लाइव, कोलकाता: स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर बीजेपी उम्मीदवार तपस रॉय और कोलकाता पुलिस के बीच बहस
स्ट्रॉन्ग रूम के अंदर जाने से रोके जाने पर उन्होंने कहा, ''आप जैसे बहुत आईपीएस देखे हैं. आपको भी देखा है. मत समझाइए. आपने क्या किया है और क्या करते हैं, सब पता है.''
टीएमसी नेता शशि पांजा और कुणाल घोष स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर धरने पर बैठे थे. उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें स्ट्रॉन्ग रूम के अंदर जाने नहीं दिया जा रहा है. बीजेपी और चुनाव आयोग के अधिकारी, संबंधित पार्टियों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी के बिना बक्सों को खोलने की कोशिश कर रहे हैं.”
हालांकि कुछ देर बाद टीएमसी नेता सुप्ति पांडे ने एएनआई से कहा कि अब उनके नेताओं को स्ट्रॉन्ग रूम के अंदर जाने की इजाज़त दे दी गई है.
"यह पहला फैसला था. आज जो हुआ, वह गलत था. वहाँ और ज़्यादा सीसीटीवी कैमरों की ज़रूरत है, और वे इसके लिए सहमत हो गए हैं. यह सब स्क्रीन पर दिखना चाहिए. हमने उन्हें अपनी आपत्तियों के बारे में बता दिया है. धरना खत्म कर दिया गया है. हमारी टीम हर चीज़ पर नज़र रखेगी."
कोलकाता में टीएमसी नेता स्ट्रॉन्ग रूम के सामने धरने पर बैठे
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, नेताजी इंडोर स्टेडियम के बाहर स्ट्रॉन्ग रूम के सामने धरने पर बैठे टीएमसी नेता शशि पांजा और कुणाल घोष
टीएमसी नेता शशि पांजा और कुणाल घोष, नेताजी इंडोर स्टेडियम के बाहर स्ट्रॉन्ग रूम के सामने धरने पर बैठे हैं.
धरने पर बैठे नेताओं ने आरोप लगाया कि बीजेपी और चुनाव आयोग के अधिकारी, संबंधित पार्टियों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी के बिना बक्सों को खोलने की कोशिश कर रहे हैं.
न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक, कुणाल घोष ने कहा, “आप चुनाव आयोग की लाइव स्ट्रीमिंग और सीसीटीवी कैमरों में देख सकते हैं कि अंदर कुछ लोग काम कर रहे हैं. हमारे किसी भी प्रतिनिधि को अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है. वह हमें अंदर नहीं जाने दे रहे हैं. वह कह रहे हैं कि हम दूसरे उम्मीदवारों से बात करें. हमें दूसरे उम्मीदवारों की जिम्मेदारी क्यों लेनी चाहिए?”
शशि पांजा ने कहा, “हम फ़िक्रमंद हैं. किसी भी तरह की हेरफेर नहीं होनी चाहिए. हमें यह सब क्यों नहीं दिखाया जा रहा है?”
'ग्रेट निकोबार प्रोजेक्ट' पर बीजेपी ने दिया कांग्रेस नेता राहुल गांधी को जवाब
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, बीजेपी ने कहा कि ग्रेट निकोबार प्रोजेक्ट सिर्फ एक इंफ्रास्ट्रक्चर योजना नहीं, बल्कि भारत के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है (प्रतीकात्मक तस्वीर)
अंडमान और निकोबार की यात्रा पर गए, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को मीडिया से बात करते हुए ग्रेट निकोबार प्रोजेक्ट पर निशाना साधा था.
राहुल गांधी ने कहा,“आपकी ज़मीन आपसे छीनी जा रही है और इसे गौतम अदानी और दूसरे बड़े बिज़नेसमैन को दिया जा रहा है. वहां फॉरेस्ट राइट्स एक्ट लागू नहीं हो रहा है."
उन्होंने आगे कहा, " यहां बसने वाले लोगों और आदिवासी समुदायों को उचित मुआवज़ा नहीं मिल रहा है और चुपचाप भारत की विरासत छीनी जा रही है."
राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी ने प्रतिक्रिया दी है.
