अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता का दूसरा दौर समाप्त, ईरानी विदेश मंत्री ने बताया क्या हुआ?

अमेरिका और ईरान के बीच 'अप्रत्यक्ष' वार्ता का दूसरा दौर जिनेवा में समाप्त हो गया. ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने इसे पहले दौर की तुलना में अधिक सकारात्मक बताया.

सारांश

लाइव कवरेज

संदीप राय, रौनक भैड़ा

  1. अब इस लाइव ब्लॉग को यहीं विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर मिलेंगे. तब तक आप बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद अहम ख़बरों के साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर उन्हें विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  2. अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता का दूसरा दौर समाप्त, ईरानी विदेश मंत्री ने बताया क्या हुआ?

    अब्बास अराघची

    इमेज स्रोत, CYRIL ZINGARO / POOL / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका से हुई वार्ता को ईरान के विदेश मंत्री ने 'सकारात्मक' बताया है

    अमेरिका और ईरान के बीच 'अप्रत्यक्ष' वार्ता का दूसरा दौर जिनेवा में समाप्त हो गया. ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने इसे पहले दौर की तुलना में अधिक सकारात्मक बताया.

    विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने ईरानी टेलीविज़न को बताया कि चर्चा काफ़ी गंभीर रही और अधिक रचनात्मक माहौल था, अलग-अलग विचार पेश किए गए और उन पर गंभीरता से चर्चा हुई.

    ईरानी विदेश मंत्री ने कहा कि 'गाइडिंग प्रिंसिपल्स' पर आम सहमति बन गई है और इन्हीं सिद्धांतों के आधार पर हम एक मसौदा लिखना शुरू करेंगे. अब हमारे पास आगे बढ़ने का एक स्पष्ट मार्ग है, जो सकारात्मक है.

    उन्होंने कहा, "यह काम तुरंत पूरा नहीं होगा, लेकिन ईरान इसे आगे बढ़ाने के लिए तैयार है. अगले दौर के लिए कोई निश्चित समय निर्धारित नहीं किया गया है. लेकिन यह तय किया गया है कि संभावित समझौते के मसौदे पर काम किया जाएगा, फिर उसको एक्सचेंज किया जाएगा. इसके बाद तीसरे दौर की तारीख़ तय की जाएगी."

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, वहां मौजूद पत्रकारों का कहना है कि अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल उस इमारत में दाख़िल नहीं हुआ, जहां ओमान के विदेश मंत्री और ईरान का प्रतिनिधिमंडल मौजूद था.

  3. जम्मू-कश्मीर: सीएम उमर अब्दुल्लाह बोले, 'राज्य का दर्जा पाने के लिए ज़्यादा इंतज़ार नहीं करना पड़ेगा'

    उमर अब्दुल्लाह

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सीएम उमर अब्दुल्लाह ने जम्मू-कश्मीर को जल्द राज्य का दर्जा मिलने की उम्मीद जताई है

    जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने कहा है कि अब राज्य का दर्जा पाने के लिए ज़्यादा इंतज़ार नहीं करना पड़ेगा.

    उमर अब्दुल्लाह ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "यह प्रक्रिया चल रही है और इसमें ज़्यादा समय लग गया है. हमें उम्मीद थी कि अब तक राज्य का दर्जा मिल जाना चाहिए था, लेकिन हमने अब भी उम्मीद नहीं छोड़ी है."

    "हम इस मामले पर लगातार केंद्र सरकार से बात कर रहे हैं. अब हमें उम्मीद है कि इसके लिए ज़्यादा इंतज़ार नहीं करना पड़ेगा."

    पहलगाम हमले के बाद बंद हुए पर्यटन स्थलों में से 11 को खोल दिया गया है. इस पर अब्दुल्लाह ने कहा, "पिछले दिनों गृह मंत्री आए थे और मैंने उनसे मिलकर बंद पड़े पर्यटन स्थलों को खोलने की मांग की थी. मुझे उसी दिन गृह मंत्री ने आश्वासन दिया था कि ये जगह खुल जाएंगी. अब ऑर्डर जारी हो चुका है और इसके लिए मैं गृह मंत्री का शुक्रगुज़ार हूं."

