लाइव, आईपीएल के मैचों का हुआ एलान, इस दिन होगा टूर्नामेंट का आग़ाज़

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के शुरुआती 20 मैचों के शेड्यूल का एलान हो गया है. ये मैच 28 मार्च से 12 अप्रैल तक खेले जाएंगे.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली, सुमंत सिंह

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, आईपीएल के मैचों का हुआ एलान, इस दिन होगा टूर्नामेंट का आग़ाज़

    विराट कोहली

    इमेज स्रोत, SAJJAD HUSSAIN/AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, पहला मैच आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होगा (फ़ाइल फ़ोटो)

    इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के शुरुआती 20 मैचों के शेड्यूल का एलान हो गया है. ये मैच 28 मार्च से 12 अप्रैल तक खेले जाएंगे.

    आईपीएल के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर कहा गया है कि बाक़ी के मैचों के शेड्यूल का एलान तीन राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीख़ों की घोषणा के बाद किया जाएगा.

    इस साल आईपीएल का पहला मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा. यह मैच 28 मार्च को बेंगलुरु में शाम 7:30 बजे से होगा.

    यह आईपीएल का 19वां सीज़न होगा. पिछले साल यानी 18वें सीज़न में आरसीबी ने ख़िताब जीता था.

  2. मध्य-पूर्व में चल रहे संघर्ष में भारतीय नागरिकों की मौत पर विदेश मंत्रालय ने क्या कहा

    रणधीर जायसवाल

    इमेज स्रोत, X/@PIB_India

    इमेज कैप्शन, रणधीर जायसवाल ने बताया कि अधिकारी दुबई में घायल हुए भारतीय नागरिक के संपर्क में हैं

    मध्य-पूर्व में जारी संघर्ष और ऊर्जा संकट को लेकर भारत सरकार के मंत्रालयों ने बुधवार को संयुक्त प्रेस ब्रीफ़िंग आयोजित की.

    इस ब्रीफ़िंग में भारत सरकार की ओर से उठाए गए क़दमों के बारे में जानकारी दी गई.

    इस ब्रीफ़िंग में पेट्रोलियम एवं नेचुरल गैस मंत्रालय, शिपिंग मंत्रालय, विदेश मंत्रालय और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधिकारी शामिल हुए.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया, "कुछ लोगों की मौत की रिपोर्ट्स आई हैं. हमारे दो नागरिकों की मौत हुई है और एक लापता हैं. हम उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं. ये घटनाएं उस वक़्त हुई जब वे मर्चेंट जहाज़ों पर सवार थे, जिन पर हमला हुआ था."

    उन्होंने कहा, "खाड़ी क्षेत्र में कुछ भारतीय घायल हुए हैं और उनका इलाज किया जा रहा है. हम उनके संपर्क में है."

    रणधीर जायसवाल ने दुबई में ड्रोन गिरने की घटना में घायल हुए भारतीय नागरिक का भी ज़िक्र किया.

    उन्होंने कहा, "आज सुबह आपने रिपोर्ट्स देखी होंगी कि दुबई में एक भारतीय नागरिक घायल हुए हैं. वह हमारे संपर्क में हैं और उनका इलाज चल रहा है."

  3. दुबई एयरपोर्ट के पास गिरे दो ड्रोन, एक भारतीय समेत चार लोग घायल

    दुबई एयरपोर्ट

    इमेज स्रोत, Fadel SENNA / AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, अधिकारियों का कहना है कि हवाई यातायात सामान्य रूप से चल रहा है (सांकेतिक तस्वीर)

    दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नज़दीक दो ड्रोन गिरने से चार लोग घायल हो गए हैं. दुबई मीडिया ऑफ़िस ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी है.

    ऑफ़िस का कहना है कि इस घटना में एक भारतीय नागरिक को "कुछ चोटें" आई हैं. इसके अलावा घाना के दो नागरिकों और एक बांग्लादेशी नागरिक को भी "हल्की चोटें" आई हैं.

    अधिकारियों के मुताबिक़, हवाई यातायात सामान्य रूप से चल रहा है.