बीजेपी का जवाब
बीजेपी ने एक्स पर लिखा, "ग्रेट निकोबार प्रोजेक्ट सिर्फ एक इंफ्रास्ट्रक्चर योजना नहीं, बल्कि भारत के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है. यह प्रोजेक्ट न सिर्फ अंडमान-निकोबार को वैश्विक मानचित्र पर नई पहचान देगा, बल्कि देश की सुरक्षा, व्यापार और विकास को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा."
"लेकिन कांग्रेस ने कभी ऐसी दूरदर्शी सोच नहीं दिखाई, और राहुल गांधी तो यहां विदेशी एजेंट के रूप में इस प्रोजेक्ट को रोकने के लिए आए थे. जबकि मोदी जी के नेतृत्व में ग्रेट निकोबार प्रोजेक्ट एक संदेश है- मजबूत और विकसित भारत का."
बुधवार को पत्रकारों से बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा था कि वो ग्रेट निकोबार प्रोजेक्ट के बारे में देश के लोगों को बताएंगे.
उन्होंने कहा, "देश के लोगों को बताएंगे कि यहां क्या हो रहा है, और अंडमान-निकोबार के लोगों की रक्षा करने की कोशिश करेंगे. यहां अंडमान में पानी की समस्या है और उपराज्यपाल की ओर से भ्रष्टाचार भी है. वे किसी राजा की तरह हैं; जो चाहते हैं वही करते हैं. "
जबलपुर: पर्यटकों से भरी नाव पलटने से चार लोगों की मौत, कम से कम 12 लापता, विष्णुकांत तिवारी, बीबीसी संवाददाता
इमेज स्रोत, Shiv Choubey
इमेज कैप्शन, प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज हवा के कारण क्रूज़ संतुलन खो बैठा और डूब गया
मध्य प्रदेश के जबलपुर में बरगी डैम में गुरुवार शाम पर्यटकों से भरी एक क्रूज़ नाव पलटने से कम से कम चार लोगों की मौत हो गई है. इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं.
यह हादसा खमरिया टापू के पास शाम करीब 5 बजकर 40 मिनट पर हुआ. इस दौरान अचानक मौसम खराब हुआ और तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज हवा के कारण क्रूज़ संतुलन खो बैठा और डूब गया.
पुलिस के मुताबिक, नाव में करीब 35 लोग सवार थे. इनमें से अब तक 15 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जिनमें कई लोग तैरकर बाहर निकले.
सीएसपी बरगी, अंजुल अयंक मिश्रा ने बताया कि अब तक चार शव बरामद किए जा चुके हैं. करीब 12-13 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं और उनकी तलाश जारी है.
एसडीआरएफ की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी है और प्रशासन की ओर से खोज अभियान जारी है.
ईरान के सर्वोच्च नेता बोले, 'अराजकता फैलाने वाले विदेशियों के लिए फ़ारस की खाड़ी के गर्त के अलावा कोई जगह नहीं'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ईरान के सर्वोच्च नेता का दावा है कि फ़ारस की खाड़ी में असुरक्षा का मुख्य कारण यहां अमेरिका की मौजूदगी है
ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा ख़ामेनेई का कहना है कि हजारों किलोमीटर दूर बैठकर लालच के आधार पर अराजकता फैलाने वाले विदेशियों के लिए फ़ारस की खाड़ी के गर्त के अलावा कोई जगह नहीं है.
फ़ारस की खाड़ी दिवस के अवसर पर उन्होंने एक बयान जारी किया है. ईरान की आधिकारिक समाचार एजेंसी आईआरएनए ने उनके बयान की जानकारी दी है.
बयान में ईरानी नेता ने कहा, "ईरान फ़ारस की खाड़ी और स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत करेगा."
ईरान के सर्वोच्च नेता ने आगे कहा, "फ़ारस की खाड़ी का भविष्य अमेरिका से मुक्त होगा."
मोजतबा ख़ामेनेई ने कहा कि क्षेत्र के अच्छे भविष्य में "कोई अमेरिकी हस्तक्षेप नहीं होगा" और होर्मुज़ स्ट्रेट में "नई व्यवस्था" से सभी देशों को फ़ायदा होगा.
उनका दावा है कि फ़ारस की खाड़ी में असुरक्षा का मुख्य कारण यहां अमेरिका की मौजूदगी है.
