WPL 2026 फ़ाइनल: जेमिमा के खिताब जीतने का सपना दोस्त मंधाना के हाथों यूँ टूटा

इमेज स्रोत, Getty Images
- Author, मनोज चतुर्वेदी
- पदनाम, बीबीसी हिन्दी के लिए
- पढ़ने का समय: 5 मिनट
दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्ज और आरसीबी की कप्तान स्मृति मंधाना को जिगरी दोस्त माना जाता है और दोनों ही मुंबई से ताल्लुक रखती हैं.
दोनों ने अपनी टीम के लिए बेहतरीन पारी भी खेली पर जेमिमा का अपनी टीम को पहली बार चैंपियन बनाने का सपना अपनी दोस्त के हाथों ध्वस्त हो गया.
आरसीबी ने महिला प्रीमियर लीग के इतिहास के सबसे बड़े लक्ष्य 204 को छह विकेट बाक़ी रहते हासिल कर लिया. इस जीत में स्मृति मंधाना की कप्तानी के दायित्व वाली पारी की अहमियत को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा.
दिल्ली कैपिटल्स पिछले तीन सीजनों की तरह ही एक बार फिर अपने हाथों में विजयी ट्रॉफी नहीं उठा सकी. वहीं आरसीबी ने तीन सालों में दो ट्रॉफी जीत ली है. इसमें पिछली डब्ल्यूपीएल ट्रॉफी शामिल है.
स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वॉल की जोड़ी ने मैच को किसी हद तक एकतरफ़ा बना दिया था. लेकिन 19वें ओवर में हेनरी ने पहले कप्तान स्मृति मंधाना को बोल्ड करने के बाद अगली ही गेंद पर राधा ने बाहर डाली गई गेंद पर चौका लगाने के प्रयास में गेंद को हवा उछाल दिया पर एक्स्ट्रा कवर पर खड़ी मिन्नू ने कैच टपकाकर मैच को हाथ से निकाल दिया.
राधा यादव का अगर विकेट निकल जाता तो आरसीबी पर दवाब बन सकता था और कैच छूटने पर दौड़े दो रन और लक्ष्य में जुड़ जाते. राधा ने इस जीवनदान का फ़ायदा उठाकर अगले ओवर में लगातार दो चौके लगाकर आरसीबी को दूसरी बार चैंपियन बना दिया.
राधा ने जब विजयी चौका लगाया तो प्रसारण में दिखा कि उनके विकेट की वेल्स गिर गई है. पर अंपायार ने रीप्ले में देखा कि वेल्स विकेटकीपर लिजेल ली का हाथ लगने से गिरी थी.
कैच छोड़कर मैच हाथ से निकालने वाली मिन्नू ही दिल्ली को खेल में वापस लाने वाली थीं. उन्होंने 17वें ओवर में जॉर्जिया वॉल का विकेट निकालकर दिल्ली टीम के लड़ने की फिर से उम्मीद बंधाई. इससे उत्साहित नंदिनी शर्मा ने ऋचा घोष को कैच कराकर मैच को रोमांचक बनाया.

इमेज स्रोत, Getty Images
स्मृति मंधाना का साहस
जब किसी भी टीम के सामने 200 से ऊपर का लक्ष्य हो तो उसका दवाब में आना स्वाभाविक है. यही नहीं टीम के लिए कई अच्छी पारियां खेलने वाली ग्रेस हैरिस के जल्दी लौट जाने पर भी कभी टीम को दबाब में नहीं आने दिया.
इसमें जॉर्जिया वॉल ने भी अहम भूमिका निभाई. उन्होंने आते ही अपने शॉट खेलने शुरू कर दिए. इससे एक तो दिल्ली के गेंदबाजों को दवाब बनाने का मौक़ा नहीं मिल सका. दूसरे इससे कुछ समय बाद स्मृति मंधाना को भी खुलकर खेलने का मौक़ा मिल गया.
स्मृति ने भी मैच के बाद माना कि हमारी दूसरे विकेट की मैच जिताने वाली 165 रनों की साझेदारी को बनाने में जॉर्जिया वॉल की भूमिका अहम रही.
जॉर्जिया वॉल ने 54 गेंदों में 79 रनों का योगदान दिया, जिसमें 14 चौके लगाए. यह साझेदारी इस लीग की सबसे बड़ी साझेदारी है.
जॉर्जिया ने अपनी इस पारी को फाइनल के लिए बचाकर रखा था. उन्होंने इससे पहले पांच मैचों में सिर्फ़ 91 रन बनाए थे पर फाइनल में जानदार पारी से जान डाल दी.