    दुबई में मौजूद बीबीसी संवाददाता निक बीक ने बताया कि एयरपोर्ट पर मौजूद एक यात्री ने उन्हें बताया कि यात्रियों से कांच की खिड़कियों से दूर रहने और अधिक सुरक्षित जगह पर रहने को कहा गया है.

  4. होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़र रहे थाईलैंड के कार्गो शिप पर हमला, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

    थाई कार्गो जहाज़ पर हमला

    इमेज स्रोत, Royal Thai Navy

    इमेज कैप्शन, यह जहाज़ यूएई से रवाना हुआ था

    थाईलैंड की नेवी का कहना है कि स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ से गुज़र रहे थाई झंडे वाले एक कार्गो जहाज़ पर हमला हुआ है और जहाज़ के क्रू को बचाने के लिए ऑपरेशन चलाया जा रहा है.

    रॉयल थाई नेवी ने एक बयान में कहा कि जहाज़ पर 23 थाई क्रू मेंबर सवार थे.

    थाई अधिकारियों के मुताबिक़, ओमान की नौसेना ने 20 क्रू सदस्यों को बचा लिया है और बाक़ी तीन को बचाने की प्रक्रिया जारी है.

    थाई नेवी का कहना है कि अधिकारियों को इस घटना की शुरुआती जानकारी लगभग 11:00 बजे मिली, हालांकि बयान में टाइम ज़ोन का ज़िक्र नहीं किया गया है.

    बयान में यह भी कहा गया कि यूएई मे अबू धाबी के ख़लीफ़ा पोर्ट से जहाज़ के रवाना होने के कुछ घंटे बाद हमला हुआ.

    बयान के मुताबिक़, हमले के कारणों की अभी जांच की जा रही है.

    अब तक यह जानकारी भी सामने नहीं आई है कि थाई कार्गो शिप पर हमला किसने किया है.

    थाई कार्गो जहाज़ पर हमला

    इमेज स्रोत, Royal Thai Navy

    इमेज कैप्शन, जहाज़ पर 23 थाई क्रू मेंबर सवार थे
  5. थाईलैंड के एयरपोर्ट पर लैंडिंग के वक़्त एयर इंडिया एक्सप्रेस विमान का नोज़ व्हील टूटा

    एयर इंडिया एक्सप्रेस विमान

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, पीटीआई ने एक अधिकारी के हवाले से बताया है कि इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है (सांकेतिक तस्वीर)

    थाईलैंड के फुकेट अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बुधवार को लैंडिंग के वक्त एयर इंडिया एक्सप्रेस के एक विमान के नोज़ व्हील अलग हो गए.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स और पीटीआई ने इस ख़बर की पुष्टि की है.

    पीटीआई ने डीजीसीए के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से बताया है कि विमान को लैंडिंग के वक़्त परेशानी हुई और उसके 'दोनों नोज़ व्हील अलग हो गए'.

    एयर इंडिया एक्सप्रेस का यह 'बोइंग 737 मैक्स' विमान हैदराबाद से फुकेट जा रहा था.

    अधिकारी के मुताबिक़, इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है और यात्रियों को विमान से उतारकर टर्मिनल की इमारत में ले जाया गया है.

    रॉयटर्स ने बताया है कि फुकेट एयरपोर्ट के रनवे को अस्थायी तौर पर बंद किया गया है, जिससे कि इंडिया एक्सप्रेस के ख़राब विमान को हटाया जा सके.

  6. ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई के घायल होने की रिपोर्ट्स के बीच आया ये बयान

    मोजतबा ख़ामेनेई

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, मोजतबा ख़ामेनेई अपनी नियुक्ति के बाद से सार्वजनिक तौर पर नज़र नहीं आए हैं

    ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई के घायल होने की ख़बरों के बीच ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान के बेटे ने उनके स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी दी है.

    पेज़ेश्कियान के बेटे यूसुफ़ पेज़ेश्कियान का कहना है कि मोजतबा ख़ामेनेई "सुरक्षित" हैं. यूसुफ़ पेज़ेश्कियान ने टेलीग्राम पर लिखा कि उन्होंने "कुछ रिपोर्ट्स सुनीं", जिनमें कहा गया था कि सुप्रीम लीडर घायल हो गए हैं.

