होर्मुज़ स्ट्रेट के रास्ते भारत आ रहे कार्गो शिप पर हमले को लेकर विदेश मंत्रालय का बयान
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि 'वाणिज्यिक जहाज़ों और बेगुनाह क्रू सदस्यों को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए'
भारतीय विदेश मंत्रालय ने होर्मुज़
स्ट्रेट के रास्ते भारत आ रहे थाईलैंड के कार्गो शिप पर हमले की निंदा की है.
एक बयान में विदेश मंत्रालय ने कहा,
"हमने 11 मार्च को स्ट्रेट ऑफ़
होर्मुज़ में थाई जहाज़ मयूरी नारी पर हुए हमले की ख़बरें देखी हैं. यह जहाज़ भारत
के कांडला पोर्ट जा रहा था."
"भारत इस बात की निंदा करता है कि
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के दौरान वाणिज्यिक जहाज़ों को सैन्य हमलों का
निशाना बनाया जा रहा है."
विदेश मंत्रालय ने कहा कि "वाणिज्यिक जहाज़ों को निशाना बनाना और बेगुनाह
क्रू सदस्यों की जान को ख़तरे में डालना, या किसी
भी तरह से नेविगेशन और व्यापार की स्वतंत्रता में बाधा डालने को टाला जाना चाहिए."
इससे पहले थाईलैंड की नेवी ने बताया
था कि स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ से गुज़र रहे थाई झंडे वाले एक कार्गो जहाज़ पर हमला
हुआ है और जहाज़ के क्रू को बचाने के लिए ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
थाई नेवी के मुताबिक़, यूएई के अबू धाबी के ख़लीफ़ा पोर्ट से जहाज़ के रवाना होने के कुछ घंटे बाद हमला हुआ.
अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी ने 40 करोड़ बैरल तेल जारी करने की घोषणा की
इमेज स्रोत, Dan Kitwood/Getty
इमेज कैप्शन, होर्मुज़ स्ट्रेट बंद होने से कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित हुई है और क़ीमत तेज़ी से बढ़ रही है (सांकेतिक तस्वीर)
अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (आईईए)
ने 40 करोड़ बैरल तेल जारी करने के "अब तक के सबसे बड़े" रिलीज़ की
घोषणा की है.
एजेंसी ने कहा कि उसके 32 सदस्य देशों ने इस क़दम के पक्ष में
सर्वसम्मति से मतदान किया.
आईईए के कार्यकारी निदेशक फ़ातिह
बिरोल ने कहा, "तेल बाज़ार में जिन चुनौतियों का हम
सामना कर रहे हैं, वे अभूतपूर्व हैं. इसलिए मुझे खुशी
है कि आईईए के सदस्य देशों ने यह कार्रवाई की है."
आईईए का कहना है कि आपात भंडार से
तेल को बाज़ार में उस अवधि में उपलब्ध कराया जाएगा जो हर सदस्य देश की राष्ट्रीय
परिस्थितियों के अनुसार उपयुक्त होगी.
एजेंसी के मुताबिक़, यह छठवीं बार है जब आईईए ने तेल भंडार को समन्वित
तरीक़े से जारी करने को मंजूरी दी है. इससे पहले 1991, 2005, 2011 और 2022 में दो बार ऐसा किया
गया था.
आईईए ने यह भी बताया कि उसके सदस्य
देशों के पास 1.2 अरब बैरल से ज़्यादा का आपात तेल भंडार है.
इसके अलावा इंडस्ट्री
के पास सरकारी दायित्व के तहत अतिरिक्त 60 करोड़ बैरल का भंडार मौजूद है.
चीनी विदेश मंत्री और पाकिस्तानी डिप्टी पीएम के बीच फ़ोन पर क्या चर्चा हुई
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, दोनों देशों के नेताओं के बीच मध्य-पूर्व में जारी संघर्ष और पाकिस्तान-अफ़ग़ानिस्तान के बीच तनाव पर चर्चा हुई
चीन के विदेश मंत्री वांग यी और
पाकिस्तान के डिप्टी पीएम और विदेश मंत्री मोहम्मद इसहाक़ डार के बीच बुधवार को
फ़ोन पर बातचीत हुई है.
