You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
मोदी मंत्रिमंडल के नए चेहरे और जिन्हें मिला प्रमोशन
मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में पहली बार मंत्रिपरिषद का विस्तार किया गया है. मंत्रिपरिषद विस्तार में कुल 43 मंत्री शामिल किए गए हैं जिनमें 15 मंत्री कैबिनेट स्तर के और 28 राज्य मंत्री बनाए गए हैं.
प्रधानमंत्री ने अपने मंत्रिमंडल में बड़ा फेरबदल करते हुए बुधवार को सर्बानंद सोनोवाल, नारायण राणे और ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत 15 कैबिनेट स्तर के मंत्रियों को शपथ दिलाई. ये शपथग्रहण समारोह राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में संपन्न हुआ.
कैबिनेट मंत्रियों में 13 ने हिंदी में जबकि दो मंत्रियों ने अंग्रेज़ी में शपथ ली. राज्यसभा सांसद और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे ने कैबिनेट मंत्री के तौर पर सबसे पहले शपथ ली. राणे के बाद असम के पूर्व मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने शपथ ली.
सोनोवाल पहले भी मोदी सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रह चुके हैं. कांग्रेस से बीजेपी में आए ज्योतिरादित्य सिंधिया को भी कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ दिलाई गई. वे राज्यसभा से सांसद हैं. सिंधिया यूपीए सरकार में भी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रह चुके हैं.
टीकमगढ़ से लोकसभा सांसद वीरेंद्र कुमार, ओडिशा से राज्य सभा सांसद अश्विनी वैष्णव, बिहार से जेडीयू के नेता आरसीपी सिंह, हाजीपुर से सांसद पशुपति कुमार पारस को कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ दिलाई गई.
किरेन रिजिजू, आरके सिंह, हरदीप सिंह पुरी, मनसुख मांडविया, पुरुषोत्तम रूपाला, जी किशन रेड्डी और अनुराग ठाकुर को राज्य मंत्री से कैबिनेट मंत्री के रूप में पदोन्नत किया गया है. भाजपा में लंबे समय से संगठन का काम देखते आ रहे भूपेंद्र यादव को कैबिनेट मंत्री के रूप से शपथ दिलाई गई है.
मोदी सरकार में नए कैबिनेट मंत्री
- नारायण राणे
- सर्वानंद सोनोवाल
- डॉ. वीरेंद्र कुमार
- ज्योतिरादित्य सिंधिया
- रामचंद्र प्रसाद सिंह
- अश्विनी वैष्णव
- पशुपति कुमार पारस
- किरेन रिजिजू
- राजकुमार सिंह
- हरदीप सिंह पुरी
- मनसुख मांडविया
- भूपेंद्र यादव
- पुरुषोत्तम रूपाला
- जी किशन रेड्डी
- अनुराग सिंह ठाकुर
इस्तीफा देने वाले मंत्री
इस्तीफ़ा देने वाले मंत्रियों में क़ानून मंत्री रविशंकर प्रसाद और सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन, शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक और श्रम मंत्री संतोष गंगवार शामिल हैं.
जिन 12 मंत्रियों ने इस्तीफे दिए हैं, उनके नाम हैं-
- रविशंकर प्रसाद, क़ानून मंत्री
- प्रकाश जावड़ेकर, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय
- थावरचंद गहलोत, सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय
- डॉ हर्षवर्धन, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय
- संतोष गंगवार, केंद्रीय श्रम मंत्रालय
- रमेश पोखरियाल निशंक, केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय
- रतनलाल कटारिया
- संजय धोत्रे, राज्य मंत्री, केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय
- देबोश्री चौधरी, राज्य मंत्री, महिला एवं बाल कल्याण मंत्रालय
- बाबुल सुप्रियो, राज्य मंत्री, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय
- सदानन्द गौड़ा, केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय
- प्रताप सारंगी, राज्य मंत्री, मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)