ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शन लगातार पांचवें दिन जारी, रज़ा पहलवी के पक्ष में लगे नारे
ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शन लगातार पांचवें दिन भी जारी हैं. ये राजधानी तेहरान और बड़े शहरों शीराज़ और मशहद में हो रहे हैं. बीबीसी वेरीफ़ाई ने वीडियो से इसकी पुष्टि की है.
अब इस लाइव ब्लॉग को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा को दीजिए इजाज़त.
कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे. तब तक आप बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद अहम ख़बरों को उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.
ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शन लगातार पांचवें दिन जारी, रज़ा पहलवी के पक्ष में लगे नारे
इमेज स्रोत, Jacek Boczarski/Anadolu via Getty Images
इमेज कैप्शन, अधिकतर प्रदर्शन यूनिवर्सिटी कैंपस और उनके आसपास के इलाक़ों में हो रहे हैं (फ़ाइल फ़ोटो)
ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शन लगातार पांचवें दिन भी जारी हैं. ये राजधानी तेहरान और बड़े शहरों शीराज़ और मशहद में हो रहे हैं. बीबीसी वेरीफ़ाई ने वीडियो से इसकी पुष्टि की है.
जनवरी में सरकार की प्रदर्शनकारियों पर सख़्त कार्रवाई के बाद अब एक बार फिर बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. अधिकतर प्रदर्शन यूनिवर्सिटी कैंपस और उनके आसपास के इलाक़ों में देखने को मिल रहे हैं. कई जगहों पर सैकड़ों स्टूडेंट्स को सरकार विरोधी नारे लगाते सुना गया है.
बीबीसी ने पार्स यूनिवर्सिटी के बाहर के वीडियो भी देखे. इनमें स्टूडेंट्स कैंपस के बाहर खड़े होकर पूर्व क्राउन प्रिंस रज़ा पहलवी के पक्ष में नारे लगाते हुए दिखाई दिए. रज़ा पहलवी के पिता को 1979 में इस्लामी क्रांति के दौरान सत्ता से हटाया गया था. जनवरी में हुए प्रदर्शनों का आह्वान रज़ा पहलवी ने ही किया था.
ईरान में 4 जनवरी से ही यूनिवर्सिटीज़ बंद थीं. आधिकारिक तौर पर कहा गया था कि 'कड़ाके की सर्दी' की वजह से यूनिवर्सिटीज़ को बंद किया गया था. लेकिन आलोचकों का कहना है कि बंद करने का असली मक़सद विरोध रोकना था. अब जैसे ही बीते शनिवार को यूनिवर्सिटीज़ खुलीं तो स्टूडेंट्स ने प्रदर्शन शुरू कर दिए.
ईरानी मीडिया में आई रिपोर्टों के मुताबिक़, कम से कम तीन यूनिवर्सिटिज़ की सभी क्लास अब ऑनलाइन कर दी गई हैं. माना जा रहा है कि ऐसा प्रदर्शन फैले, उससे पहले इसे रोकने को कहा गया है.
पीएम मोदी ने इसराइल की संसद में हमास के 7 अक्तूबर हमले का किया ज़िक्र
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, पीएम मोदी दो दिवसीय दौरे पर इसराइल पहुंचे हैं
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार रात यरूशलम में इसराइली संसद कनेसेट को संबोधित किया है. उन्होंने 7 अक्तूबर, 2023 को हमास के हमले में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की.
पीएम मोदी ने हमास के हमले को एक 'आतंकी' हरकत बताते हुए कहा, "भारतीय लोग इसकी पीड़ा को समझते हैं. आम लोगों की हत्या को कोई भी तर्कसंगत नहीं ठहरा सकता है."
पीएम मोदी से पहले इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने संसद को संबोधित किया. उन्होंने पीएम मोदी को 'दोस्त से बढ़कर भाई' बताया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय राजकीय दौरे पर इसराइल गए हैं. राजधानी तेल अवीव पहुंचने पर इसराइली पीएम बिन्यामिन नेतन्याहू ने अपनी पत्नी सारा के साथ उनका एयरपोर्ट पर स्वागत किया था.