    "ये पर्यटन स्थल बंद होने से वहां के लोगों का भी काफ़ी नुकसान हुआ. लेकिन अब टूरिस्ट सीज़न शुरू हो रहा है, मैं उम्मीद करता हूं कि पर्यटक उन जगहों की ख़ूबसूरती का लुत्फ़ लेंगे."

  4. कांग्रेस ने की हरदीप पुरी के इस्तीफ़े की मांग, पूछा- 'बलात्कारी से रिश्ता रखना अपराध है या नहीं?'

    पवन खेड़ा

    इमेज स्रोत, x/INCIndia

    इमेज कैप्शन, पवन खेड़ा ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में पूछा है कि "हरदीप पुरी बार-बार एपस्टीन से मिलने का बहाना क्यों देख रहे थे?"

    कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के इस्तीफ़े की मांग की है. उन्होंने दावा किया कि 2014 से 2017 के बीच हरदीप पुरी और यौन अपराधी जेफ़री एपस्टीन के बीच 62 ईमेल एक्सचेंज हुए.

    पवन खेड़ा ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा, "हाल में हरदीप सिंह पुरी का एक और इंटरव्यू देखा, जो 17 मिनट का था. इसमें 11 मिनट तक उन्होंने सफ़ाई दी और 5-6 मिनट राहुल गांधी पर बोले. लेकिन हमारा मानना है कि राहुल गांधी जी को एपस्टीन के दोस्तों के वैलिडेशन की ज़रूरत नहीं है."

    "हरदीप पुरी ने कहा कि 'बाद में मुझे एहसास हुआ कि यह एक ग़लती थी, उसके बाद मेरा उससे ज़्यादा संपर्क नहीं रहा.' जबकि पिछले इंटरव्यू में कहा था कि वो 'असहज' हो गए थे. सवाल ये है कि असहज होने के बाद एपस्टीन से क्यों मिलते रहे. हरदीप पुरी बताएं कि एक बलात्कारी के साथ रिश्ता रखना अपराध है या नहीं?"

    पवन खेड़ा ने कहा, "जून 2014 में हरदीप पुरी क्या थे, किस पद पर थे और उन्होंने किस हैसियत से एपस्टीन से मुलाक़ात की. इसमें रोचक बात ये है कि नरेंद्र मोदी ने मई 2014 में प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी और जून 2014 में हरदीप पुरी की मुलाक़ात का सिलसिला शुरू होता है."

    पवन खेड़ा ने दावा किया, "जब एपस्टीन ने हरदीप पुरी से पूछा कि रीड हॉफमैन (लिंक्डइन के को-फ़ाउंडर) के साथ मीटिंग कैसी थी? तब हरदीप पुरी कहते हैं कि मैं आपसे पर्सनली मिलकर ये बताना चाहूँगा. आख़िर हरदीप पुरी बार-बार एपस्टीन से मिलने का बहाना क्यों देख रहे थे?"

    इससे पहले केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने एपस्टीन फ़ाइल्स में नाम आने पर अपनी बात रखी थी. उन्होंने कहा, "एपस्टीन से उनकी मुलाक़ात केवल कुछ मौक़ों पर, वह भी एक प्रतिनिधिमंडल के हिस्से के तौर पर हुई थी और उनके साथ सिर्फ़ एक ईमेल का आदान-प्रदान हुआ था."

    हरदीप पुरी का कहना था कि एपस्टीन से जुड़े मामलों से उनका लेना-देना नहीं है, मेल से जो भी बातचीत हुई है वो सार्वजनिक है.

  5. पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान ख़ान के सपोर्ट में आए सौरव गांगुली

    सौरव गांगुली

    इमेज स्रोत, Shubhajit Roy Karmakar/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, सौरव गांगुली ने इमरान ख़ान की सेहत ठीक होने की उम्मीद जताई (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान की सेहत ठीक होने की उम्मीद जताई है. साथ ही कहा है कि इमरान ख़ान को सम्मान मिलना चाहिए.

    सौरव गांगुली ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, "मैं उम्मीद करता हूं कि उनकी (इमरान ख़ान) सेहत ठीक हो जाए और उन्हें सही इलाज मिले, क्योंकि वह क्रिकेट टीम के कप्तान और प्रधानमंत्री के तौर पर पाकिस्तान को दुनिया के नक़्शे पर लाए हैं."

    उन्होंने कहा, "उनका ध्यान रखा जाना चाहिए और उन्हें सम्मान मिलना चाहिए."

    पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान वहां की अडियाला जेल में बंद हैं. उनके ख़राब स्वास्थ्य की ख़बरें बाहर आ रही हैं. इसके बाद 14 पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कप्तानों ने पाकिस्तान की सरकार को पत्र लिखकर मांग की है कि इमरान के साथ अच्छा व्यवहार हो और उनका बेहतर तरीक़े से इलाज कराया जाए.

    पत्र लिखने वालों में भारत के दिग्गज क्रिकेटर रहे सुनील गावस्कर और कपिल देव भी शामिल हैं.

  6. पीएम मोदी ने फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों के साथ मुलाक़ात के बाद साल 2026 को बताया 'टर्निंग पॉइंट'

    मोदी और मैक्रों

    इमेज स्रोत, Ludovic MARIN / AFP via Getty Images

    फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों तीन दिवसीय भारतीय दौरे पर हैं. मैक्रों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच मुंबई के लोक भवन में मुलाक़ात हुई.

    इस दौरान दोनों ने द्विपक्षीय संबंधों को मज़बूत करने पर चर्चा की. इसके बाद फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों और पीएम मोदी ने एक साझा प्रेस वार्ता को संबोधित किया.

    पीएम मोदी ने कहा, "भारत और फ्रांस के संबंध बहुत ही ख़ास हैं. फ्रांस भारत के सबसे पुराने रणनीतिक साझेदारों में से एक है. राष्ट्रपति मैक्रों के साथ मिलकर हमने इस रणनीतिक साझेदारी को गहराई और ऊर्जा प्रदान की है."

    "वर्ष 2026, भारत और यूरोप के संबंधों में एक टर्निंग पॉइंट है. कुछ ही दिन पहले, हमने यूरोपीय संघ के साथ भारत के इतिहास का सबसे बड़ा और महत्वाकांक्षी फ़्री ट्रेड एग्रीमेंट किया."

    इमैनुएल मैक्रों ने 'इंडिया-फ्रांस इनोवेशन फ़ोरम' का उद्घाटन करते हुए कहा कि, नवाचार तब सबसे मज़बूत होता है जब इसे साझा किया जाता है, भारत इसे अच्छी तरह समझता है.

    उन्होंने कहा, "मुंबई, सपनों का शहर, हमेशा चलने वाला और भविष्य की ओर बढ़ता हुआ शहर है. आज जो हम 'इंडिया-फ्रांस इनोवेशन फ़ोरम' शुरू कर रहे हैं, उसके लिए यह सबसे सही जगह है.”

  7. ख़ामेनेई की ट्रंप को चेतावनी, ‘इस्लामिक रिपब्लिक को कभी ख़त्म नहीं कर पाओगे’

    ख़ामेनेई और ट्रंप

    इमेज स्रोत, Reuters/ EPA

    इमेज कैप्शन, अयातुल्लाह ख़ामेनेई ने डोनाल्ड ट्रंप को चेतावनी दी (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान के सर्वोच्च धार्मिक नेता अयातुल्लाह ख़ामेनेई ने एक्स पर एक के बाद एक कई पोस्ट कर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को चेतावनी दी है.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, “अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि 47 सालों से अमेरिका इस्लामिक रिपब्लिक को ख़त्म नहीं कर पाया है. ये अच्छा क़बूलनामा है. मैं कहता हूं हमें ना ख़त्म कर पाए हो, ना ही आगे ख़त्म कर पाओगे.”

    इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप पिछले सप्ताह शुक्रवार को कहा था कि ईरान में सत्ता परिवर्तन ‘सबसे अच्छी चीज़ हो सकती है.’ इस बयान को ईरान के धार्मिक शासन तंत्र को हटाने के संदर्भ में देखा जा रहा है.

    उन्होंने कहा, “47 सालों से वे सिर्फ बातें ही करते रहे हैं. इस बीच हमने बहुत सी ज़िंदगियां खो दी हैं.”

    इस बीच, अमेरिका ने ईरान पर उसके परमाणु कार्यक्रम को सीमित करने के लिए समझौता करने का दबाव बढ़ाने के उद्देश्य से मध्य पूर्व में एक दूसरा विमानवाहक पोत भेजा है.

