किम जोंग उन ने बनाया अपनी बेटी को उत्तराधिकारी, उनके बारे में क्या-क्या पता है?

यह तस्वीर 20 दिसंबर 2025 को ली गई और 23 दिसंबर 2025 को उत्तर कोरिया की आधिकारिक कोरियन सेंट्रल न्यूज़ एजेंसी ने केएनएस के माध्यम से इसे जारी किया. इसमें उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन (दाएं) और उनकी बेटी जू ए (बाएं) एक होटल का निरीक्षण करते दिखाई दे रहे हैं.

इमेज स्रोत, KCNA VIA KNS / AFP via Getty Images

इमेज कैप्शन, यह तस्वीर 20 दिसंबर 2025 को ली गई और 23 दिसंबर 2025 को उत्तर कोरिया की आधिकारिक कोरियन सेंट्रल न्यूज़ एजेंसी ने केएनएस के माध्यम से इसे जारी किया. इसमें उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन (दाएं) और उनकी बेटी जू ए (बाएं) एक होटल का निरीक्षण करते दिखाई दे रहे हैं.
    • Author, फ़्लोरा ड्ररी
    • पदनाम, बीबीसी न्यूज़
  • पढ़ने का समय: 5 मिनट

सितंबर 2025 में उत्तर कोरिया के शासक किम जोंग उन एक बैठक के लिए चीन पहुंचे.

जब वह अपनी बख़्तरबंद ट्रेन से उतरे, तो उनके ठीक पीछे खड़ी सलीके से कपड़े पहने एक लड़की ने लोगों का ध्यान खींच लिया.

वह थीं, किम जू ऐ. उत्तर कोरिया के शासक किम जोंग उन की बेटी.

दक्षिण कोरिया की ख़ुफ़िया एजेंसी ने गुरुवार को सांसदों को बताया कि किम जोंग उन ने उन्हें अपना उत्तराधिकारी चुना है.

हालांकि उनकी उम्र समेत कई और जानकारियां अब भी स्पष्ट नहीं हैं. लेकिन माना जाता है कि वो लगभग 13 वर्ष की हैं.

तो आख़िर हम उनके बारे में वास्तव में क्या जानते हैं?

ख़बरों के मुताबिक़ किम जू ए किम जोंग उन और उनकी पत्नी री सोल-जू के तीन बच्चों में दूसरे नंबर की हैं.

हालांकि दोनों की संतानों की सही संख्या और उनका क्रम पूरी तरह स्पष्ट नहीं है.

किम जोंग उन की 'सम्मानित' बेटी

उत्तर कोरिया

इमेज स्रोत, KCNA VIA KNS / AFP via Getty Images

इमेज कैप्शन, 27 जनवरी 2026 को ली गई यह तस्वीर. इसे 28 जनवरी 2026 को उत्तर कोरिया की आधिकारिक कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी ने जारी किया. इसमें उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन और उनकी बेटी किम जू ऐ दिखाई दे रहे हैं.
छोड़कर पॉडकास्ट आगे बढ़ें
कहानी ज़िंदगी की

मशहूर हस्तियों की कहानी पूरी तसल्ली और इत्मीनान से इरफ़ान के साथ.

एपिसोड

समाप्त

किम जोंग अपने परिवार को लेकर काफी गोपनीयता बरतते हैं.

वो अपनी पत्नी को भी शादी के काफी समय बाद ही सार्वजनिक रूप से सामने लाए थे.

किम जू ऐ ही उनकी एकमात्र संतान हैं, जिनके अस्तित्व की आधिकारिक पुष्टि उत्तर कोरियाई नेतृत्व ने की है.

किसी अन्य बच्चे को अब तक सार्वजनिक रूप से नहीं देखा गया है.

उनके अस्तित्व की ख़बर सबसे पहले एक अप्रत्याशित स्रोत से सामने आई थी.

वर्ष 2013 में बास्केटबॉल खिलाड़ी डेनिस रोडमैन ने 'द गार्डियन' को बताया था कि उत्तर कोरिया की यात्रा के दौरान उन्होंने "उनकी बच्ची जू ऐ को अपनी गोद में उठाया था."