नेतन्याहू ने इसराइली संसद में पीएम मोदी को बताया 'महान भारतीय नेता'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, नेतन्याहू ने एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का ख़ुद स्वागत किया था
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसराइली संसद क्नेसेट पहुंच गए हैं. पीएम मोदी के संबोधन से पहले इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू संसद को संबोधित कर रहे हैं. नेतन्याहू ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'महान
भारतीय नेता' बताया है.
उन्होंने कहा कि दोनों देशों के रिश्ते बहुत बेहतर पीएम मोदी के कार्यकाल में हुए हैं.
उन्होंने
कहा, "मैं यह कहना चाहूंगा कि आप सिर्फ़ दोस्त नहीं, बल्कि भाई हैं."
पीएम मोदी के कनेसेट पहुंचने पर उनका स्वागत किया गया. इसराइली संसद में 'मोदी-मोदी' के नारे गूंजे.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय इसराइल दौर पर हैं. उनके स्वागत में इसराइली पीएम बिन्यामिन नेतन्याहू पत्नी सारा के साथ एयरपोर्ट पहुंचे थे.
पीएम मोदी ने इसराइल पहुंचने के बाद एक्स पर पोस्ट किया, "इसराइल पहुंच गया हूं. मुझे बहुत सम्मानित महसूस हो रहा है कि प्रधानमंत्री नेतन्याहू और श्रीमती नेतन्याहू ने एयरपोर्ट पर मेरा स्वागत किया. मैं द्विपक्षीय बातचीत और अच्छे नतीजों की उम्मीद करता हूँ जो भारत-इसराइल दोस्ती को और मज़बूत करेंगे."
इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने पीएम मोदी का स्वागत करने के बाद एक्स पर लिखा, "आज मैंने पत्नी सारा के साथ अपने अच्छे दोस्त और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया, जो इसराइल के एक और ऐतिहासिक दौरे पर आए हैं."
"हमारे बीच गहरी दोस्ती है, हम अक्सर बात करते हैं. मुझे लगता है कि हमारी यह दोस्ती हमारे दोनों देशों के रिश्तों को और मज़बूत बनाती है."
केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज हुईं घायल, अस्पताल पहुंचे सीएम विजयन, एएनआई से
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, मुख्यमंत्री पिनराई विजयन स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज से मिलने अस्पताल पहुंचे
केरल के कन्नूर में बुधवार को छात्र संगठन केरल स्टूडेंट्स यूनियन के प्रदर्शन के दौरान स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज घायल हो गईं. यह घटना उस समय हुई जब मंत्री वीना जॉर्ज ट्रेन पकड़ने के लिए कन्नूर रेलवे स्टेशन पहुंची थीं.
वीना जॉर्ज टिकट काउंटर के पास घायल हुईं, जिसके बाद उन्हें कन्नूर ज़िला अस्पताल ले जाया गया.
केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने कन्नूर के सरकारी अस्पताल जाकर राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज से मुलाक़ात की.
पीटीआई के मुताबिक़, घटना के दौरान विधानसभा स्पीकर एएन शमसीर भी तब स्टेशन पर मौजूद थे, उन्होंने मीडिया से कहा कि वीना जॉर्ज के हाथ और गर्दन पर चोट लगी है.
राज्य मंत्री एके ससीन्द्रन ने एएनआई से कहा, "यह एक सोचा-समझा हमला था. उन्होंने जानबूझकर मंत्री पर हमला किया. इस तरह का हिंसक प्रदर्शन ग़ैर-लोकतांत्रिक है."
उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से कन्नूर ज़िले में अलग-अलग जगहों पर मंत्रियों के ख़िलाफ़ प्रदर्शन हुए हैं.
दिनभर: पीएम नरेंद्र मोदी का इसराइल दौरा बनाएगा नए समीकरण?-पॉडकास्ट
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.
पोस्ट YouTube समाप्त
हिमाचल पुलिस ने दिल्ली पुलिस के 20 जवानों को हिरासत में लिया, सौरभ चौहान, बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, एआई इम्पैक्ट समिट विरोध प्रदर्शन मामले में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को गिरफ़्तार करने आई थी दिल्ली पुलिस (फ़ाइल फ़ोटो)
हिमाचल प्रदेश की पुलिस ने दिल्ली पुलिस के क़रीब 20 जवानों को हिरासत में लिया है. हिमाचल प्रदेश पुलिस का कहना है कि दिल्ली पुलिस की टीम बगैर पूर्व सूचना के अंतर-राज्यीय गिरफ़्तारी के लिए आई थी.
