ईरान ने अमेरिका से 'बातचीत' और 'समझौते' को लेकर क्या कहा?

ईरानी विदेश मंत्री सैय्यद अब्बास अराग़ची ने दावा किया है कि ईरान ने कभी युद्धविराम या बातचीत की मांग नहीं की है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह, रौनक भैड़ा

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर लगी कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. ईरान ने अमेरिका से 'बातचीत' और 'समझौते' को लेकर क्या कहा?

    अब्बास अराग़ची

    इमेज स्रोत, Valentin Flauraud / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरानी विदेश मंत्री ने दावा किया कि कई देशों ने ईरान से संपर्क किया है, ताकि उन्हें होर्मुज़ स्ट्रेट से सुरक्षित रास्ता मिल सके (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरानी विदेश मंत्री सैय्यद अब्बास अराग़ची ने दावा किया है कि ईरान ने कभी युद्धविराम या बातचीत की मांग नहीं की है.

    बीबीसी के अमेरिकी साझेदार सीबीएस न्यूज़ से बात करते हुए अब्बास अराग़ची ने कहा, "हमें कोई वजह नहीं दिखती कि हम अमेरिकियों से बात करें, क्योंकि जब हम उनसे बात कर रहे थे, उस समय उन्होंने हम पर हमला करने का फ़ैसला किया."

    दरअसल, कुछ दिन पहले ही डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि ईरान उनसे समझौता करना चाहता है, लेकिन अब काफ़ी देर हो गई है.

    अराग़ची ने होर्मुज़ स्ट्रेट पर कहा, "ईरान उन देशों से बातचीत करने को तैयार है जो होर्मुज़ स्ट्रेट से जहाज़ों की सुरक्षित आवाजाही पर चर्चा करना चाहते हैं. कई देशों ने ईरान से संपर्क किया है, ताकि उन्हें होर्मुज़ स्ट्रेट से सुरक्षित रास्ता मिल सके."

    उन्होंने यह भी बताया, "ईरान की न्यूक्लियर फ़ैसिलिटीज़ अब मलबे में दब चुकी हैं और फ़िलहाल उन्हें वापस बनाने का कोई कार्यक्रम या योजना नहीं है."

  3. नोबेल पुरस्कार विजेता ने ईरान के स्कूल में मारी गई बच्चियों पर कहा- ये हमारी बेटियां थीं

    कैलाश सत्यार्थी

    इमेज स्रोत, Arun Kumar/ The India Today Group via Getty Images

    इमेज कैप्शन, कैलाश सत्यार्थी ने कहा कि '47 करोड़ बच्चे युद्ध वाले इलाक़ों में रह रहे हैं, ये सब हमारे बच्चे हैं' (फ़ाइल फ़ोटो)

    नोबेल पुरस्कार विजेता और बाल अधिकार कार्यकर्ता कैलाश सत्यार्थी ने कहा है कि ईरान के स्कूल में मारी गईं 168 लड़कियां 'हमारी बेटियां' थीं.

    कैलाश सत्यार्थी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "ईरान में स्कूल में 168 मासूम लड़कियां मारी गईं. ये हमारी बेटियां थीं. आज 47 करोड़ बच्चे युद्ध वाले इलाक़ों में रह रहे हैं, ये सब हमारे बच्चे हैं. यह पागलपन ख़त्म होना चाहिए."

    उन्होंने लिखा, "अज़रबैजान में ग्लोबल बाकू फ़ोरम में मैंने दुनिया भर में करुणा फैलाने की अपील की ताकि हमारा वर्तमान और भविष्य बच सके."

    गौरतलब है कि ईरान में 28 फ़रवरी को दक्षिणी होर्मोज़गान प्रांत के मिनाब काउंटी में लड़कियों के एक प्राइमरी स्कूल पर हमला हुआ था. इस हमले में 168 लोगों की मौत हुई थी.

  4. पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सरफ़राज़ अहमद ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से रिटायरमेंट की घोषणा की

    सरफ़राज़ अहमद

    इमेज स्रोत, ISHARA S. KODIKARA/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के कराची में जन्मे सरफ़राज़ अहमद ने 2007 में वनडे डेब्यू किया था (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तान की टेस्ट क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सरफ़राज़ अहमद ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने का एलान किया है. इस फ़ैसले के साथ ही उनका लगभग बीस साल का क्रिकेट करियर ख़त्म हो गया है.

    पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को दिए इंटरव्यू में सरफ़राज़ ने बताया, "यह उनके लिए मुश्किल समय था. किसी भी खिलाड़ी के लिए क्रिकेट को अलविदा कहना आसान नहीं होता. मैंने पहले ही फ़ैसला कर लिया था, लेकिन डर था कि सब ख़त्म हो जाएगा, क्या होगा... अगर सुबह और दोपहर ट्रेनिंग पर नहीं जाऊंगा तो कैसे चलेगा?"

