लाइव, ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड के 10 'जासूस' क़तर में गिरफ़्तार किए गए

क़तर की सरकारी न्यूज़ एजेंसी ने कहा है कि बुधवार तड़के क़तरी सुरक्षा बलों ने इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) के लिए काम कर रही 'दो यूनिट्स' के कुछ लोगों को गिरफ़्तार किया है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली

  1. ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड के 10 'जासूस' क़तर में गिरफ़्तार किए गए

    क़तर की राजधानी दोहा

    इमेज स्रोत, EPA/Shutterstock

    क़तर की सरकारी न्यूज़ एजेंसी ने कहा है कि बुधवार तड़के क़तरी सुरक्षा बलों ने इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) के लिए काम कर रही 'दो यूनिट्स' के कुछ लोगों को गिरफ़्तार किया है.

    न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक़, सात संदिग्धों को देश के महत्वपूर्ण सैन्य ढांचों से जुड़ी जानकारी इकट्ठा करने के लिए जासूसी मिशन पर लगाया गया था.

    इसमें आगे कहा गया है कि इसके अलावा तीन अन्य अभियुक्तों को ड्रोन के इस्तेमाल की ट्रेनिंग दी गई थी.

    एजेंसी का कहना है कि पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड से अपने संबंध स्वीकार किए और बताया कि उन्हें जासूसी और तोड़फोड़ जैसे मिशन सौंपे गए थे.

    इसराइल और अमेरिका ने ईरान पर शनिवार को हमला किया था, जिसके बाद से ईरान मध्य पूर्व देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य बेस को निशाना बना रहा है.

  2. होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रने वाले तेल टैंकरों को सुरक्षा देगा अमेरिका: ट्रंप

    राष्ट्रपति ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति ट्रंप का कहना है कि 'किसी भी हाल में अमेरिका दुनिया को ऊर्जा की सप्लाई जारी रखेगा'

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ज़रूरत पड़ने पर अमेरिकी नौसेना जल्द ही होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रने वाले तेल टैंकरों को सुरक्षा देगी.

    अमेरिका-इसराइल और ईरान के बीच जारी युद्ध के कारण इस समुद्री रास्ते से गुज़रने वाले जहाज़ों का यातायात लगभग ठप हो गया है. यह रास्ता पर्शियन गल्फ़ और ओमान की खाड़ी के बीच स्थित है.

    दुनिया में तेल और गैस सप्लाई के लिए यह सबसे अहम रास्तों में से एक है. हर दिन क़रीब 2 करोड़ बैरल तेल इसी रास्ते से गुज़रता है.

    ट्रंप ने यह भी कहा कि उन्होंने एक संघीय एजेंसी को निर्देश दिया है कि खाड़ी क्षेत्र में समुद्री व्यापार के लिए 'पॉलिटिकल रिस्क इंश्योरेंस और गारंटी' दी जाए.

  3. इसराइल का दावा- 'हिज़्बुल्लाह के क़रीब 60 ठिकानों को निशाना बनाया'

    इसराइल का लेबनान में हमला

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल ने लेबनान में हिज़्बुल्लाह के कई ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है

    इसराइल डिफ़ेंस फोर्सेज़ (आईडीएफ़) ने कहा है कि उसने ईरान समर्थित समूह हिज़्बुल्लाह के क़रीब 60 ठिकानों को निशाना बनाया है.

    आईडीएफ़ ने एक बयान में कहा, “जिन ठिकानों को निशाना बनाया गया है उनमें हथियार भंडारण सुविधाएं, कमांड सेंटर, मिसाइल लॉन्चर और अतिरिक्त आतंकवादी बुनियादी ढांचा शामिल था.”

    हिज़्बुल्लाह और इसराइल के बीच पिछले कुछ समय से हमले जारी हैं.

    वहीं हिज़्बुल्लाह ने दावा किया है कि उसने स्थानीय समयानुसार रात 8 बजे उत्तरी इसराइल के हैफ़ा नौसैनिक अड्डे को निशाना बनाया. इसराइली सेना के मुताबिक़, कई मिसाइलें दागी गईं, जिनमें से ज़्यादातर को हवा में ही मार गिराया गया.

    न्यूज़ एजेंसी एएफ़पी के एक पत्रकार के अनुसार, इन घटनाओं के कुछ घंटों बाद लेबनान की राजधानी बेरूत में एक ज़ोरदार धमाका सुना गया.

    इससे पहले शनिवार को इसराइल और अमेरिका ने ईरान पर हमला किया था. इसके बाद से पूरे मध्य पूर्व में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.