डोनाल्ड ट्रंप का अमेरिकी संसद में संबोधन, डेमोक्रेटिक सांसदों ने क्यों किया विरोध

इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप संसद यानी कांग्रेस में अपना वार्षिक 'स्टेट ऑफ़ द यूनियन' संबोधन दे रहे हैं. इस दौरान सदन में सांसदों की कई सीटें खाली दिखीं.
विरोध कर रहे ज़्यादातर डेमोक्रेट सांसद सदन में मौजूद नहीं हैं. क़रीब 50 सांसदों की ओर से बहिष्कार की ख़बरें हैं.
ट्रंप के संबोधन से पहले टेक्सस से डेमोक्रेटिक सांसद अल ग्रीन को संसद से बाहर ले जाया गया है.
ट्रंप के सदन में एंट्री करने के समय से ही ग्रीन एक तख्ती पकड़े हुए थे. वह काले लोगों के साथ हो रहे भेदभाव को लेकर अपना विरोध जता रहे थे.
यह विरोध उस नस्लवादी वीडियो के संदर्भ में था, जिसे ट्रंप ने साझा किया था. इस वीडियो में अमेरिका के पहले काले राष्ट्रपति बराक़ ओबामा को एक 'बंदर' के रूप में दिखाया गया था.
ग्रीन को पिछले साल भी ट्रंप के भाषण में खलल डालने के कारण बाहर किया गया था.