    उन्होंने लिखा, "मैंने कुछ दोस्तों से पूछा जिनके पास उचित संपर्क थे, और उन्होंने कहा कि 'वे सुरक्षित हैं और कोई समस्या नहीं है'."

    मोजतबा ख़ामेनेई ने अपनी नियुक्ति के बाद से अब तक कोई बयान जारी नहीं किया है और न ही सार्वजनिक रूप से सामने आए हैं.

  7. राहुल गांधी ने लोकसभा में 'नहीं बोलने देने' का लगाया आरोप, रविशंकर प्रसाद क्या बोले

    रविशंकर प्रसाद और राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, संसद के कार्यवाही के दौरान बुधवार को काफ़ी नोकझोंक देखने को मिली

    लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर यह आरोप लगाया है कि उन्हें 'सदन में बोलने नहीं दिया जाता' है.

    बजट सत्र के दूसरे हिस्से में लोकसभा की कार्यवाही के दौरान बुधवार को राहुल गांधी ने कहा, "जब भी हम बोलने के लिए खड़े होते हैं, हमें रोका जाता है. ऐसा कई बार हुआ. पिछली बार जब मैं बोल रहा था तो मैंने हमारे प्रधानमंत्री की ओर से किए गए समझौतों से जुड़े कुछ बुनियादी सवाल पूछे."

    उन्होंने कहा, "कई बार मुझे बोलने से रोका गया. कुछ दिन पहले ही एक बहस के दौरान विपक्ष के नेता को नहीं बोलने दिया गया. ऐसा हमारे इतिहास में पहली बार हुआ."

    कांग्रेस नेता ने कहा, "पिछली बार मैंने प्रधानमंत्री के समझौतों का मुद्दा उठाया, मिस्टर नरवणे से जुड़ा मुद्दा उठाया, एपस्टीन का मुद्दा उठाया और अडानी का मुद्दा उठाया. मुझे चुप करा दिया गया."

    वहीं बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने नेता प्रतिपक्ष पर सदन में उनके 'सही आचरण न करने' का आरोप लगाया.

    रविशंकर प्रसाद ने लोकसभा में कहा, "विपक्ष के नेता से कैसे आचरण की उम्मीद की जाती है वह बहुत महत्वपूर्ण है."

    उन्होंने कहा कि 'वेणुगोपाल जी नेता प्रतिपक्ष को सदन के नियम पढ़ाएं'.

  8. अमेरिकी राजदूत ने तेल की क़ीमतों और भारत के रूसी तेल ख़रीदने पर क्या कहा

    सर्जियो गोर

    इमेज स्रोत, Nazir Aliyev Tayfur/Anadolu via Getty

    इमेज कैप्शन, सर्जियो गोर ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे बड़े तेल उपभोक्ताओं और रिफ़ाइनर्स में से एक है (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने कहा है कि दुनियाभर में तेल की क़ीमतों में स्थिरता बनाए रखने में 'भारत एक अहम साझेदार' है.

    उन्होंने भारत की ओर से रूसी तेल ख़रीद को लेकर भी बयान दिया है.

    सर्जियो गोर ने एक्स पर लिखा, "भारत दुनियाभर में तेल की क़ीमतों को स्थिर बनाए रखने में एक अहम साझेदार रहा है. अमेरिका यह मानता है कि रूस से तेल की चल रही ख़रीदारी भी इसी प्रयास का हिस्सा है."

    उन्होंने यह भी कहा, "भारत दुनिया के सबसे बड़े तेल उपभोक्ताओं और रिफ़ाइनर्स में से एक है. अमेरिकियों और भारतीयों के लिए बाज़ार में स्थिरता बनाए रखने के लिए अमेरिका और भारत का साथ मिलकर काम करना ज़रूरी है."

    बीते दिनों अमेरिका ने भारत को प्रतिबंधित रूसी तेल ख़रीद के लिए '30 दिन की छूट' दी है. अमेरिका का कहना है कि उसने यह क़दम वैश्विक बाज़ार में तेल की क़ीमतों को स्थिर बनाए रखने के लिए उठाया है.

