ड्रोन और एआई तकनीक किस तरह से हाथियों को ट्रेन की चपेट में आने से बचा रही है

- Author, जेवियर सेल्वकुमार
- पदनाम, बीबीसी तमिल
- पढ़ने का समय: 9 मिनट
कोयंबटूर वन अभयारण्य में हाथियों को रेलवे ट्रैक के पास आने से रोकने के लिए एआई तकनीक, मानवरहित ड्रोन कैमरों और निगरानी ड्रोन की मदद से एक नई परियोजना शुरू की गई है.
बीबीसी तमिल की एक पड़ताल से पता चला है कि ये ड्रोन चौबीसों घंटे दो रेलवे ट्रैक की निगरानी करते हैं और रेलवे ट्रैक के पास आने वाले हाथियों को भगाने के लिए सायरन का इस्तेमाल करते हैं.
केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत में 2010 से 2024 के बीच ट्रेनों से टकराकर 186 हाथियों की मौत हुई.
रिपोर्ट में कहा गया है कि केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय, रेल मंत्रालय और राज्य वन विभागों की ओर से की गई एक संयुक्त स्टडी में पाया गया कि 77 रेलवे लाइनों पर वन्यजीवों की मृत्यु दर बहुत अधिक थी.
साथ ही इस स्टडी में कई ढांचागत बदलावों और संशोधनों की सिफ़ारिश की गई थी.
बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
इस स्टडी में पाया गया कि तमिलनाडु-केरल सीमा पर वन क्षेत्रों में स्थित दो रेलवे लाइनों पर ट्रेन से टकराने के कारण हाथियों की बड़ी संख्या में मौतें हुईं.
वन विभाग का कहना है कि तमिलनाडु सीमा पर स्थित एट्टिमाडाई रेलवे स्टेशन और केरल सीमा पर स्थित वलयार रेलवे स्टेशन के बीच 7 किलोमीटर की दूरी पर दो रेलवे लाइनें (ए और बी) हैं. ये दोनों रेलवे लाइनें मदुक्कराई वन अभयारण्य और चोलक्कराई अभयारण्य को तीन भागों में बांटती हैं.
वन अधिकारियों ने बीबीसी को बताया कि 2008 से 2021 के बीच छह ट्रेन दुर्घटनाओं में 11 हाथियों की मौत हो चुकी है.
इसके बाद, अदालत के आदेश के बाद, वन विभाग और रेलवे विभाग के बीच बातचीत हुई और ट्रेन दुर्घटनाओं के कारण हाथियों की मौत को रोकने के लिए विभिन्न प्रयास किए गए.
तमिलनाडु में बचाव की कोशिशें

तमिलनाडु के जंगलों में रेलवे ट्रैक के किनारे लोहे की भारी बाड़ लगाई गई है. रेलवे विभाग ने हाथियों को जंगल के एक छोर से दूसरे छोर तक सुरक्षित रूप से पार कराने के लिए रेलवे ट्रैक के नीचे दो अंडर पास बनाए गए हैं.
जब हाथी रेल की पटरियों के किनारे आ जाते थे, तो उन्हें सर्चलाइट और पटाखों से भगाने के लिए ट्रैक वॉचर्स नियुक्त किए जाते थे.
यह प्रयास कुछ हद तक सफल रहा. हालांकि, ट्रेनों के आने पर हाथियों का पता लगाने और उन्हें भगाने के लिए 7 किलोमीटर की दूरी पर स्थित दो रेलवे लाइनों पर कर्मचारियों की तैनाती में कई व्यावहारिक कठिनाइयाँ थीं.
तमिलनाडु वन विभाग ने 2023 में हाथियों की निगरानी के लिए आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक का उपयोग करने की योजना बनाई थी. इसके लिए, वलियार के पास नवक्कराई वन क्षेत्र में एक एआई नियंत्रण केंद्र स्थापित किया गया था.
एआई नियंत्रण केंद्र कैसे काम करता है?

