अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा को दीजिए इजाज़त.
कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर लगी कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के वरिष्ठ नेता अली लारिजानी ने एक पत्र जारी किया है, जिसमें इस्लामी देशों की सरकारों की आलोचना की है.
सुमंत सिंह, रौनक भैड़ा
अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा को दीजिए इजाज़त.
कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर लगी कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

इमेज स्रोत, Harold Cunningham/Getty Images
ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के वरिष्ठ नेता अली लारिजानीने एक पत्र जारी किया है, जिसमें इस्लामी देशों की सरकारों की आलोचना की है.
अली लारिजानी ने इस पत्र में 'दुनिया के मुसलमानों और इस्लामी देशों की सरकारों' को संबोधित करते हुए लिखा, "क्या आप जानते हैं कि कुछ गिने-चुने मामलों को छोड़कर, किसी भी इस्लामी सरकार ने ईरानी जनता की मदद नहीं की?"
उन्होंने आगे कहा, "कुछ देशों ने तो यह तक कहा कि ईरान ने हमारे देशों के अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया है, इसलिए ईरान हमारा दुश्मन है. क्या ईरान को यह मंज़ूर करना चाहिए कि आपके देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों से ईरान पर हमला होना चाहिए?"
लारिजानी ने इन देशों को लिखा, "ईरान आपका मददगार है और आप पर हावी होने का कोई इरादा नहीं रखता, लेकिन आप किस तरफ़ हैं?"

इमेज स्रोत, ANI
भारत ने यूएस कमीशन ऑन इंटरनेशनल रिलीजियस फ़्रीडम (यूएससीआईआरएफ़) की 2026 की वार्षिक रिपोर्ट को ख़ारिज किया है.
भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा यूएससीआईआरएफ़ भारत की ग़लत तस्वीर पेश करता रहा है, जो सही तथ्यों पर आधारित नहीं है.
उन्होंने आगे कहा, "भारत पर चुनिंदा आलोचना करने के बजाय यूएससीआईआरएफ़ को अमेरिका में हिंदू मंदिरों पर हमले और तोड़फोड़ की घटनाओं, भारत को निशाना बनाने की प्रवृत्ति और अमेरिका में भारतीय समुदाय के लोगों के ख़िलाफ़ बढ़ती असहिष्णुता पर ध्यान देना चाहिए."
इससे पहले कांग्रेस ने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा था, "यूएससीआईआरएफ़ ने चेतावनी दी है कि आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) लोगों की धार्मिक आज़ादी के लिए ख़तरा है. इसकी सिफ़ारिशें स्पष्ट हैं कि आरएसएस पर तुरंत बैन लगाया जाए, इसकी संपत्ति ज़ब्त की जाए और आरएसएस के सदस्यों को अमेरिका में प्रवेश करने से रोका जाए."

इमेज स्रोत, Sonu Mehta/Hindustan Times via Getty Images
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, एनडीए ने बिहार की सभी पांच सीटों पर जीत दर्ज की है. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन राज्यसभा सदस्य निर्वाचित हो गए हैं.
बिहार, ओडिशा और हरियाणा की 11 राज्यसभा सीटों के लिए सोमवार को मतदान हुआ था.
ओडिशा में बीजेपी के दो और एक बीजेपी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत दर्ज की है.
हरियाणा में वोटों पर आपत्ति के बाद फ़िलहाल काउंटिंग रोक दी गई है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है.
बिहार में जेडीयू के विधायक बिनय कुमार ने दावा किया है कि राज्यसभा चुनाव में मतदान के लिए विपक्ष के चार विधायक नहीं आए.
बिनय कुमार ने एएनआई से बात करते हुए कहा, "जो लोग नहीं आए, वही अनुपस्थिति का कारण बताएंगे."
बिहार बीजेपी के अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा, "हमने कहा था कि हमारे सभी पांच नेता राज्यसभा जाएंगे. हमारे पास 202 विधायक थे. केवल वे (आरजेडी-कांग्रेस) ही बता पाएंगे कि उनके विधायक कहां गए."

