स्पेन में शादी की उम्र 14 से बढ़कर 16 हुई

इमेज स्रोत, BBC World Service

स्पेन में शादी की उम्र 14 साल से बढ़ाकर 16 साल कर दी गई है. पूरे यूरोप में स्पेन में शादी करने की न्यूनतम उम्र सबसे कम थी.

इससे पहले स्पेन में 14 वर्ष के लड़के-लड़कियों को किसी जज की अनुमति से शादी करने का अधिकार था.

लेकिन अब वहां शादी की उम्र ज्यादातर यूरोपीय देशों के बराबर ही हो गई है.

सरकार ने अप्रैल 2013 में घोषणा की थी कि वो शादी से जुड़े क़ानून में बदलाव करने वाली है, लेकिन इसे गुरुवार को लागू किया गया.

यूनिसेफ़ और बच्चों के लिए काम करने वाले समूहों ने इस फ़ैसले का स्वागत किया है.

स्पेनिश अख़बार अल पेस के मुताबिक स्पेन में 2000 से 2014 के बीच सिर्फ़ 365 शादियां ही ऐसी थीं जिनमें शादी करने वालों की उम्र 16 साल से कम थी जबकि 2014 में तो ऐसी शादियों की संख्या सिर्फ़ पांच थी.

स्पेन में हाल के वर्षों में शादी की औसत उम्र बढ़ी है.

एक अध्ययन के मुताबिक़ कैटोलानिया इलाक़े में 2013 के दौरान पुरूषों के लिए शादी की औसत उम्र 33.6 साल देखी गई जबकि महिलाओं में ये उम्र 32.6 साल पाई गई.

इससे दस साल पहले पुरूषों के लिए शादी की औसत उम्र 30.7 साल थी जबकि महिलाओं के लिए 28.7 साल.

(<bold>बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक करें.</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>