कश्मीर: हिमस्खलन में छह जवान दबे

इमेज स्रोत, Indian army
- Author, माजिद जहांगीर
- पदनाम, बीबीसी हिंदी डॉटकॉम के लिए
भारत-प्रशासित कश्मीर में सीमा के माछिल सेक्टर में हिमस्खलन होने से भारतीय सेना के छह जवान बर्फ में दब गए हैं.
श्रीनगर से करीब 180 किलोमीटर दूर माछिल सेक्टर में सेना का एक पेट्रोल हिमस्खलन की ज़द में आकर बर्फ के नीचे दब गया.
श्रीनगर में सेना के प्रवक्ता राजेश कालिया ने बीबीसी को बताया, "शनिवार की सुबह को माछिल सेक्टर में हमारी सेना का एक दस्ता पेट्रोल गश्त पर था. इसी दौरान हिमस्खलन होने से सैनिकों का ये दस्ता बर्फ में दब गया. सैनिकों को ढूंढ़ने के लिए बचाव अभियान शुरू किया गया है. लेकिन अभी तक किसी भी सैनिक को बर्फ से नहीं निकाला गया है."

इमेज स्रोत, Indian army
दो दिन पहले कश्मीर के गुरेज़ इलाके में सेना के 14 जवान हिमस्खलन होने से मारे गए थे जबकि सोनमर्ग में भी हिमस्खलन होने से सेना का एक मेजर मारा गया.
एक दूसरी घटना में गुरेज़ इलाके में ही तीन दिन पहले हिमस्खलन होने से एक ही घर के चार लोग अपनी जान गंवा बैठे.
कश्मीर घाटी में बीते कई दिनों से भारी बर्फबारी हो रही है जिसके कारण कई रिहायशी मकानों को नुकसान पहुँचा है.
प्रशासन ने कश्मीर घाटी के कई इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी कर रखी है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)












