'बुमराह अलग लीग का बॉलर है', भारत-न्यूज़ीलैंड फ़ाइनल से पहले पाकिस्तान में कैसी चर्चा

जसप्रीत बुमराह विकेट लेने के बाद हाथ उठाकर जश्न मनाते हुए

इमेज स्रोत, Arun SANKAR / AFP via Getty Images

इमेज कैप्शन, टी-20 के फ़ाइनल मैच में भारत के तेज गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह पर सभी की निगाहें होंगीं. बुमराह ने भारत को फ़ाइनल में पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई है.
पढ़ने का समय: 7 मिनट

संजू सैमसन- टी-20 वर्ल्ड कप के 4 मैचों में 77.33 के औसत से 232 रन, स्ट्राइक रेट- 201.74

जसप्रीत बुमराह- 15.9 के औसत से सात मैचों में 10 विकेट, इकॉनमी- 6.62

भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच टी-20 वर्ल्ड कप का फ़ाइनल मैच आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा.

और पाकिस्तान के क्रिकेटिंग वर्ल्ड में इस मैच की जो चर्चा हो रही है उसमें सबसे ज़्यादा फ़ोकस इन्हीं दो खिलाड़ियों पर है.

समा टीवी के एक कार्यक्रम में पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफ़रीदी ने बुमराह की ज़बरदस्त तारीफ़ की.

उन्होंने कहा, "बुमराह अलग लीग का बॉलर है. उसके पास इतनी सारी स्किल्स हैं कि वो अच्छी बॉलिंग करने के लिए पिच का मोहताज नहीं है."

अफ़रीदी, बुमराह की 'विविधता' के कायल हैं.

उन्होंने आगे कहा, "वो हर तरह की पिच पर विकेट लेता है. लाल गेंद, सफ़ेद गेंद, हर तरह की बॉल का माहिर है. वो एक ओवर में हर गेंद अलग-अलग तरह की फेंक सकता है. मैंने हाल के सालों में बुमराह से बेहतर यॉर्कर फेंकते किसी को नहीं देखा."

अफ़रीदी कहते हैं कि फ़ाइनल में बुमराह बेहद अहम फ़ैक्टर होंगे.

'सैमसन और बुमराह ने भारत को फ़ाइनल में पहुंचाया'

 इंग्लैंड पर भारत की जीत में संजू सैमसन और जसप्रीत बुमराह का बड़ा हाथ रहा है

इमेज स्रोत, Alex Davidson-ICC/ICC via Getty Images

इमेज कैप्शन, इंग्लैंड पर भारत की जीत में संजू सैमसन और जसप्रीत बुमराह का बड़ा हाथ रहा है

पाकिस्तान के तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद आमिर बुमराह के साथ-साथ संजू सैमसन को भी भारत के फ़ाइनल में पहुंचने का क्रेडिट देते हैं.

जियो स्पोर्ट्स के एक कार्यक्रम में मोहम्मद आमिर ने कहा, "इंडिया को सिर्फ़ सैमसन और बुमराह ने संभाला है. इन्हीं के बल पे इंडिया फ़ाइनल में पहुंची है. बल्कि मैं इसे इंडिया की बड़ी अचीवमेंट कहूंगा कि वो सिर्फ़ दो प्लेयर के दम पर फ़ाइनल तक पहुंच गई."

संजू सैमसन ने पहले वेस्ट इंडीज़ के ख़िलाफ़ मस्ट विन मैच में 97 रन की पारी खेलकर भारत को सेमीफ़ाइनल तक पहुंचाया.

वहीं सेमीफ़ाइनल में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ 89 रन बनाकर भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाया.

वहीं बुमराह ने पूरे टूर्नामेंट में ज़बरदस्त बॉलिंग की. वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ जहां भारत के सभी गेंदबाज़ फ़्लॉप साबित हो रहे थे वहां बुमराह ने कसी हुए गेंदबाज़ी कर इंग्लैंड के बल्लेबाज़ों को रोका.

मोहम्मद आमिर

इंग्लैंड की पारी में बुमराह के फेंके गए 18वें ओवर की बहुत चर्चा हो रही है जिसमें उन्होंने सिर्फ़ 6 रन दिए.

ये ओवर ही बेहद अहम साबित हुआ क्योंकि हाई स्कोरिंग मैच में भारत ने महज़ सात रन से जीत हासिल की.

