एपस्टीन फ़ाइल मामले में अमेरिका में ब्रिटेन के राजदूत रहे पीटर मैंडसलन गिरफ़्तार

इमेज स्रोत, Pool/BBC News
ब्रिटिश पुलिस ने अमेरिका में ब्रिटेन के राजदूत रहे पीटर मैंडलसन को सार्वजनिक पद के दुरुपयोग के संदेह में गिरफ़्तार किया है.
उनकी गिरफ़्तारी एपस्टीन फ़ाइल से जुड़ी एक जांच के बाद हुई है.
इससे पहले ब्रिटेन के पूर्व प्रिंस एंड्रयू माउंटबेटन को एपस्टीन फ़ाइल से जुड़े एक मामले में गिरफ़्तार किया गया था. उन पर भी सार्वजनिक पद के दुरुपयोग के आरोप थे.
लंदन मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने बताया कि 72 वर्षीय मैंडलसन को सोमवार को उत्तरी लंदन के कैमडेन स्थित एक पते से गिरफ़्तार किया गया और पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन ले जाया गया.
पुलिस के बयान में कहा गया कि यह गिरफ़्तारी विल्टशायर और कैमडेन के दो ठिकानों पर तलाशी वारंट जारी किए जाने के बाद हुई.
पुलिस ने इस महीने की शुरुआत में उन आरोपों की जांच शुरू की थी, जिनमें कहा गया है कि सरकार में मंत्री रहते हुए मैंडलसन ने मार्केट को प्रभावित करने वाली संवेदनशील सरकारी जानकारी यौन अपराधी जेफ़री एपस्टीन को दी थी.
ये भी पढ़ें : दूसरी एपस्टीन सर्वाइवर का दावा, 'उन्हें पूर्व प्रिंस के साथ सेक्स के लिए ब्रिटेन भेजा गया था'