    ख़ामेनेई ने उसका भी ज़िक्र करते हुए एक्स पर पोस्ट किया, “अमेरिका लगातार कह रहा है कि उसने ईरान की एक युद्धपोत भेजा है. निश्चित तौर पर युद्धपोत एक ख़तरनाक चीज़ है. लेकिन युद्धपोत से ज़्यादा ख़तरनाक वो हथियार है जो ऐसे युद्धपोत को मारकर समंदर के तल में भेज देगा.”

  8. लेखक सलीम ख़ान की तबीयत को लेकर आया अपडेट, डॉक्टर ने कही ये बात, रवि जैन, बीबीसी हिन्दी के लिए

    सलीम ख़ान

    इमेज स्रोत, Prodip Guha/Hindustan Times via Getty Images

    पटकथा लेखक और अभिनेता सलमान ख़ान के पिता सलीम ख़ान को मंगलवार सुबह 8:30 बजे लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया. वे डॉक्टर जलील पारकर की देखरेख में आईसीयू में एडमिट हैं.

    डॉ जलील पारकर ने बीबीसी हिन्दी को बताया कि सलीम ख़ान की हालत स्थिर है, लेकिन डॉक्टर उनकी स्थिति पर क़रीबी नज़र रख रहे हैं.

    सलीम ख़ान का इलाज जिस टीम ने किया, उसमें डॉ विनय चव्हाण (न्यूरोलॉजिस्ट), डॉ अजीत मेनन (कार्डियोलॉजिस्ट), डॉ नितिन डांगे (न्यूरोसर्जन) और डॉ बिनीत अहुलावालिया शामिल हैं.

    डॉ पारकर ने कहा, "परिवार की इच्छा का सम्मान करते हुए आज ज़्यादा जानकारी साझा नहीं की जा रही है. कल सुबह 11 बजे यानी बुधवार को एक प्रेस बुलेटिन जारी किया जाएगा, जिसमें परिवार की अनुमति और मरीज़ की गोपनीयता का पूरा ध्यान रखा जाएगा."

    90 वर्षीय सलीम ख़ान के भर्ती होने के बाद उनके बेटे सलमान ख़ान, बेटी अलवीरा, दामाद आयुष शर्मा और अलवीरा के बेटे अयान भी अस्पताल आए थे.

  9. बांग्लादेश: नवनिर्वाचित पीएम तारिक़ रहमान से मिले ओम बिरला, भारत आने का निमंत्रण दिया

    तारिक़ रहमान और ओम बिरला

    इमेज स्रोत, x/hamidullah_riaz

    इमेज कैप्शन, बांग्लादेश के पीएम तारिक़ रहमान से मिले ओम बिरला

    बांग्लादेश में नई सरकार का गठन हो गया है, तारिक़ रहमान ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ले ली है. भारत की ओर से इस समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शिरकत की.

    बांग्लादेश के भारत उच्चायुक्त रियाज़ हामिदुल्लाह ने ओम बिरला और तारिक़ रहमान की तस्वीरें पोस्ट की. साथ ही लिखा कि बिरला ने तारिक़ रहमान को भारत आने का निमंत्रण दिया.

    रियाज़ हामिदुल्लाह ने एक्स पर लिखा, "प्रधानमंत्री तारिक़ रहमान ने भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुभकामनाएं दी हैं. नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के बाद उन्होंने यह संदेश भारत के लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से हुई मुलाकात में दिया."

    "लोकसभा अध्यक्ष ने भी भारत की ओर से शुभकामनाएं दीं और भारत आने का निमंत्रण भी दिया."

    उन्होंने लिखा, "दोनों नेताओं ने उम्मीद जताई कि वे मिलकर काम करेंगे ताकि बांग्लादेश और भारत के लोगों की भलाई के लिए जन-केंद्रित सहयोग को आगे बढ़ाया जा सके."

    बांग्लादेश में मंगलवार दोपहर 4 बजे राष्ट्रीय संसद भवन के साउथ प्लाज़ा में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ. बीएनपी सरकार के मंत्रिमंडल में 24 लोगों ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली है.

  10. टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर हुआ ऑस्ट्रेलिया, ज़िम्बाब्वे-आयरलैंड का मैच रद्द होने से बिगड़ा खेल

    मिचेल मार्श

    इमेज स्रोत, Ishara S. KODIKARA / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ऑस्ट्रेलिया की श्रीलंका के हाथों हार के बाद निराश कप्तान मिचेल मार्श

    टी-20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम का सफ़र खत्म हो गया है.

