ट्रंप का दावा, उनके कहने पर क़तर से अलग हुए हैं मुस्लिम देश

डोनल्ड ट्रंप

इमेज स्रोत, AFP

अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि उनके कहने पर ही कथित तौर से आतंकवाद का समर्थन करने वाले क़तर को मुस्लिम देशों ने अलग-थलग कर दिया है.

ट्रंप का दावा है कि उनके कहने पर ही सऊदी अरब, बहरीन, संयुक्त अरब अमीरात, यमन, लीबिया और मालदीव ने अपने कूटनीतिक और राजनयिक संबंध ख़त्म कर लिए हैं.

ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने अपनी हालिया यात्रा के दौरान सऊदी अरब को कहा था कि क़तर "अतिवादी विचारधारा" का समर्थन कर रहा है और उन्हें फ़ंड दे रहा है.

ट्रंप ने कहा है कि उनके लौटते ही, उनकी हालिया सऊदी अरब यात्रा का असर भी दिखने लगा है.

सऊदी अरब यात्रा के लगभग दो सप्ताह बाद आई अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की इस टिप्पणी को तमाम विश्लेषक काफ़ी गंभीरता से ले रहे हैं और महत्वपूर्ण मान रहे हैं.

ट्रंप

इमेज स्रोत, Twitter

सऊदी अरब की राजधानी रियाद में दिए अपने भाषण में ट्रंप ने ईरान को मध्य-पूर्व में अस्थिरता का दोषी ठहराया था. साथ ही मुस्लिम देशों से कट्टरपंथ के ख़िलाफ़ खड़े होने का आग्रह किया था.

इस संबंध में अमरीकी राष्ट्रपति ने मंगलवार को एक ट्वीट भी किया. इसमें उन्होंने लिखा, "मैंने तमाम मुस्लिम देशों की कट्टरपंथी विचारधारा को चुनौती देने को कहा था और अब इसका असर भी दिख रहा है."

क़तर संकट: कुछ हवाई सेवाएं रद्द होने से लोग प्रभावित

क़तर

इमेज स्रोत, AFP

छह अरब देशों के साथ क़तर के राजनयिक संबंध टूटने के बाद दोहा (क़तर) जाने-आने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

सयुंक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, मिस्र, बहरीन, यमन और लीबिया ने क़तर के लिए अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया है.

क्या कन्फ़र्म टिकट पर सफ़र कर सकते हैं?

क़तर एयरवेज ने सयुंक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, बहरीन और मिस्र जाने वाली सभी हवाई सेवाओं को निरस्त कर दिया है.

कंपनी का कहना है कि पांच से छह जून के बीच यात्रा का कन्फ़र्म टिकट करा चुके सभी यात्रियों को यात्रा न करने पर पूरे पैसे वापस मिलेंगे.

क़तर

इमेज स्रोत, Getty Images

क्या क़तर से होकर जाने वाली उड़ानों पर होगा असर?

क़तर एयरवेज ने कहा है कि क़तर से होकर गुज़रने वाली सभी उड़ाने सामान्य रूप से चलती रहेंगी.

क़तर

इमेज स्रोत, FLIGHTRADAR24.COM

मसलन, सिंगापुर से दोहा होते हुए लंदन जाने वाली किसी भी फ़्लाइट पर इस विवाद का कोई असर नहीं होगा.

अन्य एयरलाइंस पर कोई प्रभाव?

अगर आप सयुंक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, मिस्र और बहरीन से क़तर जाना चाहते हैं, तो ऐसा फ़िलहाल मुमकिन नहीं है. क़तर और इन देशों के बीच सभी उड़ाने रद्द कर दी गई हैं.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)