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की अमेरिका को चेतावनी- 'दोबारा हमला किया तो घातक जवाब देंगे'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ईरान का झंडा (फ़ाइल फोटो)
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका दोबारा हमले करता है, तो वे अमेरिका के ख़िलाफ़ "लंबे और घातक" हमले शुरू करेंगे.
दरअसल रिपोर्ट्स में कहा गया है कि राष्ट्रपति ट्रंप को ईरान के ख़िलाफ़ संभावित सैन्य कार्रवाई पर ब्रीफ किया जा रहा था, जिससे तेल की क़ीमतों में तेज़ बढ़ोतरी देखी गई.
वहीं ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि, "साल 1622 ईस्वी में, 115 साल के कब्ज़े के बाद, हमने यूरोपीय उपनिवेशवादियों को फ़ारस की खाड़ी से बाहर खदेड़ दिया था और इस जीत की याद में ‘खाड़ी दिवस’ मनाते हैं."
"आज भी, स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ पर ईरान नियंत्रण स्थापित कर, खुद और अपने पड़ोसियों को अमेरिका की मौजूदगी और दखल के बिना अच्छे भविष्य का फ़ायदा दिलाएगा."
नाबालिग़ की प्रेग्नेंसी पर दिए आदेश का पालन नहीं होने पर सुप्रीम कोर्ट ने अधिकारियों को किया तलब
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सुप्रीम कोर्ट (फ़ाइल फोटो)
सुप्रीम कोर्ट ने आज 15 साल की एक लड़की की 30 हफ्ते की गर्भावस्था को मेडिकल तरीके से समाप्त करने की अनुमति देने वाले अदालत के हालिया आदेश का पालन नहीं करने पर अवमानना नोटिस जारी किया है.
लाइव लॉ के मुताबिक, जस्टिस बी. वी. नागरत्ना और जस्टिस उज्ज्वल भुइयां की बेंच ने स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के प्रधान सचिव, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग के सचिव और एम्स, नई दिल्ली के निदेशक को निर्देश दिया कि वे सोमवार, 4 मई को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में मौजूद रहें.
अदालत ने संकेत दिया कि अगर तब तक आदेश का पालन नहीं किया गया, तो वह आरोप तय करने की प्रक्रिया शुरू कर देगी.
यह आदेश नाबालिग लड़की की मां द्वारा दायर एक अवमानना याचिका पर दिया गया.
जस्टिस नागरत्ना ने कहा, “अगर वे सोमवार तक हमारे आदेश का पालन नहीं करते हैं, तो वे अवमानना कार्यवाही में आगे के निर्देशों के लिए तैयार रहें. हमें किसी और बात से कोई लेना-देना नहीं है, सिवाय इसके कि इस कोर्ट के आदेश का पालन हो.”
“अगर वे सोमवार तक पालन नहीं करते हैं, तो हम आरोप तय करेंगे. आरोप तय करने से पहले हम उनकी बात सुनेंगे.”
यह अवमानना याचिका अदालत के 24 अप्रैल के उस आदेश से जुड़ी है, जिसमें एक नाबालिग की गर्भावस्था समाप्त करने की अनुमति दी गई थी. यह गर्भावस्था सात महीने से अधिक की हो चुकी थी.
अदालत ने यह माना था कि किसी महिला को केवल इस आधार पर किसी अवांछित गर्भावस्था को जारी रखने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता कि बच्चे के जन्म के बाद उसे गोद दिया जा सकता है.
अदालत ने कहा था कि गर्भवती महिला की पसंद ही सर्वोपरि होनी चाहिए.
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने कितनी सीटें जीतने का दावा किया
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सरकार बनाने का दावा किया
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक्स पर एक वीडिया शेयर कर कहा कि उनकी पार्टी 294 विधानसभा सीटों में से 226 सीटें जीतने वाली है.
बुधवार को आए एग्ज़िट पोल्स में बीजेपी को बढ़त मिलती हुई दिखाई गई है.
इसपर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, "एग्ज़िट पोल के अनुमान बीजेपी के इशारे पर प्रसारित किए गए हैं ताकि टीएमसी कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ा जा सके."
मुख्यमंत्री ने कहा, "हम ‘मां, माटी, मानुष’ की सरकार बना रहे हैं. जय बांग्ला."
पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों का नतीजे चार मई को आने वाले हैं.