यह बातचीत मध्य-पूर्व में जारी
संघर्ष और वर्तमान स्थिति को लेकर हुई.
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान के मुताबिक़, वांग यी ने कहा कि आगे तनाव बढ़ने से
रोकने का तरीक़ा यही है कि 'अमेरिका
और इसराइल अपनी सैन्य कार्रवाई रोकें'.
बयान में कहा गया कि 'चीन खाड़ी देशों पर हमलों का समर्थन नहीं करता और
नागरिक सुविधाओं और बेगुनाह नागरिकों पर होने वाले सभी हमलों की निंदा करता है'.
इसके अलावा चीनी विदेश मंत्री ने
पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के बीच हाल में हुई सीमा झड़पों पर भी बात की.
वांग यी ने कहा कि चीनी विदेश
मंत्रालय के अफ़ग़ान मामलों के विशेष दूत पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के बीच
बातचीत को बढ़ावा देने के लिए काम कर रहे हैं.
इसके अलावा उन्होंने तुरंत तनाव
बढ़ने से रोकने और बातचीत की प्रक्रिया में वापस लौटने पर ज़ोर दिया.
अरविंद केजरीवाल ने शराब नीति मामले को दिल्ली हाई कोर्ट की दूसरी बेंच को सौंपने की मांग की
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, केजरीवाल और अन्य अभियुक्तों ने दिल्ली हाई कोर्ट की जज, जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा पर "पक्षपात" का आरोप लगाया है (फ़ाइल फ़ोटो)
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद
केजरीवाल और शराब नीति से जुड़े कथित भ्रष्टाचार मामले के अन्य अभियुक्तों ने
दिल्ली हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को एक पत्र लिखा है.
इस पत्र के ज़रिए उन्होंने इस मामले
को जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा से लेकर दूसरी पीठ को सौंपने की मांग की है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़,
आम आदमी पार्टी ने बुधवार को एक बयान में कहा कि
केजरीवाल और मनीष सिसोदिया सहित पार्टी के नेताओं ने मामले को हाई कोर्ट की
"निष्पक्ष" पीठ को ट्रांसफ़र करने की मांग की है.
बयान के मुताबिक़, केजरीवाल और अन्य ने दिल्ली हाई कोर्ट के मुख्य
न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय को लिखे पत्र में जस्टिस शर्मा पर
"पक्षपात" का आरोप लगाया है.
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और इस
मामले के 22 अन्य अभियुक्तों को हाल ही में सीबीआई की एक अदालत ने शराब नीति से
जुड़े भ्रष्टाचार मामले में सभी आरोपों से मुक्त कर दिया था.
सीबीआई ने ट्रायल कोर्ट के फ़ैसले को
चुनौती देते हुए हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसके बाद सोमवार को कोर्ट ने केजरीवाल और अन्य अभियुक्तों से उनका पक्ष मांगा था.
जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने सभी
अभियुक्तों को नोटिस जारी किया और सीबीआई की याचिका पर सुनवाई के लिए 16 मार्च की
तारीख़ तय की.
जस्टिस शर्मा ने मामले से जुड़े
सीबीआई अधिकारियों पर ट्रायल कोर्ट की टिप्पणियों पर भी रोक लगा दी है.
केरल: पीएम मोदी के विकास परियोजनाओं के उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर क्यों हो रहा विवाद, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने केरल में कई विकास परियोजनाओं की नींव रखी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल
विधानसभा चुनाव के लिए अपना प्रचार अभियान शुरू कर दिया है. इस दौरान उन्होंने
विकास परियोजनाओं के उद्घाटन कार्यक्रम से वाम मोर्चा के नेताओं को दूर रखा.
