You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
कनाडा स्कूल शूटिंग: नौ लोगों की मौत, संदिग्ध हमलावर और घटना के बारे में अब तक क्या-क्या पता है?
- पुलिस के अनुसार, पश्चिमी कनाडा में एक स्कूल और एक घर में हुई गोलीबारी की घटनाओं में नौ की मौत, 25 घायल
- अधिकारियों के अनुसार, संदिग्ध हमलावर की भी मौत, उसके शरीर पर चोटों के निशान
- अधिकारियों के मुताबिक़ उन्हें हमलावर की पहचान पता लेकिन अब तक उसकी पहचान जारी नहीं की
- स्थानीय मीडिया के मुताबिक़ घटना के अलर्ट में संदिग्ध हमलावर की पहचान भूरे बालों वाली महिला के तौर पर बताई गई
- प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने घटना पर दुख जताया, अपनी प्रस्तावित जर्मनी यात्रा रद्द की
पश्चिमी कनाडा के एक स्कूल में हुई गोलीबारी की एक घटना में नौ लोगों की मौत हो गई और 25 लोग घायल हैं.
घटना ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के टम्बलर रिज नाम के शहर में हुई.
घटना के बाद कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने अपनी प्रस्तावित जर्मनी यात्रा रद्द कर दी है.
पुलिस के मुताबिक़ एक स्थानीय सेकेंडरी स्कूल में छह लोगों के शव मिले, जबकि सातवें व्यक्ति की मौत अस्पताल ले जाते समय हो गई. संदिग्ध हमलावर का शव भी स्कूल परिसर में मिला.
इसके अलावा पास के एक घर से दो और शव बरामद किए गए.
हमले के दौरान जारी किए गए अलर्ट में संदिग्ध को 'भूरे बालों वाली एक महिला' बताया गया था.
हालांकि अधिकारियों का कहना है कि उन्हें संदिग्ध हमलावर की पहचान पता है, लेकिन फिलहाल उसका नाम या लिंग सार्वजनिक नहीं किया गया है.
पुलिस के मुताबिक़ संदिग्ध हमलावर को भी मृत पाया गया है. उसके शरीर पर चोटों के निशान भी दिखाई दे रहे हैं.
पुलिस ने अब तक यह भी नहीं बताया है कि हमले में किस तरह की बंदूक का इस्तेमाल हुआ था, या जिन लोगों की मौत हुई उनकी उम्र क्या थी.
स्कूल और उस घर के बीच क्या कनेक्शन हैं, जहां दो लोगों के शव बरामद हुए ये भी अब तक पता नहीं चल पाया है.
क्या बोले कार्नी?
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा है कि वे टम्बलर रिज में हुई 'आज की भयावह गोलीबारी' से 'बेहद दुखी' हैं.
कार्नी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "मेरी प्रार्थनाएँ और गहरी संवेदनाएं उन परिवारों और दोस्तों के साथ हैं जिन्होंने हिंसा की इन भयावह घटनाओं में अपने प्रियजनों को खोया है."
प्रधानमंत्री ने कहा कि वे इस दुख की घड़ी में पूरे कनाडा के साथ खड़े हैं और "उन राहतकर्मियों का धन्यवाद करते हैं जिन्होंने अपने साथी नागरिकों की रक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डाली."
ब्रिटिश कोलंबिया के प्रीमियर डेबिड एबी के मुताबिक़ कई आपातकालीन सेवाओं के लोग घटना की जानकारी मिलने के दो मिनट के भीतर ही घटनास्थल पर पहुंच गए और उन लोगों ने कई लोगों की जान बचाई.
एबी के मुताबिक़ उनकी तेज़ प्रतिक्रिया की वजह से एक 'भयावह त्रासदी को और भी ज़्यादा विनाशकारी होने से रोका जा सका.'
उन्होंने बताया कि अधिकारी स्कूल के भीतर तेज़ी से घुसते समय अपनी जान जोखिम में डाल रहे थे.
एबी ने कहा, "ये बहुत बहादुरी का काम है, और मैं इसके लिए उनका बेहद आभारी हूं."
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.