    उन्होंने आगे कहा, "लेकिन मैंने अपने परिवार और क़रीबी दोस्तों से सलाह करने के बाद आगे बढ़ने का फ़ैसला किया."

    पाकिस्तान के कराची में जन्मे सरफ़राज़ ने 2007 में वनडे क्रिकेट में डेब्यू किया था. वह बताते हैं, "मेरा क्रिकेट करियर गलियों से शुरू हुआ था. मैंने अपने मोहल्ले के मैदान में खेलना शुरू किया और फिर टेप बॉल से खेला, उसके बाद हार्ड बॉल तक पहुंचा."

    सरफ़राज़ अहमद की कप्तानी में ही पाकिस्तान ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफ़ी 2017 में जीत दर्ज की. टीम ने फ़ाइनल में भारत को 180 रन से हराया था. इसके साथ ही सरफ़राज़ पाकिस्तान के पहले कप्तान बने जिन्होंने चैंपियंस ट्रॉफ़ी जीती.

    सरफ़राज़ अकेले ऐसे कप्तान हैं जिन्होंने आईसीसी ख़िताब जूनियर लेवल (आईसीसी अंडर-19, 2006) और सीनियर लेवल दोनों पर जीते हैं.

  5. ईरान का दावा- युद्ध में इसराइल के ख़िलाफ़ पहली बार इस्तेमाल की सेजिल मिसाइल

    सेजिल मिसाइल

    इमेज स्रोत, Fatemeh Bahrami/Anadolu Agency/Getty Images

    इमेज कैप्शन, सेजिल मध्यम दूरी की सतह से सतह पर मार करने वाली बैलिस्टिक मिसाइल है (तस्वीर: साल 2017 में इस मिसाइल को ईरान डिफेंस वीक के मौके पर प्रदर्शित किया गया था)

    ईरान रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने दावा किया है कि उसने इसराइल में ठिकानों पर 54वां मिसाइल हमला किया है.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, आईआरजीसी ने बयान में कहा, "इस हमले में ख़ोर्रमशहर मिसाइलों का इस्तेमाल हुआ. पहली बार इस ऑपरेशन में 4 ख़ास स्ट्रेटेजिक मिसाइलें और सॉलिड फ़्यूल वाली सेजिल मिसाइल का भी इस्तेमाल किया गया."

    रिवोल्यूशनरी गार्ड के प्रचार विभाग के अनुसार, सेजिल एक मध्यम दूरी की सतह से सतह पर मार करने वाली बैलिस्टिक मिसाइल है. यह मिसाइल सॉलिड फ़्यूल का इस्तेमाल करती है.

    दावा है कि यह मिसाइल ईरान के नतांज़ परमाणु केंद्र से इसराइल के तेल अवीव शहर तक की दूरी सात मिनट में तय कर सकती है.

  6. ओडिशा में राज्यसभा चुनाव पर तक़रार, कांग्रेस ने लगाया ‘ऑपरेशन लोटस’ का आरोप, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु और सुब्रत कुमार पति, भुवनेश्वर से बीबीसी हिन्दी के लिए

    डीके शिवकुमार

    इमेज स्रोत, Raj K Raj/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष और राज्य के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने इसे बीजेपी के 'ऑपरेशन लोटस' का हिस्सा बताया (फ़ाइल फ़ोटो)

    ओडिशा की चार राज्यसभा सीटों पर चुनाव काफ़ी दिलचस्प हो गया है. ओडिशा के विपक्षी दलों कांग्रेस और बीजेडी ने बीजेपी पर विधायकों की 'ख़रीद-फ़रोख़्त' का आरोप लगाया है.

    बीजेडी ने अपने दो विधायकों और कांग्रेस ने एक विधायक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है.

    कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष और राज्य के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने दावा किया है कि ओडिशा कांग्रेस के 9 विधायकों को राज्यसभा चुनाव में बीजेपी के पक्ष में वोट देने के लिए रिश्वत देने की कोशिश की गई है. शिवकुमार ने इसे बीजेपी के 'ऑपरेशन लोटस' का हिस्सा बताया है.

    वहीं शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भी बीजेपी पर हॉर्स-ट्रेडिंग का आरोप लगाया था.

    राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग की आशंकाओं की रिपोर्टों के बाद कांग्रेस ने 9 विधायकों और ओडिशा के कांग्रेस अध्यक्ष भक्त दास को तीन दिन पहले भुवनेश्वर से बेंगलुरु भेजा था. दावा है कि रिश्वत देने की घटना रविवार सुबह बेंगलुरु-मैसूर हाईवे पर बने एक रिज़ॉर्ट में हुई.