तमिलनाडु वन विभाग ने 2023 में हाथियों की निगरानी के लिए एआई तकनीक का उपयोग करने की योजना बनाई थी. इसके लिए, वलियार के पास नवक्कराई वन क्षेत्र में एक एआई नियंत्रण केंद्र स्थापित किया गया था.
रूट ए और बी पर कैमरे लगाए गए हैं. ये कैमरे थर्मल इमेजिंग कैमरे हैं यानी हाथियों के शरीर की गर्मी से रात को भी उनका पता लगाने में सक्षम हैं. ये कैमरे एआई नियंत्रण केंद्र से जुड़े हुए हैं. हर कैमरे की 24 घंटे दो-दो व्यक्ति निगरानी कर रहे हैं.
एआई कंट्रोल सेंटर के कर्मचारी संतोष ने बीबीसी तमिल को बताया, "जब हाथी रेलवे ट्रैक के पास आते हैं, तो केंद्र में एक अलार्म बजता है. एआई तकनीक तुरंत पता लगा लेती है कि हाथी किस रास्ते पर, किस स्थान पर और कितनी दूरी पर हैं, और स्वचालित रूप से रेलवे विभाग को संदेश भेज देती है."
"स्टेशन मैनेजर तुरंत लोको पायलट को सूचना देते हैं और ट्रेन को एक विशिष्ट क्षेत्र में रोकने या बहुत धीमी गति से चलाने की कार्रवाई की जाती है. साथ ही, यह सूचना तमिलनाडु वन विभाग के वन अधिकारी को भी भेजी जाती है. इन दोनों मार्गों पर 25 ट्रैक वॉचर तैनात रहते हैं. उन्हें सूचित किया जाता है और रेलवे ट्रैक के पास मौजूद हाथियों को भगाने के प्रयास किए जाते हैं."
"यह केंद्र फरवरी 2024 से कार्यरत है. तब से, तमिलनाडु वन विभाग और रेलवे विभाग के इस संयुक्त प्रयास ने इन दोनों रेलवे लाइनों को पार करते समय हाथियों के ट्रेन की चपेट में आने और जंगली हाथी की मौत होने की 8,750 संभावित घटनाओं को रोका है."

इमेज स्रोत, MANJUNATH KIRAN/AFP via Getty Images
नियंत्रण केंद्र के रख-रखाव प्रबंधक और वन विभाग के तकनीकी सहायक नित्यानंदम ने कहा, "रेलवे विभाग का योगदान महत्वपूर्ण है. 2021 तक, जब एक ही दिन में ट्रेन दुर्घटना में तीन हाथियों की मौत हो गई थी, इस क्षेत्र में सुपरफास्ट ट्रेनें 100-120 कि.मी. प्रति घंटे की रफ्तार से और मालगाड़ियां 60-70 कि.मी. प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थीं. उसके बाद, उनकी रफ़्तार को घटाकर क्रमशः 40-45 कि.मी. प्रति घंटे और 25-30 कि.मी. प्रति घंटे कर दिया गया है."
एआई नियंत्रण केंद्र के कर्मचारियों ने कहा कि गति में इस कमी के कारण, एआई नियंत्रण केंद्र से जानकारी प्राप्त होने के बाद, ट्रेन हाथियों से टकराने से बचने के लिए रुक सकती है या धीरे-धीरे गुज़र सकती है.
तमिलनाडु की वन सचिव सुप्रिया साहू भी लगातार अपने सोशल मीडिया पेज पर विस्तृत जानकारी पोस्ट कर रही हैं, जिसमें उन्होंने बताया है कि केंद्र के संचालन शुरू होने के बाद से जंगली हाथी के ट्रेन की चपेट में आने की एक भी घटना सामने नहीं आई है.
कैसे की जाती है निगरानी

