सरहद बनी प्यार की दुश्मन

दो दिन बाद उसकी शादी थी लेकिन इससे पहले वो अपने प्रेमी को एक झलक देखना चाहती थी, उससे मिलना चाहती थी.
दरअसल ये किस्सा है भारत प्रशासित जम्मू-कश्मीर के ज़िले पुंछ में रहने वाली इरम फातिमा का जिसे मोहब्बत थी सरहद पार पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में रहने वाले एक लड़के से.
ये मोहब्बत फ़ेसबुक पर परवान चढ़ी थी.
इस लड़के की दीवानी इरम फातिमा अपनी शादी से ठीक दो दिन पहले उससे मिलने के लिए घर से भाग गई ताकि वो नियंत्रण रेखा पार कर अपने प्रेमी से मिल सके.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक फातिमा अपने माता-पिता द्वारा तय की गई शादी के ख़िलाफ़ थी. उनकी शादी इसी आठ नवंबर को होनी थी.
नियंत्रण रेखा
लेकिन फातिमा को ये मंजूर नहीं थी और उसने नियंत्रण रेखा पार कर पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर जाने की सोची लेकिन वो अपने मकसद में कामयाब नहीं हो पाई.
अधिकारियों का कहना है कि फातिमा जिस लड़के से मिलने जा रही थी वो उसका रिश्तेदार है और उससे मिलने के लिए वो पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर जाने के लिए सीमा पार करने की कोशिश कर रही थी.
फातिमा को सुरक्षा अधिकारियों ने पुंछ ज़िले में गिरफ्तार कर लिया.
अधिकारियों के अनुसार फातिमा जिस लड़के से मिलने जा रही थी वो अन्य रिश्तेदारों के साथ पिछले साल उसके गांव आया था और उसके बाद से ये लोग फ़ेसबुक पर एकदूसरे संपर्क बनाए हुए थे.
अब फातिमा को सुरक्षा अधिकारियों ने पुलिस के हवाले कर दिया है.