    राज्यसभा के इस चुनाव में बीजेपी को अपने तीसरे उम्मीदवार को जिताने के लिए तीन वोट कम पड़ रहे हैं, जबकि बीजेडी और कांग्रेस दोनों पार्टियों में अंदरूनी असंतोष बताया जा रहा है.

    147 सदस्यों वाली ओडिशा विधानसभा से राज्यसभा जाने के लिए हर एक उम्मीदवार को 30 प्रथम वरीयता वोटों की ज़रूरत है. बीजेपी के तीन और नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली बीजेडी के दो उम्मीदवार मैदान में उतरने के बाद चुनाव और दिलचस्प हो गया है.

    डीके शिवकुमार ने कहा, "सुबह क़रीब 10 बजे चार लोग एक विधायक के पास आए. चारों ने एक व्यक्ति सुरेश की मदद से रिज़ॉर्ट में कमरा बुक किया था. ख़ाली चेक दिखाकर विधायक से कहा कि उन्हें पाँच करोड़ रुपये दिए जाएंगे."

    इनमें से दो लोगों को रामनगर पुलिस ने पकड़ लिया, जबकि दो फ़रार हो गए. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बीबीसी हिन्दी को बताया, "ये घटना सुबह 10 बजे की है. पकड़े गए लोगों में एक ओडिशा का और एक कर्नाटक का है. उनसे पूछताछ की जा रही है."

    रामनगर पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 173 और प्रिवेंशन ऑफ़ करप्शन एक्ट की धारा 7ए के तहत मामला दर्ज किया है, जो किसी लोक सेवक को प्रभावित करने की कोशिश से संबंधित है.

    अब कांग्रेस विधायक और ओडिशा के पांच अन्य नेता बेंगलुरु एयरपोर्ट के पास एक फाइव स्टार होटल में शिफ़्ट किए जा रहे हैं. यह फ़ैसला कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाक़ात के बाद लिया गया. सोमवार की सुबह इन्हें भुवनेश्वर ले जाया जाएगा.

    नवीन पटनायक

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, नवीन पटनायक ने बीजेपी पर 'हॉर्स ट्रेडिंग' का आरोप लगाया है

    ओडिशा विधानसभा में दलों की स्थिति इस तरह है:बीजेपी - 81 (79 बीजेपी + 3 निर्दलीय),बीजेडी - 48,कांग्रेस - 14,सीपीएम - 1,निर्दलीय - 2

    बीजेडी दो उम्मीदवारों का समर्थन कर रही है. इनमें एक पार्टी के ही संतरुप्त मिश्रा और दूसरे दत्तेश्वर होटा हैं जिन्हें बीजेडी, कांग्रेस और सीपीएम का समर्थन है.

    बीजेडी के संतरुप्त मिश्रा को 30 प्रथम वरीयता वोट देने के बाद पार्टी के पास 18 वोट बचते हैं. इसके साथ कांग्रेस के 14 और सीपीएम का एक वोट मिलाकर विपक्ष के पास कुल मिलाकर तीन वोट अतिरिक्त बचेंगे.

    हालांकि बीजेडी और कांग्रेस दोनों के भीतर असंतोष की ख़बरें हैं.

    यह साफ़ नहीं है कि बीजेडी से निलंबित चंपुआ सीट से विधायक सनातन महाकुद, बीजेडी से निष्कासित पटकुड़ा के विधायक अरविंद महापात्रा और चौदवार-कटक के बीजेडी विधायक सौविक बिस्वाल किसके समर्थन में वोट करेंगे.

    वहीं कांग्रेस में भी बाराबती-कटक की विधायक सोफ़िया फ़िरदौस की ओर से भी विरोध के सुर सुनाई दिए हैं. उनका दावा है कि उनसे उम्मीदवार तय करते समय सलाह नहीं ली गई. यह साफ़ नहीं है कि वो किसे वोट करेंगी.

    दूसरी ओर बीजेपी के सामने निवर्तमान सांसद सुजीत कुमार और राज्य बीजेपी अध्यक्ष मनमोहल समाल को राज्यसभा में लाने को लेकर चुनौती नहीं है.

    तीसरे निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप रे के चुने जाने को लेकर उसके आगे समस्या है.

    बीजेपी के पास 19 और तीन निर्दलीय वोट हैं. उसको तीसरी सीट जीतने के लिए आठ अतिरिक्त वोटों की ज़रूरत है.