केरल पहुंचे पीएम मोदी ने कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया. इन कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के राज्य के मुख्यमंत्री
पिनाराई विजयन को आमंत्रित किया गया.
लेकिन हाईवे प्रोजेक्ट इवेंट से केरल के लोक निर्माण मंत्री मोहम्मद रियाज़ को दूर रखा
गया. रियाज़ सीएम पिनाराई विजयन के दामाद हैं.
इस सवाल पर केरल बीजेपी अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर
ने मीडिया को कोई ख़ास प्रतिक्रिया नहीं दी.
उन्होंने केवल इतना कहा कि
"मुख्यमंत्री के रिश्तेदारों" को कार्यक्रम में नहीं बुलाया जा सकता.
चंद्रशेखर ने कहा, "मुख्यमंत्री चाहें तो उनके लिए आमंत्रण मांग सकते
थे."
उन्होंने कहा, "क्या कोई नियम है कि मुख्यमंत्री के पूरे परिवार
को कार्यक्रम में बुलाया जाए. अगर मुख्यमंत्री चाहते थे कि उनके दामाद को भी
बुलाया जाए, तो उन्हें पहले ही यह बात कहनी चाहिए
थी."
केरल सरकार के मंत्री एमबी राजेश ने पलटवार करते हुए कहा कि बीजेपी राजनीतिक अभियान के लिए सार्वजनिक धन का
इस्तेमाल कर रही है.
पीएम मोदी ने बीपीएल की कोच्चि
रिफ़ाइनरी में पॉलीप्रोपिलीन प्लांट, एक ट्रेन
सर्विस और अन्य परियोजनाओं की आधारशिला रखी.
कार्टून : कतार वाली यादें
इमेज कैप्शन, ईरान जंग के चलते एलपीजी संकट पर आज का कार्टून.
मध्य-पूर्व के इन देशों में हुए नए हमले, यूएई और क़तर ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Fadel SENNA / AFP via Gett
इमेज कैप्शन, अमेरिका-इसराइल के हमले के जवाब में ईरान ने खाड़ी देशों को निशाना बनाया है (फ़ाइल फ़ोटो)
मध्य-पूर्व के कई देशों ने बुधवार को
उनके क्षेत्र में मिसाइल और ड्रोन हमलों की पुष्टि की है. इन देशों का कहना है कि
वे इन हमलों का जवाब दे रहे हैं.
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने कहा है
कि देशभर में उसके एयर डिफ़ेंस सिस्टम ईरान की ओर से हुए मिसाइल और ड्रोन हमलों का
जवाब दे रहे हैं.
रक्षा मंत्रालय का कहना है कि जो
आवाज़ें सुनी जा रही हैं, वे एयर
डिफ़ेंस सिस्टम की इंटरसेप्शन कार्रवाई का नतीजा हैं.
इससे पहले, बुधवार की सुबह अधिकारियों ने बताया था कि दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के
आसपास दो ईरानी ड्रोन गिरने से चार लोग घायल हुए थे. इनमें एक भारतीय भी है.
वहीं, क़तर के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि उसने एक 'मिसाइल हमले' को रोका
है.
यह बयान दोहा में कई धमाकों जैसी
आवाज़ें सुनाई देने की रिपोर्ट्स के बाद आया है. दोहा में मौजूद बीबीसी संवाददाता
बारबरा प्लेट अशर ने बुधवार सुबह बताया था कि क़तर की ओर होने वाले हमलों को रोक
दिया गया.
ओमान ने भी ड्रोन मार गिराने
की बात कही है.
ओमान की सरकारी समाचार एजेंसी ने एक
सुरक्षा सूत्र के हवाले से बताया है कि देश ने एक ड्रोन को मार गिराया, जबकि दूसरा समुद्र में गिर गया.
इससे पहले ईरान ने कहा था कि उसने
बड़े पैमाने पर एक और हमला शुरू किया है.