इमेज स्रोत, Sonu Mehta/Hindustan Times via Getty Images
कांग्रेस ने हरियाणा राज्यसभा चुनाव के संबंध में चुनाव आयोग से हस्तक्षेप की मांग की है. इसको लेकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने चुनाव आयोग को पत्र लिखा है.
पीटीआई के मुताबिक़, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने लिखा, "चुनाव की ईमानदारी में साफ़ तौर पर दख़ल देने की कोशिश हो रही है. इसे तुरंत रोकना ज़रूरी है. इसके अलावा, हमारे सही मतदाताओं या डाले गए वोटों को अयोग्य ठहराना किसी भी हाल में मंज़ूर नहीं किया जा सकता."
उन्होंने आगे कहा, "यह साफ़ तौर पर चुनाव प्रक्रिया को ख़राब करने और पटरी से उतारने की कोशिश है."
चुनाव आयोग से कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल के लिए मुलाक़ात का समय भी मांगा गया है.
गौरतलब है कि हरियाणा से राज्यसभा की दो सीटों के लिए 16 मार्च को मतदान हुआ. इस चुनाव में भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में हैं.

इमेज स्रोत, Arif Hudaverdi Yaman/Anadolu via Getty Images
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने पाकिस्तान को 'धन्यवाद' कहा है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की सरकार ने अमेरिक-इसराइल की सैन्य कार्रवाई के ख़िलाफ़ ईरान के प्रति समर्थन दिखाया.
अब्बास अराग़ची ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर उर्दू में लिखा, "पाकिस्तान की सरकार और जनता का शुक्रिया अदा करता हूं कि उन्होंने ईरान की जनता और सरकार के साथ अमेरिक और ज़ायोनी शासन की कार्रवाई के ख़िलाफ़ मज़बूत एकजुटता और समर्थन दिखाया."
उन्होंने आगे लिखा, "ईरान अपने प्रभुत्व और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा में मज़बूती और धैर्य के साथ खड़ा है, पूरी तरह अल्लाह तआला पर भरोसा करता है."
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची उस समय आया है जब मध्य पूर्व में संघर्ष जारी है. यह संघर्ष 28 फरवरी को अमेरिक-इसराइल के ईरान पर हमलों से शुरू हुआ था.
इन हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की हत्या भी हुई. इसके जवाब में ईरान ने खाड़ी देशों में अमरीक़ी ठिकानों और इसराइल को निशाना बनाया.

इमेज स्रोत, X/@netanyahu
इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के एक्स हैंडल से एक और वीडियो पोस्ट किया गया है. इससे पहले रविवार को भी एक वीडियो जारी किया गया था.
नए वीडियो में नेतन्याहू लोगों से मिलते और बातचीत करते हुए नज़र आ रहे हैं.
इससे पहले भी रविवार देर शाम को नेतन्याहू का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वो एक कैफ़े में घूमते हुए दिख रहे थे और कॉफ़ी पी रहे थे. हालांकि, कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि यह वीडियो एआई जेनरेटेड है.
इस बारे में भारत में इसराइल के राजदूत रूवेन अज़ार ने बयान जारी किया था. उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नेतन्याहू ज़िंदा हैं. जब मैं इसराइल में था, तब मैंने उन्हें कई बार ख़ुद देखा. कैफ़े वाला यह वीडियो एआई से बनाया गया नहीं है. इस मामले में बहुत ग़लत जानकारी फैलाई जा रही है."

इमेज स्रोत, Brook Mitchell / POOL / AFP via Getty Images
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने कहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ उनके अच्छे रिश्ते हैं.
डाउनिंग स्ट्रीट पर प्रेस कॉन्फ़्रेंस में स्टार्मर से पूछा गया कि ट्रंप स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ खोलने को लेकर ट्रंप की बात को मानेंगे? इस पर स्टार्मर ने कहा कि कल ही उनकी राष्ट्रपति ट्रंप से फ़ोन पर बात हुई थी.
किएर स्टार्मर ने बताया, "इस पर एक सही योजना को लेकर चर्चा हुई है, लेकिन यह आसान या सीधा मामला नहीं है."
एक रिपोर्टर ने स्टार्मर से पूछा कि वह ट्रंप के साथ अपने रिश्ते को 0 से 10 के बीच कितने नंबर देंगे? इस पर स्टार्मर ने कहा, "अच्छा रिश्ता है और स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ पर अच्छी चर्चा हुई थी. हम दशकों से मज़बूत साथी रहे हैं."
स्टार्मर ने आगे कहा, "लेकिन मेरा काम ब्रिटेन के हित में फ़ैसले लेना है. अगर आप प्रधानमंत्री हैं, तो आप एक हफ़्ते बाद यह नहीं कह सकते- ओह, मैंने उस युद्ध पर ग़लती कर दी, क्या अब मैं इससे पीछे हट सकता हूं?"
गौरतलब है कि डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोपीय देशों समेत कई अन्य देशों से स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ को खोलने के लिए युद्धपोत भेजने की अपील की थी.