  7. सूत्रों ने सीबीएस को बताया, ख़ामेनेई बेटे को सुप्रीम लीडर बनाने को लेकर 'आश्वस्त नहीं थे'

    आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई

    इमेज स्रोत, Pool / Iranian Religious Leader Press Office/Anadolu Agency/Getty Images

    इमेज कैप्शन, सीबीएस न्यूज़ को सूत्रों ने जानकारी दी है कि ख़ामेनेई अपने बेटे के सत्ता में आने को लेकर चिंतित थे (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिका की ख़ुफ़िया एजेंसियों के अनुसार, ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई अपने बेटे मोजतबा ख़ामेनेई के सत्ता संभालने को लेकर आश्वस्त नहीं थे.

    बीबीसी के अमेरिकी साझेदार सीबीएस न्यूज़ को सूत्रों ने जानकारी दी, "ख़ामेनेई अपने बेटे के सत्ता में आने को लेकर इसलिए चिंतित थे, क्योंकि उन्हें बहुत समझदार नहीं माना जाता था और उन्हें नेता बनने के लिए योग्य नहीं समझा जाता था."

    ख़ुफ़िया रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि पिता को पता था कि बेटे की निजी ज़िंदगी में कुछ समस्याएं थीं.

    मोजतबा ख़ामेनेई को 8 मार्च को सर्वोच्च नेता चुने जाने के बाद से सार्वजनिक रूप से नहीं देखा गया है. लेकिन रविवार को ईरान के विदेश मंत्री ने दावा किया कि नए सुप्रीम लीडर 'पूरी तरह स्वस्थ' हैं.

  8. ट्रंप की युद्धपोत भेजने की अपील के बाद आई दक्षिण कोरिया की प्रतिक्रिया

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Alex Wong/Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कई देशों से क्षेत्र में युद्धपोत भेजने की अपील की थी (फ़ाइल फ़ोटो)

    दक्षिण कोरिया ने कहा है कि वह मध्य पूर्व में चल रहे संघर्ष पर 'क़रीबी नज़र' बनाए हुए है.

    दरअसल, हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कई देशों से क्षेत्र में युद्धपोत भेजने की अपील की थी, इनमें दक्षिण कोरिया भी शामिल है.

    दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि सियोल अमेरिकी राष्ट्रपति के बयानों पर 'ध्यान दे रहा है' और अमेरिका के साथ 'बातचीत' जारी रखे हुए है.

    वहां के विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा, "दक्षिण कोरिया अलग-अलग विकल्पों पर विचार कर रहा है, ताकि कोरियाई नागरिकों की रक्षा की जा सके और ऊर्जा परिवहन मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके."

    गौरतलब है कि डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा था कि अमेरिका 'हर हाल में' स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ को खोलेगा.

    उन्होंने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "उम्मीद है कि चीन, फ़्रांस, जापान, दक्षिण कोरिया, ब्रिटेन और दूसरे देश जहाज़ भेजेंगे ताकि स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ को ऐसे देश से ख़तरा न हो, जो पूरी तरह ख़त्म हो चुका है."

  9. तमिल गीतकार वैरामुथु को ज्ञानपीठ पुरस्कार मिलने पर क्यों हो रहा है विवाद

    वैरामुथु

    इमेज स्रोत, Facebook/VairamuthuOffl

    इमेज कैप्शन, वैरामुथु को ज्ञानपीठ पुरस्कार दिए जाने की गायिका चिन्मयी श्रीपदा ने आलोचना की है (फ़ाइल फ़ोटो)

    तमिल गीतकार और कवि वैरामुथु को साहित्य के क्षेत्र में भारत का सबसे बड़ा साहित्यिक सम्मान 'ज्ञानपीठ पुरस्कार' मिला है. हालांकि, गायिका चिन्मयी श्रीपदा ने इसकी आलोचना की है.

    चिन्मयी श्रीपदा ने सुपरस्टार कमल हासन और रजनीकांत की भी कड़ी आलोचना की है, क्योंकि उन्होंने वैरामुथु को बधाई दी थी.

    चिन्मयी श्रीपदा ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "फिल्म इंडस्ट्री में सबसे ताक़तवर जगहों पर बैठे लोग अक्सर महिलाओं की आवाज़ नहीं सुनते, ख़ासकर उन महिलाओं की जो यौन शोषण का शिकार हुई हैं. यह और भी ज़्यादा तब होता है जब वे राजनीति में क़दम रखते हैं. वोट देने वाली महिलाओं को यह याद दिलाना ज़रूरी है कि पुरुष हमारे साथ खड़े होने वाले नहीं हैं."

    दरअसल, साल 2018 में चिन्मयी ने सार्वजनिक रूप से वैरामुथु पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था. तब से वो लगातार वैरामुथु के ख़िलाफ़ बोल रही हैं.

    दूसरी ओर, वैरामुथु को ज्ञानपीठ पुरस्कार मिलने पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन, आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण और कई बड़े फ़िल्म कलाकारों ने सोशल मीडिया पर बधाई दी.