मोहम्मद आमिर ने भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव की भी बुमराह को 'समझदारी' से इस्तेमाल करने के लिए तारीफ़ की.

एक न्यूज़ चैनल के कार्यक्रम में पाकिस्तान के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ शोएब अख़्तर ने कहा, "सैमसन पिछले कई सालों से सीन में हैं. लेकिन धोनी, दिनेश कार्तिक से लेकर दूसरे कई विकेटकीपर के कारण टीम में जगह नहीं बना पा रहे थे. इस बार गौतम गंभीर लड़कर उनको टीम में लेकर आए."

किसका पलड़ा भारी

भारत-न्यूज़ीलैंड टी-20

इमेज स्रोत, MB Media/Getty Image

इमेज कैप्शन, टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफ़ाइनल में दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ विजयी शॉट लगाने के बाद न्यूज़ीलैंड के बैटर फ़िन एलेन
छोड़कर पॉडकास्ट आगे बढ़ें
कहानी ज़िंदगी की

मशहूर हस्तियों की कहानी पूरी तसल्ली और इत्मीनान से इरफ़ान के साथ.

एपिसोड

समाप्त

मोहम्मद आमिर फ़ाइनल में न्यूज़ीलैंड का पलड़ा भारी बताते हैं.

उन्होंने कहा, "एक टीम के तौर पर न्यूज़ीलैंड बेहतर है क्योंकि भारत सिर्फ़ संजू सैमसन और बुमराह पर डिपेंड है जबकि न्यूज़ीलैंड की टीम एक यूनिट के तौर पर खेल रही है. उनके बहुत सारे प्लेयर एक ही टाइम पर पीक कर रहे हैं."

आमिर के मुताबिक़ फ़िन एलेन, डेरिल मिचेल, रचिन रवींद्र, डेवन कॉनवे जैसे बल्लेबाज़ न्यूज़ीलैंड की बैटिंग को मज़बूती देते हैं. वहीं मिचेल सैंटनर, ईश सोढ़ी और लॉकी फ़र्ग्यूसन गेंदबाज़ी में विविधता लाते हैं.

लेकिन उसी प्रोग्राम में मौजूद पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर राशिद लतीफ़ ने इस मैच में भारत का पलड़ा भारी बताया.

उन्होंने कहा, "इंग्लैंड के ख़िलाफ़ डेथ ओवर्स में भारतीय गेंदबाज़ों ने तनाव के बीच अच्छी बॉलिंग की. भारत के गेंदबाज़ बुमराह की अगुआई में ड्यू फ़ैक्टर के बावजूद अच्छी बॉलिंग कर रहे हैं. हालांकि न्यूज़ीलैंड के ओपनर भी और मिडिल ऑर्डर भी फ़ॉर्म में हैं. लेकिन मुझे इंडिया भारी पड़ता दिख रहा है."

जियो स्पोर्ट्स के इसी कार्यक्रम में पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर सिकंदर बख़्त भी थे.

उन्होंने कहा कि हार्दिक पंड्या जैसे ऑलराउंडर की मौजूदगी भारत को मज़बूती देती है. वो बल्लेबाज़ी के साथ-साथ अहम मौक़ों पर गेंद के साथ भी बढ़िया प्रदर्शन कर भारत को जीत दिला सकते हैं.

सिकंदर बख़्त ने कहा, "पाकिस्तान के जितने भी ऑल-राउंडर हैं उन्हें पंड्या से सबक लेना चाहिए."

सुनील गावस्कर

पाकिस्तानी क्रिकेटर अहमद शहज़ाद ने कहा कि संजू सैमसन, बुमराह वगैरह की तो हर कोई बात कर रहा है लेकिन शिवम दुबे जैसे प्लेयर को नज़रअंदाज़ नहीं करना चाहिए. वो अनसंग हीरो हैं. विकेट लगातार गिरने के बावजूद वो रनों का मोमेंटम कम नहीं होने देते.

अहमद शहज़ाद ने ये भी कहा कि, "अगर न्यूज़ीलैंड हारती है तो चोकर्स का टैग दक्षिण अफ़्रीका के बजाय उन्हें मिलना चाहिए."

वो कहते हैं कि इतनी बार आईसीसी टूर्नामेंट्स के फ़ाइनल में पहुंचने के बावजूद टीम नहीं जीत पा रही है तो वही 'सच्चे मायनों में चोकर्स टैग की हक़दार है.'