दरअसल, दिल्ली पुलिस ने इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में 'शर्टलेस' प्रदर्शन करने वाले तीन युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को शिमला के रोहड़ू से हिरासत में लिया था. लेकिन सोलन ज़िले में हिमाचल प्रदेश पुलिस ने दिल्ली पुलिस की टीम को रोककर उनके क़रीब 20 जवानों को हिरासत में ले लिया.
राज्य पुलिस का कहना है कि दिल्ली पुलिस ने स्थानीय पुलिस को कोई पूर्व सूचना नहीं दी, जो अंतर-राज्यीय गिरफ़्तारी के लिए ज़रूरी प्रक्रिया है.
इससे पहले सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को कहा, "दिल्ली पुलिस ने हिमाचल सदन में मिडनाइट रेड की. मैं ख़ुद हिमाचल सदन में मौजूद था जब यह घटना हुई. मेरे साथी विधायक सुरेश कुमार ने मुझे सूचित किया कि दिल्ली पुलिस की टीम ने परिसर में छापेमारी की. मैं हैरान था. हमारे रेज़िडेंट कमिश्नर को भी इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई. मैं इसकी निंदा करता हूं."
उन्होंने आगे कहा, "यह रेड दुर्भाग्यपूर्ण थी और बिना किसी वारंट के की गई. यह ग़लत है और संवैधानिक प्रक्रिया के विरुद्ध है."
गौरतलब है कि दिल्ली के भारत मंडपम में 20 फ़रवरी को एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन किया था.
उन्होंने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के ख़िलाफ़ नारे लगाए थे और प्रधानमंत्री के ख़िलाफ़ भी नारेबाज़ी की थी.
इस मामले में अब तक आठ से अधिक यूथ कांग्रेस सदस्यों को गिरफ़्तार किया गया है, जिनमें राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब भी शामिल हैं.
रणजी ट्रॉफ़ी फ़ाइनल: जम्मू-कश्मीर ने दूसरे दिन तक 527 रन बनाए, कप्तान डोगरा का किससे हुआ विवाद
इमेज स्रोत, Waseem Andrabi/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, पारस डोगरा का केवी अनीश से विवाद हुआ है (फ़ाइल फ़ोटो)
जम्मू-कश्मीर और कर्नाटक के बीच रणजी ट्रॉफ़ी का फ़ाइनल मैच हो रहा है. फ़ाइनल के दूसरे दिन की समाप्ति तक जम्मू-कश्मीर का स्कोर 6 विकेट के नुक़सान पर 527 रहा.
दोनों टीमों के बीच यह मुक़ाबला कर्नाटक के हुबली में खेला जा रहा है. फ़िलहाल क्रीज़ पर साहिल लोत्रा और आबिद मुश्ताक हैं.
मैच और लंबा चल सकता था, लेकिन बारिश और ख़राब रोशनी के कारण दूसरे दिन का खेल समाप्त करने की घोषणा कर दी गई.
शुभम पुंडीर 121 और अब्दुल समद 61 रन बनाकर आउट हुए. फिर कप्तान पारस डोगरा और कन्हैया वधावन ने 70 रन बनाए थे. साहिल लोत्रा 57 रन की पारी खेल चुके हैं. इस तरह टीम का स्कोर 500 पार पहुंच गया है.
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक़, मैच के 101वें ओवर में बल्लेबाज़ी कर रहे पारस डोगरा और शॉर्ट लेग पर खड़े केवी अनीश में विवाद हो गया.
दावा है कि अनीश बल्लेबाज़ पर दबाव बनाने के लिए कुछ बयानबाज़ी कर रहे थे. विवाद के दौरान डोगरा ने अनीश के सिर पर अपने सिर से टक्कर मारी. हालांकि, दोनों ने हेलमेट पहन रखा था.