    श्रीलंका के कैंडी में मंगलवार को ज़िम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया.

    इसके बाद दोनों टीमों को एक-एक अंक दे दिए गए.

    ज़िम्बाब्वे और आयरलैंड ग्रुप बी में थे. लेकिन अब इस ग्रुप में 6 अंकों के साथ टॉप पर श्रीलंका और पांच अंकों के साथ दूसरे नंबर पर ज़िम्बाब्वे पहुंच गया है.

    हर ग्रुप की शीर्ष दो टीमें हीं सुपर-8 में पहुंचेंगी. ऑस्ट्रेलिया ने इस टूर्नामेंट में तीन मैच खेले हैं जिसमें सिर्फ़ एक में जीत मिली है और ज़िम्बाब्वे और श्रीलंका के ख़िलाफ़ उसे हार का सामना करना पड़ा.

    वहीं, इस ग्रुप की पांचवीं टीम ओमान थी, जो तीनों मुक़ाबले हारी है.

  11. जेल से रिहा होते ही क्या बोले अभिनेता राजपाल यादव?

    अभिनेता राजपाल यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, मीडिया से मुखातिब होते राजपाल यादव

    अभिनेता राजपाल यादव का जेल से रिहा होने के बाद पहला वीडियो सामने आया है. उन्होंने हाईकोर्ट को अंतरिम ज़मानत देने पर धन्यवाद दिया है.

    राजपाल यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, "मुझे बच्चों, बूढ़ों से लेकर सबका समर्थन मिला. हाईकोर्ट मुझे जहां कहेगा, मैं हाज़िर रहूंगा."

    "मैं 2027 में बॉलीवुड में 30 साल पूरे करूंगा. पूरे देश से लोग, बच्चे, बुज़ुर्ग और जवान मेरे साथ हैं. मुझे देश-दुनिया और बॉलीवुड ने प्यार दिया है. मुझ पर जो भी आरोप हैं, मैं उनका हर जगह जवाब दूंगा."

    दिल्ली हाई कोर्ट ने अभिनेता राजपाल यादव की सज़ा पर अंतरिम रोक लगा दी थी. इस मामले में अगली सुनवाई 18 मार्च को होगी, तब तक राजपाल जेल से बाहर होंगे. सुनवाई में राजपाल यादव को फ़िजिकली या वर्चुअली उपस्थित रहना होगा.

    गौरतलब है कि अदालत ने राहत देते समय यह नोट किया कि प्रतिवादी के बैंक खाते में 1.5 करोड़ रुपये जमा कर दिए गए हैं.

  12. पवन खेड़ा का आरोप, 'एपस्टीन फ़ाइल्स में नाम आने के बावजूद बिल गेट्स के प्रति सरकार का नरम रुख़'

    पवन खेड़ा

    इमेज स्रोत, x/INCIndia

    इमेज कैप्शन, प्रेस वार्ता करते हुए कांग्रेस नेता पवन खेड़ा

    कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने आरोप लगाया है कि भारत सरकार एपस्टीन फ़ाइल्स में नाम आने के बाद भी बिल गेट्स पर नरम रुख अपना रही है.

    पवन खेड़ा ने प्रेस वार्ता में कहा कि कल आंध्र प्रदेश में मुख्यमंत्री बिल गेट्स का स्वागत कर रहे थे. दो दिन पहले पीएम मोदी ने केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी को बर्थडे विश भी किया. बीजेपी सबको क्लीन चिट देने का काम कर रही है.

    पवन खेड़ा ने दावा किया कि सूत्र कह रहे हैं कि बिल गेट्स को सरकार ने एआई समिट में 'डिसइनवाइट' कर दिया. लेकिन बिल गेट्स कह रहे हैं कि मैं तो आऊंगा, भाषण दूंगा.

    "सूत्र कह रहे हैं कि भारत सरकार का कहना है कि हम उन लोगों के साथ खड़े हैं, जो एपस्टीन के हाथों शिकार हुए हैं. ये बात भी सूत्र कह रहे हैं, क्या भारत सरकार को अच्छी बात कहने में भी शर्म आती है. इस बात को कहने के लिए सूत्रों की क्या ज़रूरत है, प्रधानमंत्री को खुद यह बात कहनी चाहिए."