    वहीं भारत की ओर से इस पर कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं आई है. भारत का कहना है कि वह अपने फ़ैसले 'देश के हितों को ध्यान में रखते हुए' करता है.

  9. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  10. सुप्रीम कोर्ट ने पहली बार इस मामले में दी इच्छा मृत्यु की मंज़ूरी

    सुप्रीम कोर्ट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    सुप्रीम कोर्ट ने पहली बार 'पैसिव यूथेनेशिया' (इच्छा मृत्यु) की इजाज़त देते हुए बुधवार को एक बड़ा फै़सला सुनाया.

    बार एंड बेंच और न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, कोर्ट ने 12 साल से ज़्यादा समय से कोमा में पड़े एक 32 साल के व्यक्ति का लाइफ सपोर्ट (जीवन रक्षक मशीनें) हटाने की मंजूरी दे दी है.

    जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस केवी विश्वनाथन की पीठ ने इस भावनात्मक और लंबे समय से चर्चा में रहे मुद्दे पर फै़सला सुनाया. सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से पैसिव यूथेनेशिया पर व्यापक क़ानून बनाने पर विचार करने को भी कहा है.

    कोर्ट ने एम्स-दिल्ली को यह भी निर्देश दिया है कि लाइफ सपोर्ट हटाने के लिए एक ख़ास योजना तैयार की जाए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि पूरी प्रक्रिया के दौरान मरीज की गरिमा और सम्मान बना रहे.

    पैसिव यूथेनेशिया क्या है?

    पैसिव यूथेनेशिया यानी अगर कोई मरीज़ सालों साल बिस्तर पर है, कोमा में हैं और उसके ठीक होने की संभावना पूरी तरह ख़त्म हो चुकी है और वो सिर्फ़ लाइफ़ सपोर्ट सिस्टम पर ज़िंदा है तो उसका लाइफ़ सपोर्ट सिस्टम हटाया जा सकता है.

  11. 'एलपीजी संकट' को लेकर बोले केजरीवाल- 'कई रेस्टोरेंट और होटल बंद होने की कगार पर'

    अरविंद केजरीवाल

    इमेज स्रोत, @AamAadmiParty/X

    आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरविंद केजरीवाल ने लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस यानी 'एलपीजी संकट' को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की है.

    केजरीवाल ने बुधवार को किए प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, “पूरे देश में एलपीजी सिलेंडर की भारी किल्लत हो गई है. देश में एलपीजी का उत्पादन लगभग 50 फ़ीसदी तक घट चुका है.”

    “सरकार ने आदेश जारी किया है कि रेस्टोरेंट और होटल को एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराए जाएंगे. इस फै़सले के कारण देश के बड़े शहरों में कई रेस्टोरेंट और होटल बंद होने की कगार पर पहुँच गए हैं.”

    उन्होंने कहा, “इस समय देशभर में शादी-ब्याह का सीजन चल रहा है, और अगर यही हालात रहे तो लोगों को अपनी शादियां तक टालनी पड़ सकती हैं.”

    पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो सबसे बड़ी ग़लती की है कि जब किसी भी युद्ध में हमारा जब कोई स्टेक ही नहीं है तो हमें किसी भी पक्ष का साथ नहीं देना चाहिए था. भारत की गुटनिरपेक्ष नीति, जो पिछले 75 सालों से चली आ रही थी उसे मोदी जी ने ध्वस्त कर दिया.”

    प्रधानमंत्री की इसराइल यात्रा को लेकर उन्होंने कहा, “वह सीधे अमेरिका और इसराइल के साथ और ईरान के ख़िलाफ़ खड़े हो गए. युद्ध शुरू होने से एक दिन पहले उन्हें इसराइल जाने की क्या ज़रूरत थी.”

  12. वेस्ट इंडीज़ और दक्षिण अफ़्रीकी टीमों की देश वापसी पर आईसीसी ने क्या कहा?