भारत सरकार ने एलपीजी गैस सप्लाई और कच्चे तेल के आयात पर दी यह अहम जानकारी
इमेज स्रोत, X/@PIB_India
इमेज कैप्शन, केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बताया कि घरेलू एलपीजी उत्पादन बढ़ा है
केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस
मंत्रालय ने कहा है कि भारत का '70
फ़ीसदी कच्चे तेल का आयात होर्मुज़ स्ट्रेट के बाहर के रास्ते' आ रहा है.
मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता
शर्मा ने यह जानकारी एक साझा प्रेस ब्रीफ़िंग में दी है. ब्रीफ़िंग में पेट्रोलियम
एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, शिपिंग
मंत्रालय, विदेश मंत्रालय और सूचना एवं प्रसारण
मंत्रालय के अधिकारी शामिल हुए.
सुजाता शर्मा ने कहा, "हम लगभग 40 देशों से क्रूड आयात करते हैं. तेल
कंपनियों ने विभिन्न स्रोतों से क्रूड मंगाया है. इस विविधता के कारण हमारा लगभग
70 फ़ीसदी क्रूड इंपोर्ट होर्मुज़ स्ट्रेट के बाहर के रास्ते आ रहा है, जो कि पहले 55 फ़ीसदी था."
उन्होंने कहा, "आज दो कार्गो भारत की ओर चल पड़े हैं. कुछ दिनों
के भीतर वे आ जाएंगे और देश में क्रूड सप्लाई की स्थिति को मज़बूती देंगे."
मंत्रालय ने यह भी बताया कि भारत में
घरेलू एलपीजी उत्पादन बढ़ा है, जिसे
पूरी तरह से घरेलू उपभोक्ताओं को दिया जा रहा है.
सुजाता शर्मा ने कहा, "वर्तमान समय में हम अपनी एलपीजी ज़रूरतों का 60
फ़ीसदी हिस्सा आयात करते हैं. इसमें से 90 फ़ीसदी हिस्सा होर्मुज़ स्ट्रेट के
रास्ते आता है. इस स्थिति से निपटने के लिए सरकार ने कई क़दम उठाए हैं. जैसे कि
भारत सरकार ने आठ मार्च को आदेश जारी कर सभी रिफ़ाइनरीज़ और पेट्रोकेमिकल
कॉम्प्लेक्सेज़ को एलपीजी उत्पादन को ज़्यादा से ज़्यादा बढ़ाने का आदेश
दिया."
उन्होंने कहा, "इन्हीं प्रयासों की वजह से हमारा घरेलू एलपीजी
उत्पादन 25 फ़ीसदी बढ़ा है और पूरे घरेलू एलपीजी को घरेलू उपभोक्ताओं को भेजा जा
रहा है. ग़ैर-घरेलू एलपीजी के लिए अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों जैसे ज़रूरी
सेक्टर को प्राथमिकता दी जा रही है."
शिपिंग मंत्रालय ने क्या बताया?
इमेज स्रोत, X/@PIB_India
इमेज कैप्शन, शिपिंग मंत्रालय के अधिकारी ने होर्मुज़ स्ट्रेट के नज़दीक मौजूद भारतीय जहाज़ों के बारे में जानकारी दी
शिपिंग मंत्रालय के अधिकारी राजेश कुमार सिन्हा ने बताया, "फ़ारस की खाड़ी क्षेत्र में भारत के झंडे वाले 28 जहाज़ संचालित हो रहे हैं. इन 28 जहाज़ों में से 24 होर्मुज़ स्ट्रेट के पश्चिम में हैं. इन जहाज़ों पर कुल 677 नाविक सवार हैं."
उन्होंने कहा, "होर्मुज़ स्ट्रेट के पूर्व में चार जहाज़ हैं, जिन पर 101 भारतीय नाविक सवार हैं."