ईरान के राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान से जापान की राष्ट्रपति ने की फोन पर बात, कहा- अमेरिका के साथ जल्द बातचीत शुरू हो
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, जापान की प्रधानमंत्री सनाई तकाइची (फ़ाइल फोटो)
जापान की प्रधानमंत्री सनाई तकाइची ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान से फोन पर बात की है.
उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "मैंने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान के साथ फोन पर बात की. मैंने यह उम्मीद जताई कि अमेरिका और ईरान के बीच फिर से बातचीत जल्द से जल्द शुरू होंगे और एक अंतिम समझौते तक पहुंचेंगे."
"इसके अलावा, मैंने उन्हें बताया कि हम 'स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़' के जरिए तीन जापानी क्रू मेंबर्स को ले जा रहे जापान से जुड़ा एक जहाज़ के सुरक्षित गुज़रने को अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिहाज से एक सकारात्मक कदम मानते हैं."
उन्होंने आगे लिखा, "मैंने एक बार फिर ज़ोर देकर उनसे जापान और सभी देशों के जहाज़ों के लिए स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ से सुरक्षित और बिना रोकटोक आवाजाही, सुनिश्चित करने का आग्रह किया."
उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान ने ईरान की स्थिति पर सफाई दी, साथ ही भविष्य की संभावनाएं के बारे में भी बात की.
मध्य पूर्व में जारी तनाव पर न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री ने ओमान के सुल्तान से बात की
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन(फ़ाइल फोटो)
न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने एक्स पर पोस्ट जानकारी दी है कि उन्होंने मध्य पूर्व में जारी तनाव पर ओमान के सुल्तान से बात की है.
प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "खाड़ी क्षेत्र में स्थिरता बेहद ज़रूरी है, क्योंकि हम पेट्रोल की बढ़ती कीमतों से जूझ रहे लोगों पर पड़ रहे दबाव को कम करने की कोशिश कर रहे हैं.''
उन्होंने कहा कि यह परेशानी दुनिया भर के लोगों को प्रभावित कर रही है.
न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री ने आगे लिखा, ''रात में मेरी बात ओमान के सुल्तान, हैथम बिन तारिक से हुई. ओमान खाड़ी क्षेत्र में स्थिरता बहाल करने के लिए समाधान की दिशा में लगातार काम कर रहा है.''
उन्होंने कहा, ''कूटनीति को अहम मानते हुए, मैंने एक समझौते के लिए उनके देश के प्रयासों की सराहना की.''
अमेरिकी डॉलर के मुक़ाबले रुपया अब तक के सबसे निचले स्तर पर
इमेज स्रोत, Diptendu Dutta/NurPhoto via Getty Images
इमेज कैप्शन, गुरुवार को ब्रेंट क्रूड की क़ीमत 126 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई (सांकेतिक तस्वीर)
गुरुवार को शुरुआती कारोबार में
रुपया 32 पैसे गिरकर अमेरिकी डॉलर के मुक़ाबले अपने अब तक के सबसे निचले स्तर
95.20 पर पहुंच गया.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़,
ब्रेंट क्रूड की क़ीमत बढ़ने और अमेरिकी डॉलर के मज़बूत होने की वजह से रुपये में गिरावट दर्ज की गई.
पीटीआई के मुताबिक़, फ़ॉरेक्स ट्रेडर्स का कहना है कि डॉलर के
मुक़ाबले रुपये में और गिरावट आ सकती है, क्योंकि
कच्चे तेल की बढ़ती क़ीमतों से भारत के आयात ख़र्च पर तेज़ असर पड़ने की आशंका है.
गुरुवार को ब्रेंट क्रूड की क़ीमत 126 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई.
वहीं पश्चिम एशिया में संभावित बड़े
संघर्ष को लेकर निवेशक चिंतित हैं.
इस बीच, अमेरिकी फ़ेडरल रिज़र्व ने ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया,
जिसके बाद अमेरिकी डॉलर और मज़बूत हुआ.
ईरान के राष्ट्रपति बोले- अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी का प्रयास सफल नहीं होगा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान (फ़ाइल फोटो)
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने कहा है कि ईरानी बंदरगाहों की अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी से खाड़ी में असुरक्षा और बढ़ेगी.