    जय शाह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, आईसीसी ने कहा है कि जब तक यात्रा पूरी तरह सुरक्षित नहीं होगी, तब तक किसी को रवाना नहीं किया जाएगा

    इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी आईसीसी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद कई टीमों की घर वापसी में हो रही देरी की वजह को लेकर एक बयान जारी किया है.

    आईसीसी ने बुधवार को जारी बयान में कहा, "हम समझते हैं कि खिलाड़ी, कोच, सपोर्ट स्टाफ़ और उनके परिवार घर लौटने को लेकर चिंतित हैं. उनका अभी तक वापस नहीं जा पाना निराशा की बात है और आईसीसी भी इस निराशा को समझता है."

    आईसीसी के मुताबिक़ मध्य पूर्व में चल रहे संकट की वजह से हवाई क्षेत्र बंद होना, मिसाइल हमलों की चेतावनी, उड़ानों का रूट बदलना और कम समय में कई कॉमर्शियल और चार्टर्ड उड़ानों का रद्द होना या समय में बदलाव होना जैसी स्थितियां पैदा हुई हैं.

    बोर्ड ने कहा कि ये परिस्थितियां उसके नियंत्रण से बाहर हैं और इसके कारण खिलाड़ियों की यात्रा की व्यवस्था सामान्य समय की तुलना में कहीं ज़्यादा मुश्किल हो गई है.

    आईसीसी ने बताया कि वह लगातार एयरलाइंस, चार्टर ऑपरेटरों, एयरपोर्ट प्राधिकरणों, ग्राउंड हैंडलरों और विभिन्न देशों की सरकारों से संपर्क में है ताकि सभी प्रभावित लोगों को सुरक्षित तरीके़ से घर भेजा जा सके.

    बयान में बताया गया कि मौजूदा व्यवस्था के तहत दक्षिण अफ्रीकी टीम के खिलाड़ी बुधवार रात से दक्षिण अफ्रीका के लिए रवाना होना शुरू करेंगे और अगले 36 घंटे में सभी के निकल जाने की उम्मीद है.

    वहीं वेस्ट इंडीज़ क्रिकेट टीम के नौ सदस्य पहले ही कैरेबियाई क्षेत्र के लिए यात्रा कर रहे हैं, जबकि बाकी 16 खिलाड़ियों की उड़ानें अगले 24 घंटों में भारत से रवाना होने वाली हैं.

    आईसीसी ने यह भी कहा कि इन व्यवस्थाओं को लेकर सोशल मीडिया या अन्य प्लेटफॉर्म पर लगाए जा रहे आरोप गलत हैं. उसके मुताबिक़, फै़सले सुरक्षा और खिलाड़ियों के हित को ध्यान में रखकर लिए गए हैं.

    आईसीसी ने कहा कि उसका सबसे बड़ा लक्ष्य खिलाड़ियों, उनके परिवारों और टीम स्टाफ़ की सुरक्षा सुनिश्चित करना है और जब तक यात्रा पूरी तरह सुरक्षित नहीं होगी, तब तक किसी को रवाना नहीं किया जाएगा.

  13. मध्य पूर्व में अमेरिकी ठिकानों पर हमला, ईरान के सरकारी मीडिया ने क्या बताया?

    ईरान की सेना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान ने इसराइल और अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाकर हमले किए हैं

    इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने कहा है कि ईरान ने क़तर, कुवैत और इराक़ में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल हमले किए हैं.

    आईआरजीसी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि क़तर के अल उदैद एयरबेस, कुवैत के कैंप अरिफ़जान और इराक़ के हरिर एयरबेस को निशाना बनाया गया.

    ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईएसएनए के मुताबिक़, इस 'बड़े पैमाने पर किए गए हमले' में क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी नौसेना के यूएस फिफ्थ फ़्लीट को भी निशाना बनाया गया है.

    बयान में दावा किया गया है कि इस कार्रवाई में अमेरिकी सेना के ऑपरेशनल ढांचे को नष्ट कर दिया गया है.

    इन हमलों को लेकर अभी तक अमेरिकी अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.

