लाइव, ईरान पर अमेरिकी और इसराइली हमलों को लेकर चीन ने क्या कहा?

चीन के दूत फू कोंग ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की इमरजेंसी बैठक में कहा कि अमेरिका और इसराइल की ओर से ईरान पर हमलों से उनका देश गहरी चिंता में है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली

  1. ईरान पर अमेरिकी और इसराइली हमलों को लेकर चीन ने क्या कहा?

    चीन के दूत फू कोंग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में चीन के दूत फू कोंग

    चीन के दूत फू कोंग ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की इमरजेंसी बैठक में कहा कि अमेरिका और इसराइल की ओर से ईरान पर हमलों से उनका देश गहरी चिंता में है.

    उन्होंने नागरिकों की मौत की रिपोर्टों पर चिंता ज़ाहिर की है.

    उन्होंने क्षेत्र में शांति और बढ़ती हिंसा को रोकने के लिए तत्काल सैन्य कार्रवाई बंद करने का आह्वान किया.

    फू कोंग ने कहा, "सशस्त्र संघर्ष में नागरिकों की सुरक्षा के लिए हमेशा सीमा रेखा का उल्लंघन नहीं होना चाहिए और अंधाधुंध बल का प्रयोग अस्वीकार्य है."

    उन्होंने सभी पक्षों से अंतरराष्ट्रीय क़ानून और मानवीय क़ानून के तहत अपने दायित्व निभाने को कहा.

    उन्होंने यह भी कहा कि चीन अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ मिलकर जल्द से जल्द मध्य पूर्व में शांति और स्थिरता स्थापित करने के प्रयासों में काम करने के लिए तैयार है.

  2. ईरान की सरकारी मीडिया ने बताया- ख़ामेनेई की बेटी, दामाद और नाती हमलों में मारे गए, ग़ोंचेह हबीबियाज़ाद, बीबीसी फ़ारसी

    ईरान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका और इसराइल ने शनिवार को ईरान पर हमले किए हैं

    इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर से जुड़ी फ़ार्स न्यूज़ एजेंसी ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की बेटी, दामाद और नाती इन हमलों में मारे गए हैं.

    फ़ार्स ने यह भी बताया है, "कहा जा रहा है कि इन हमलों में ख़ामेनेई की एक बहू की भी मौत हो गई है."

    पहले कुछ ख़बरें आई थीं कि उनकी बहू और दामाद की मौत हो गई है, लेकिन बाद में इसे ख़ारिज कर दिया गया था.

    ईरानी अधिकारियों ने अभी तक आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत से जुड़े दावे की पुष्टि नहीं की है.

  3. ख़ामेनेई की मौत से जुड़े दावे पर बोले रज़ा पहलवी- 'इस्लामिक रिपब्लिक का प्रभाव ख़त्म हो गया'

    आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत की ख़बर के दावे पर रज़ा पहलवी ने ख़ुशी ज़ाहिर की है

    ईरान के आख़िरी शाह (राजा) के निर्वासित बेटे रज़ा पहलवी ने सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत के दावे का स्वागत किया है.

    उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, "खामेनेई, जिन्होंने हज़ारों ईरानियों को मारा, अब इतिहास का हिस्सा बन गए हैं."

    पहलवी ने कहा कि "उनकी मौत के साथ इस्लामिक रिपब्लिक का प्रभाव ख़त्म हो गया है."

    उन्होंने ईरानी अधिकारियों से किसी नए नेता को न चुनने की अपील की और कहा कि सेना और पुलिस के पास अब जनता के साथ जुड़ने का 'आखिरी मौक़ा' है.

    उन्होंने लिखा, "यह हमारे बड़े राष्ट्रीय जश्न की शुरुआत है, लेकिन यह अंत नहीं है."

    रज़ा पहलवी 1979 की क्रांति के बाद अपने परिवार के साथ देश छोड़कर अमेरिका में बस गए थे और तब से वह वहीं रह रहे हैं.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.