पाकिस्तानी स्पिनर उस्मान तारिक़ बोले, 'एमएस धोनी से प्रेरित होकर क्रिकेट में आया'

इमेज स्रोत, Getty Images
अपने बॉलिंग एक्शन की वजह से चर्चा में आए 6 फीट 1 इंच लंबे पाकिस्तानी स्पिनर उस्मान तारिक़ ने क्रिकेट में आने के पीछे भारतीय क्रिकेटर एमएस धोनी को वजह बताया.
मीडिया से बात करते हुए उस्मान ने कहा,"मैं एमएस धोनी पर बनी फिल्म देखने के बाद क्रिकेट में वापस आया."
रविवार को भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप के एक मैच में पाकिस्तान को 61 रन से हरा दिया था.
लेकिन उस्मान तारिक़ ने कसी हुई बॉलिंग की थी और 4 ओवर में 24 रन देकर एक विकेट लिया था. उन्होंने तेज़ बैटिंग कर रहे भारतीय बल्लेबाज़ों पर अंकुश लगाया था और भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव का विकेट लिया था.
तारिक़ ने मंगलवार को कोलंबो में कहा, "धोनी पर बनी फिल्म देखने के बाद मुझे लगा कि हमारी कहानियां मिलती-जुलती हैं. मैं नौकरी कर रहा था और वह भी नौकरी कर रहे थे. इसलिए मुझे लगा कि यहां एक ऐसा व्यक्ति है जिसने इतिहास बनाया है."
"मैं भी एक सामान्य इंसान हूं. शायद मैं भी वही रास्ता अपना सकता हूं, लेकिन इसके लिए मुझे दूसरों की तरह बहुत मेहनत करनी होगी. मैं सिर्फ एमएस धोनी की वजह से क्रिकेट में वापस आया."
तारिक़ के गेंदबाज़ी एक्शन की काफ़ी चर्चा होती है. वो बॉलिंग करते समय कुछ लम्हों का पॉज़ लेकर फिर गेंद फेंकते हैं.
ऑस्ट्रेलिया-पाकिस्तान की हालिया सिरीज़ में भी इस पर बहुत चर्चा हुई,
भारत के खिलाफ मैच से पहले यह चर्चा और तेज हो गई. सिर्फ फैंस और मीडिया ही नहीं, बल्कि पूर्व खिलाड़ियों ने भी उनके एक्शन, ठहराव और विविधताओं पर अपनी राय दी.
भारत और पाकिस्तान के मैच से पहले सूर्यकुमार यादव भी उनके एक्शन की नकल करते दिखे.
लेकिन तारिक़ ने कहा कि उन्हें इससे कोई फ़र्क नहीं पड़ता.
उन्होंने कहा, "मेरे लिए यह अच्छा संकेत है कि विरोधी टीमें उस्मान तारिक़ से निपटने की तैयारी कर रही हैं. इससे मुझे और आत्मविश्वास मिलता है कि मेरे खिलाफ खास तैयारी की जा रही है. मैं हर पल का आनंद ले रहा हूं."
कौन हैं उस्मान तारिक़?

इमेज स्रोत, Matthew Lewis-ICC/ICC via Getty Images
ईएसपीएन क्रिकइन्फ़ो के मुताबिक, उस्मान तारिक ने नवंबर 2023 में पाकिस्तान के नेशनल टी-20 कप से अपना डेब्यू किया.
उन्होंने 2024 में पीएसएल में भी हिस्सा लिया लेकिन कोई ख़ास छाप नहीं छोड़ सके.
मगर 2024-25 के बीच घरेलू क्रिकेट में उन्होंने शानदार वापसी करते हुए 15 मुक़ाबलों में 22 विकेट लिए.
हालांकि, इस दौरान दो बार उनके बॉलिंग एक्शन की शिकायत भी हुई. पहली बार साल 2024 के पीएसएल के दौरान उनपर सवाल उठे.
लेकिन लाहौर नेशनल क्रिकेट एकेडमी में टेस्टिंग के बाद उन्हें पास कर दिया गया और उनकी गेंदबाज़ी जारी रही.
लेकिन अगले पीएसएल में फिर से उनकी शिकायत हुई लेकिन उन्होंने इसके बाद हुई जांच को भी पास कर लिया.
उन्होंने कुल 5 टी-20 मैचों में 12 विकेट लिए हैं और उनकी इकॉनमी 5.94 रही है जो टी-20 के लिहाज से सम्मानजनक मानी जाती है.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.