बांग्लादेश ने पहले वनडे मैच में पाकिस्तान को दी बड़ी शिकस्त
इमेज स्रोत, MUNIR UZ ZAMAN / AFP via Getty
इमेज कैप्शन, तान्ज़िद हसन ने पांच छक्के और सात चौके जड़े
बांग्लादेश ने पहले वनडे मैच में
पाकिस्तान को बड़े अंतर से हराया है. इसी के साथ बांग्लादेश तीन मैचों की वनडे
सिरीज़ में 1-0 से आगे हो गया है.
ढाका के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में
खेले गए इस मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी थी. उसका यह
फ़ैसला सही साबित हुआ और पाकिस्तानी टीम 30.4 ओवरों में महज़ 114 रन पर ढेर हो गई.
पाकिस्तान के लिए फ़हीम अशरफ़ ने
सबसे अधिक 37 रन बनाए. उनके अलावा साहिबज़ादा फ़रहान ने 27 रन की पारी खेली.
बांग्लादेश के लिए नाहिद राणा ने
सबसे अधिक पांच विकेट झटके. वहीं मेहदी हसन मिराज़ के खाते में तीन विकेट,
जबकि तस्किन अहमद और मुस्तफ़िज़ुर रहमान को एक-एक
विकेट मिले.
115 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी
बांग्लादेश की टीम ने महज़ 15.1 ओवर पर दो विकेट खोकर जीत अपने नाम कर ली.
ओपनर बल्लेबाज़ तान्ज़िद हसन ने 42
गेंदों में 67 रन की तेज़ पारी खेली. उन्होंने पांच छक्के और सात चौके जड़े और वह
नॉटआउट रहे.
उनके अलावा नजमुल हुसैन शांतो ने 27
रन बनाए.
ब्रेकिंग न्यूज़, आईपीएल के मैचों का हुआ एलान, इस दिन होगा टूर्नामेंट का आग़ाज़
इमेज स्रोत, SAJJAD HUSSAIN/AFP via Getty
इमेज कैप्शन, पहला मैच आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होगा (फ़ाइल फ़ोटो)
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026
के शुरुआती 20 मैचों के शेड्यूल का एलान हो गया है. ये मैच 28 मार्च से 12 अप्रैल
तक खेले जाएंगे.
आईपीएल के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज
पर कहा गया है कि बाक़ी के मैचों के शेड्यूल का एलान तीन राज्यों में होने वाले
विधानसभा चुनाव की तारीख़ों की घोषणा के बाद किया जाएगा.
इस साल आईपीएल का पहला मैच रॉयल
चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा. यह मैच 28
मार्च को बेंगलुरु में शाम 7:30 बजे से होगा.
यह आईपीएल का 19वां सीज़न होगा. पिछले
साल यानी 18वें सीज़न में आरसीबी ने ख़िताब जीता था.
मध्य-पूर्व में चल रहे संघर्ष में भारतीय नागरिकों की मौत पर विदेश मंत्रालय ने क्या कहा
इमेज स्रोत, X/@PIB_India
इमेज कैप्शन, रणधीर जायसवाल ने बताया कि अधिकारी दुबई में घायल हुए भारतीय नागरिक के संपर्क में हैं
मध्य-पूर्व में जारी संघर्ष और
ऊर्जा संकट को लेकर भारत सरकार के मंत्रालयों ने बुधवार को संयुक्त प्रेस
ब्रीफ़िंग आयोजित की.
इस ब्रीफ़िंग में भारत सरकार की ओर
से उठाए गए क़दमों के बारे में जानकारी दी गई.
इस ब्रीफ़िंग में पेट्रोलियम एवं
नेचुरल गैस मंत्रालय, शिपिंग मंत्रालय, विदेश मंत्रालय और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के
अधिकारी शामिल हुए.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया, "कुछ
लोगों की मौत की रिपोर्ट्स आई हैं. हमारे दो नागरिकों की मौत हुई है और एक लापता
हैं. हम उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं. ये घटनाएं उस वक़्त हुई
जब वे मर्चेंट जहाज़ों पर सवार थे, जिन पर
हमला हुआ था."
