अब इस लाइव ब्लॉग को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा को दीजिए इजाज़त. कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे.
आप बीबीसी हिन्दी पर मौजूद अहम ख़बरों को उनके साथ दिए गए लिंक्स पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.
You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराग़ची ने भारत के विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर और श्रीलंका के विदेश मंत्री विजिथा हेराथ के साथ फ़ोन पर अलग-अलग बातचीत की.
इफ़्तेख़ार अली, रौनक भैड़ा
अब इस लाइव ब्लॉग को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा को दीजिए इजाज़त. कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे.
आप बीबीसी हिन्दी पर मौजूद अहम ख़बरों को उनके साथ दिए गए लिंक्स पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.
ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराग़ची ने भारत के विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर और श्रीलंका के विदेश मंत्री विजिथा हेराथ के साथ फ़ोन पर अलग-अलग बातचीत की.
इस बातचीत में उन्होंने ईरान के ख़िलाफ़ अमेरिका और इसराइल के हमले के बाद, इलाक़े के घटनाक्रम और दोनों देशों के साथ रिश्तों पर बात की.
ईरानी विदेश मंत्रालय ने एक्स पोस्ट में बताया, “बातचीत के दौरान विदेश मंत्री ने हाल के दिनों में अमेरिका और इसराइल के हमले के दौरान किए गए अपराधों की चर्चा की. ईरानी विदेश मंत्री ने इस बात पर ज़ोर दिया कि सभी सरकारों और संयुक्त राष्ट्र की यह ज़िम्मेदारी है कि वे अमेरिका और इसराइल के आपराधिक कामों की कड़ी निंदा करें."
ईरानी विदेश मंत्रालय के बयान में आगे लिखा गया है, "अराग़ची ने बातचीत के दौरान ईरानी नौसेना के जहाज़ डेना पर अमेरिका के आपराधिक हमले की कड़ी निंदा की, जिसे बिना किसी पूर्व चेतावनी के ईरान से 2,000 मील दूर इंटरनेशनल वाटर में निशाना बनाया गया था.”
मंत्रालय ने कहा कि अराग़ची ने फ्रिगेट डेना के नाविकों के बचाव अभियान में श्रीलंका की कोशिशों की तारीफ़ की.
कर्नाटक और आंध्र प्रदेश इस बात का दावा करने की होड़ में हैं कि वे कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया के उपयोग पर प्रतिबंध लगाने वाले पहले राज्य होंगे.
कर्नाटक ने 16 और आंध्र प्रदेश ने 13 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने की योजना बनाई है.
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने विधानसभा में अपने बजट भाषण में घोषणा की कि मोबाइल फ़ोन के बढ़ते उपयोग के बुरे असर को रोकने के लिए 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को सोशल मीडिया का इस्तेमाल नहीं करने दिया जाएगा.
इस घोषणा के तुरंत बाद आंध्र प्रदेश के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नारा लोकेश ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘नक़ल करना तारीफ़ का सबसे सच्चा रूप है. यह देखकर ख़ुशी हुई कि कर्नाटक 16 वर्ष से कम आयु के लोगों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रहा है. यह विचार हमने पहले आंध्र प्रदेश में डिजिटल दुनिया के बुरे पहलुओं से युवाओं को बचाने के लिए प्रस्तावित किया था. कभी-कभी अच्छे विचार तेज़ी से फैलते हैं. उन्हें इस योजना को आगे बढ़ाने में सफलता की शुभकामनाएं.’’
सिद्धारमैया ने 22 फ़रवरी को राज्य के विश्वविद्यालयों के कुलपतियों की बैठक में भी यह बात कही थी. उन्होंने उनसे अनुरोध किया कि वे 16 वर्ष से कम आयु के छात्रों के बीच मोबाइल फ़ोन और सोशल मीडिया के उपयोग पर अंकुश लगाने के लिए प्रस्ताव लेकर आएं.
इसके एक दिन बाद आंध्र प्रदेश की गृह मंत्री वंगलपुडी अनीता ने विधानसभा को बताया कि वह 13 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के मोबाइल इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने की योजना बना रही हैं.
इसके बाद आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने विधानसभा को बताया कि उनकी सरकार अगले 90 दिनों में 13 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को सोशल मीडिया तक पहुंच से रोकने के लिए एक कार्यक्रम शुरू करेगी.
नायडू ने यह भी कहा कि उनकी सरकार 13 से 16 वर्ष आयु वर्ग के लिए नियमों पर भी चर्चा कर रही है और व्यापक सहमति के बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा.
उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार बच्चों को सोशल मीडिया के नकारात्मक प्रभाव से बचाने के लिए प्रतिबद्ध है.
उधर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने सोशल मीडिया पर प्रतिबंध के बारे में कहा, ‘‘बच्चे मोबाइल रख सकते हैं, लेकिन घर और स्कूल दोनों जगह सोशल मीडिया पर प्रतिबंध रहेगा. हम एक कार्यक्रम तैयार करेंगे और आपको सूचित करेंगे.’’
27 साल पहले नायडू के नेतृत्व वाले आंध्र प्रदेश और एस.एम. कृष्णा के नेतृत्व वाले कर्नाटक के बीच सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में कड़ी प्रतिस्पर्धा थी.
हालांकि दावोस में विश्व आर्थिक मंच के दौरान बोलते समय दोनों राज्यों ने भारत के पक्ष में तर्क रखे थे.
रैपर-सिंगर बादशाह के नए गाने 'टटीरी' के लिरिक्स पर विवाद हो गया है. उन पर एफ़आईआर दर्ज हो गई है और हरियाणा महिला आयोग ने उनको समन भी भेजा है.
हरियाणा सरकार में मंत्री महिपाल ढांडा ने पत्रकारों को बताया, "इस तरह का गाना हरियाणा की संस्कृति को ख़राब कर रहा है. जैसे ही मामला सामने आया, सरकार ने तुरंत सख़्त क़दम उठाए. मुख्यमंत्री ने तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए और सिंगर के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की गई."
उन्होंने कहा, "इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने साफ़ तौर पर उस बस और उसके डिपो (जो गाने में दिखाए गए हैं) की जाँच के आदेश दिए हैं. बस के ड्राइवर और कंडक्टर पर भी सख़्त कार्रवाई की जाएगी."
हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा, "बादशाह ने इस गाने में शर्मसार करने वाले शब्दों का इस्तेमाल किया है. यह समझ नहीं आता कि जो ख़ुद को बड़ा पंजाबी रैप कलाकार कहता है, वह हरियाणा और पंजाब का इस तरह अपमान क्यों कर रहा है.
"इस मामले में हम सख़्त कार्रवाई कर रहे हैं. हमने सिंगर को 13 तारीख़ को हाज़िर होने के लिए समन किया है. ऐसी भाषा बिल्कुल भी ठीक नहीं है. इस आपत्तिजनक भाषा को वापस लेना चाहिए और माफ़ी मांगी जानी चाहिए."
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि जब तक ईरान बिना शर्त सरेंडर नहीं कर देता तब तक कोई समझौता संभव नहीं है.
डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, "ईरान के साथ किसी भी तरह का समझौता तभी संभव होगा जब वह बिना शर्त आत्मसमर्पण करेगा. एक महान और स्वीकार्य नेता के चयन के बाद हम, हमारे बहादुर सहयोगी और दोस्त मिलकर पूरी मेहनत से काम करेंगे ताकि ईरान को तबाही से बाहर निकाल सकें."
उन्होंने आगे लिखा, "हम उसे (ईरान) आर्थिक रूप से पहले से बड़ा, बेहतर और मज़बूत बनाएंगे. ईरान का भविष्य शानदार होगा. मेक ईरान ग्रेट अगेन."
इससे पहले ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्क़ियान ने कहा था कि वह 'स्थायी शांति' स्थापित करने लिए तैयार हैं. लेकिन साथ ही कहा कि वह अपने 'अधिकारों की रक्षा करने में नहीं हिचकेंगे.'
उन्होंने मध्यस्थता की कोशिश कर रहे देशों से कहा था, "मध्यस्थता का मक़सद उन लोगों को दिखाना चाहिए जिन्होंने ईरानी जनता को कम आँक कर उकसावे की आग भड़काई."
यूपीएससी सिविल सर्विसेज़ 2025 का परिणाम घोषित हो गया है. राजस्थान के अनुज अग्निहोत्री ने पहला स्थान हासिल किया है. उन्होंने बताया कि यह उनका तीसरा प्रयास था.
एएनआई से बात करते हुए कहा, "मैंने 2022 में अपनी इंटर्नशिप के दौरान ही तैयारी शुरू कर दी थी. इसके बाद 2023 में पहली बार परीक्षा दी. पहले ही अटेम्प्ट में डैनिक्स (दिल्ली, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह सिविल सेवा) के लिए चयन हुआ था."
उन्होंने आगे कहा, "यूपीएससी की तैयारी में बहुत मेहनत लगती है. यह सफ़र कठिन होता है, लेकिन आख़िर में रिज़ल्ट अच्छा आता है, तो सब कुछ अच्छा लगता है."