पाकिस्तान की महिला बल्लेबाज़ ने ऐसा क्या किया जिस पर आईसीसी ने दिया एक डिमेरिट पॉइंट
इमेज स्रोत, Sameera Peiris/Getty Images
इमेज कैप्शन, सिदरा अमीन के अनुशासन रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट जोड़ दिया गया है
पाकिस्तान की बल्लेबाज़ सिदरा अमीन को आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) आचार संहिता के लेवल-1 के नियम को तोड़ने पर चेतावनी मिली है. साथ ही उनके रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट जोड़ दिया गया.
आईसीसी के मुताबिक़, सिदरा ने आचार संहिता के आर्टिकल 2.2 का उल्लंघन किया. यह आर्टिकल कहता है कि अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण या कपड़े, मैदान का सामान या फिटिंग्स का ग़लत इस्तेमाल नहीं किया जा सकता.
दरअसल, पाकिस्तान और दक्षिण अफ़्रीका के वनडे मैच के दौरान सिदरा ने नियम का उल्लंघन किया था. पाकिस्तान की पारी के 24वें ओवर में सिदरा आउट हो गई थीं, तब उन्होंने क्रीज़ छोड़ने से पहले अपना बल्ला ज़ोर से ज़मीन पर पटका.
नियमों के अनुसार, सिदरा अमीन के अनुशासन रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट जोड़ दिया गया है. यह उनसे जुड़ा 24 महीने में दूसरा मामला है, जिससे उनके कुल डिमेरिट पॉइंट्स अब दो हो गए हैं.
इससे पहले भी उन्हें 5 अक्तूबर, 2025 को भारत के ख़िलाफ़ आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप में इसी तरह के मामले पर एक डिमेरिट पॉइंट मिला था.
लेवल-1 केउल्लंघन पर न्यूनतम सज़ा आधिकारिक चेतावनी होती है, जबकि अधिकतम सज़ा खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना और एक या दो डिमेरिट पॉइंट्स हो सकते हैं.
इसराइल पहुंचे पीएम मोदी, नेतन्याहू ने पत्नी के साथ एयरपोर्ट पर किया स्वागत
इमेज स्रोत, Narendra Modi
इमेज कैप्शन, पीएम मोदी यहां इसराइली संसद को संबोधित करेंगे
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौर पर इसराइल की राजधानी तेल अवीव पहुंच गए हैं. वो यहां इसराइली संसद को भी संबोधित करेंगे.
इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का स्वागत किया. इस दौरान नेतन्याहू की पत्नी सारा भी मौजूद रहीं.
विदेश मंत्रालय की ओर से मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, "पीएम मोदी और इसराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू भारत-इसराइल की रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे और सहयोग के नए अवसरों पर चर्चा करेंगे."
विदेश मंत्रालय के अनुसार, "पीएम मोदी इसराइल के राष्ट्रपति इसाक हरज़ोग से भी मुलाक़ात करेंगे. यह यात्रा दोनों देशों के बीच गहरी और लंबे समय से चली आ रही रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूत करेगी."
अज़ीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी विवाद: पुलिस ने दर्ज की एक और शिकायत, क्या है पूरा मामला, इमरान क़ुरैशी, बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Imran Qureshi
इमेज कैप्शन, एबीवीपी के सदस्यों ने गृहमंत्री अमित शाह को पत्र भी लिखा है
बेंगलुरु की अज़ीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी में चल रहे विवाद पर बेंगलुरु ग्रामीण पुलिस ने दूसरी शिकायत दर्ज की है. यह शिकायत सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़ी है.
पोस्ट में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के छात्रों द्वारा यूनिवर्सिटी में की गई तोड़फोड़ का ज़िक्र है.
दरअसल, मंगलवार देर शाम क़रीब 20-25 एबीवीपी सदस्य सरजापुर स्थित यूनिवर्सिटी कैंपस में घुस गए थे. उन्होंने यूनिवर्सिटी के मुख्य बोर्ड को काले रंग से पेंट कर दिया और कैंपस में तोड़फोड़ की.
एबीवीपी के सदस्य 'कुनान पोशपोरा' नाम से आयोजित एक चर्चा का विरोध जता रहे थे. यह चर्चा जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा ज़िले के कुनान और पोशपोरा गांवों में 'सुरक्षा बलों द्वारा 35 महिलाओं के साथ कथित बलात्कार' के आरोपों से जुड़ी थी.