उन्होंने कहा, "खाड़ी क्षेत्र में कुछ भारतीय घायल हुए हैं और
उनका इलाज किया जा रहा है. हम उनके संपर्क में है."
रणधीर जायसवाल ने दुबई में ड्रोन
गिरने की घटना में घायल हुए भारतीय नागरिक का भी ज़िक्र किया.
उन्होंने कहा, "आज सुबह आपने रिपोर्ट्स देखी होंगी कि दुबई में
एक भारतीय नागरिक घायल हुए हैं. वह हमारे संपर्क में हैं और उनका इलाज
चल रहा है."
दुबई एयरपोर्ट के पास गिरे दो ड्रोन, एक भारतीय समेत चार लोग घायल
इमेज स्रोत, Fadel SENNA / AFP via Getty
इमेज कैप्शन, अधिकारियों का कहना है कि हवाई यातायात सामान्य रूप से चल रहा है (सांकेतिक तस्वीर)
दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नज़दीक
दो ड्रोन गिरने से चार लोग घायल हो गए हैं. दुबई मीडिया ऑफ़िस ने सोशल मीडिया पर
यह जानकारी दी है.
ऑफ़िस का कहना है कि इस घटना में एक
भारतीय नागरिक को "कुछ चोटें" आई हैं. इसके अलावा घाना के दो नागरिकों
और एक बांग्लादेशी नागरिक को भी "हल्की चोटें" आई हैं.
अधिकारियों के मुताबिक़, हवाई यातायात सामान्य रूप से चल रहा है.
दुबई में मौजूद बीबीसी संवाददाता निक
बीक ने बताया कि एयरपोर्ट पर मौजूद एक यात्री ने उन्हें बताया कि यात्रियों से
कांच की खिड़कियों से दूर रहने और अधिक सुरक्षित जगह पर रहने को कहा गया है.
होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़र रहे थाईलैंड के कार्गो शिप पर हमला, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
इमेज स्रोत, Royal Thai Navy
इमेज कैप्शन, यह जहाज़ यूएई से रवाना हुआ था
थाईलैंड की नेवी का कहना है कि
स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ से गुज़र रहे थाई झंडे वाले एक कार्गो जहाज़ पर हमला हुआ है
और जहाज़ के क्रू को बचाने के लिए ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
रॉयल थाई नेवी ने एक बयान में कहा कि
जहाज़ पर 23 थाई क्रू मेंबर सवार थे.
थाई अधिकारियों के मुताबिक़, ओमान की नौसेना ने 20 क्रू सदस्यों को बचा लिया है और बाक़ी तीन को बचाने की प्रक्रिया जारी है.
थाई नेवी ने बताया कि अधिकारियों
को इस घटना की शुरुआती जानकारी लगभग 11:00 बजे मिली, हालांकि बयान में टाइम ज़ोन का ज़िक्र नहीं किया गया है.
बयान में यह भी कहा गया कि यूएई के अबू धाबी के ख़लीफ़ा पोर्ट से जहाज़ के रवाना होने के कुछ घंटे बाद हमला
हुआ.
बयान के मुताबिक़, हमले के कारणों की अभी जांच की जा रही है.
अब तक यह जानकारी भी सामने नहीं आई
है कि थाई कार्गो शिप पर हमला किसने किया है.
इमेज स्रोत, Royal Thai Navy
इमेज कैप्शन, जहाज़ पर 23 थाई क्रू मेंबर सवार थे
थाईलैंड के एयरपोर्ट पर लैंडिंग के वक़्त एयर इंडिया एक्सप्रेस विमान का नोज़ व्हील टूटा
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, पीटीआई ने एक अधिकारी के हवाले से बताया है कि इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है (सांकेतिक तस्वीर)
थाईलैंड के फुकेट अंतरराष्ट्रीय
एयरपोर्ट पर बुधवार को लैंडिंग के वक्त एयर इंडिया एक्सप्रेस के एक विमान के नोज़ व्हील अलग
हो गए.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स और पीटीआई ने
इस ख़बर की पुष्टि की है.