गौरतलब है कि संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 958 उम्मीदवार अलग-अलग सर्विसेज़ के लिए क्वालिफाई हुए हैं.
जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के मुख्य प्रवक्तानीरज कुमार ने कहा है कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार शनिवार को जेडीयू में शामिल होंगे.
नीरज कुमार ने पार्टी मीटिंग के बाद मीडिया से बातचीत में कहा, "कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और विधायकों ने निशांत कुमार के राजनीति में आने की मांग की. निशांत कुमार कल जेडीयू की सदस्यता ग्रहण करेंगे."
उन्होंने आगे कहा, "निशांत कुमार ने यह तय किया है कि वो पूरे राज्य का दौरा भी करेंगे."
नीरज कुमार ने बताया, "नीतीश कुमार ने विधायकों को आश्वस्त किया है कि जैसे मुख्यमंत्री के तौर पर मैं सक्रिय रहा, ठीक उसी तरह से मैं अब भी आपके संपर्क में रहूंगा."
हालांकि, नीरज कुमार ने यह स्पष्ट नहीं किया कि निशांत कुमार सरकार का हिस्सा होंगे या नहीं.
गौरतलब है कि नीतीश कुमार ने गुरुवार को राज्यसभा के लिए नामांकन दाख़िल कर दिया था.
नेपाल में आम चुनाव के वोटों की गिनती हो रही है. शुरुआती रुझानों में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी आगे चल रही है.
बीबीसी नेपाली के मुताबिक़, राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी 108 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि नेपाली कांग्रेस 13, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल-यूनिफ़ाइड मार्क्सिस्ट लेनिनिस्ट (सीपीएन-यूएमएल) 10 और नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी (एनसीपी) सिर्फ़ 9 सीटों पर आगे है.
नेपाल में गुरुवार को हुए चुनाव में 60% से ज़्यादा लोगों ने मतदान किया.
मतगणना की पूरी प्रक्रिया में तीन से चार दिन लग सकते हैं. नेपाल के चुनाव आयोग 9 मार्च तक मतगणना पूरी करने की बात कही थी.
नेपाल संसद में कुल 275 सीटें हैं. लेकिन यहाँ मिक्स्ड इलेक्टोरल सिस्टम है. एक बैलेट पेपर में मतदाता अपने क्षेत्र के उम्मीदवार को वोट देता है, जबकि दूसरे बैलट पेपर में राजनीतिक पार्टी को वोट देना होता है.
जिस पार्टी को जितने प्रतिशत वोट मिलते हैं, उसी हिसाब से उसे संसद में सीटें मिलती हैं.
राजस्थान के जयपुर में एक मस्जिद की दीवार गिरने से 20 से ज़्यादा नमाज़ी घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया.
दरअसल, जयपुर के भट्टा बस्ती पुलिस थाना इलाक़े की फिरदौस मस्जिद में शुक्रवार दोपहर नमाज़ के दौरान मस्जिद की दीवार गिर गई. घायलों को स्थानीय लोगों ने निकाला और अस्पताल पहुंचाया.
भट्टा बस्ती पुलिस थानाध्यक्ष दीपक त्यागी ने बीबीसी हिन्दी से कहा, "छज्जे की दीवार पर भार बढ़ने के कारण हादसा हुआ. हादसे में कम से कम 20 लोग घायल हुए, 11 को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है."
उन्होंने आगे बताया, "कांवटिया अस्पताल में भर्ती दो घायलों के पैर में चोट लगी है, उनका इलाज जारी है. बाक़ी घायलों का एसएमएस अस्पताल में इलाज चल रहा है."
"इनमें से तीन गंभीर घायलों को आईसीयू में भर्ती किया गया है."
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने एक फ़ैसले मेंकहा कि यदि अनुसूचित जनजाति का कोई व्यक्ति अपनी मर्ज़ी से हिंदू रीति-रिवाज़ को अपनाता है, तो उस पर हिंदू विवाह अधिनियम लागू होगा.
हाईकोर्ट ने एक फ़ैसले में कहा है कि अगर कोई अनुसूचित जनजाति का व्यक्ति अपनी मर्ज़ी से हिंदू रीति-रिवाज़ और परंपराएं अपनाता है और उसी तरीक़े से शादी करता है, तो उसे हिंदू मैरिज एक्ट-1955 के दायरे से बाहर नहीं किया जा सकता.