    वैरामुथु तीसरे तमिल लेखक हैं जिन्हें यह पुरस्कार मिला है. वैरामुथु ने एक्स पर लिखा, "ज्ञानपीठ पुरस्कार पाकर मैं बहुत खुश हूं. इसे भारतीय साहित्य का 'नोबेल पुरस्कार' माना जाता है. मैं यह सम्मान अपनी धरती और उसके लोगों को समर्पित करता हूं."

  10. ईरान के विदेश मंत्री ने नए सुप्रीम लीडर के स्वास्थ्य पर दिया अपडेट

    अब्बास अराग़ची

    इमेज स्रोत, Burak Kara/Getty Images

    इमेज कैप्शन, अब्बास अराग़ची ने कहा कि अभी तक युद्ध ख़त्म करने के लिए कोई ख़ास पहल सामने नहीं आई है (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने दावा किया है कि नए सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई 'पूरी तरह स्वस्थ' हैं.

    अब्बास अराग़ची ने मीडिया ग्रुप अलअरबी अलजदीद को दिए इंटरव्यू में कहा, "मोजतबा ख़ामेनेई 'पूरी तरह स्वस्थ' हैं और 'हालात पर पूरा नियंत्रण' रख रहे हैं."

    अराग़ची ने युद्ध को ख़त्म करने के संदर्भ में कहा, "हम उस क्षेत्रीय पहल का स्वागत करते हैं, जो युद्ध को न्यायपूर्ण तरीक़े से ख़त्म करे. हालांकि, अभी तक युद्ध ख़त्म करने के लिए कोई ख़ास पहल सामने नहीं आई है."

    अब्बास अराग़ची ने स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ का ज़िक्र करते हुए कहा, "यह रास्ता सबके लिए खुला है, लेकिन अमेरिका और उसके सहयोगियों के लिए नहीं."

    गौरतलब है कि 8 मार्च को मोजतबा ख़ामेनेई को सुप्रीम लीडर के पद पर नियुक्त किया गया था. इसके बाद से सार्वजनिक रूप से उनकी मौजूदगी नज़र नहीं आई.

    उनका पहला सार्वजनिक संदेश 12 मार्च को सरकारी मीडिया पर दिखाया गया, जिसे एक प्रस्तोता ने पढ़कर सुनाया था.

  11. पश्चिम बंगाल: चुनाव की तारीख़ों के एलान से ठीक पहले ममता बनर्जी की अहम घोषणा

    ममता बनर्जी

    इमेज स्रोत, Samir Jana/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ममता बनर्जी ने पुजारियों और मुअज्ज़िनों को दिए जाने वाले मासिक मानदेय में 500 रुपये की बढ़ोतरी की है (फ़ाइल फ़ोटो)

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पुजारियों और मुअज्ज़िनों के मासिक मानदेय में बढ़ोतरी का एलान किया है. पश्चिम बंगाल में चुनाव की तारीख़ों से ठीक पहले ममता बनर्जी ने यह घोषणा की है.

    ममता बनर्जी ने एक्स पर लिखा, "मुझे खुशी है कि हमारे पुजारियों और मुअज्ज़िनों को दिए जाने वाले मासिक मानदेय में 500 रुपये की बढ़ोतरी की जा रही है. अब उन्हें हर महीने 2,000 रुपये मिलेंगे. साथ ही, पुजारियों और मुअज्ज़िनों ने जो नए आवेदन पूरे नियमों के साथ जमा किए थे, उन्हें भी राज्य सरकार ने मंज़ूरी दे दी है."

    उन्होंने आगे लिखा, "हमें गर्व है कि हम ऐसा माहौल बना रहे हैं जहां हर समुदाय और हर परंपरा को महत्व और मज़बूती मिलती है. हमारी कोशिश यही है कि हमारे आध्यात्मिक धरोहर के रखवाले वह सम्मान और सहारा पाएं जिसके वे हक़दार हैं."

    गौरतलब है कि निर्वाचन आयोग रविवार को पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुदुच्चेरी में विधानसभा चुनाव की तारीख़ों का एलान करेगा.

  12. राहुल गांधी ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर कांशीराम को भारत रत्न देने की मांग की

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Atul Kumar Yadav/ The India Today Group via Getty Images

    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में प्रधानमंत्री को लिखा पत्र सार्वजनिक किया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के संस्थापक कांशीराम के लिए 'भारत रत्न' की मांग की है.

    कांशीराम की जयंती के मौके़ पर राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में जानकारी दी कि कांशीराम को भारत रत्न देने की मांग को लेकर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भी लिखा है.

    राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में लिखा, "भारत सरकार से सामाजिक न्याय के महान योद्धा और बहुजन चेतना के मार्गदर्शक मान्यवर कांशीराम जी को भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग करता हूं."

