प्रिंस फ़िलिप: ड्यूक ऑफ़ एडिनबरा का 99 साल की उम्र में निधन, 41 तोपों की सलामी दी गई

ड्यूक ऑफ़ एडिनबरा

ब्रिटेन, जिब्राल्टार और समुद्र में तैनात रॉयल नेवी के जंगी जहाज़ों से शनिवार को ड्यूक ऑफ़ एडिनबरा को 41 तोपों की सलामी दी गई है.

शुक्रवार को ब्रिटेन की महारानी एलिज़ाबेथ-द्वितीय के पति प्रिंस फ़िलिप का 99 साल की उम्र में निधन हो गया था.

प्रिंस फ़िलिप ने ब्रितानी इतिहास में सबसे अधिक वक़्त तक रॉयल एस्कॉर्ट के रूप में काम किया.

वूलविच के बैरेक्स में भी यह सलामी दी गई जो कि किंग्स ट्रूप के रॉयल हॉर्स आर्टिलरी का बेस है.

काउंटी डाउन के हिल्सबोरो कैसल में सलामी देते जवान
इमेज कैप्शन, काउंटी डाउन के हिल्सबोरो कैसल में सलामी देते जवान

ब्रिटिश सेना इस सलामी के लिए प्रथम विश्व युद्ध काल की क्यूएफ़ 13-पाउंडर फ़ील्ड गन्स का इस्तेमाल कर रही है. इनका इस्तेमाल महारानी और प्रिंस फ़िलिप की शादी के दौरान भी किया गया था.

रॉयल नेवी जहाज़ों से भी दी गई सलामी

जहाज़
इमेज कैप्शन, पोर्टस्माउथ में एचएमएस डायमंड से सलामी दी गई है

लॉर्ड हाई एडमिरल के पद को संभालने वाले और नौसेना अफ़सर के रूप में द्वितीय विश्व युद्ध में भाग लेने वाले ड्यूक ऑफ़ एडिनबरा को रॉयल नेवी के जहाज़ों ने समुद्र में भी सलामी दी है.

सलामी

इमेज स्रोत, AFP

टावर ऑफ़ लंडन पर ऑनरेबल आर्टिलरी कंपनी ने प्रिंस फ़िलिप की याद में सलामी दी है.

टावर ऑफ़ लंडन पर सलामी देते जवान

इमेज स्रोत, Getty Images

ब्रितानी समयानुसार शनिवार को दोपहर 12.00 बजे से लंदन, एडिनबरा, कार्डिफ़ और बेल्फ़ास्ट से उन्हें 41 तोपों की सलामी दी गई. इस दौरान हर एक मिनट में एक राउंड फ़ायर किया गया.

इसका सीधा प्रसारण टेलीविज़न और इंटरनेट पर किया गया और लोगों से गुज़ारिश की गई थी कि वो घर पर रहें और इसका प्रसारण देखें.

एचएमएस डायमंड और एचएमएस मॉन्ट्रोज़ समेत समुद्र में तैनात रॉयल नेवी के जहाज़ों ने भी ड्यूक ऑफ़ एडिनबरा को सलामी दी.

सेना के अधिकारी के तौर पर प्रिंस फ़िलिप ने द्वितीय विश्वयुद्ध में शिरकत की थी.

चीफ़ ऑफ़ डिफ़ेंस स्टाफ़ जनरल सर निक कार्टर ने कहा है कि सेना के लिए ड्यूक ऑफ़ एडिनबरा एक 'शानदार मित्र, प्रेरणा देने वाले और रोल मॉडल' थे.

ब्रिटेन की सभी सरकारी इमारतों पर झंडा ड्यूक ऑफ़ एडिनबरा के अंतिम संस्कार के दिन सुबह 8 बजे तक झुका रहेगा.

ड्यूक ऑफ़ एडिनबरा के जीवन के हर एक साल को याद करते हुए वेस्टमिंस्टर ऐबे की घंटी को शुक्रवार शाम 6.00 बजे से 60-60 सेकेंड के अंतराल पर 99 बार बजाया गया. उनके सम्मान में ऐंट्री रेस कोर्स में दो मिनट का मौन रखा गया. वो वहां के जॉकी क्लब के सम्मानित सदस्य थे.

