हमें सैफुल्लाह के पिता पर नाज़ है: राजनाथ सिंह

इमेज स्रोत, LSTV
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ मुठभेड़ में मारे गए संदिग्ध सैफुल्लाह पर लोकसभा में बयान दिया है. राजनाथ सिंह ने पूरे वाकये की जानकारी सदन को दी.
इस दौरान उन्होंने सैफुल्लाह के पिता के बयान की सराहना करते हुए जिक्र किया. राजनाथ ने सदन के सदस्यों को सैफुल्लाह के पिता के बयान की जानकारी दी.
उन्होंने सैफुल्लाह के पिता के बयान में कहा, ''उसके पिता मोहम्मद सरताज ने कहा कि उनका बेटा जब देश का ही नहीं हुआ तो उनका क्या होगा. सैफुल्लाह के पिता ने कहा कि उसने उनके लिए कुछ नहीं किया था. वह अपने बेटे का मुंह तक नहीं देखना चाहते.''

इमेज स्रोत, Rohit Ghosh
सैफुल्लाह के पिता का बयान पढ़ते हुए राजनाथ ने सदन में कहा कि हमें मोहम्मद सरताज पर नाज है और सदन को भी इसकी सराहना करनी चाहिए. इस पर लोकसभा में सदस्यों ने ताली बजाकर हामी भरी. राजनाथ सिंह ने कहा कि मोहम्मद सरताज ने औलाद को खोया है और ऐसे में सरकरार उनके साथ खड़ी है.
कानपुर के जाजमऊ इलाक़े के मनोहर नगर में रहने वाले सैफ़ुल्ला के पिता सरताज अहमद ने कहा था, "पुलिस वाले हमारे पास आए थे और कहा कि हम शव दफ़नाने के लिए ले लें लेकिन हमने इनकार कर दिया."

इमेज स्रोत, Getty Images
सरताज कहते हैं, "अगर वो देश के ख़िलाफ़ है तो हमारा उससे कोई संबंध नहीं है." कानपुर के घनी आबादी वाले जाजमऊ इलाक़े में रहने वाले सरताज अहमद के तीन बेटे और एक बेटी हैं. वो ख़ुद उन्नाव में चमड़े का काम करते हैं.