इमेज स्रोत, Sivaram Venkitasubramanian/NurPhoto via Getty Images
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा है कि पेट्रोल पंप सामान्य रूप से चल रहे हैं और कहीं भी ड्राई-आउट होने की ख़बर नहीं है.
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय में जॉइंट सेक्रेटरी सुजाता शर्मा ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, "सीएनजी और पीएनजी ग्राहकों को प्राकृतिक गैस की सप्लाई 100 प्रतिशत दी जा रही है, जिसमें वाहनों के लिए सीएनजी भी शामिल है. कमर्शियल एलपीजी उपभोक्ताओं से कहा गया है कि संभव हो तो पीएनजी कनेक्शन पर शिफ़्ट हों."
जॉइंट सेक्रेटरी सुजाता शर्मा ने कहा, "वर्तमान हालात में एलपीजी सप्लाई को लेकर थोड़ी मुश्किलें हैं, ऐसे समय पर जमाखोरी और काला बाज़ारी को रोकने में राज्य सरकारों और स्थानीय प्रशासन की भूमिका अहम हो जाती है."
उन्होंने कहा, "लगभग सभी राज्यों में हालात पर नज़र रखने के लिए कंट्रोल रूम बनाए गए हैं. छापे भी मारे जा रहे हैं. इसके अलावा, ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने अपनी टीमें सक्रिय कर दी हैं और क़रीब 1100 जगहों पर औचक जांच की गई है, जिनमें रिटेल आउटलेट और एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर शामिल हैं."

इमेज स्रोत, Getty Images
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पश्चिम बंगाल के 144 और केरल के 47 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है.
बीजेपी ने शुभेंदु अधिकारी को बंगाल की दो सीटों से उम्मीदवार बनाया है. अधिकारी को नंदीग्राम और भबानीपुर से चुनावी मैदान में उतारा गया है. वर्तमान में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भबानीपुर से ही विधायक हैं और शुभेंदु अधिकारी ने उन्हें नंदीग्राम से चुनाव हराया था.
वहीं, बीजेपी ने केरल में राज्य बीजेपी के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर को नेमोम सीट से उम्मीदवार बनाया है. चंद्रशेखर ने साल 2024 में तिरुवनंतपुरम सीट से कांग्रेस सांसद शशि थरूर के ख़िलाफ़ चुनाव लड़ा था, लेकिन वो हार गए थे.
गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने रविवार को ही चार राज्यों पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और असम के साथ-साथ केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों की तारीख़ों का एलान किया था. सभी के नतीजे 4 मई को आएंगे.

इमेज स्रोत, Sonu Mehta/Hindustan Times via Getty Images
साहित्य अकादमी ने आज 24 भारतीय भाषाओं में अपने वार्षिक साहित्य अकादमी पुरस्कारों की घोषणा कर दी है. हिन्दी में ममता कालिया को संस्मरण 'जीते जी इलाहाबाद' के लिए यह पुरस्कार मिला है.
पीआईबी के मुताबिक़, अंग्रेज़ी में नवतेज सरना के उपन्यास 'क्रिमसन स्प्रिंग', उर्दू में प्रीतपाल सिंह के कविता संग्रह 'सफ़र जारी है' को यह सम्मान मिला है.
विजेताओं को ये पुरस्कार 31 मार्च 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले एक प्रस्तुति समारोह दिया जाएगा.
गौरतलब है कि हर साल साहित्य अकादमी 24 भाषाओं में तय प्रक्रिया के तहत पुरस्कार देती है. साहित्य अकादमी पुरस्कार 2025 के लिए प्रक्रिया जनवरी 2025 में शुरू हुई थी.