    उन्होंने लिखा, "यह सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान कांशीराम जी के साथ उस पूरे आंदोलन को श्रद्धांजलि होगी जिसने करोड़ों बहुजनों को हक़, हिस्सेदारी और आत्मसम्मान की राह दिखाई. इस मांग को लेकर प्रधानमंत्री को मेरा पत्र."

    राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में प्रधानमंत्री को लिखा पत्र भी सार्वजनिक किया है.

  13. पाकिस्तान: पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमत स्थिर रखने के लिए सरकार ने लिया ये फ़ैसला

    शाहबाज़ शरीफ़

    इमेज स्रोत, Sean Gallup/Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान सरकार तेल कंपनियों को 23 अरब रुपये देगी ताकि वे क़ीमत में बढ़ोतरी न करें (फ़ाइल फ़ोटो)

    दुनिया भर में तेल की क़ीमतें लगातार बढ़ रही हैं. पाकिस्तान में पेट्रोल की क़ीमत 49.63 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर और डीज़ल की क़ीमत 75.05 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर बढ़नी थी. लेकिन सरकार तेल कंपनियों को 23 अरब रुपये देगी, ताकि वे क़ीमत में बढ़ोतरी न करें.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, पाकिस्तान के ऊर्जा मंत्रालय के पेट्रोलियम डिवीज़न ने कहा है कि वैश्विक बाज़ार में क़ीमतें बढ़ने के बावजूद प्रधानमंत्री ने डीज़ल और पेट्रोल की क़ीमतें वही रखने की मंज़ूरी दी है.

    पेट्रोलियम डिवीज़न के मुताबिक़, "घरेलू और वैश्विक बाज़ार की क़ीमतों के बीच जितना फ़र्क़ है, वह सरकार तेल कंपनियों को देगी."

    नोटिफ़िकेशन में कहा गया है कि 14 मार्च से 20 मार्च 2026 तक के समय में तेल कंपनियों का प्राइस डिफ़रेंशियल क्लेम लगभग 23 अरब रुपये होगा, जिसे ऑयल एंड गैस रेगुलेटरी अथॉरिटी (ओआरजीए) देगी.

    वित्त मंत्रालय ने कैबिनेट से 'प्रधानमंत्री बचत फ़ंड' बनाने और आर्थिक समन्वय समिति से 27.1 अरब रुपये इस फ़ंड में डालने की मंज़ूरी ली है. इसमें से 23 अरब रुपये ओआरजीए को दिए जाएंगे ताकि भुगतान किया जा सके.

  14. सीबीएसई ने मध्य-पूर्व के इन देशों में रद्द की 12वीं कक्षा की बोर्ड की परीक्षाएं

    बोर्ड परीक्षा देने वाले स्टूडेंट्स

    इमेज स्रोत, Ravi Kumar/Hindustan Times via Getty

    इमेज कैप्शन, इससे पहले सीबीएसई ने बोर्ड परीक्षाएं टाले जाने से जुड़े पांच सर्कुलर जारी किए थे (सांकेतिक तस्वीर)

    सेंट्रल बोर्ड ऑफ़ सेकेंडरी एजुकेशन यानी सीबीएसई ने मध्य-पूर्व के सात देशों में 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं रद्द कर दी हैं. यह फ़ैसला क्षेत्र में जारी संघर्ष की वजह से बनी स्थिति को देखते हुए लिया गया है.

    सीबीएसई ने बताया कि संघर्ष से प्रभावित देशों के स्कूलों और संबंधित अधिकारियों से सुझाव और अनुरोध मिले थे.

    इसके आधार पर 12वीं कक्षा की बोर्ड की परीक्षाएं आयोजित करने की संभावना की दोबारा समीक्षा की गई और इसके आधार पर फ़ैसला लिया गया है.

    सर्कुलर में कहा गया, "बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, क़तर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में 16 मार्च 2026 से 10 अप्रैल 2026 के बीच निर्धारित 12वीं बोर्ड की सभी परीक्षाएं रद्द की जाती हैं."

    इससे पहले सीबीएसई ने बोर्ड परीक्षाएं टाले जाने से जुड़े अब तक पांच सर्कुलर जारी किए थे.

    बोर्ड ने कहा है कि इन पांचों सर्कुलर के ज़रिए स्थगित की गई परीक्षाएं भी अब रद्द मानी जाएंगी.

    इसके अलावा सीबीएसई ने यह भी कहा है कि जिन देशों में 12वीं की बोर्ड परिक्षाएं रद्द हुई हैं, उन देशों में परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया के बारे में बाद में अलग से सूचना दी जाएगी.