  14. ईरानी महिला फ़ुटबॉल टीम की एक खिलाड़ी का फै़सला बदला, देश वापसी का निर्णय

    ईरानी महिला फ़ुटबॉल टीम

    इमेज स्रोत, Reuters

    ईरान की महिला फ़ुटबॉल टीम से जुड़ी एक नई जानकारी सामने आई है. एशियन कप से बाहर होने के बाद टीम की कई खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया छोड़ चुकी हैं.

    इससे पहले खबर आई थी कि टीम के पांच सदस्यों को ऑस्ट्रेलिया में मानवीय आधार पर वीज़ा दिया गया था. बताया गया था कि मैच से पहले राष्ट्रीय गान नहीं गाने के कारण उन्हें अपने देश लौटने पर सुरक्षा को लेकर डर था. बाद में टीम के दो अन्य सदस्यों ने भी ऑस्ट्रेलिया में रहने का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया था.

    हालांकि अब ख़बर है कि जिन खिलाड़ियों को शरण दी गई थी, उनमें से एक खिलाड़ी ने अपना फै़सला बदल लिया है और ईरान वापस लौटने का निर्णय लिया है. उस खिलाड़ी की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है.

    ऑस्ट्रेलिया के गृह मामलों के मंत्री टोनी बर्क ने कहा कि उन्हें आज स्थानीय समयानुसार सुबह क़रीब 10 बजे इस फै़सले की जानकारी दी गई.

    उन्होंने कहा, "ऑस्ट्रेलिया में लोगों को अपना फै़सला बदलने और यात्रा करने की आज़ादी है. इसलिए हम उस परिस्थिति का सम्मान करते हैं जिसमें उन्होंने यह निर्णय लिया."

    टोनी बर्क ने यह भी बताया कि वीज़ा पाने वाली बाकी छह ईरानी महिला खिलाड़ियों को अपना ठिकाना बदलना पड़ा है.

    उनके मुताबिक़, जिस खिलाड़ी ने वापस लौटने का फै़सला किया, उन्हें उनके साथियों और कोच ने ईरानी दूतावास से संपर्क करने और वहां से ले जाने के लिए कहा था.

    बर्क ने कहा कि इससे एक समस्या यह हुई कि 'ईरानी दूतावास को उस जगह का पता चल गया जहां बाकी खिलाड़ी रह रहीं थीं.'

    इसके बाद सुरक्षा कारणों से बाकी खिलाड़ियों को दूसरी जगह ले जाया गया.

  15. 'अर्शदीप अगर सॉरी नहीं कहते तब भी ठीक था', गौतम गंभीर ने ऐसा क्यों कहा?

    अर्शदीप सिंह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, गौतम गंभीर ने अर्शदीप सिंह का बचाव किया है

    आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फ़ाइनल में भारतीय टीम के तेज़ गेंदबाज़ अर्शदीप सिंह और न्यूज़ीलैंड के क्रिकेटर डेरिल मिचेल के बीच हुई तीखी बहस पर गौतम गंभीर ने कहा है कि मैदान पर 'आक्रामकता दिखाना' ग़लत नहीं है.

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई को दिए इंटरव्यू में भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने कहा, "आप अपने देश का प्रतिनिधित्व कर रहे होते हैं और ऐसे में आक्रामकता दिखाना स्वाभाविक है. इसमें कुछ भी ग़लत नहीं है."

    उन्होंने कहा कि दुनिया के किसी भी गेंदबाज़ को दो छक्के लगने के बाद अच्छा नहीं लगता.

    गंभीर का कहना है कि वह भारतीय टीम के खिलाड़ियों से इसी तरह की प्रतिक्रिया देखना चाहते हैं.

    उन्होंने यह भी कहा कि अगर अर्शदीप सिंह ने डेरिल मिचेल से माफ़ी नहीं भी मांगी होती, तो उन्हें इससे कोई समस्या नहीं होती.

    मुख्य कोच गौतम गंभीर ने कहा, "यह अच्छी बात है कि उन्होंने माफ़ी मांग ली, लेकिन क्रिकेट के मैदान पर न कोई दोस्त होता है और न दुश्मन. आपका काम सिर्फ़ अपने देश के लिए मैच जीतना होता है."

    आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के फ़ाइनल के दौरान दोनों खिलाड़ियों के बीच हुई इस बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर काफ़ी चर्चा में रहा था.

    इसके बाद अर्शदीप सिंह पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) की आचार संहिता तोड़ने पर मैच फ़ीस पर 15 प्रतिशत जुर्माना भी लगाया गया है.

    आईसीसी के मुताबिक़, अर्शदीप ने आचार संहिता के आर्टिकल 2.9 का उल्लंघन किया. यह आर्टिकल कहता है, "अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान गेंद या किसी अन्य क्रिकेट उपकरण को खिलाड़ी की तरफ़ या उसके पास ग़लत और ख़तरनाक तरीके से फेंकना नियम तोड़ना है."

    यह घटना टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के फ़ाइनल में न्यूज़ीलैंड की पारी के 11वें ओवर में हुई. अर्शदीप ने गेंद को फ़ील्ड किया और ग़ुस्से में ग़लत तरीके से फेंक दिया, जो बल्लेबाज़ डैरिल मिशेल के पैड्स पर लगी.

    भारत ने रविवार को न्यूज़ीलैंड को फ़ाइनल में हराकर तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था.

    ये भी पढ़ें:

  16. ईरान का दावा, इसराइल और अमेरिका के ठिकानों पर 'अब तक का सबसे बड़ा हमला'

    यरूशलम के आसमान में इसराइल की ओर बढ़ती एक ईरानी मिसाइल

    इमेज स्रोत, Jamal Awad/ Reuters

    इमेज कैप्शन, यरूशलम के आसमान में इसराइल की ओर बढ़ती एक ईरानी मिसाइल (तस्वीर- 11 मार्च, 2026)

    ईरान ने एक बार फिर मध्य पूर्व में इसराइल और अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाकर हमले शुरू किए हैं.

    समाचार एजेंसी एएफ़पी के मुताबिक़, ईरान के सरकारी मीडिया ने कहा है कि यह हमला संघर्ष की शुरुआत के बाद से अब तक का सबसे भीषण और सबसे बड़ा हमला है.

    इसराइल ने कहा कि उसने ईरान की ओर से दागी गई मिसाइलों की पहचान की है. हालांकि बाद में इसराइल ने कहा कि अब नागरिकों के लिए शेल्टर से बाहर निकलना सुरक्षित है.

    इस बीच सऊदी अरब ने कहा कि उसने एक तेल ठिकाने की ओर बढ़ रहे दो ड्रोन्स को मार गिराया है.

    बहरीन में भी सायरन बजे हैं, जहां अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े का मुख्यालय स्थित है.

  17. भारत को रूसी तेल की ख़रीद की 'इजाज़त' पर अमेरिका ने अब क्या कहा?

    प्रेस सचिव कैरोलीन लेविट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, प्रेस सेक्रेटरी कैरोलीन लेविट ने भारत को रूसी तेल की ख़रीद की इजाज़त पर प्रतिक्रिया दी

    व्हाइट हाउस ने कहा है कि ईरान के साथ जारी संघर्ष के बीच एनर्जी सप्लाई बनाए रखने के लिए अमेरिका ने अस्थायी रूप से भारत को समुद्र में पहले से मौजूद रूसी तेल स्वीकार करने की इजाज़त दी है.

    प्रेस सेक्रेटरी कैरोलीन लेविट ने मंगलवार को व्हाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान यह जानकारी दी.

    उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट और राष्ट्रीय सुरक्षा टीम ने यह फै़सला इसलिए लिया क्योंकि भारत में हमारे सहयोगियों ने ज़िम्मेदार रवैया दिखाया है और पहले भी उन्होंने प्रतिबंधित रूसी तेल ख़रीदना बंद कर दिया था.

    लेविट ने कहा, "अब जब हम ईरान संकट की वजह से दुनिया भर में तेल की आपूर्ति में बने अस्थायी गैप को भरने की कोशिश कर रहे हैं. इसलिए हमने उन्हें अस्थायी तौर पर रूसी तेल को ख़रीदने की अनुमति दी है."