इस मामले में एबीवीपी ने गृहमंत्री अमित शाह को पत्र भी लिखा. इसमें उन्होंने कहा, "यह चर्चा देश-विरोधी विचारों को बढ़ावा दे रही है और सीमा पर तैनात सैनिकों को बलात्कारी दिखा रही है.”
एबीवीपी ने इस कार्यक्रम को आयोजित कराने वाले ग्रुप ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन पर प्रतिबंध लगाने की मांग की.
यूनिवर्सिटी ने स्पष्ट किया है कि उसने इस कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी थी. यूनिवर्सिटी की ओर से कहा गया, “हमारे कैंपस में जबरन घुसने वाले लोग एक कार्यक्रम का विरोध कर रहे थे. जबकि अज़ीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी ने ऐसा कोई कार्यक्रम मंज़ूर नहीं किया था. यह कार्यक्रम हुआ ही नहीं.”
यूनिवर्सिटी के प्रवक्ता ने बीबीसी न्यूज़ हिंदी को बताया, "जो लोग बाहर से आकर विरोध कर रहे थे, उन्हें इस कार्यक्रम के बारे में ग़लत जानकारी मिली थी. यह ग़लत जानकारी 'स्पार्क एपीयू' के सोशल मीडिया अकाउंट से गई थी."
प्रवक्ता ने कहा, "हमने पुलिस को बताया है कि यह सोशल मीडिया अकाउंट अज़ीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी का अधिकृत अकाउंट नहीं है और किसी भी तरह से यूनिवर्सिटी का प्रतिनिधित्व नहीं करता. हमने पुलिस से कहा है कि इस मामले की जांच करें और ज़रूरी कदम उठाएं."
बेंगलुरु ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत एमवी ने बीबीसी न्यूज़ हिंदी को बताया, “यूनिवर्सिटी रजिस्ट्रार से सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़ी दूसरी शिकायत मिली है. एक और छात्र संगठन ने यूनिवर्सिटी के नाम का ग़लत इस्तेमाल किया है. इसकी जांच की जा रही है.”
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दूसरी शिकायत आईटी एक्ट के तहत दर्ज हुई है.
गौरतलब है कि पुलिस ने मंगलवार शाम तोड़फोड़ के तुरंत बाद प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया था. कोर्ट के आदेश पर बुधवार को उन्हें रिहा कर दिया गया.
दिल्ली: सीएम रेखा गुप्ता ने अरुणाचल प्रदेश की तीन युवतियों के साथ हुए दुर्व्यवहार पर क्या कहा?
इमेज स्रोत, X/@gupta_rekha
इमेज कैप्शन, रेखा गुप्ता ने कहा कि नॉर्थ ईस्ट के लोगों का भी दिल्ली पर अधिकार है
दिल्ली के मालवीय नगर में रहने वाली अरुणाचल प्रदेश की तीन युवतियों ने अपने पड़ोसियों के ख़िलाफ़ नस्लवाद की शिकायत दर्ज करवाई थी. अब इस पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की प्रतिक्रिया सामने आई है.
रेखा गुप्ता ने दोनों युवतियों से मुलाक़ात भी की. उन्हों एक्स पोस्ट पर लिखा, "आज मैं नॉर्थ ईस्ट की उन दो सखियों से मिली, जिनके साथ दिल्ली में दुखद घटना हुई. वे मज़बूत हैं, साहसी हैं और उम्मीदों से भरी हुई हैं. मैंने उन्हें भरोसा दिलाया है कि इस कठिन समय में मैं पूरी तरह उनके साथ हूं."
इससे पहले सीएम रेखा गुप्ता ने एक वीडियो जारी कर कहा, "मैं यह कहना चाहती हूं कि हम सबका जितना दिल्ली पर अधिकार है, उतना ही नॉर्थ ईस्ट के मेरे भाई-बहनों का भी अधिकार है. वे देश के सीमावर्ती राज्यों से आकर यहां मेहनत से काम करते हैं और दिल्ली को गति देते हैं."
