लाइव, जो गिरफ़्तार हुए वो सिर्फ़ एक्टर, केजरीवाल हैं डायरेक्टर- स्वाति मालीवाल

स्वाति मालीवाल ने दिल्ली जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) प्रोजेक्ट्स की टेंडर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में हुई गिरफ़्तारियों पर पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा रद्द किए जाने की घोषणा पर स्टूडेंट्स ने यूं मनाया जश्न
  • अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
  • तमिलनाडु के सीएम विजय
  • अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
  • लखीसराय में भगदड़ से सात लोगों की मौत
  • पश्चिम बंगाल: बीरभूम के होटल में आग से 7 लोगों की मौत
  • जेसीबी में बैठकर उफनते नाले को पार करती महिलाएं

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. गॉल टेस्ट: भारत ने श्रीलंका को 165 रन से हराया

    भारतीय टीम

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारत ने श्रीलंका के ख़िलाफ़ टेस्ट सिरीज़ में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है

    श्रीलंका के ख़िलाफ़ गॉल क्रिकेट टेस्ट में भारत ने जीत हासिल कर ली है.

    सिरीज़ के पहले मुक़ाबले में भारत ने मेजबान श्रीलंका को 165 रन से हरा दिया.

    भारत ने पहली पारी में 462 रन बनाए थे, जिसमें देवदत्त पडिक्कल (167) की शानदार शतकीय पारी भी शामिल थी.

    श्रीलंका पहली पारी में 284 रन ही बना सका था. मानव सुथार ने चार विकेट लिए, जबकि रवींद्र जडेजा ने तीन विकेट चटकाए थे.

    दूसरी पारी में भारत 48.5 ओवरों में 193 रन ही बना सका था, जवाब में श्रीलंका की टीम दूसरी पारी में 206 रन ही बना सकी.

    इस तरह टीम इंडिया ने मुक़ाबला 165 रन से जीत लिया.

    भारत के लिए दूसरी पारी में मानव सुथार ने छह विकेट लिए. इस तरह अपने पहले ही मैच में मानव ने कुल जमा 10 विकेट लिए और मैच के सबसे सफल गेंदबाज़ रहे.

  2. जो गिरफ़्तार हुए वो सिर्फ़ एक्टर, केजरीवाल हैं डायरेक्टर- स्वाति मालीवाल

    स्वाति मालीवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने दिल्ली जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) प्रोजेक्ट्स की टेंडर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में हुई गिरफ़्तारियों पर पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है.

    स्वाति मालीवाल ने कहा, "अरविंद केजरीवाल जी की एक फिल्म है- ‘भ्रष्टाचार की किताब: दिल्ली टू पंजाब’. आज जो लोग गिरफ्तार हुए हैं, वे सिर्फ एक्टर हैं. इस मूवी के डायरेक्टर-प्रोड्यूसर, राइटर हैं शीश महल वाले पूर्व एमएलए अरविंद केजरीवाल. दिल्ली में अरविंद केजरीवाल ने अपने 10 साल के शासन में भ्रष्टाचार की दुकानें चलाई हैं. स्कूल क्लासरूम हों, शराब के ठेके हों या दिल्ली जल बोर्ड- हर जगह यही खेल चला."

    दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन समेत छह लोगों को एंटी-करप्शन ब्रांच (एसीबी) ने मंगलवार को गिरफ़्तार किया है. दिल्ली सरकार की एसीबी ने मंगलवार को कहा कि सभी छह अभियुक्तों से पूछताछ की गई थी और उसके बाद उन्हें गिरफ़्तार किया गया.

    मालीवाल ने कहा, "अरविंद केजरीवाल ने बड़ी चतुराई से काम किया. उन्होंने खुद कोई मंत्रालय नहीं संभाला. वह मंत्रियों के जरिए भ्रष्टाचार करवाते थे और जब कोई मंत्री मामले में फंसता था, तो उसका दोष उसी मंत्री पर डाल देते थे."

  3. अरविंद केजरीवाल का दावा- अमित शाह के कहने पर हुई सत्येंद्र जैन की गिरफ़्तारी

    अरविंद केजरीवाल

    इमेज स्रोत, Ishant Chauhan/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गृह मंत्री अमित शाह पर लगाया आरोप (फ़ाइल फ़ोटो)

    आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है कि सत्येंद्र जैन की गिरफ़्तारी गृह मंत्री अमित शाह के कहने पर हुई है.

    अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर लिखा, "एंटी-करप्शन ब्रांच (एसीबी) के एक अधिकारी ने बताया कि सुबह तक एसीबी का सत्येंद्र जैन को गिरफ़्तार करने का कोई प्लान नहीं था. फिर दोपहर में अमित शाह जी का सीधे फ़ोन आया कि गिरफ़्तार कर लो. तब गिरफ़्तार किया."

    उन्होंने लिखा, "ज़ाहिर है कि अब गिरफ़्तारी इस बात से नहीं होती कि किसी ने कोई गुनाह किया है या नहीं बल्कि इस बात से होती है कि वे दोनों किसे गिरफ़्तार करना चाहते हैं."

