लाइव, चीन और ईरान के बीच क्या बातचीत चल रही है?

चीन ईरान के साथ बातचीत कर रहा है ताकि कच्चा तेल और क़तरी गैस लेकर जाने वाले जहाज़ों को होर्मुज़ स्ट्रेट से सुरक्षित गुज़रने की अनुमति मिल सके. यह जानकारी रॉयटर्स ने गुरुवार को गुमनाम सूत्रों के हवाले से दी है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली

  1. चीन और ईरान के बीच क्या बातचीत चल रही है?

    चीन के राष्ट्रपति

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, चीन, ईरान के तेल का बड़ा ख़रीदार है और उसने ईरान पर इसराइल और अमेरिका के हमलों की निंदा भी की है.

    चीन ईरान के साथ बातचीत कर रहा है ताकि कच्चा तेल और क़तरी गैस लेकर जाने वाले जहाज़ों को होर्मुज़ स्ट्रेट से सुरक्षित गुज़रने की अनुमति मिल सके. यह जानकारी रॉयटर्स ने गुरुवार को गुमनाम सूत्रों के हवाले से दी है.

    इसराइल, अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा युद्ध अब सातवें दिन में पहुंच चुका है. इस संघर्ष के कारण होर्मुज़ स्ट्रेट के आसपास सैकड़ों जहाज़ फंसे हुए हैं.

    इस समुद्री रास्ते से दुनिया के लगभग 20 प्रतिशत तेल और गैस की सप्लाई होती है.

    तनाव बढ़ने के कारण ऊर्जा की कीमतों में भी तेज़ उछाल आया है.

    रॉयटर्स और ब्लूमबर्ग ने जहाज़ों की ट्रैकिंग से जुड़े डेटा का हवाला देते हुए बताया कि चीनी होने का दावा करने वाला एक तेल टैंकर गुरुवार को इस स्ट्रेट से गुज़रा. हालांकि बीबीसी इसकी पुष्टि नहीं करता है.

  2. पाकिस्तान ने अज़रबैजान और तुर्की पर हुए हमलों को लेकर क्या कहा?

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान ने अज़रबैजान और तुर्की पर हुए हमलों को लेकर प्रतिक्रिया दी है

    पाकिस्तान ने गुरुवार को अज़रबैजान और तुर्की पर हाल में हुए हमलों को लेकर 'गंभीर चिंता' जताई है.

    पाकिस्तान ने सभी पक्षों से संयम बरतने और बातचीत के रास्ते पर लौटने की अपील की है.

    यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और इसराइल का ईरान के साथ युद्ध का दायरा मध्य पूर्व के कई देशों तक फैलता दिख रहा है.

    ईरान एक ओर मध्य पूर्व देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बना रहा है, तो वहीं इसराइल लेबनान में हिज़्बुल्लाह पर हमले कर रहा है.

    गुरुवार को अज़रबैजान के नखचिवन इलाके़ में एक ड्रोन ने हवाई अड्डे की इमारत को निशाना बनाया और उसमें विस्फोट हुआ. अज़रबैजान ने इसके लिए ईरान को ज़िम्मेदार ठहराया है, हालांकि ईरान ने इसमें शामिल होने से इनकार किया है और आरोप इसराइल पर लगाया है.

    वहीं बुधवार को तुर्की के रक्षा मंत्रालय ने कहा था कि नेटो के एयर डिफ़ेंस ने एक ईरानी मिसाइल को गिरा दिया है.

    हालांकि ईरान ने तुर्की की ओर कोई मिसाइल दागने से इनकार किया है.

  3. बहरीन की सरकार का आरोप, 'ईरान ने एक होटल और दो इमारतों को बनाया निशाना'

    बहरीन के गृह मंत्रालय की ओर से जारी की गई तस्वीर

    इमेज स्रोत, @moi_bahrain/X

    इमेज कैप्शन, बहरीन के गृह मंत्रालय की ओर से जारी की गई तस्वीर

    बहरीन के गृह मंत्रालय का कहना है कि राजधानी मनामा में एक होटल और दो रिहायशी इमारतों को ईरान ने निशाना बनाया है.

    गृह मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर कहा कि इस हमले में इमारतों को नुक़सान पहुंचा है, लेकिन किसी के मारे जाने की ख़बर नहीं है.

    बहरीन के गृह मंत्रालय के पहले बयान में कहा गया था कि ईरान के हमले में दो होटल और एक रिहायशी इमारत को निशाना बनाया गया था. बाद में मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि हमले में एक होटल और दो रिहायशी इमारतें प्रभावित हुई हैं.

    इससे पहले इसी हफ़्ते बहरीन में अमेरिकी नौसेना के एक बेस को भी ईरान की मिसाइलों से निशाना बनाया गया था.

    अमेरिका और इसराइल ने ईरान पर पिछले शनिवार को हमला किया था, जिसके बाद से मध्य पूर्व में तनाव की स्थिति है.

  4. बिहार, बंगाल समेत इन राज्यों के बदले गए राज्यपाल, देखिए पूरी लिस्ट

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

    इमेज स्रोत, Getty Images

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुरुवार रात को कुछ राज्यों के राज्यपालों की नियुक्तियों में बदलाव किया है.

    तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि को पश्चिम बंगाल का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है. वह सीवी आनंद बोस की जगह लेंगे.

    आनंद बोस ने इससे पहले अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया था, जिसे राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया है.

    वहीं, रिटायर्ड लेफ़्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन को बिहार का नया राज्यपाल बनाया गया है.

    राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी बयान के मुताबिक़, केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर तमिलनाडु के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे.

    दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को लद्दाख का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है. वहीं कविंदर गुप्ता को हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया है.

    पूर्व भारतीय राजनयिक तरनजीत सिंह संधू को दिल्ली का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है.

    हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला को तेलंगाना का राज्यपाल बनाया गया है. वहीं जिष्णु देव वर्मा को महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया गया है.

    इसके अलावा नंद किशोर यादव को नगालैंड का नया राज्यपाल बनाया गया है.

  5. भारतीय वायुसेना का सुखोई लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त, सर्च ऑपरेशन जारी

    सुखोई विमान (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सुखोई विमान (फ़ाइल फ़ोटो)

    असम के कार्बी आंगलोंग ज़िले में गुरुवार देर रात भारतीय वायुसेना का एक सुखोई विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

    भारतीय वायुसेना के मुताबिक़, Su-30 MKI ट्रेनिंग मिशन पर था. यह विमान असम के जोरहाट से क़रीब 60 किलोमीटर दूर कार्बी आंगलोंग इलाके़ में गिरा.

    वायुसेना ने बताया कि विमान ने असम के जोरहाट से उड़ान भरी थी. उड़ान भरने के बाद शाम क़रीब 7.42 बजे विमान का रडार संपर्क टूट गया.

    घटना के बाद खोज और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है. अभी तक हादसे के कारणों के बारे में जानकारी सामने नहीं आई है.

    सुखोई जेट फाइटर विमान भारतीय वायु सेना की रीढ़ की हड्डी मानी जाती है.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.