    पवन खेड़ा ने पूछा, "हम यही जानना चाहते हैं कि यह डर किससे है, बिल गेट्स से या एपस्टीन के गिरोह के बाक़ी लोगों से?"

    माइक्रोसॉफ़्ट के को-फ़ाउंडर बिल गेट्स का भी यौन अपराधी जेफ़री एपस्टीन से जुड़ी फ़ाइलों में नाम आया है. उन पर कई आरोप लगे. बिल गेट्स के प्रवक्ता ने इन आरोपों को "पूरी तरह से बेतुका और सरासर झूठा" बताया था.

  13. पीएम मोदी की फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों से मुंबई में मुलाक़ात, लिखा, 'उन्हें यह शहर बहुत पसंद है'

    इमैनुएल मैक्रों और नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, x/narendramodi

    इमेज कैप्शन, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मिले भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को मुंबई के महाराष्ट्र लोक भवन पहुंचे और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाक़ात की. यह मैक्रों की भारत की चौथी यात्रा है.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों के साथ तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, "मुंबई में अपने मित्र राष्ट्रपति मैक्रों से मिलकर बहुत ख़ुशी हुई. उन्होंने बताया कि उन्हें यह शहर बहुत पसंद है और उन्होंने सुबह की सैर का भी मज़ा लिया."

    इससे पहले पीएम मोदी ने इमैनुएल मैक्रों के एक पोस्ट पर लिखा, "भारत में आपका स्वागत है. भारत आपकी यात्रा का इंतज़ार कर रहा है और हमारे आपसी रिश्तों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए उत्सुक है."

    "मुझे भरोसा है कि हमारी बातचीत से अलग-अलग क्षेत्रों में सहयोग और मज़बूत होगा और यह दुनिया की तरक़्क़ी में भी मदद करेगा. मुंबई में और बाद में दिल्ली में आपसे मुलाक़ात होगी, मेरे प्रिय मित्र इमैनुएल मैक्रों."

    फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों अपनी पत्नी ब्रिजिट मैक्रों के साथ भारत दौरे पर आए हैं. मैक्रों का तीन दिवसीय दौरा है. वे दिल्ली में चल रहे एआई समिट में हिस्सा लेंगे.

  14. दिल्ली: द्वारका रोड हादसे पर बोले डीसीपी, 'अभियुक्त नाबालिग है, पिता पर चार्जशीट दाख़िल की जाएगी'

    डीसीपी द्वारका अंकित कुमार सिंह

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, डीसीपी द्वारका अंकित कुमार सिंह

    दिल्ली के द्वारका में सड़क दुर्घटना में एक 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई थी. अब इस मामले में पुलिस नाबालिग अभियुक्त के पिता के ख़िलाफ़ चार्जशीट दाख़िल करेगी.

    डीसीपी द्वारका अंकित कुमार सिंह ने बताया कि पहले अभियुक्त ने अपनी उम्र 19 साल बताई थी, लेकिन आगे की जांच में पता चला कि वह 17 साल का है. उसे ऑब्ज़र्वेशन होम भेज दिया गया था, फिर 10 फ़रवरी से अंतरिम राहत मिली है.

    "हमने उसके पिता को मोटर व्हीकल एक्ट के तहत बाउंड डाउन किया है और उन पर चार्जशीट दाख़िल होगी. घटना के समय स्टंट किए जाने की कोई बात सामने नहीं आई है. घायल टैक्सी ड्राइवर का बयान दर्ज कर लिया गया है, जिसे अब अस्पताल से छुट्टी मिल गई है."

    घटना दिल्ली के द्वारका साउथ थाना इलाक़े में 3 फ़रवरी को हुई. लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के पास हुई एक तेज़ रफ़्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार को टक्कर मार दी थी.

  15. बांग्लादेश: तारिक़ रहमान ने ली प्रधानमंत्री पद की शपथ

    तारिक़ रहमान

    इमेज स्रोत, BTV

    इमेज कैप्शन, तारिक़ रहमान ने ली प्रधानमंत्री पद की शपथ

    बांग्लादेश में तारिक़ रहमान ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ले ली है. वह बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के अध्यक्ष भी हैं. बांग्लादेश में नए मंत्रिमंडल के सदस्य भी शपथ ले रहे हैं.