रेखा गुप्ता ने कहा, "उनके साथ कोई भी दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं होगा. जिन्होंने ऐसा किया है, उन पर कड़ी कार्रवाई होगी. मैं नॉर्थ ईस्ट के बाक़ी लोगों से भी मिलूंगी, किसी तरह की पॉलिसी की ज़रूरत हुई तो वह भी बनाएंगे."
गौरतलब है कि अरुणाचल प्रदेश की तीन महिलाओं के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार पर दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक दंपति को गिरफ़्तार भी किया है.
झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन को सुप्रीम कोर्ट से इस मामले में राहत मिली
इमेज स्रोत, Sonu Mehta/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, यह शिकायत ईडी के समन पर 'पेश न होने या आदेश न मानने' के आरोप से जुड़ी थी (फ़ाइल फ़ोटो)
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली है. कोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से जारी 'समन की अवहेलना' के आरोप में निचली अदालत में चल रहे केस पर रोक लगा दी है.
लाइव लॉ के मुताबिक़, यह शिकायत ज़मीन अधिग्रहण मामले में ईडी के समन पर 'पेश न होने या आदेश न मानने' के आरोप से जुड़ी थी.
चीफ़ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने हेमंत सोरेन की याचिका पर ईडी को नोटिस जारी किया. याचिका में केस ख़त्म करने की मांग की गई थी.
दरअसल, पूर्व सीएम सोरेन ने ईडी की ओर से बार-बार जारी किए जा रहे समन को भी चुनौती दी है.
सोरेन ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाज़ा तब खटखटाया जब झारखंड हाई कोर्ट ने उनके ख़िलाफ़ दर्ज मामले को रद्द करने से इनकार कर दिया था.
अमेरिका को वेनेज़ुएला से कितना तेल मिला, राष्ट्रपति ट्रंप ने बताया
इमेज स्रोत, Nathan Posner/Anadolu via Getty
इमेज कैप्शन, ट्रंप ने वेनेज़ुएला को अमेरिका का 'नया दोस्त और साझेदार' बताया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने
कांग्रेस (अमेरिकी संसद) को संबोधित करते हुए वेनेज़ुएला से अमेरिका को मिलने वाले
तेल के बारे में जानकारी दी है.
उन्होंने वेनेज़ुएला को अमेरिका का 'नया दोस्त और साझेदार' बताया है.
बीबीसी के अमेरिकी पार्टनर सीबीएस न्यूज़ के मुताबिक़, ट्रंप ने कहा, "अमेरिकी तेल उत्पादन में प्रतिदिन 6 लाख बैरल से
अधिक की बढ़ोतरी हुई है. हमें हमारे नए दोस्त और साझेदार वेनेज़ुएला से 8 करोड़
बैरल से अधिक तेल मिला है."
पिछले महीने जनवरी में अमेरिका ने
वेनेज़ुएला के ख़िलाफ़ 'बड़े पैमाने पर' हमला किया था, जिसमें देश के नेता निकोलस मादुरो को पकड़ लिया गया था.
मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस
को न्यूयॉर्क ले जाया गया था, जहाँ उन
पर नार्को-टेरेरिज़्म की साज़िश के आरोप लगाए गए.
सीबीएस न्यूज़ के मुताबिक़, इस सैन्य कार्रवाई के बाद ट्रंप ने कहा था कि
वेनेज़ुएला की ज़िम्मेदारी अस्थायी रूप से अमेरिका संभालेगा और उसके तेल उत्पादन
का विस्तार करने के लिए काम करेगा.
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह
आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर
लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
ट्रंप ने ईरान के परमाणु हथियार कार्यक्रम को लेकर चेतावनी दी
इमेज स्रोत, EPA
इमेज कैप्शन, ट्रंप ने यह भी कहा कि उनकी प्राथमिकता इस मामले को कूटनीति के ज़रिए सुलझाने की है
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने
परमाणु हथियारों को लेकर ईरान को चेतावनी दी है. उन्होंने अमेरिकी संसद (कांग्रेस)
को संबोधित करते हुए 'ऑपरेशन मिडनाइट हैमर' का भी ज़िक्र किया.
पिछले साल अमेरिका ने ईरान के परमाणु
ठिकानों पर हवाई हमले किए थे. इस ऑपरेशन को 'मिडनाइट हैमर' के नाम
से जाना जाता है.
