विवादित कश्मीर क्षेत्र में हिमस्खलन, 18 लापता

भारत और पाकिस्तान के विवादित कश्मीर क्षेत्र में हुए हिमस्खलन से कम से कम 18 लोग लापता हैं. इनमें आठ पाकिस्तानी सैनिक भी शामिल हैं.
अधिकारियों के मुताबिक हिमस्खलन पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर की पर्वतीय नीलम घाटी में हुआ है.
इसकी चपेट में आए सैनिक पहले हुए एक हिमस्खलन में फंसे अपने सहकर्मियों की तलाश कर रहे थे.
अधिकारियों का कहना है कि लापता हुए लोगों की तलाश का काम ख़राब मौसम और इलाक़े की दुर्गम भौगोलिक संरचना की वजह से प्रभावित हुआ है.
बचाव दल के सदस्यों ने अब तक दो मृतकों को ढूंढा ही था कि दूसरा हिमस्खलन हो गया.
ये घटना पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर के मुख्य शहर मुज़फ्फ़राबाद से 130 किलोमीटर दूर दाना ताजियान में हुई है.
शुक्रवार को हुआ हिमस्खलन नियंत्रण रेखा से सटे पाकिस्तानी क्षेत्र में हुआ था.
विवादित क्षेत्र
इस हिमालयी क्षेत्र पर अपना-अपना दावा करनेवाले भारत और पाकिस्तान ने अब तक इसे लेकर दो लड़ाइयां लड़ी हैं.
इस क्षेत्र में 2003 से युद्धविराम लागू है लेकिन दोनों ही पक्षों ने यहां हज़ारों की संख्या में सैनिकों की तैनाती कर रखी है.
अधिकारियों का कहना है कि भारी बर्फ़बारी की वजह से हिमस्खलन हुआ होगा जो कि यहां आम बात है.
इसी साल अप्रैल में सियाचिन ग्लेशियर वाले इलाके में हुए हिमस्खलन में 140 पाकिस्तानी सैनिकों की दबकर मौत हो गई थी.
जबकि फरवरी में कश्मीर घाटी में हुए दो हिमस्खलनों में कम से कम 16 भारतीय सैनिकों की मौत हो गई थी.