    सीबीएसई का सर्कुलर

    इमेज स्रोत, X/CBSE

  15. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  16. ईरान ने मध्य-पूर्व के देशों पर रातभर किए हमले, सऊदी अरब और यूएई ने क्या बताया

    फ़ुजैराह पोर्ट पर आग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, शनिवार को यूएई के फ़ुजैरा पोर्ट पर भीषण आग लग गई थी

    सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि उसने रातभर अपने क्षेत्र के ऊपर ईरान के 26 ड्रोन मार गिराए. इनमें से ज़्यादातर राजधानी रियाद और देश के पूर्वी इलाक़ों में इंटरसेप्ट किए गए.

    रविवार सुबह संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने बताया कि उसका एयर डिफ़ेंस सिस्टम ईरान की ओर से आने वाली मिसाइलों और ड्रोन हमलों का जवाब दे रहा है.

    दुबई के मीडिया कार्यालय ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि मरीना और अल सुफ़ूह इलाक़ों में सुनी गई आवाज़ें सफल इंटरसेप्शन की थीं.

    इससे पहले शनिवार को ड्रोन हमले के बाद यूएई के पूर्वी तट पर स्थित फ़ुजैरा पोर्ट पर आग लग गई थी. फ़ुजैरा एक बड़ा तेल निर्यात टर्मिनल है.

    वहीं, बहरीन ने कहा कि उसके क्षेत्र में सायरन बज रहे हैं और लोगों को नज़दीकी शेल्टरों में जाने के लिए कहा गया है.

    कुवैत ने रविवार को कहा कि उसके नेशनल गार्ड ने पिछले 24 घंटों में ईरान के पांच ड्रोन मार गिराए हैं.

    इससे पहले शनिवार देर रात क़तर ने एक अपडेट जारी कर बताया कि उसने पूरे दिन में हुए मिसाइल और ड्रोन हमलों को नाकाम कर दिया. क़तर की ओर से रात में किसी नए हमले की सूचना नहीं दी गई है.

  17. पश्चिम बंगाल, असम समेत इन पांच राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चुनाव की तारीख़ों का एलान आज

    ज्ञानेश कुमार

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, रविवार शाम चार बजे विज्ञान भवन में प्रेस कॉन्फ़्रेंस बुलाई गई है (फ़ाइल फ़ोटो)

    निर्वाचन आयोग रविवार को पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव की तारीख़ों का एलान करेगा.

    इसके लिए शाम चार बजे दिल्ली के विज्ञान भवन में प्रेस कॉन्फ़्रेंस आयोजित की गई है.

    इन राज्यों में निर्वाचन आयोग की ओर से वोटर लिस्ट की स्पेशल इंटेंसिव रिविज़न यानी एसआईआर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है.

    पश्चिम बंगाल में एसआईआर की प्रक्रिया विवादित रही है. इसको लेकर निर्वाचन आयोग और राज्य सरकार के आमने-सामने रहे हैं.

    एसआईआर से जुड़ा मामला सुप्रीम कोर्ट में भी विचाराधीन है.

  18. होर्मुज़ स्ट्रेट की सुरक्षा के लिए युद्धपोत भेजने की ट्रंप की अपील पर कैसी प्रतिक्रिया

    स्टार्मर, तकाइची, शी, मैक्रों

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने होर्मुज़ स्ट्रेट की सुरक्षा के लिए चीन, फ़्रांस, जापान, दक्षिण कोरिया और ब्रिटेन से युद्धपोत भेजने की अपील की है (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट के ज़रिए उम्मीद जताई कि चीन, फ़्रांस, जापान, दक्षिण कोरिया और ब्रिटेन होर्मुज़ स्ट्रेट की सुरक्षा के लिए अपने युद्धपोत भेजेंगे.

    उनकी इस अपील पर कुछ देशों ने प्रतिक्रिया दी है.

    ब्रिटेन: ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, "जैसा कि हम पहले भी कह चुके हैं, हम क्षेत्र में शिपिंग की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपने सहयोगियों और साझेदारों के साथ कई विकल्पों पर चर्चा कर रहे हैं."

    चीन: वॉशिंगटन स्थित चीनी दूतावास के एक प्रवक्ता ने सीएनएन से कहा कि चीन तुरंत युद्ध समाप्त करने की अपील करता है.

    प्रवक्ता ने यह नहीं बताया कि चीन ट्रंप के अनुरोध को स्वीकार करेगा या नहीं, लेकिन उन्होंने कहा कि स्थिर और बिना किसी बाधा की ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करना सभी पक्षों की ज़िम्मेदारी है. उन्होंने यह भी जोड़ा कि चीन संबंधित पक्षों के साथ संवाद को मज़बूत करता रहेगा.