    दरअसल, दिल्ली के पूर्व मंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता सत्येंद्र जैन को एसीबी ने मंगलवार को गिरफ़्तार किया है.

    जैन के अलावा दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व सीईओ उदित प्रकाश राय समेत छह लोगों को दिल्ली जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) प्रोजेक्ट्स की टेंडर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ़्तार किया गया है.

  4. तमिलनाडु के विधायकों के लिए सीएम विजय ने किया बड़ा एलान

    तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ़ विजय

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ़ विजय ने बुधवार को विधानसभा में अहम घोषणाएं कीं (फ़ाइल फ़ोटो)

    तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ़ विजय ने विधायकों को सरकारी वाहन और एक लाख रुपये का मासिक भत्ता देने की घोषणा की है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, सीएम विजय ने यह घोषणा विधानसभा में नियम 110 के तहत की.

    मुख्यमंत्री ने बताया कि विधायकों को वाहन के ड्राइवर, फ्यूल और मेंटेनेंस खर्च के लिए हर महीने 75 हज़ार रुपये का भत्ता दिया जाएगा. इसके अलावा कार्यालय संबंधी कामकाज के लिए सहायक रखने के लिए उन्हें 25 हज़ार रुपये का मासिक भत्ता भी मिलेगा.

    मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि इस नई व्यवस्था के तहत विधायकों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में जनता की समस्याओं के समाधान के लिए आवागमन में सुविधा मिलेगी. इसके साथ ही वे सरकारी परियोजनाओं की निगरानी भी बेहतर तरीके से कर सकेंगे.

    इसके अलावा, सीएम विजय ने आविन सहकारी संस्था के लिए दूध का सरकारी खरीद मूल्य 38 रुपये से बढ़ाकर 41 रुपये प्रति लीटर कर दिया है.

    वहीं, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना का सालाना कवरेज 5 लाख से बढ़ाकर 25 लाख रुपये करने की घोषणा की गई.

  5. ट्रंप ने कनाडा पर लगने वाले 50 फ़ीसदी टैरिफ़ को इतने दिन के लिए टाला

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Andrew Harnik/Getty Images

    इमेज कैप्शन, यह घोषणा ऐसे समय में हुई, जब कनाडा के सामान पर नया टैरिफ़ लागू होने में दो घंटे से भी कम समय बचा था (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा से आयात होने वाले सामान पर प्रस्तावित 50% टैरिफ़ को तीन दिनों के लिए टालने का एलान किया है.

    ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा, "मैंने कनाडा पर लगने वाले 50% टैरिफ़ को तीन दिनों के लिए रोक दिया है. यह टैरिफ़ कल सुबह से लागू होने वाला था. इसे रोकने का फ़ैसला इसलिए लिया गया है क्योंकि दस्तावेज़ों को अंतिम रूप दिए जाने के बाद कनाडा और अमेरिका के बीच समझौता हो गया है."

    यह घोषणा ऐसे समय में हुई, जब कनाडा के सामान पर नया टैरिफ़ लागू होने में दो घंटे से भी कम समय बचा था.

    दोनों देशों के बीच कई मुद्दों को लेकर लंबे समय से गतिरोध बना हुआ था. इनमें अमेरिकी ऑटोमोबाइल पर लगाए गए टैरिफ़ और कनाडा के कई प्रांतों की ओर से अमेरिकी शराब की बिक्री पर रोक जैसे मुद्दे शामिल हैं.

    ट्रंप और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के बीच इस सप्ताह दो बार बातचीत हुई है. वहीं, दोनों देशों के वार्ताकार जुलाई से ही बातचीत में जुटे हुए हैं. ट्रंप ने 19 अगस्त की समयसीमा तय करते हुए नए टैरिफ़ की चेतावनी दी थी.

    दूसरी ओर कार्नी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर जारी एक पत्र में कहा, "बातचीत में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है, हालाँकि अभी कुछ अहम काम बाकी है."

  6. अभिजीत दीपके ने केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले के ऑफ़र पर क्या कहा

    अभिजीत दीपके

    इमेज स्रोत, SAJJAD HUSSAIN / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके (फ़ाइल फ़ोटो)

    कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके ने रिपब्लिकन पार्टी ऑफ़ इंडिया (ए) में शामिल होने के ऑफ़र पर प्रतिक्रिया दी है.

    दीपके ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर करते हुए लिखा, “अभी एक महीने पहले तो मैं तुम्हारे लिए एंटी-नेशनल था?”

    दरअसल, केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा था कि सीजेपी के संयोजक अभिजीत दीपके को रिपब्लिकन पार्टी ऑफ़ इंडिया (ए) में शामिल होना चाहिए. उन्होंने इसे डॉ आंबेडकर के सपने को पूरा करने, समाज और पार्टी को मज़बूत करने की दिशा में कदम बताया.

    केंद्रीय मंत्री ने इस दौरान आरक्षण ख़त्म करने की मांग को लेकर भी चिंता जताई. उन्होंने कहा कि आरक्षण संवैधानिक अधिकार है और इसे ख़त्म करने की माँग करने वालों के ख़िलाफ़ सरकार को सख़्त कार्रवाई करनी चाहिए.