    शपथ समारोह बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार प्रोफ़ेसर मुहम्मद यूनुस और राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन की मौजूदगी में हो रहा है.

    बीबीसी बांग्ला के मुताबिक़, इतिहास में पहली बार मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह खुले आसमान के नीचे आयोजित किया जा रहा है.

    बांग्लादेश में 12 फ़रवरी को आम चुनाव हुए थे, जिनमें बीएनपी गठबंधन ने 212 सीटें जीतकर दो-तिहाई बहुमत हासिल किया. जबकि जमात-ए-इस्लामी गठबंधन को सिर्फ़ 77 सीटें ही मिल पाई थीं.

    उल्लेखनीय है कि बांग्लादेश में अंतरिम सरकार 16 महीने बाद निर्वाचित सरकार को सत्ता सौंप रही है. मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने पहले ही सोमवार रात को विदाई भाषण में पद छोड़ने का एलान कर दिया था.

  16. केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव बोले- एआई समिट में किसी को परेशानी हुई तो उसके लिए सॉरी

    अश्विनी वैष्णव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अश्विनी वैष्णव ने प्रेस वार्ता की

    दिल्ली में चल रहे एआई इम्पैक्ट समिट में अव्यवस्था और असुविधा की ख़बरें सामने आने के बाद केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने माफ़ी मांगी है. साथ ही उन्होंने कहा कि अगर किसी के पास इस संबंध में कोई सुझाव है, तो वह भी बताएं.

    अश्विनी वैष्णव ने प्रेस वार्ता में कहा, "हम खुले विचारों के लोग हैं, यदि आप कोई भी परेशानी का सामना करें तो कोऑर्डिनेशन रूम तक अपनी बात पहुंचाएं. हम व्यवस्था को और अधिक सुगम बनाने के प्रयास करेंगे."

    उन्होंने कहा, "यदि कल किसी ने परेशानी का सामना किया तो मैं इसके लिए क्षमा मांगता हूं. पूरी टीम इस समिट को व्यवस्थित बनाने के लिए दिन-रात काम कर रही है. हम पूरा प्रयास करेंगे कि यह समिट आपके लिए सुखद और सुगम हो."

    इससे पहले एआई समिट में अव्यवस्था को लेकर कांग्रेस पार्टी ने भी कई सवाल खड़े किए थे.

    कांग्रेस पार्टी ने लिखा, “दिल्ली के AI समिट में हालात बहुत ही भयावह हैं. समिट में अव्यवस्था से फ़ाउंडर्स और एग्ज़िबिटर्स बेहद परेशान हैं. उनका कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी के आने के लिए मेन हॉल खाली करा दिया गया और एग्ज़िबिटर्स को उनके ही पेड स्टॉल्स से निकाल दिया गया.”

  17. लेखक सलीम ख़ान की तबीयत बिगड़ी, आईसीयू में भर्ती, रवि जैन, बीबीसी हिन्दी के लिए

    सलीम ख़ान और सलमान ख़ान

    इमेज स्रोत, Sujit JAISWAL / AFP) (Photo by SUJIT JAISWAL/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, सलीम ख़ान की तबीयत बिगड़ी, आईसीयू में भर्ती (फ़ाइल फ़ोटो)

    स्क्रीनराइटर और अभिनेता सलमान ख़ान के 90 वर्षीय पिता सलीम ख़ान को मुम्बई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

    सलमान ख़ान के परिवार से जुड़े एक करीबी सूत्र ने बीबीसी हिन्दी को सलीम ख़ान के अस्पताल में भर्ती होने की पुष्टि की. बीबीसी न्यूज़ ने लीलावती अस्पताल से भी संपर्क किया और अस्पताल के एक सूत्र ने भी इस बात की पुष्टि की.

    सलीम ख़ान को आईसीयू में भर्ती कराया गया है और डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनके इलाज में जुटी हुई है.

    फ़िलहाल अस्पताल में सलीम ख़ान की बेटी अलवीरा, अलवीरा के बेटे अयान, दामाद आयुष शर्मा (बेटी अर्पिता के पति) मौजूद हैं. जबकि सलमान ख़ान को थोड़ी देर पहले अस्पताल से बाहर जाते हुए देखा गया.