तमिलनाडु वन विभाग ने रेलवे ट्रैक के पास आने वाले हाथियों को रोकने और भगाने के लिए उसी एआई तकनीक का उपयोग करते हुए एक नई परियोजना लागू की है.
तमिलनाडु वन विभाग ने तमिलनाडु उच्च शिक्षा विभाग के अधीन कार्यरत तमिलनाडु मानवरहित हवाई वाहन निगम (टीएनयूएवीटीसी) के सहयोग से 8.3 करोड़ रुपये की लागत से इस परियोजना को शुरू किया.
इस उद्देश्य के लिए, मानवरहित हवाई वाहन निगम ने एक निजी कंपनी की मदद से इस परियोजना के लिए तार से जुड़े 3 ड्रोन और 3 निगरानी ड्रोन विकसित किए हैं.
नवक्कराई में पहले से कार्यरत एआई नियंत्रण केंद्र के पास इस उद्देश्य के लिए एक अलग नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है. साथ ही, दोनों रेलवे लाइनों की निगरानी के लिए उनके निकटवर्ती वन क्षेत्र में तीन स्थानों पर नए वॉच टावर भी बनाए गए हैं.
तीनों स्थानों से केबलों की सहायता से बिजली से जुड़े तीन ड्रोन 24 घंटे, सातों दिन 100-150 मीटर की ऊंचाई पर एक ही स्थान पर उड़ान भर रहे हैं. बिजली कटौती की स्थिति में लगातार 6 घंटे तक चलने के लिए एक जनरेटर की सुविधा भी स्थापित की गई है.
एआई तकनीक पर चलने वाले ड्रोन पर लगे कैमरे, उनसे जुड़े लैपटॉप पर दोनों पटरियों के आस-पास के क्षेत्रों और वन क्षेत्रों को दिखाते हैं. ये लैपटॉप नियंत्रण कक्ष से जुड़े होते हैं. ये कैमरे थर्मल मोड में भी रात के समय सटीक तस्वीरें दिखा सकते हैं.

निगम के ड्रोन इंजीनियर बालमुरुगन ने बीबीसी तमिल को बताया, "इस प्रकार के वायर्ड ड्रोन में लगी मोटर डीसी बिजली से चलती है, इसलिए यह गर्म नहीं होती. इसमें जीपीएस लगा है. इसलिए, यह भूगोल से संबंधित सभी जानकारी सटीक रूप से देता है. यह ड्रोन भारी बारिश में भी काम कर सकता है. यह केवल बहुत तेज़ हवा और बारिश में ही विफल होता है."
बालमुरुगन ने बताया, "इसमें लगा ज़ूम कैमरा 180 डिग्री पर निगरानी करता है. वीडियो कंट्रोल यूनिट में रिकॉर्ड किया गया फुटेज लैपटॉप के ज़रिए कंट्रोल रूम में आता है. इस तरह सभी ड्रोन की जानकारी कंट्रोल रूम में दर्ज हो जाती है."
"यह ड्रोन एक ही जगह से 2.5 किलोमीटर चौड़ी रेलवे ट्रैक की निगरानी कर सकता है. यह न सिर्फ रेलवे ट्रैक की निगरानी कर सकता है, बल्कि उन इलाकों में हाथियों की आवाजाही पर भी नज़र रख सकता है जहां लोग आते-जाते हैं और उनका पीछा भी कर सकता है."
रेलवे ट्रैक के दोनों ओर 100 मीटर की दूरी को रेड ज़ोन में और 200-300 मीटर के बीच के क्षेत्रों को ऑरेंज ज़ोन में बांटा गया है.
मदुक्कराई वन अभयारण्य के चोलक्कराई आरक्षित क्षेत्र में स्थापित तीन निगरानी टावरों पर कुल 18 लोग, हर एक में 2 व्यक्ति, तीन शिफ्टों में 24 घंटे इन ड्रोनों का संचालन कर रहे हैं. तार वाले ड्रोनों के अलावा, बैटरी से चलने वाले ड्रोनों का भी निगरानी के लिए उपयोग किया जा रहा है.
ड्रोन से ऐसे भगाए जाते हैं हाथी