जस्टिस संजय के अग्रवाल और जस्टिस अरविंद कुमार वर्मा की डिवीज़न बेंच ने बस्तर के फ़ैमिली कोर्ट के उस आदेश को रद्द कर दिया, जिसमें एक दंपति की आपसी सहमति से तलाक की अर्ज़ी ख़ारिज कर दी गई थी.
मामला बस्तर से जुड़े एक दंपति का है, जिसमें पत्नी अनुसूचित जाति से थी और पति अनुसूचित जनजाति से. दोनों की शादी 15 अप्रैल, 2009 को हिंदू रीति-रिवाज़ों से हुई थी, जिसमें सात फेरे की रस्म भी निभाई गई थी. बाद में दोनों के बीच मतभेद हुए और वे 2014 से अलग रहने लगे.
इसके बाद दंपति ने हिंदू मैरिज एक्ट की धारा 13-बी के तहत आपसी सहमति से तलाक़ के लिए फ़ैमिली कोर्ट में आवेदन दिया.
लेकिन फ़ैमिली कोर्ट ने यह कहते हुए अर्ज़ी ख़ारिज कर दी कि पति अनुसूचित जनजाति से है, इसलिए हिंदू मैरिज एक्ट उस पर लागू नहीं होता.
अब हाईकोर्ट ने फ़ैमिली कोर्ट का आदेश रद्द करते हुए मामला वापस उसी अदालत को भेज दिया है.
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने हमलों के बीच कहा है कि वह 'स्थायी शांति' स्थापित करने लिए तैयार हैं. लेकिन साथ ही कहा कि वह अपने 'अधिकारों की रक्षा करने में नहीं हिचकेंगे.'
राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "कुछ देशों ने मध्यस्थता की कोशिश शुरू की है. हमारा जवाब साफ है, हम क्षेत्र में स्थायी शांति के लिए प्रतिबद्ध हैं, लेकिन अपने देश की गरिमा और अधिकार की रक्षा करने में हमें ज़रा भी हिचक नहीं है."
उन्होंने अमेरिका और इसराइल पर निशान साधते हुए लिखा, "मध्यस्थता का मकसद उन लोगों को दिखाना चाहिए जिन्होंने ईरानी जनता को कम आंक कर उकसावे की आग भड़काई."
इससे पहले बुधवार को मसूद पेज़ेश्कियान ने पड़ोसी देशों से कहा, "वह युद्ध से बचना चाहते थे, लेकिन उन्हें इसके लिए मजबूर कर दिया गया."
तब उन्होंने यह भी कहा, "शांति सामूहिक कोशिशों से ही हासिल हो सकती है."
भारत पेट्रोलियम ने पेट्रोल और डीज़ल की कमी की आशंकाओं को 'पूरी तरह निराधार' बताया है. साथ ही कहा है कि अफ़वाहों पर विश्वास न करते हुए पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं.
भारत पेट्रोलियम ने एक्स पर लिखा, "कुछ जगहों पर पेट्रोल और डीज़ल की कमी की अफ़वाहें पूरी तरह निराधार हैं. भारत में ईंधन का पर्याप्त भंडार है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य रूप से चल रही है."
"बीपीसीएल पूरी तरह काम कर रहा है और बिना रुकावट ईंधन सप्लाई देने के लिए प्रतिबद्ध है."
भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने लिखा, "कृपया अफ़वाहों पर भरोसा न करें, पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएँ और आगे की जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें."
दरअसल, हाल ही में अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में तेल की सप्लाई बनाए रखने के लिए अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने भारतीय रिफ़ाइनरियों को रूस से तेल ख़रीदने के लिए 30 दिन की छूट दी है."
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने जसप्रीत बुमराह को 'दुनिया का नंबर वन गेंदबाज़' बताया है.
कपिल देव ने कहा, "बुमराह इसलिए सबसे बेहतरीन हैं, क्योंकि वह दबाव में भी अच्छी गेंदबाज़ी करते हैं. वह सम्मान पाने के हक़दार हैं."
उन्होंने कहा, "ऐसा सोचा नहीं था कि सेमीफ़ाइनल इतना मुश्किल हो जाएगा. ख़ासकर, जब आपका स्कोर 250 से ऊपर चला जाता है. भारत ने जीत दर्ज की है. आख़िर में क्रिकेट की जीत हुई है. संजू सैमसन ने भी पिछले दो मैचों में शानदार क्रिकेट खेला."
"खिलाड़ी अहम होते हैं, लेकिन जब टीम खेलती है, तभी आपकी जीत होती है."
