देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर आपत्तिजनक संदेश लिखने का वीडियो वायरल, एफ़आईआर दर्ज हुई, आसिफ़ अली, बीबीसी हिंदी के लिए

इमेज स्रोत, Asif Ali
देहरादून–दिल्ली एक्सप्रेसवे पर सड़क किनारे कुछ लोगों ने एक धर्म विशेष के लिए आपत्तिजनक संदेश लिखे हैं. पुलिस ने इस मामले में एफ़आईआर दर्ज कर ली है.
जिस जगह पर नारे लिखे गए हैं, वह इलाका बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र है, जो उत्तर प्रदेश के सहारनपुर ज़िले के तहत आता है.
इसका सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हुआ है. वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कुछ महिलाएं देहरादून के मोहण्ड क्षेत्र के पास बने एलिवेटेड रोड के किनारे पेंट से विवादित संदेश लिख रही हैं.
वीडियो में उन्हें लिखते हुए दिखाया जा रहा है- "यह सड़क मुसलमानों के लिए नहीं है." इसे हिन्दी और अंग्रेजी में लिखा जा रहा था.
मामले पर सहारनपुर के एसपी (ट्रैफ़िक) शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बीबीसी हिंदी को बताया कि घटना के संबंध में एफ़आईआर दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है.

इमेज स्रोत, Facebook/LalitHRD
हिंदू रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा ने वीडियो पोस्ट करते हुए दावा किया, "सड़कें हिंदुओं के टैक्स से बनती हैं और मुसलमानों को नेशनल हाईवे पर चलने का अधिकार नहीं होना चाहिए."
हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने एक वीडियो जारी करते हुए कहा है, “देहरादून-दिल्ली नेशनल हाईवे पर हमारे कार्यकर्ताओं ने जो लिखा है वो सही लिखा है."
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.