बीबीसी अरबी के मुताबिक, गुरुवार को अपने बयान में ईरानी राष्ट्रपति ने कहा, “नौसैनिक नाकेबंदी या अंतरराष्ट्रीय क़ानून के उलट किसी भी प्रकार के प्रतिबंध लगाने का कोई भी प्रयास सफल नहीं होगा."
मसूद पेज़ेश्कियान ने आगे कहा, "ऐसे उपाय न केवल क्षेत्रीय सुरक्षा को बढ़ावा देने में विफल रहेंगे बल्कि वास्तव में तनाव पैदा करेंगे और खाड़ी में स्थिरता को कमज़ोर करेंगे."
इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका की नौसैनिक नाकेबंदी महीनों तक चल सकती है. इसके बाद तेल की क़ीमतें, पिछले चार साल के उच्चतम स्तर, 126 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गईं.
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग पर आईपीएल ने लगाया जुर्माना, ये है वजह
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, आईपीएल के 40वें मैच के दौरान रियान पराग, ड्रेसिंग रूम में ई-सिगरेट पीते हुए देखे गए थे (फ़ाइल फोटो)
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग पर मैच फीस का 25 फ़ीसदी जुर्माना लगाया गया है.
दरअसल, रियान पराग को इंडियन प्रीमियर लीग के 40वें मैच की दूसरी पारी के दौरान ड्रेसिंग रूम में वेप (ई-सिगरेट) का इस्तेमाल करते हुए देखा गया था.
आईपीएल ने प्रेस रिलीज़ जारी कर बताया कि उन्हें आचार संहिता के लेवल 1 के उल्लंघन का दोषी पाया गया है और उनके खाते में एक ‘डिमेरिट पॉइंट’ भी जोड़ा गया है.
आईपीएल के मुताबिक, "रियान पराग को आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.21 का उल्लंघन करते पाया गया है. यह अनुच्छेद खेल की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने से जुड़ा है."
आईपीएल के मुताबिक, रियान ने अपने अपराध मान लिया और मैच रेफरी अमित शर्मा द्वारा लगाए गए जुर्माने को स्वीकार कर लिया.
अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
मध्य प्रदेश में बड़ा हादसा, पिकअप वैन और कार के भिड़ने से 16 की मौत, शुरैह नियाज़ी, भोपाल से बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Ishwari lal
इमेज कैप्शन, दोनों वाहनों के बीच टक्कर इतनी तेज़ थी कि वाहन क्षतिग्रस्त हो गए
मध्य प्रदेश के धार ज़िले में बुधवार
रात हुए एक हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग 30 लोग घायल हैं.
यह हादसा इंदौर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे
पर हुआ, जहां पर मज़दूरों से भरी ओवरलोड
पिकअप वैन टायर फटने की वजह से पलट गई और दूसरी तरफ़ से आ रही स्कॉर्पियो से टकरा गई.
जानकारी के मुताबिक़, पिकअप वैन बहुत ज़्यादा रफ़्तार में थी. इस हादसे में
8 महिलाएं, 3 युवतियां और 5 बच्चों की मौत हुई
है.
दोनों वाहनों के बीच टक्कर काफ़ी तेज़ थी और मौक़े पर ही कई लोगों की जान चली गई.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और
स्थानीय लोग मौक़े पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को तत्काल
नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां
उनका इलाज जारी है. कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी
है. इस घटना में ओवरलोडिंग और तेज़ रफ़्तार को प्राथमिक कारण माना जा रहा है.
घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुख जताया है.
प्रधानमंत्री ने इस हादसे में जान
गंवाने वालों के परिवार को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये जबकि
घायलों को 50-50 हज़ार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है.
वहीं मुख्यमंत्री ने हादसे में
मृतकों के परिवारजन को 4-4 लाख रुपये, गंभीर
घायलों को 1-1 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने के
आदेश दिए हैं. सरकार ने कहा है कि सभी घायलों का इलाज मुफ़्त में किया जाएगा.
इमेज स्रोत, Ishwari lal
इमेज कैप्शन, घायलों को नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है
राजनाथ सिंह बोले, 'भारत ने ऑपरेशन सिंदूर अपनी शर्तों पर रोका'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान के ख़िलाफ़ चलाए गए सैन्य अभियान को भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' का नाम दिया था
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है
कि भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर अपनी मर्ज़ी से और अपनी शर्तों पर रोका' है.