ड्रोन पायलट शेरपिन ने बीबीसी तमिल को बताया, "रेलवे ट्रैक के पास पहले से लगे एआई कैमरे हाथियों को तभी पहचानते हैं जब वे बहुत करीब आ जाते हैं और एआई नियंत्रण केंद्र को सूचना देते हैं. लेकिन जब ये केबल से जुड़े ड्रोन रेलवे ट्रैक की निगरानी करते हैं, तो हम हाथी को 200 मीटर दूर से ही पहचान लेते हैं और ड्रोन नियंत्रण कक्ष और एआई नियंत्रण केंद्र को सूचित कर देते हैं."
शेरपिन ने कहा, "अगर हमें कोई हाथी दिखाई देता है, तो हम पता लगा सकते हैं कि हाथी किस दिशा में है और ट्रेन की पटरियों से कितनी दूर है. हम तुरंत हाथी के ऊपर एक निगरानी ड्रोन तैनात करेंगे, सायरन बजाएंगे या मधुमक्खियों के भिनभिनाने जैसी आवाज़ निकालेंगे और हाथी को जंगल में खदेड़ देंगे."
2024 से एआई नियंत्रण केंद्र रेलवे और तमिलनाडु वन विभाग को जानकारी प्रदान कर रहा है, रेलगाड़ियों की आवाजाही को नियंत्रित कर रहा है, और हाथियों को भगाने का काम ट्रैक वॉचर्स द्वारा किया जा रहा है. ट्रैक वॉचर्स स्वीकार करते हैं कि इसमें कई कठिनाइयाँ और ख़तरे थे.
बीबीसी तमिल से बात करते हुए ट्रैक वॉचर मथेश ने कहा, "हाथियों को ट्रेनों से टकराने से बचाने के लिए हमारे पास 25 ट्रैक वॉचर इन दोनों पटरियों की निगरानी के लिए तैनात हैं. एआई तकनीक के आने से हमारे काम में काफी मदद मिली है. अब हम ड्रोन की मदद से हाथियों का पीछा कर सकते हैं, जिससे यह काम और भी आसान हो गया है. हाल ही में, केरल के जंगल में, यहाँ से 3 किलोमीटर दूर एक हाथी ट्रेन की चपेट में आ गया था."

तमिलनाडु के नीलगिरी ज़िले के गुडालूर वन अभयारण्य और कोयंबटूर के कुछ अन्य हिस्सों में, जहां हाथी और इंसानों के बीच संघर्ष आम बात है, हाथियों को दिन-रात ट्रैक करने और उनका पीछा करने के लिए एआई तकनीक का इस्तेमाल किया गया है.
कोयंबटूर जिला वन अधिकारी वेंकटेश प्रभु के अनुसार, यह देश में पहली बार है कि हाथियों को ट्रेनों की चपेट में आने से बचाने के लिए एआई तकनीक और ड्रोन को मिलाकर एक परियोजना लागू की गई है.
डीएफओ वेंकटेश प्रभु ने बीबीसी तमिल से कहा, "गुडलूर में, यह एआई तकनीक हाथियों की गतिविधियों पर नज़र रखने और हाथियों और लोगों को उनसे बचाने में सफलतापूर्वक काम कर रही है. वर्तमान में, यही तकनीक हाथियों को ट्रेनों की चपेट में आने से बचाने में बहुत मददगार साबित हो रही है."
डीएफओ वेंकटेश प्रभु ने कहा, "हाथियों के ट्रेन की चपेट में आने की अधिकतर घटनाएं रात में हुई हैं. चूंकि यह एआई तकनीक थर्मल इमेजिंग के ज़रिए रात में भी हाथियों की गतिविधियों का पता लगा सकती है, इसलिए ट्रैक वॉचर्स के लिए रेलवे अंडरपास के माध्यम से हाथियों का पीछा करना आसान हो गया है. अब हमारा काम और भी व्यापक हो गया है क्योंकि हम ड्रोन का उपयोग करके शोर मचाकर हाथियों का पीछा कर सकते हैं."
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.