    सलीम ख़ान ने 70 और 80 के दशक में जावेद अख़्तर के साथ अंदाज़, हाथी मेरे साथी, सीता और गीता, यादों की बारात, ज़ंजीर, हाथ की सफ़ाई, शोले, दीवार, चाचा भतीजा, त्रिशूल, डॉन, काला पत्थर, दोस्ताना, शान, शक्ति और क्रांति जैसी फ़िल्मों की कहानी लिखी.

  18. नमस्कार! अब तक बीबीसी संवाददाता संदीप राय आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  19. दिल्ली एआई समिट में 'अव्यवस्था' पर कांग्रेस ने साधा पीएम मोदी पर निशाना

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पीएम नरेंद्र मोदी ने सोमवार को एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का उद्घाटन किया.

    दिल्ली में चल रहे एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान भारी अव्यवस्था का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है.

    कांग्रेस ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, “दिल्ली में AI समिट हो रहा है, लेकिन वहां के हालात बहुत ही भयानक हैं. समिट में मिस-मैनेजमेंट से फ़ाउंडर्स और एग्ज़िबिटर्स बेहद परेशान हैं. उनका कहना है कि पीएम मोदी के आने के लिए मेन हॉल खाली करा दिया गया और एग्ज़िबिटर्स को उनके ही पेड स्टॉल्स से निकाल दिया गया.”

    समिट के दौरान लोगों को दिक्कतें झेलने का हवाला देते हुए कांग्रेस ने लिखा, “सिक्योरिटी लैप्स के चलते कई सारे प्रोडक्ट्स चोरी हो गए. समिट वेन्यू में इंटरनेट न चलने की वजह से डेमो फ़ेल हो गए. फ़ाउंडर्स/एग्ज़िबिटर्स वेन्यू में एंट्री के लिए घंटों लाइन में खड़े रहे. एआई और टेक इवेंट में लैपटॉप, बैग, कैमरा, वाटर बॉटल बैन था. पेमेंट मोड सिर्फ कैश रहा, कई एग्ज़िबिटर्स भूखे रहे.”

    कांग्रेस ने आरोप लगाया, “ये सब इसलिए हुआ क्योंकि समिट के पहले ही दिन नरेंद्र मोदी अपने लाव-लश्कर के साथ वहां फोटो खिंचवाने और रील बनवाने पहुंच गए.”

    16 से 20 फ़रवरी के बीच हो रहे इस समिट में 20 देशों के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और उपराष्ट्रपति और प्रतिनिधियों के आने की उम्मीद है.

  20. योगी आदित्यनाथ पहले पूरा वंदेमातरम गाकर दिखाएंः प्रियंका चतुर्वेदी

    प्रियंका चतुर्वेदी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, प्रियंका चतुर्वेदी ने योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा है.

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सपा और कांग्रेस पर वंदे मातरम के विरोध के आरोप लगाने पर शिवसेना (यूबीटी) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने प्रतिक्रिया दी है.

    प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, "यह सिर्फ योगी आदित्यनाथ का राजनीतिक दिखावा है. क्या कोई उनसे कह सकता है कि वह पहले वंदे मातरम के सभी छह अंतरे, पूरा गीत गाकर सुनाएं, उसके बाद तय करें कि कौन राष्ट्र विरोधी है, कौन देशभक्त नहीं है और कौन देशद्रोह कर रहा है?”

    उन्होंने कहा, “पहले हमें उन्हें गाते हुए सुनना चाहिए और यह बताते हुए कि वह वंदे मातरम के बारे में क्या जानते हैं. यह सिर्फ राष्ट्रीय गीत को निजी और राजनीतिक फायदे के लिए राजनीतिक रंग देने की कोशिश है, जो समाज को बांटने वाली सोच है."

    दरअसल यूपी विधानसभा में बजट सत्र चल रहा है और राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा का जवाब देते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि समाजवादी पार्टी ‘राष्ट्रगीत वंदे मातरम का विरोध करती है.’

    सोमवार को योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि ‘वंदे मातरम का विरोध करना और राष्ट्रीय प्रतीकों के ख़िलाफ़ अपमानजक टिप्पणी करना देशद्रोह’ से कम नहीं है.

    इसके बाद पत्रकारों से एक बातचीत में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि 'उनके संगी साथियों ने कब वंदे मातरम गाया था.'