इमेज स्रोत, Getty Images
जीत के बाद की प्रतिक्रिया
मंधाना ने ट्रॉफी लेने से पहले कहा, .......आरसीबी के प्रशंसक दुनिया के सबसे अच्छे हैं. हम जहाँ भी जाते हैं, कमाल का सपोर्ट मिलता है. हमारी फ्रेंचाइजी ने पिछले तीन सालों में दो ट्रॉफियां जीती हैं. पिच बल्लेबाज़ी के लिए अच्छी थी पर हमारे गेंदबाज़ों, ख़ासकर लॉरेन बेल ने कमाल की गेंदबाज़ी की.''
''हमारी जीत में सपोर्ट स्टाफ का सहयोग भी बेहतरीन रहा. सभी खिलाड़ियों को उनकी भूमिका बता दी गई थी. उन्होंने इतना अच्छा काम किया था कि खिलाड़ियों को सिर्फ़ मैदान में उतरकर उस पर लागू करना था. हमारी टीम का आत्मविश्वास बहुत अच्छा था, ऐसी स्थिति में किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है.
मंधाना के फाइनल में उतरने से पहले भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर 342 रन बनाकर ऑरेंज कैप पाने की दौड़ में सबसे आगे थीं. लेकिन मंधाना ने 41 गेंदों में 87 रनों की पारी खेलकर अपने रनों की संख्या 377 रन तक पहुंचाकर ऑरेंज कैप को हासिल कर लिया.
स्पोर्ट्स स्टार के लिए कमेंट्री कर रहे सबा करीम ने कहा, 'स्मृति मंधाना भले ही अपना शतक पूरा नहीं कर सकीं पर उन्हें मैच जिताने वाली पारी खेलने के लिए बहुत बहुत बधाई.

इमेज स्रोत, Getty Images
राधा यादव विजयी रन लगाने से ख़ुश
राधा यादव ने मैच के बाद स्टार स्पोर्ट्स के कमेंटेटरों के साथ बातचीत में कहा कि वह पिछले साल तक दिल्ली कैपिटल्स टीम में शामिल थीं पर अब वह दिल्ली के ख़िलाफ़ ही विजयी रन बनाने में सफल रहीं.
उन्होंने कहा, ''हमें तैयार करने में टीम प्रबंधन की भूमिका अहम रही. हमें जिस चीज़ की ज़रूरत थी, उसे मुहैया कराया गया.''
''हमें स्थितियों के हिसाब से तैयारी कराई गई, इसका हमें फ़ायदा मिला. तैयारी के समय हमको कम गेंदों में ज़्यादा रन बनाने के लक्ष्य दिए जाते थे. हर खिलाड़ी अपने कौशल के हिसाब से कैसे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकता है, इसका हमें अभ्यास कराया गया.''
''मैंने अच्छा प्रदर्शन किया और मैं और भी बेहतर प्रदर्शन कर सकती हूं. मुझे उम्मीद है कि भविष्य में मैं देश को विश्व कप जिताऊंगी. प्रबंधन ने अभ्यास सत्र के बाद हमें थोड़े समय के लिए घूमने भेजा, इससे खिलाड़ी तरो-ताजा रहे.
लिजेल ली और शेफाली वर्मा की अच्छी शुरुआत के बाद जेमिमा रोड्रिग्ज और वुलवार्ट के शानदार प्रदर्शन के बावजूद एक समय लग रहा था कि दिल्ली कैपिटल्स 200 के आंकड़े को शायद ही पार कर पाए.
इस स्थिति में हेनरी के विस्फोटक अंदाज़ में खेली गई पारी ने स्कोर को 203 रन तक पहुंचाने में मदद की. हेनरी ने मात्र 15 गेंदों में चार चौकों और दो छक्के से 35 रनों का योगदान किया.
उन्होंने टीम को इस स्कोर तक पहुंचा दिया. यहां तक लक्ष्य का पीछा करने वाली कोई टीम नहीं पहुंची थी.
पर कप्तान जेमिमा की पारी की तारीफ़ करनी होगी कि उन्होंने कप्तानी का दायित्व निभाने वाली 37 गेंदों में 57 रनों की पारी खेली. इसमें उन्होंने आठ चौके लगाए.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.