पीटीआई ने डीजीसीए के एक वरिष्ठ
अधिकारी के हवाले से बताया है कि विमान को लैंडिंग के वक़्त परेशानी हुई और उसके 'दोनों नोज़ व्हील अलग हो गए'.
एयर इंडिया एक्सप्रेस का यह 'बोइंग 737 मैक्स' विमान हैदराबाद से फुकेट जा रहा था.
अधिकारी के मुताबिक़, इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है और
यात्रियों को विमान से उतारकर टर्मिनल की इमारत में ले जाया गया है.
रॉयटर्स ने बताया है कि फुकेट
एयरपोर्ट के रनवे को अस्थायी तौर पर बंद किया गया है, जिससे कि इंडिया एक्सप्रेस के ख़राब विमान को हटाया जा सके.
ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई के घायल होने की रिपोर्ट्स के बीच आया ये बयान
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, मोजतबा ख़ामेनेई अपनी नियुक्ति के बाद से सार्वजनिक तौर पर नज़र नहीं आए हैं
ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा
ख़ामेनेई के घायल होने की ख़बरों के बीच ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान के
बेटे ने उनके स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी दी है.
पेज़ेश्कियान के बेटे यूसुफ़
पेज़ेश्कियान का कहना है कि मोजतबा ख़ामेनेई "सुरक्षित" हैं. यूसुफ़ पेज़ेश्कियान ने टेलीग्राम पर
लिखा कि उन्होंने "कुछ रिपोर्ट्स सुनीं", जिनमें कहा गया था कि सुप्रीम लीडर घायल हो गए हैं.
उन्होंने लिखा, "मैंने कुछ दोस्तों से पूछा जिनके पास उचित संपर्क
थे, और उन्होंने कहा कि 'वे सुरक्षित हैं और कोई समस्या नहीं है'."
मोजतबा ख़ामेनेई ने अपनी नियुक्ति
के बाद से अब तक कोई बयान जारी नहीं किया है और न ही सार्वजनिक रूप से सामने आए
हैं.
राहुल गांधी ने लोकसभा में 'नहीं बोलने देने' का लगाया आरोप, रविशंकर प्रसाद क्या बोले
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, संसद के कार्यवाही के दौरान बुधवार को काफ़ी नोकझोंक देखने को मिली
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल
गांधी ने एक बार फिर यह आरोप लगाया है कि उन्हें 'सदन में बोलने नहीं दिया जाता' है.
बजट सत्र के दूसरे हिस्से में लोकसभा
की कार्यवाही के दौरान बुधवार को राहुल गांधी ने कहा, "जब भी हम बोलने के लिए खड़े होते हैं, हमें रोका जाता है. ऐसा कई बार हुआ. पिछली बार जब मैं बोल रहा था तो
मैंने हमारे प्रधानमंत्री की ओर से किए गए समझौतों से जुड़े कुछ बुनियादी सवाल
पूछे."
उन्होंने कहा, "कई बार मुझे बोलने से रोका गया. कुछ दिन पहले ही
एक बहस के दौरान विपक्ष के नेता को नहीं बोलने दिया गया. ऐसा हमारे इतिहास में
पहली बार हुआ."
कांग्रेस नेता ने कहा, "पिछली बार मैंने प्रधानमंत्री के समझौतों का मुद्दा उठाया, मिस्टर नरवणे से जुड़ा मुद्दा उठाया,
एपस्टीन का मुद्दा उठाया और अडानी का मुद्दा
उठाया. मुझे चुप करा दिया गया."
वहीं बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने
नेता प्रतिपक्ष पर सदन में उनके 'सही आचरण
न करने' का आरोप लगाया.