इमेज स्रोत, Andrew Harnik/Getty Images
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में फ़ाइनेंशियल टाइम्स को दिए इंटरव्यू में कहा था कि चीन ने होर्मुज़ स्ट्रेट की सुरक्षा में मदद नहीं की तो वह शी जिनपिंग के साथ होने वाली बैठक को टाल सकते हैं. अब इस पर चीन की प्रतिक्रिया सामने आई है.
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने कहा, "देशों के नेताओं के बीच होने वाली बातचीत बहुत ज़रूरी होती है और यह चीन-अमेरिका रिश्तों को दिशा देती है. दोनों देशों के बीच राष्ट्रपति ट्रंप की यात्रा को लेकर बातचीत जारी है."
अमेरिकी राष्ट्रपति की बात पर सवाल पूछे जाने पर लिन जियान ने कहा, "हाल की तनातनी ने व्यापार मार्गों को बिगाड़ा है. क्षेत्रीय और वैश्विक शांति को नुक़सान पहुंचाया है."
उन्होंने आगे कहा, "चीन फिर से सभी पक्षों से अपील करता है कि तुरंत सैन्य कार्रवाई बंद करें. हम तनाव कम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं."
गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी कहा है कि अगर यूरोपीय देश स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ खोलने में मदद नहीं करते हैं, तो यह नेटो के भविष्य के लिए "बहुत बुरा" होगा.

इमेज स्रोत, Fatemeh Bahrami/Anadolu via Getty Images
ईरान में रह रहे भारतीयों के लिए तेहरान में स्थित भारतीय दूतावास ने सोमवार को फिर एक एडवाइज़री जारी की है. इसमें भारतीय नागरिकों को सख़्त सलाह दी गई है कि वे दूतावास को बिना बताए ईरान का बॉर्डर पार करने की कोशिश न करें.
एडवाइज़री में कहा गया है, "दूतावास भारतीय समुदाय के लोगों से लगातार संपर्क में है और ज़रूरत पड़ने पर मिलकर इंतज़ाम किए जा रहे हैं. बिना जानकारी के सीमा की ओर बढ़ना बिल्कुल मना है."
दूतावास ने कहा है, "जो भारतीय नागरिक दूतावास की जानकारी के बिना ज़मीनी सीमा से ईरान छोड़ने की कोशिश करेंगे, तो उन्हें गंभीर परेशानी और इमिग्रेशन से जुड़ी दिक़्क़तों का सामना करना पड़ सकता है."
तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने यह स्पष्ट किया कि अगर कोई व्यक्ति बिना जानकारी दिए ईरान की सीमा से बाहर चला जाता है, तो दूतावास मदद नहीं कर पाएगा.

इमेज स्रोत, X/@India_in_Iran
यात्रा से जुड़ी जानकारी देने या आपात स्थिति में संपर्क के लिए दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं:
+98 912 810 9115, +98 912 810 9102, +98 912 810 9109, +98 993 217 9359
ईमेल: cons.tehran@mea.gov.in

इमेज स्रोत, Raj K Raj/Hindustan Times via Getty Images
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने आर्मेनिया की सरकार और वहां के लोगों को धन्यवाद कहा है. एस जयशंकर ने बताया कि आर्मेनिया ने 550 से अधिक भारतीयों को ईरान से सुरक्षित निकालने में मदद की है.
एस जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, "आर्मेनिया की सरकार और वहां के लोगों का धन्यवाद, जिन्होंने अब तक ईरान से 550 से ज़्यादा भारतीय नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की.
उन्होंने कहा, "इन कठिन हालात में उनके सहयोग की सराहना करते हैं."
गौरतलब है कि ईरान में फंसे भारतीय नागरिकों को आर्मेनिया के रास्ते भारत लाया जा रहा है.

इमेज स्रोत, Ali Khan Mahmudabad/FB
हरियाणा सरकार ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट से कहा कि उसने अशोका यूनिवर्सिटी के प्रोफ़ेसर अली ख़ान महमूदाबाद के ख़िलाफ़ केस बंद करने का फ़ैसला किया है.
प्रोफ़ेसर महमूदाबाद पर 'ऑपरेशन सिंदूर' से जुड़ी सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर मुक़दमा दर्ज किया गया था.
हरियाणा की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू ने सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की बेंच से कहा कि प्रोफ़ेसर महमूदाबाद पर मुक़दमा चलाने की मंज़ूरी नहीं दी गई है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने एक बार माफ़ी देते हुए मुक़दमा बंद कर दिया है और मुक़दमा चलाने की मंज़ूरी देने से इनकार कर दिया है.
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