गौरतलब है कि आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले में भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराया. भारत की ओर से मिले 254 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 246 रन ही बना पाई.
संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का परिणाम घोषित कर दिया है. कुल 958 उम्मीदवार अलग-अलग सर्विसेज़ के लिए क्वालिफाई हुए हैं.
आधिकारिक प्रेस रिलीज़ के मुताबिक़, अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया में पहला स्थान हासिल किया है. राजेश्वरी सुवे एम दूसरे स्थान पर और आकांश धुल तीसरे स्थान पर रहे हैं.
यह परिणाम अगस्त 2025 में हुई लिखित परीक्षा और दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच हुए पर्सनैलिटी टेस्ट (इंटरव्यू) के आधार पर तैयार किया गया है.
परिणाम यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाकर देखा जा सकता है.
ईरान के उप विदेश मंत्री डॉ. सईद ख़तीबज़ादेह भारत दौरे पर हैं. इस दौरान उन्होंने भारत और ईरान के संबंधों को 'महत्वपूर्ण' बताया.
दिल्ली में रायसीना डायलॉग 2026 में हिस्सा लेने आए सईद ख़तीबज़ादेह ने मीडिया से बातचीत में कहा, "ईरान और भारत के बीच गहरे सिविलाइज़ेशनल रूट हैं. हम इंडो-फ़ारसी संस्कृति और सभ्यता का हिस्सा हैं और यह हमारी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा हुआ है. हम ईरान-भारत संबंधों को बहुत महत्व देते हैं."
उन्होंने कहा, "मेरी भारत के विदेश मंत्री से मुलाक़ात हुई. सबसे अहम बात यह है कि सभी अंतरराष्ट्रीय क़ानून का समर्थन कर रहे हैं. दुर्भाग्यपूर्ण है कि अंतरराष्ट्रीय क़ानून के सिद्धांतों पर हमला हुआ है. हमें इन अत्याचारों के ख़िलाफ़ मिलकर खड़ा होना होगा."
ख़तीबज़ादेह ने आगे कहा, "अमेरिकियों ने एक देश के प्रमुख की हत्या कर दी है. अगर यह आम हो गया, तो कोई भी देश दुनिया में दूसरे देशों के साथ सामान्य राजनयिक संबंध नहीं रख पाएगा."
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 5 मार्च को रायसीना डायलॉग 2026 का उद्घाटन किया. यह रायसीना डायलॉग का 11वां संस्करण है, जो 5 से 7 मार्च तक चलेगा. यह सम्मेलन जियो-पॉलिटिक्स और जियो-फ़ाइनेंस से जुड़ा है.
इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्सेज यानी आईडीएफ़ का दावा है कि उसने रातभर बेरूत पर ‘बड़े पैमाने पर व्यापक हमले' किए हैं.
इसराइल का कहना है कि उसने लेबनान की राजधानी बेरूत के दहियेह इलाके़ में हिज़्बुल्लाह के कमान केंद्रों और एक ऐसे ठिकाने को निशाना बनाया, जहां उसपर हमले करने के लिए ड्रोन रखे गए थे.
एक बयान में इसराइली सेना ने कहा, "इसराइल के नागरिकों को किसी भी तरह का नुक़सान पहुंचाने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा."
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि भारत को रूस से तेल ख़रीदने की 'इजाज़त देने वाला अमेरिका' कौन होता है और भारत को अमेरिका से 'इजाज़त की क्यों ज़रूरत' है?
अरविंद केजरीवाल का बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा कि अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में तेल की सप्लाई बनाए रखने के लिए अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने भारतीय रिफ़ाइनरियों को रूस से तेल ख़रीदने के लिए 30 दिन की छूट दी है.
आप नेता ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "पिछले कुछ महीनों में देशवासियों ने बहुत पीड़ा के साथ देखा है कि किस तरह एक के बाद एक, हर क़दम पर आप ट्रंप के सामने झुक गए और आपकी उसके सामने बोलने तक की हिम्मत नहीं हुई."
उन्होंने कहा, "मोदी जी, आख़िर आपकी ऐसी कौन सी मजबूरी है जिसकी वजह से आप ट्रंप के सामने नतमस्तक हैं. आज तक भारत ने किसी भी देश के सामने इस तरह सर नहीं झुकाया"
अरविंद केजरीवाल ने कहा, "अगर आपकी वाकई कोई ऐसी मजबूरी है जिसका फ़ायदा ट्रंप उठा रहा है, तो भारत और भारतीय हितों की ख़ातिर कृपया इस्तीफ़ा दे दीजिए."