अमेरिकी संसद में बुधवार को ट्रंप ने कहा, "मिडनाइट हैमर के बाद उन्हें चेतावनी
दी गई थी कि वे अपने हथियार कार्यक्रम को दोबारा शुरू करने की कोई कोशिश न करें.
फिर भी वे ऐसा कर रहे हैं और इस समय वे फिर से अपनी ख़तरनाक परमाणु
महत्वाकांक्षाओं को आगे बढ़ा रहे हैं."
उन्होंने कहा कि ईरान अमेरिकी हमलों
से बचने के लिए समझौता करना चाहता है, लेकिन
उसने अब तक यह वादा नहीं किया है कि वह कभी परमाणु हथियार नहीं बनाएगा.
ट्रंप ने यह भी कहा कि उनकी
प्राथमिकता इस मामले को कूटनीति के ज़रिए सुलझाने की है. इसके अलावा उन्होंने ईरान
को 'नंबर वन आतंक प्रायोजक देश' बताया.
उन्होंने कहा, "मेरी प्राथमिकता इस समस्या को कूटनीति के ज़रिए
हल करना है. लेकिन एक बात तय है. मैं दुनिया के नंबर वन आतंक प्रायोजक देश को कभी
भी परमाणु हथियार रखने की अनुमति नहीं दूंगा."
ईरान और अमेरिका के बीच ईरान के
परमाणु कार्यक्रमों को लेकर तनाव जारी है. अमेरिका ने मध्य-पूर्व क्षेत्र में बड़ा और ताक़तवर नौसैनिक बेड़ा तैनात किया
है.
वहीं ईरान का कहना है कि वह 'शांतिपूर्ण परमाणु तकनीक का लाभ' लेने के अधिकार को कभी नहीं छोड़ेगा.
दोनों देशों के बीच समझौते को लेकर
बातचीत भी जारी है. अगली बैठक इसी हफ़्ते गुरुवार को स्विट्ज़रलैंड के जिनेवा में
होनी है.
प्रियंका गांधी ने यूथ कांग्रेस के नेताओं के ख़िलाफ़ दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर क्या कहा
इमेज स्रोत, Santosh Kumar/Hindustan Times via Getty
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने
यूथ कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं के ख़िलाफ़ दिल्ली पुलिस की कार्रवाई का
विरोध किया है.
प्रियंका गांधी ने एक्स पर लिखा कि 'युवा कांग्रेस के साथियों पर कार्रवाई अत्यंत
निंदनीय और शर्मनाक है'.
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
पर भी निशाना साधा और कहा, "दुनियाभर
के दबाव में झुककर, भारत के हितों से समझौता करने वाले
प्रधानमंत्री और सरकार के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाने में 140 करोड़ भारतवासियों का हित
है."
उन्होंने कहा, "जनता की आवाज़ उठाने के लिए युवा कांग्रेस के
साथियों पर कार्रवाई अत्यंत निंदनीय और शर्मनाक है. कांग्रेस पार्टी युवा कांग्रेस
के निडर सिपाहियों के साथ डटकर खड़ी है."
दिल्ली पुलिस ने एआई समिट के दौरान
भारत मंडपम में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के आरोप में अध्यक्ष उदय
भानु चिब को गिरफ़्तार किया है.
यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने 20
फरवरी को 'इंडिया एआई समिट' के दौरान प्रदर्शन किया था. औपचारिक तौर पर
गिरफ़्तारी से पहले चिब से इस प्रदर्शन के सिलसिले में पूछताछ की गई थी.
सुप्रीम कोर्ट ने एनसीईआरटी की किताब में न्यायपालिका से जुड़े कंटेंट का लिया संज्ञान, सीजेआई क्या बोले
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, सीजेआई सूर्यकांत ने कहा कि वह न्यायपालिका को 'बदनाम करने की अनुमति नहीं' देंगे (फ़ाइल फ़ोटो)
सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को 'नेशनल काउंसिल ऑफ़ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग'
(एनसीईआरटी) की आठवीं की किताब के कंटेंट का
संज्ञान लिया.
लाइव लॉ के मुताबिक़, सुप्रीम कोर्ट ने एनसीईआरटी के कंटेंट पर आपत्ति जताते हुए
इसे 'चिंता' का विषय बताया है.