इसके बाद उनके बारे में बहुत कम सुनने को मिला. नवंबर 2022 में वह अपने पिता किम जोंग उन के साथ एक अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल के प्रक्षेपण के मौके पर दिखाई दीं.

अगले वर्ष फरवरी तक उनकी तस्वीरें डाक टिकटों पर छपने लगीं और वह शीर्ष अधिकारियों के लिए आयोजित भोज में भी शामिल होने लगीं.

वहां उन्हें किम जोंग उन की 'सम्मानित' बेटी बताया गया.

'सम्मानित' शब्द उत्तर कोरिया में केवल सबसे आदरणीय और प्रतिष्ठित व्यक्तियों के लिए इस्तेमाल किया जाता है.

खुद उनके पिता को भी 'सम्मानित कॉमरेड' तब कहा जाने लगा था, जब भविष्य के नेता के रूप में उनकी स्थिति पूरी तरह तय हो गई थी.

किम जू ऐ जून 2025 में वोनसान पर्यटन रिसॉर्ट के उद्घाटन समारोह में अपने पिता के साथ नजर आई थीं.

इमेज स्रोत, KCNA

इमेज कैप्शन, किम जू ऐ जून 2025 में वोनसान पर्यटन रिसॉर्ट के उद्घाटन समारोह में अपने पिता के साथ नजर आई थीं.

समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक़, उसी समय दक्षिण कोरिया की नेशनल इंटेलिजेंस सर्विस ने सांसदों को इस बच्ची के बारे में कुछ अतिरिक्त जानकारी दी थी.

नेशनल इंटेलिजेंस सर्विस ने बताया कि किम जू ऐ को घुड़सवारी, स्कीइंग और तैराकी पसंद है, और वह राजधानी प्योंगयांग में घर पर पढ़ाई करती है. उनका अनुमान था कि उसकी उम्र लगभग दस वर्ष है.

जनवरी 2024 तक नेशनल इंटेलिजेंस सर्विस एक और निष्कर्ष पर पहुंची.

एजेंसी ने कहा कि यह बच्ची किम जोंग उन की 'सबसे संभावित' उत्तराधिकारी है.

हालांकि उसने यह भी जोड़ा कि अभी कई अनिश्चितताएं बनी हुई हैं, ख़ासकर इसलिए क्योंकि उसके पिता की उम्र अभी अपेक्षाकृत कम है.

उत्तर कोरिया के बाहर 2025 में पहली बार दिखीं

उत्तर कोरिया

इमेज स्रोत, KCNA

इमेज कैप्शन, चीन के दौरे पर पिता के साथ किम जू ऐ. किम जू ऐ की यह पहली विदेश यात्रा थी . इस तस्वीर में वह सबसे दाईं ओर दिखाई दे रही हैं.

इसके बाद से वह कई मौकों पर अपने पिता के साथ दिखाई देती रही है.

अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल के प्रक्षेपण और सैन्य परेड में वह उनके बगल में खड़ी नजर आई है.

कई बार वह केंद्र में रही है और वरिष्ठ सैन्य कमांडरों से सैन्य सलामी भी प्राप्त कर चुकी है.

सितंबर 2025 वह पहला अवसर था, जब उन्हें उत्तर कोरिया के बाहर देखा गया.

उत्तर कोरिया पर 1948 से शासन कर रहा किम परिवार अपने नागरिकों से कहता है कि वह एक ''पवित्र वंश" से आता है. यानी देश का नेतृत्व केवल वही कर सकता है.

हालांकि यह भी अटकलें लगाई जा रही हैं कि किम जोंग उन ने अपनी बेटी को इस समय आगे लाकर एक गहरे पितृसत्तात्मक राज्य में मौजूद पूर्वाग्रहों को कम करने की कोशिश की है, क्योंकि वहां अब तक कभी किसी महिला ने देश का नेतृत्व नहीं किया है.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और व्हॉट्सऐप पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)