मोहम्मद आमिर न्यूज़ीलैंड को सलाह देते हैं कि वो एक एक्स्ट्रा सीमर को खिलाए क्योंकि अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन समेत भारत के ज़्यादातर बल्लेबाज़ सीमर के ख़िलाफ़ 'संघर्ष करते हैं.'

लिटिल मास्टर के नाम से मशहूर पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर सुनील गावस्कर ने कहा, "न्यूज़ीलैंड ने ज़बरदस्त क्रिकेट खेली और भारत ने दो या तीन क्लोज़ मैच जीते हैं जो भारत के पक्ष में जाएगा. इसलिए ये मैच ज़बरदस्त होगा. उम्मीद करते हैं कि भारत हिस्ट्री बदलेगा भी और रिपीट भी करेगा."

पूर्व क्रिकेटर दिलीप वेंगसरकर ने कहा, "उम्मीद करते हैं कि अभिषेक शर्मा फ़ाइनल में चलेंगे."

मिचेल सैंटनर ने कहा, ''हम क्राउड को शांत करेंगे."

सूर्या ने कहा कैंप में सब शांत है. रिलैक्स्ड हैं. ये बहुत अच्छा स्टेडियम है. अच्छा फ़ील हो रहा है.

''सूर्या-बिलकुल चिंंतित नहीं है. डे ऊपर नीचे होता रहता है. दूसरे कवर कर देते हैं. मैच जीत जाते हैं तो फ़र्क नहीं पड़ता.न्यूज़ीलैंड को एक एक्स्ट्रा सीमर खिलाना चाहिए. भारत सीमर को अच्छा नहीं खेलता.''

'वरुण से बेहतर कुलदीप'

भारत-न्यूज़ीलैंड

इमेज स्रोत, FADEL SENNA/AFP via Getty Images

इमेज कैप्शन, कुछ पाकिस्तानी क्रिकेट विशेषज्ञों का कहना है कि भारत को वरुण चक्रवर्ती की जगह कुलदीप यादव पर दांव लगाना चाहिए

मोहम्मद आमिर और अहमद शहज़ाद दोनों ही इस पक्ष में हैं कि भारत को मैच जीतना है तो उन्हें वरुण चक्रवर्ती के बजाय कुलदीप यादव पर दांव लगाना चाहिए.

आमिर कहते हैं, "कुलदीप विकेट लेने की काबिलियत रखते हैं. मेरे हिसाब से फ़ाइनल में उन्हें मौक़ा देना चाहिए."

अहमद शहज़ाद भी कहते हैं कि वरुण की जगह कुलदीप को तरज़ीह मिलनी चाहिए.

वरुण इंग्लैंड के ख़िलाफ़ सेमीफ़ाइनल में बहुत महंगे साबित हुए थे. उन्होंने चार ओवर में 64 रन खर्च करके सिर्फ़ एक विकेट लिया था.

फ़ाइनल से पहले हुई मैच कॉन्फ़्रेंस में जब भारतीय कप्तान सूर्य कुमार यादव से पूछा गया कि क्या वो वरुण चक्रवर्ती की गेंदबाज़ी से चिंतित हैं. तो उन्होंने कहा, "हम बिलकुल चिंतित नहीं है. हम आख़िरी मैच जीत गए थे. मैच जीत जाएं तो हमें फर्क नहीं पड़ता. हर प्लेयर का दिन ऊपर नीचे तो होता रहता है. जब कोई एक प्लेयर नहीं चलता दो दूसरा उसे कवर अप कर लेता है."

वहीं न्यूज़ीलैंड की टीम के कप्तान मिचेल सैंटनर से जब भारत के होम एडवांटेज के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "हमारा यही गोल रहेगा. दर्शकों को चुप कराना."

उन्होंने ये भी कहा ट्रॉफ़ी जीतने के एवज़ में भारतीय फ़ैन्स के दिलों को तोड़ना उन्हें क़बूल है.

सूर्यकुमार यादव ने सैंटनर के बयान पर कहा, "हम लोग बिलकुल दबाव में नहीं हैं. ख़ुश हैं. रिलैक्स्ड हैं. घरेलू मैदान है. बढ़िया स्टेडियम है. हम अच्छा खेलेंगे."

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.