उन्होंने कहा कि भारत ने यह ऑपरेशन
इसलिए बंद नहीं किया, क्योंकि उसकी क्षमता कम हो गई थी.
बुधवार को दिल्ली में आयोजित एक
कार्यक्रम में उन्होंने यह टिप्पणी की.
राजनाथ सिंह ने कहा, "मैं यहां फिर से स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि
हमने वह ऑपरेशन इसलिए बंद नहीं किया कि हमारी क्षमता कम हो गई थी. हमने उसे अपनी
मर्जी से, अपनी शर्तों पर रोका."
उन्होंने यह भी कहा कि ज़रूरत पड़ने
पर 'भारत लंबी लड़ाई के लिए पूरी तरह से
तैयार' था.
रक्षा मंत्री ने कहा, "अचानक ज़रूरत पड़ने पर अपनी क्षमता को बढ़ाने की
ताक़त भी हमारे पास थी. थी ही नहीं, बल्कि
अभी भी है और पहले से और अधिक दुरुस्त है."
पिछले साल 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर
के पहलगाम में हुए हमले में 26 लोग मारे गए थे. इसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच
तनाव काफ़ी बढ़ गया.
इसके बाद भारत ने पाकिस्तान के कई ठिकानों पर हमले किए थे और दावा किया था कि वहां स्थित आतंकवादियों के ठिकानों को निशाना बनाया गया.
जिसके बाद दोनों देशों के बीच सैन्य संघर्ष हुआ. भारत ने अपने सैन्य अभियान को 'ऑपरेशन
सिंदूर' का नाम दिया था.
पंजाब के सीएम भगवंत मान राष्ट्रपति से मिलेंगे, राघव चड्ढा समेत सात सांसदों से जुड़ा है मामला
इमेज स्रोत, Arvind Yadav/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, मान ने कहा कि उन्होंने अपने सभी विधायकों के साथ मुलाक़ात का समय मांगा था (फ़ाइल फ़ोटो)
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने
जानकारी दी है कि वह पांच मई को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाक़ात करेंगे.
यह मुलाक़ात उनकी पार्टी के सात
राज्यसभा सांसदों के बीजेपी में शामिल होने के मामले में होगी.
भगवंत मान ने एक्स पर लिखा,
"पंजाब के लोगों के जनादेश और
लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना हमारा कर्तव्य है. मुझे यह बताते हुए खुशी हो
रही है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जी ने 5 मई को दोपहर 12 बजे मिलने का समय
दिया है."
हालांकि, मान ने कहा कि उन्होंने अपने सभी विधायकों के साथ मुलाक़ात का समय
मांगा था. लेकिन राष्ट्रपति ने सिर्फ़ उन्हें बुलावा भेजा है.
सीएम ने कहा, "मैं अपने साथी विधायकों के साथ राष्ट्रपति भवन
पहुंचूंगा. मेरे साथी विधायक बाहर इंतज़ार करेंगे और मैं अंदर जाकर राष्ट्रपति जी
के सामने सभी की ओर से पंजाब की आवाज़ और लोगों का पक्ष मज़बूती से रखूंगा."
भगवंत मान ने यह भी कहा कि इस बैठक
के बाद आगे की रणनीति साझा की जाएगी.
बीते दिनों पंजाब से आम आदमी पार्टी
के 10 राज्यसभा सांसदों में से सात ने बीजेपी संसदीय दल में विलय करने की बात कही
थी. राज्यसभा के सभापति ने इस विलय की मंज़ूरी भी दे दी.
ये सभी सांसद राघव चड्ढा की अगुवाई
में बीजेपी में शामिल हुए.
रो खन्ना के किस सवाल पर भड़क गए रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पीट हेगसेथ ने बताया कि ईरान जंग में अब तक अनुमानित ख़र्च 25 अरब डॉलर है
अमेरिका में डेमोक्रेटिक सांसद रो खन्ना ने
ईरान में पिछले लगभग दो महीनों से चल रही जंग की लागत पर सवाल उठाए हैं. रो खन्ना
ने ये सवाल अमेरिका की 'हाउस आर्म्ड सर्विसेज़ कमेटी'
की सुनवाई के दौरान उठाए.