    जापान: अमेरिका को अपना सबसे क़रीबी सहयोगी मानने वाले जापान ने अब तक ट्रंप की अपील पर आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है. हालांकि अधिकारियों ने रविवार को जापानी मीडिया संस्थान एनएचके से कहा कि यह मुद्दा प्रधानमंत्री सनेई तकाइची के अमेरिका दौरे के एजेंडे में शामिल हो सकता है, जो बुधवार से शुरू हो रहा है.

    विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने एनएचके से कहा कि जापान केवल ट्रंप के कहने पर तुरंत नौसैनिक जहाज़ नहीं भेजेगा. अधिकारी ने कहा, "जापान अपनी प्रतिक्रिया ख़ुद तय करता है और स्वतंत्र निर्णय लेना बुनियादी चीज़ है."

    फ़्रांस: फ़्रांसीसी सरकार ने भी तुरंत कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है.

    हालांकि शनिवार को, ट्रंप के पोस्ट के कुछ घंटों बाद विदेश मंत्रालय के आधिकारिक एक्स अकाउंट ने उन ख़बरों से इनकार किया जिनमें कहा गया था कि फ़्रांस अपने युद्धपोत होर्मुज़ स्ट्रेट भेज रहा है.

    पोस्ट में कहा गया, "नहीं, विमानवाहक पोत और उसका समूह पूर्वी भूमध्य सागर में ही रहेगा. स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है. यह रुख़ रक्षात्मक है."

    दक्षिण कोरिया: ट्रंप की अपील पर दक्षिण कोरिया की ओर से भी अब तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

  19. ईरान की महिला फ़ुटबॉल टीम की तीन और खिलाड़ियों ने ऑस्ट्रेलिया में शरण लेने का फ़ैसला बदला, रॉबर्ट ग्रीनॉल और साइमन एटकिंसन, सिडनी से

    ईरानी महिला टीम की खिलाड़ी

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, आठ मार्च को फिलीपींस के ख़िलाफ़ मैच के दौरान मोना हमूदी

    ईरान की महिला फ़ुटबॉल टीम की तीन और खिलाड़ियों ने अपने देश वापस लौटने का फ़ैसला किया है. इन खिलाड़ियों को ऑस्ट्रेलिया में रहने के लिए मानवीय वीज़ा दिया गया था.

    ईरानी प्रवासी समुदाय के मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने इन तीनों की पहचान ज़हरा सुल्तान मश्केहकर, मोना हमूदी और ज़हरा सरबली के रूप में की है.

    ईरानी टीम दो मार्च को दक्षिण कोरिया के ख़िलाफ़ एशियन कप के अपने पहले मैच में देश के राष्ट्रगान के दौरान चुप रही थी. इसके बाद ईरान में उन्हें "युद्ध के गद्दार" कहा जाने लगा.

    इस फ़ैसले की पुष्टि करते हुए ऑस्ट्रेलिया के गृह मंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव क़दम उठाया कि इन महिलाओं को देश में सुरक्षित भविष्य का अवसर मिल सके.

    इससे पहले ईरान के खेल मंत्रालय ने भी एक बयान में इस ख़बर की पुष्टि की थी. यह ख़बर सबसे पहले इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर से जुड़ी तसनीम न्यूज़ एजेंसी ने प्रकाशित की थी.

  20. यूएई की उड़ानों के बारे में भारत की इन एयरलाइंस ने क्या बताया

    इंडिगो और एयर इंडिया की फ़्लाइट्स

    इमेज स्रोत, Prakash Singh/Bloomberg via Getty

    इमेज कैप्शन, इंडिगो और एयर इंडिया ने यूएई में अपने ऑपरेशंस में कटौती की है

    ईरान पर इसराइल और अमेरिका के हमले बाद जारी सैन्य संघर्ष के कारण भारतीय एयरलाइंस कंपनियों ने अपने संचालन में बदलाव किया है. कंपनियों ने बयान जारी कर इसकी जानकारी दी है.

    एयर इंडिया ने एक बयान में कहा "संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में एयरपोर्ट अधिकारियों के ताज़ा निर्देशों को देखते हुए एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस को 15 मार्च 2026 के लिए अपने अस्थायी संचालन में कटौती करने के लिए बाध्य होना पड़ा है."

    वहीं, इंडिगो ने भी यूएई में उड़ानों में कटौती और समय में बदलाव की जानकारी दी है.

    इंडिगो ने बताया, "मध्य पूर्व में बदलती स्थिति के कारण दुबई में उड़ान संचालन पर और प्रतिबंध लगाए गए हैं, जिससे उड़ानों के समय में बदलाव किया गया है. दुबई से आने-जाने वाले यात्रियों से अनुरोध है कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति ज़रूर जांच लें."