इमेज स्रोत, ilia yefimovich / AFP via Getty
बीते दिनों इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के कथित तौर पर ईरानी हमले में मारे जाने की कई रिपोर्ट्स सोशल मीडिया पर आई थीं.
इसके बाद रविवार को नेतन्याहू के सोशल मीडिया अकाउंट से एक वीडियो जारी किया गया, जिसमें वह एक कैफ़े में कॉफ़ी पीते दिख रहे हैं.
हालांकि, कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि यह वीडियो एआई जेनेरेटेड है.
अब भारत में इसराइल के राजदूत रूवेन अज़ार ने एआई वीडियो के दावे को झूठा बताया है और कहा कि नेतन्याहू 'ज़िंदा' हैं.
इसराइली राजदूत ने कहा, "प्रधानमंत्री नेतन्याहू ज़िंदा हैं. जब मैं इसराइल में था, तब मैंने उन्हें कई बार ख़ुद देखा. कैफ़े वाला यह वीडियो एआई से बनाया गया नहीं है. इस मामले में बहुत ग़लत जानकारी फैलाई जा रही है."

इमेज स्रोत, Nathan Howard/Getty
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने जिन देशों से होर्मुज़ स्ट्रेट की सुरक्षा के लिए युद्धपोत भेजने की अपील की है, उनके मदद करने या नहीं करने, दोनों ही स्थिति में वह 'याद रखेंगे'.
ट्रंप ने बीते दिनों चीन, फ़्रांस, जापान, दक्षिण कोरिया और ब्रिटेन से युद्धपोत भेजने की अपील की थी.
उन्होंने रविवार को 'एयर फ़ोर्स वन' में यात्रा के दौरान पत्रकारों से कहा कि अमेरिका कई सालों से होर्मुज़ को संभालता आ रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका को होर्मुज़ की 'ज़रूरत नहीं' है, लेकिन कई देशों को है.
उन्होंने कहा, "अब जब युद्ध ख़त्म हो चुका है और उनकी (ईरान) सैन्य क्षमता कमज़ोर हो गई है... मुझे लगता है कि दूसरे देशों का इसमें शामिल होना अच्छी बात है."
ट्रंप ने कहा कि दो हफ़्ते पहले ब्रिटेन के प्रधानमंत्री अपने दो विमानवाहक पोत होर्मुज़ भेजने से हिचकिचा रहे थे.
उन्होंने कहा, "अब जब हमने इसे काफ़ी हद तक तबाह कर दिया... तो उन्होंने कहा, 'हम अपने विमानवाहक पोत भेजना चाहते हैं'. इस पर मैंने कहा, 'जंग जीतने के बाद मुझे उनकी ज़रूरत नहीं है'."
ट्रंप ने कहा, "मुझे उनकी ज़रूरत तब थी जब हम जंग शुरू कर रहे थे. इसलिए हमें समर्थन मिले या न मिले, मैं इतना कह सकता हूं और मैंने उनसे भी कहा है: हम इसे याद रखेंगे."

इमेज स्रोत, Reuters
दुबई के अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने एयरपोर्ट पर लगी आग पर अब क़ाबू पा लिया है. यह आग एक ड्रोन के फ़्यूल टैंक से टकराने के बाद लगी थी और इसमें किसी के भी घायल होने की सूचना नहीं है.
इस जंग के दौरान संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पर ईरान क़रीब 2000 मिसाइलें और ड्रोन दाग चुका है. इनमें से ज़्यादातर को एयर डिफ़ेंस सिस्टम ने रोक लिया.
सऊदी अरब का कहना है कि उसने रातभर में कई ड्रोन मार गिराए. वहीं इराक़ और कुवैत ने भी नए हमलों की जानकारी दी है.
अमेरिका और इसराइल की ओर से ईरान पर हमले जारी रहने के बीच तेहरान में भारी बमबारी की ख़बरें हैं.
लेबनान की राजधानी बेरूत में भी एक बड़ा धमाका हुआ. इसराइली सेना का कहना है कि उसने हिज़्बुल्लाह के ढांचे को निशाना बनाया.
इसराइल में उत्तर में हिज़्बुल्लाह की मिसाइलों और दक्षिण में ईरानी मिसाइलों के आने की चेतावनी के कारण सायरन बजाए गए.