्टीन से जुड़े एक अन्य मामले में एक महिला के वकील ने बीबीसी को बताया कि एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर के साथ सेक्स के लिए जेफ़री एपस्टीन ने उन्हें ब्रिटेन भेजा था.
यह कथित मुलाक़ात साल 2010 में पूर्व प्रिंस एंड्रयू के निवास रॉयल लॉज में हुई. महिला ब्रिटिश नागरिक नहीं है और उस समय उसकी उम्र 20 वर्ष के आस-पास थी.
अमेरिका की क़ानूनी फ़र्म एडवर्ड्स हेंडरसन से जुड़े महिला के वकील ब्रैड एडवर्ड्स ने कहा कि एंड्रयू के साथ रात बिताने के बाद महिला को बकिंघम पैलेस घुमाया गया और वहां चाय भी पिलाई गई.
वकील ने बताया, "हम कम से कम एक ऐसी महिला की बात कर रहे हैं जिसे जेफ़री एपस्टीन ने प्रिंस एंड्रयू के पास भेजा था. और प्रिंस एंड्रयू के साथ एक रात बिताने के बाद उसे बकिंघम पैलेस का दौरा भी कराया गया."
बीबीसी हिन्दी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
बीबीसी न्यूज़ ने एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर से इस मामले पर प्रतिक्रिया मांगी है, लेकिन अब तक उनकी ओर से कोई जवाब नहीं आया है.
बकिंघम पैलेस आम तौर पर टूर पर आने वाले मेहमानों के नाम दर्ज करता है, लेकिन महिला की पहचान सामने लाए बिना बीबीसी के लिए उनके दौरे की पुष्टि कर पाना संभव नहीं हो पाया है.
एंड्रयू के घर में रात बिताने का महिला का यह दावा पहली बार है जब किसी एपस्टीन सर्वाइवर ने किसी शाही निवास में यौन संबंध का आरोप लगाया है.
महिला के वकील का दावा
वकील एडवर्ड्स दुनिया भर में 200 से ज़्यादा एपस्टीन सर्वाइवर्स का मामला देख रहे हैं. उन्होंने वर्जीनिया जियुफ्रे का भी केस लड़ा था, जिन्होंने आरोप लगाया था कि साल 2001 में जब वह 17 साल की थीं, तब उन्हें लंदन लाया गया ताकि वह पूर्व प्रिंस के साथ यौन संबंध बना सकें.
जियुफ्रे ने कहा था कि 2001 और 2002 के बीच उन्हें एंड्रयू के साथ दो बार और यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर किया गया. एक बार न्यूयॉर्क में और एक बार एपस्टीन के निजी कैरेबियाई द्वीप पर.
जेफ़री एपस्टीन को साल 2008 में फ़्लोरिडा में 14 साल की लड़की से सेक्स के लिए उकसाने के मामले में दोषी ठहराया गया था. उन्होंने अपनी सज़ा जुलाई 2010 में पूरी की थी.
फ़्लोरिडा से आने वाले वकील एडवर्ड्स ने बीबीसी को बताया कि जिस महिला का वह प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, उनके और पूर्व प्रिंस के बीच मुलाकात से पहले आपसी बातचीत हुई थी. महिला का कहना है कि इसी दौरान वह एंड्रयू के साथ रात भर उनके घर में रुकी थी.
एडवर्ड्स ने कहा कि वह अमेरिका में पूर्व प्रिंस के "कुछ क़ानूनी सलाहकारों" के संपर्क में थे, लेकिन उनके मुताबिक़, ऐसा लग रहा था कि एंड्रयू "जैसे अपने वकीलों से कट गए थे."
उन्होंने कहा कि किंग चार्ल्स की तरफ़ से औपचारिक रूप से एंड्रयू का "ख़िताब और सम्मान" वापस लिए जाने के बाद यह संवाद रुक गया.
एंड्रयू से पिछले साल अक्तूबर में उनके शाही ख़िताब छीने गए थे. यह फ़ैसला जियुफ्रे की मरणोपरांत प्रकाशित आत्मकथा के बाद लिया गया.
इसके साथ ही यह भी एलान हुआ था कि एंड्रयू विंडसर एस्टेट में मौजूद रॉयल लॉज छोड़ेंगे, जहां वह 2004 से रह रहे थे.
पूर्व प्रिंस के ख़िताब वापस लेने की घोषणा करते हुए पैलेस ने बयान में कहा था, "ये कार्रवाई ज़रूरी मानी गई है, इस तथ्य के बावजूद कि वह (एंड्र्यू) अपने ख़िलाफ़ लगे आरोपों से लगातार इनकार करते रहे हैं."
एडवर्ड्स का कहना है कि एंड्रयू के ख़िताब छीने जाने से पूर्व प्रिंस यह कहने की स्थिति में आ गए हैं कि उनके पास कोई पैसा नहीं है और वह किसी तरह का मुआवज़ा देने में सक्षम नहीं हैं.
उनके मुताबिक़ इसका नतीजा यह हुआ है कि "इन महिलाओं को बस तकलीफ़ झेलने के लिए छोड़ दिया गया".
उन्होंने कहा, "यह धारणा कि अब तक शाही परिवार पीड़ितों की परवाह करता है और चीज़ों को ठीक करना चाहता है, पूरी तरह उलट साबित हुई है. प्रिंस एंड्रयू से सिर्फ़ उनके ख़िताब छीनना और कुछ भी नहीं करना, उसके ठीक उलट असर डाल रहा है जो वे दिखाने का दावा करना चाहते हैं."
बीबीसी की एक जांच में यह सामने आया था कि एपस्टीन ने कई महिलाओं को व्यावसायिक उड़ानों और अपने निजी जेट्स के ज़रिए ब्रिटेन पहुंचाया था.
अक्तूबर में बकिंघम पैलेस ने कहा था, "महामहिम यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि किसी भी तरह के दुर्व्यवहार के शिकार लोगों और सर्वाइवर्स के साथ उनकी संवेदनाएं पहले भी थीं और आगे भी रहेंगी."
वकील एडवर्ड्स ने कहा कि अब वह इस महिला की तरफ़ से पूर्व प्रिंस के ख़िलाफ़ एक सिविल मुक़दमा दायर करने पर विचार कर रहे हैं.
वर्जीनिया जियुफ्रे ने साल 2021 में अमेरिका में एंड्रयू के ख़िलाफ़ सिविल मुक़दमा दायर किया था. यह मामला फरवरी 2022 में करीब 1.2 करोड़ पाउंड में सुलझा था. पिछले साल जियुफ्रे ने आत्महत्या कर ली थी.
एंड्रयू लगातार जियुफ्रे के सभी आरोपों से इनकार करते रहे हैं.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.