    उन्होंने यह भी कहा कि यह रूसी तेल पहले से ही समुद्र में था, यानी जहाज़ों पर लदा हुआ और रास्ते में था. इसलिए यह सिर्फ़ एक अस्थाई व्यवस्था है और हमारा मानना है कि इससे रूसी सरकार को ख़ास वित्तीय फ़ायदा नहीं होगा.

  18. ईरान के साथ युद्ध में क़रीब 140 अमेरिकी सैनिक घायल- पेंटागन

    पेंटागन के प्रवक्ता शॉन पार्नेल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी सैनिकों के घायल होने की जानकारी पेंटागन के प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने दी

    अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन ने कहा है कि 28 फ़रवरी को ईरान के साथ युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक क़रीब 140 अमेरिकी सैनिक घायल हुए हैं.

    पेंटागन के प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने एक बयान में कहा कि इन घायलों में से ज़्यादातर को मामूली चोटें आई हैं और 108 सैनिक ड्यूटी पर लौट चुके हैं.

    उन्होंने बताया कि आठ सैनिक गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें बेहतर इलाज की सुविधा दी जा रही है.

    अमेरिका और इसराइल ने ईरान पर 28 फ़रवरी को हमला किया था, जिसके बाद से मध्य पूर्व के देशों में तनाव की स्थिति है.

  19. ईरान में अपने कॉन्सुलेट पर हमले को लेकर रूस ने क्या कहा?

    रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़ाखारोवा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़ाखारोवा

    रूस ने कहा है कि ईरान के इस्फ़हान में उसका कॉन्सुलेट हफ़्ते के आख़िर में हुए हमलों के कारण क्षतिग्रस्त हो गया.

    रूस के मुताबिक़ कॉन्सुलेट के पास स्थित स्थानीय गवर्नर के दफ़्तर पर हुए हमलों के कारण यह नुक़सान हुआ.

    रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़ाखारोवा ने इस घटना को अंतरराष्ट्रीय क़ानून का 'साफ़ उल्लंघन' बताया, हालांकि इस हमले के लिए उन्होंने किसी ख़ास देश पर आरोप नहीं लगाया.

    उन्होंने कहा, "मध्य पूर्व में संघर्ष लगातार बढ़ रहा है, जिसका सीधा या अप्रत्यक्ष असर अब ज़्यादा देशों और उनके नागरिकों के हितों पर पड़ रहा है."

    ज़ाखारोवा ने यह भी कहा कि इस घटना में किसी के हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की ख़बर नहीं है.

  20. मोजतबा ख़ामेनेई को नया सर्वोच्च नेता घोषित किए जाने के बाद पहली बार भारत ने ईरान से की बातचीत

    एस जयशंकर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एस जयशंकर ने ईरान के विदेश मंत्री से बातचीत की है

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची से फ़ोन पर बातचीत की है. मध्य पूर्व में संघर्ष शुरू होने के बाद दोनों नेताओं के बीच यह तीसरी बातचीत है.

    दोनों देशों के बीच बातचीत ऐसे समय हुई है जब होर्मुज़ स्ट्रेट में तेल की सप्लाई लगभग बाधित हो गई है और इससे कई देश की चिंताएं बढ़ी हैं.

    ईरान के अलावा एस जयशंकर ने जर्मनी के विदेश मंत्री योहन वादेफु़ए और दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री चोह यन से भी बात की और मध्य पूर्व में तेज़ी से बदल रहे हालात पर चर्चा की.

    जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "ईरान के विदेश मंत्री अराग़ची के साथ जारी संघर्ष से जुड़े ताज़ा घटनाक्रम पर विस्तार से बातचीत हुई. हमने संपर्क में बने रहने पर सहमति जताई."

    ईरान में मोजतबा ख़ामेनेई को नया सर्वोच्च नेता घोषित किए जाने के बाद दोनों विदेश मंत्रियों के बीच यह पहली बातचीत थी.

    उनके पिता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की कुछ दिन पहले अमेरिका और इसराइल के हमले में मौत हो गई थी.