दरअसल, एनसीईआरटी की आठवीं की किताब में 'न्यायपालिका में भ्रष्टाचार' नाम से
कंटेंट मौजूद है. इसको लेकर अंग्रेज़ी अख़बार इंडियन एक्सप्रेस ने एक रिपोर्ट की
थी.
एक्सप्रेस ने अपनी रिपोर्ट में कहा
था कि सामाजिक विज्ञान की किताब में 'न्यायपालिका
में भ्रष्टाचार' और 'बहुत ज़्यादा लंबित मामलों' को बड़ी
चुनौतियों के रूप में बताया गया है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़,
सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत,
जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस विपुल एम
पंचोली की बेंच ने इस मामले की सुनवाई की.
इस दौरान सीजेआई सूर्यकांत ने कहा,
"मैं किसी को भी संस्था को बदनाम करने
की अनुमति नहीं दूंगा. क़ानून अपना काम करेगा."
शशि थरूर ने केरल का नाम 'केरलम' करने से जुड़े प्रस्ताव पर क्या कहा
इमेज स्रोत, Anindito Mukherjee/Bloomberg via Getty
इमेज कैप्शन, शशि थरूर ने आरोप लगाया कि सरकार ने 'बजट में केरल को कोई परियोजना नहीं दी' (फ़ाइल फ़ोटो)
कांग्रेस नेता और तिरुवनंतपुरम से
सांसद शशि थरूर ने केरल का नाम बदलकर 'केरलम'
करने से जुड़े प्रस्ताव को केंद्रीय कैबिनेट से
मंज़ूरी मिलने पर प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने केंद्र सरकार के इस रुख़ पर
सवाल उठाया कि सरकार ने 'बजट में
केरल को कोई परियोजना नहीं दी' है,
जबकि राज्य का नाम बदलने को मंज़ूरी दी जा रही
है.
शशि थरूर ने कहा, "मलयालम में यह पहले से ही 'केरलम' है, तो अब एक मलयालम शब्द अंग्रेज़ी में आ रहा है. मुझे नहीं पता कि इससे
क्या फ़र्क पड़ता है."
उन्होंने कहा, "सरकार ने हमें कोई एम्स नहीं दिया है, हमें कोई नए संस्थान नहीं दिए... उन्होंने
केंद्रीय बजट में हमें कोई परियोजना नहीं दी. लेकिन जब नाम बदलने की बात आती है,
तो वे इसे मंजूरी देने के लिए तैयार हैं. यही
हमारी केंद्र सरकार और राज्य सरकार के बीच हो रहा है."
केंद्र सरकार ने मंगलवार को केरल का
नाम 'केरलम' करने से जुड़े प्रस्ताव को मंज़ूरी दी है. हालांकि, अभी इस प्रस्ताव को राज्य की विधानसभा में भेजा
जाएगा.
प्रियंका गांधी ने कहा, 'उम्मीद है पीएम मोदी इसराइली संसद में ग़ज़ा जनसंहार का भी ज़िक्र करेंगे'
इमेज स्रोत, Santosh Kumar/Hindustan Times via Getty
इमेज कैप्शन, प्रियंका गांधी ने कहा कि भारत एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में हमेशा सही के साथ खड़ा हुआ है (फ़ाइल फ़ोटो)
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इसराइल दौरे और वहां की संसद (क्नेसेट) में उनके
संबोधन पर प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने कहा, "मुझे उम्मीद है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी
अपने इसराइल दौरे के दौरान क्नेसेट को संबोधित करते समय ग़ज़ा में हजारों निर्दोष
पुरुषों, महिलाओं और बच्चों के जनसंहार का
ज़िक्र करेंगे और उनके लिए न्याय की मांग करेंगे."
प्रियंका गांधी ने कहा कि भारत एक
स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में हमेशा सही के साथ खड़ा हुआ है.
उन्होंने कहा, "हमें दुनिया को सत्य, शांति और न्याय का रास्ता दिखाना जारी रखना चाहिए."
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसराइल के
लिए रवाना हो गए हैं. वह दो दिवसीय दौरे पर इसराइल में रहेंगे. इस दौरान वह इसराइली
संसद को भी संबोधित करने वाले हैं.