इन सवालों से पहले अमेरिकी रक्षा
मंत्री पीट हेगसेथ ने बताया कि ईरान जंग में अब तक अनुमानित ख़र्च 25 अरब डॉलर है.
खन्ना ने पूछा कि "हमारे
ठिकानों को हुए नुक़सान के कारण नए हथियार और नए विमान ख़रीदने की लागत जोड़ें तो कुल ख़र्च कितना होगा?
हेगसेथ ने जवाब दिया, "फ़िलहाल जो आंकड़ा बताया गया है वही कुल लागत के
बारे में बताता है."
इसके बाद खन्ना ने पूछा कि ईरान जंग
के लिए "अतिरिक्त फंडिंग" के तौर पर वह कितनी राशि मांग रहे हैं.
हेगसेथ ने कहा, "ईरान के लिए यह 25 अरब डॉलर से कम होगा, लेकिन हम सिर्फ ईरान से आगे बढ़कर भी काफ़ी कुछ
मांगेंगे."
फिर खन्ना ने इस साल की शुरुआत में
ईरान में लड़कियों के एक स्कूल पर हुए घातक हमले की लागत के बारे में पूछा,
जिसमें 168 लोगों की मौत हुई थी और जिसका आरोप
ईरान ने अमेरिका पर लगाया था.
इस पर हेगसेथ ने जवाब देने से इनकार
करते हुए कहा, "वह दुर्भाग्यपूर्ण घटना अभी जांच के
दायरे में है... मैं उससे कोई लागत नहीं जोड़ूंगा."
अमेरिका में गैस और खाने की बढ़ती
क़ीमतों पर खन्ना ने कहा कि हर परिवार पर सालाना पांच हज़ार डॉलर का अतिरिक्त बोझ
पड़ सकता है.
वहीं, हेगसेथ ने कहा, "मैं आपसे
सिर्फ यह पूछूंगा कि ईरान के परमाणु बम की क़ीमत क्या होगी," और यह भी कहा कि "हमारे पास एक मज़बूत
इकोनॉमिक टीम है जो इसे संभाल रही है."
इस ख़बर के बाद कच्चे तेल की क़ीमतें साल 2022 के बाद सबसे ऊंचे स्तर पर, ओसमंड चिया, बिज़नेस रिपोर्टर
इमेज स्रोत, Costfoto/NurPhoto via Getty Images
इमेज कैप्शन, शांति वार्ता ठप होने का असर तेल की क़ीमतों पर पड़ा है (सांकेतिक तस्वीर)
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को
ईरान जंग से जुड़े नए सैन्य विकल्पों पर ब्रीफिंग दिए जाने की ख़बर के बाद गुरुवार
को एशिया में तेल की क़ीमतों में तेज़ उछाल आया.
न्यूज वेबसाइट एक्सियोस के मुताबिक, अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने ईरान पर "छोटे और
तेज़" हमलों की एक योजना तैयार की है, जिसका मक़सद ईरान के साथ बातचीत में बने गतिरोध को तोड़ना है.
बीबीसी ने इस पर टिप्पणी के लिए
अमेरिकी सेंट्रल कमांड और व्हाइट हाउस से संपर्क किया है.
ब्रेंट क्रूड की क़ीमत क़रीब 7%
बढ़कर 126 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई, जो 2022 में रूस के यूक्रेन पर पूरे पैमाने पर हमले के बाद का सबसे
ऊंचा स्तर है.
इस हफ़्ते ऊर्जा क़ीमतों में बढ़ोतरी
हुई है, क्योंकि शांति वार्ता ठप पड़ती दिख
रही है और अहम समुद्री मार्ग होर्मुज़ स्ट्रेट प्रभावी रूप से बंद है.
एक्सियोस की रिपोर्ट में बेनाम
सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि प्रस्तावित हमलों में बुनियादी ढांचे को निशाना
बनाया जा सकता है.
रिपोर्ट के अनुसार, एक अन्य योजना में होर्मुज़ स्ट्रेट के कुछ
हिस्से पर नियंत्रण हासिल कर उसे व्यापारिक जहाज़ों के लिए फिर से खोलने की बात
कही गई है. इसमें ज़मीन पर सैनिकों की तैनाती भी शामिल हो सकती है.