ब्रिटेन के बकिंघम पैलेस ने शुक्रवार को प्रिंस फ़िलिप के निधन की घोषणा की थी.

बकिंघम पैलेस ने एक बयान जारी कर कहा, "बहुत दुख के साथ महारानी ने अपने पति, हिज़ रॉयल हाईनेस द प्रिंस फ़िलिप, ड्यूक ऑफ़ एडिनबरा के निधन की घोषणा की है. प्रिंस फ़िलिप ने विंडसर कैसेल में शुक्रवार सुबह आख़िरी साँस ली."

2px presentational grey line

बीबीसी के रॉयल संवाददाता जॉनी डायमंड ने कहा है कि चार देशों की राजधानी और रॉयल नेवी के ठिकानों से, ज़मीन से और समंदर से, दिन में ड्यूक ऑफ़ एडिनबरा की याद में उन्हें तोपों की सलामी दी जाएगी.

उन्हें याद करने के साथ-साथ सेना में उनके योगदान, द्वितीय विश्वयुद्ध में उनकी भागीदारी और फिर सेना में कई सालों तक ऑनरेरी पद पर रहने के लिए उन्हें याद किया जाएगा.

उम्मीद की जा रही है कि तोपों की सलामी के बाद ड्यूक ऑफ़ एडिनबरा के राजकीय अंतिम संस्कार के बारे में बकिंघम पैलेस आगे की जानकारी देगा.

कोरोना महामारी को देखते हुए बकिंघम पैलेस ने लोगों से गुज़ारिश की है कि वो महल के सामने एकत्र ना हों और ड्यूक ऑफ़ एडिनबरा की याद में वहाँ फूल रखने ना आएं.

2px presentational grey line

'अनगिनत युवाओं को किया प्रेरित'

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा, "उन्होंने (प्रिंस फ़िलिप) अनगिनत युवाओं के जीवन को प्रेरित किया है."

प्रधानमंत्री ने अपने कार्यालय में बात करते हुए कहा, "उन्होंने शाही परिवार और राजतंत्र को इस तरह दिशा दी जिससे शाही परिवार हमारे राष्ट्रीय जीवन की ख़ुशियों में संतुलन बनाए रखने के लिए निर्विवाद रूप से एक अत्यंत महत्वपूर्ण संस्था बना रहा."

प्रिंस फ़िलिप और राजकुमारी एलिज़ाबेथ की शादी 1947 में हुई थी. पाँच साल के बाद 1952 में राजकुमारी एलिज़ाबेथ महारानी बन गईं थीं.

मार्च के महीने में ड्यूक ऑफ़ एडिनबरा एक महीने तक अस्पताल में रहने के बाद अपने शाही महल में लौटे थे.

लंदन के सेंट बार्थोलोमियो अस्पताल में उनकी पहले से चली आ रही दिल की बीमारी का इलाज हुआ था.

प्रिंस फ़िलिप और महारानी के चार बच्चे, आठ पोते-पोती और दस परपोते-परपोती हैं.

उनके बड़े बेटे प्रिंस ऑफ़ वेल्स प्रिंस चार्ल्स का जन्म 1948 में हुआ था. प्रिंस चार्ल्स के बाद 1950 में उनकी बहन राजकुमारी ऐन का जन्म हुआ. उसके बाद ड्यूक ऑफ़ यॉर्क प्रिंस एंड्रूय का जन्म 1960 में और अर्ल ऑफ़ वेसेक्स प्रिंस एडवर्ड का जन्म 1964 में हुआ था.

प्रिंस फ़िलिप का जन्म ग्रीस के कोर्फ़ू द्वीप में 10 जून, 1921 को हुआ था.

प्रिंस फ़िलिप के पिता प्रिंस एंड्रूय ग्रीस और डेनमार्क के राजुकमार थे.

प्रिंस फ़िलिप की माँ राजकुमारी एलिस लॉर्ड लुइस माउंटबेटन की बेटी और महारानी विक्टोरिया की परपोती थीं.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)