‘शुद्धीकरण’ मामले में खड़गे ने नड्डा को उनका वादा याद दिलाया, कहा-तुरंत कार्रवाई करवाएं

इमेज स्रोत, Getty Images
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा है कि उन्होंने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को चिट्ठी लिखकर कथित शुद्धीकरण के मामले में सदन में दिए उनके आश्वासन की याद दिलाई है.
खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ‘’राज्यसभा में नेता सदन जेपी नड्डा को पत्र लिखकर हल्द्वानी में मेरी जनसभा के बाद रामलीला मैदान में कराए गए शुद्धीकरण के गंभीर मामले में सदन में दिए गए उनके आश्वासन की याद दिलाई है.''
''मैंने लिखा है कि इस मामले में जांच कराकर तुरंत कार्रवाई की जानी चाहिए. 24 दिन बीत जाने के बाद भी इस घृणित घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों और संगठनों के विरुद्ध एफ़आईआर तक दर्ज नहीं की गई है.''
''मैंने चिट्ठी में साफ़ लिखा है कि यह मुद्दा निजी तौर पर मेरे या भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष पद से परे व्यापक तौर पर करोड़ों लोगों की भावनाओं से जुड़ा है. वो इस क्रूर वास्तविकता से रोज रूबरू होते रहते हैं. ऐसे गलत लोगों को सबक देना ज़रूरी है.''

इमेज स्रोत, Getty Images
उन्होंने लिखा, ''इन तथ्यों और राज्यसभा में दिए गए आश्वासन के मद्देनज़र आप उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को निर्देश देते हुए यह सुनिश्चित करें कि हल्द्वानी में मेरी जनसभा के बाद रामलीला मैदान में हुए शुद्धीकरण की इस घटना में शामिल व्यक्तियों और संगठनों के ख़िलाफ़ केस दर्ज किया जाए.''
पिछले महीने उत्तराखंड के हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के बाद सभा स्थल को साफ़ किया गया. कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सभा स्थल का 'शुद्धीकरण' किया गया था.
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इस मामले में फ़ौरन एफ़आईआर दर्ज करने की मांग की थी.
वहीं, बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने संसद में कहा था कि अगर ऐसा हुआ है तो उन्हें इस मामले पर अफ़सोस है और दोषियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाएगी.






