नेपाल बाढ़ में अब तक क़रीब 12 हजार लोग बचाए गए, चार हजार से ज्यादा लोग अब भी लापता

इमेज स्रोत, Reuters
नेपाल की सरकारी एजेंसियों के मुताबिक, भोटेकोशी और त्रिशूली नदियों में आई विनाशकारी बाढ़ के आठ दिन बाद बुधवार शाम तक 11,993 लोगों को बचाया जा चुका था.
हालांकि, बुधवार शाम तक के आंकड़ों के मुताबिक 4,216 लोगों से अब भी संपर्क नहीं हो पाया है.
नेपाल की बाढ़ में मरने वालों की संख्या अब 1200 से ऊपर पहुंच चुकी है.
अधिकारियों का कहना है कि लापता लोगों की तलाश को प्राथमिकता दी जा रही है. नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी की प्रवक्ता शांति महत ने नेपाल की सरकारी समाचार एजेंसी आरएसएस को बताया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में नेपाल सेना, नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल के कुल 21,314 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है.
खोज और बचाव अभियान में नेपाल पुलिस के 7,912, सशस्त्र पुलिस बल के 4,203 और नेपाल सेना के 9,199 सुरक्षाकर्मी शामिल हैं.
सुरक्षाकर्मी नदी के किनारों, बाढ़ प्रभावित बस्तियों, सड़कों और भूस्खलन प्रभावित इलाकों में तलाशी अभियान चला रहे हैं.
राष्ट्रीय आपदा एजेंसी (एनईए) के मुताबिक, बाढ़ के बाद नेपाल सेना के 45, नेपाल पुलिस के 25 और सशस्त्र पुलिस बल के 13 सदस्य भी लापता हैं.