रविशंकर प्रसाद ने लोकसभा में कहा,
"विपक्ष के नेता से कैसे आचरण की
उम्मीद की जाती है वह बहुत महत्वपूर्ण है."
उन्होंने कहा कि 'वेणुगोपाल जी नेता प्रतिपक्ष को सदन के नियम पढ़ाएं'.
अमेरिकी राजदूत ने तेल की क़ीमतों और भारत के रूसी तेल ख़रीदने पर क्या कहा
इमेज स्रोत, Nazir Aliyev Tayfur/Anadolu via Getty
इमेज कैप्शन, सर्जियो गोर ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे बड़े तेल उपभोक्ताओं और रिफ़ाइनर्स में से एक है (फ़ाइल फ़ोटो)
भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो
गोर ने कहा है कि दुनियाभर में तेल की क़ीमतों में स्थिरता बनाए रखने में 'भारत एक अहम साझेदार' है.
उन्होंने भारत की ओर से रूसी तेल
ख़रीद को लेकर भी बयान दिया है.
सर्जियो गोर ने एक्स पर लिखा,
"भारत दुनियाभर में तेल की क़ीमतों को
स्थिर बनाए रखने में एक अहम साझेदार रहा है. अमेरिका यह मानता है कि रूस से तेल की
चल रही ख़रीदारी भी इसी प्रयास का हिस्सा है."
उन्होंने यह भी कहा, "भारत दुनिया के सबसे बड़े तेल उपभोक्ताओं और
रिफ़ाइनर्स में से एक है. अमेरिकियों और भारतीयों के लिए बाज़ार में स्थिरता बनाए
रखने के लिए अमेरिका और भारत का साथ मिलकर काम करना ज़रूरी है."
बीते दिनों अमेरिका ने भारत को
प्रतिबंधित रूसी तेल ख़रीद के लिए '30 दिन
की छूट' दी है. अमेरिका का कहना है कि उसने
यह क़दम वैश्विक बाज़ार में तेल की क़ीमतों को स्थिर बनाए रखने के लिए उठाया है.
वहीं भारत की ओर से इस पर कोई स्पष्ट
टिप्पणी नहीं आई है. भारत का कहना है कि वह अपने फ़ैसले 'देश के हितों को ध्यान में रखते हुए' करता है.
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
सुप्रीम कोर्ट ने पहली बार इस मामले में दी इच्छा मृत्यु की मंज़ूरी
इमेज स्रोत, Getty Images
सुप्रीम कोर्ट ने पहली बार 'पैसिव यूथेनेशिया' (इच्छा मृत्यु) की इजाज़त देते हुए बुधवार को एक बड़ा फै़सला सुनाया.
बार एंड बेंच और न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, कोर्ट ने 12 साल से ज़्यादा समय से कोमा में पड़े एक 32 साल के व्यक्ति का लाइफ सपोर्ट (जीवन रक्षक मशीनें) हटाने की मंजूरी दे दी है.
जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस केवी विश्वनाथन की पीठ ने इस भावनात्मक और लंबे समय से चर्चा में रहे मुद्दे पर फै़सला सुनाया. सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से पैसिव यूथेनेशिया पर व्यापक क़ानून बनाने पर विचार करने को भी कहा है.
कोर्ट ने एम्स-दिल्ली को यह भी निर्देश दिया है कि लाइफ सपोर्ट हटाने के लिए एक ख़ास योजना तैयार की जाए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि पूरी प्रक्रिया के दौरान मरीज की गरिमा और सम्मान बना रहे.
पैसिव यूथेनेशिया क्या है?
पैसिव यूथेनेशिया यानी अगर कोई मरीज़ सालों साल बिस्तर पर है, कोमा में हैं और उसके ठीक होने की संभावना पूरी तरह ख़त्म हो चुकी है और वो सिर्फ़ लाइफ़ सपोर्ट सिस्टम पर ज़िंदा है तो उसका लाइफ़ सपोर्ट सिस्टम हटाया जा सकता है.