    अभिजीत दीपके

    इमेज स्रोत, Instagram/@abhijeetdipke

    इमेज कैप्शन, अभिजीत दीपके ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी शेयर की
  7. आज़म ख़ान से जुड़े 10 ठिकानों पर ईडी की छापेमारी, इस मामले में हो रही कार्रवाई

    आज़म ख़ान

    इमेज स्रोत, Sonu Mehta/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ़ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत दर्ज मामले के सिलसिले में की जा रही है (फ़ाइल फ़ोटो)

    प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म ख़ान से जुड़े मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और जौहर यूनिवर्सिटी से संबंधित परिसरों पर छापेमारी की.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के तहत की गई है.

    अधिकारियों के मुताबिक़, उत्तर प्रदेश के रामपुर और सहारनपुर के अलावा दिल्ली में क़रीब 10 परिसरों की तलाशी ली जा रही है. यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ़ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत दर्ज मामले के सिलसिले में की जा रही है.

    मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट का मुख्यालय लखनऊ में है. आज़म ख़ान इस ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी हैं. ट्रस्ट में उनके परिवार के कुछ सदस्य और सहयोगी भी शामिल हैं.

    यह ट्रस्ट रामपुर ज़िले में मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी और एक पब्लिक स्कूल का संचालन करता है.

  8. पश्चिम बंगाल: कोलकाता के एक होटल में भीषण आग, नौ लोगों की मौत, प्रभाकर मणि तिवारी, बीबीसी हिन्दी के लिए

    होटल की इमारत

    इमेज स्रोत, Sanjay Das

    इमेज कैप्शन, फ़ायर ब्रिगेड के एक अधिकारी ने बताया कि अंदेशा है कि यह आग शॉर्ट सर्किट से लगी

    पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के न्यू मार्केट इलाक़े के एक होटल में मंगलवार देर रात आग लगने के कारण एक बच्चे समेत कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई.

    अस्पताल सूत्रों ने बताया कि इन लोगों की मौत दम घुटने के कारण हुई है. फ़िलहाल छह अन्य लोगों की हालत गंभीर बताई गई है. उनको सरकारी एसएसकेएम मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई ने फ़ायर ब्रिगेड सूत्रों के हवाले बताया है कि मृतकों में बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं. वो इलाज के लिए यहां आए थे. लेकिन पुलिस ने अब तक मृतकों की पहचान की पुष्टि नहीं की है.

    फ़ायर ब्रिगेड सूत्रों ने बताया कि रात को लगभग दो बजे होटल की तीसरी मंज़िल पर आग लगी. उसका धुआं पूरी इमारत में भरने लगा. धीरे-धीरे आग आस-पास की इमारतों तक फैल गई. वहां फ़ायर ब्रिगेड का दफ़्तर बगल में ही है.

    आग लगने की सूचना मिलने पर फ़ायर ब्रिगेड की टीम के अलावा न्यू मार्केट थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची. उसके बाद होटल में फंसे लोगों को निकालने का काम शुरू हुआ.

    फ़ायर ब्रिगेड के एक अधिकारी ने बताया कि शुरुआती अनुमान है कि यह आग शॉर्ट सर्किट से लगी. लेकिन जांच से ही असली कारण का पता चलेगा.

    पुलिस ने एक मामला दर्ज कर इस घटना की जांच शुरू कर दी है. होटल के मैनेजर को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है.

    अस्पताल सूत्रों ने बताया कि होटल में फंसे होने के दौरान ही दम घुटने से एक बच्चे समेत कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई. अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी. फ़िलहाल छह अन्य लोगों का इलाज चल रहा है, उनमें से कुछ की हालत गंभीर है.

    स्थानीय लोगों ने बताया कि आग लगते ही होटल की लिफ़्ट बंद हो गई. वहां ठहरे लोगों में बाहर निकलने की अफ़रा-तफ़री मच गई. लेकिन कुछ लोग अपने कमरे में फंस गए और धुआं भर जाने के कारण बेहोश हो गए.

    इससे पहले सोमवार तड़के बीरभूम ज़िले में तारापीठ स्थित एक होटल में आग लगने के कारण भी नौ लोगों की मौत हो गई थी.

  9. फ़्रांस ने दो ईरानी राजनयिकों को देश से निकालने का फ़ैसला क्यों किया

    जीन-नोएल बैरोट

    इमेज स्रोत, LUDOVIC MARIN/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, फ़्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरोट (फ़ाइल फ़ोटो)

    फ़्रांस ने दो ईरानी राजनयिकों को देश से निष्कासित करने का फ़ैसला किया है. फ़्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरोट ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ पर इसकी जानकारी दी.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, इससे पहले ईरान ने फ़्रांसीसी दूतावास के दो कर्मचारियों को वापस ईरान आने से रोक दिया था.

    ईरानी विदेश मंत्रालय ने सोमवार को कहा था कि जुलाई में हुए एक राजनयिक विवाद के बाद इन दोनों कर्मचारियों को ईरान लौटने की इजाज़त नहीं दी जाएगी.

    20 जुलाई को फ़्रांस के विदेश मंत्री ने ईरानी सुरक्षा बलों पर आरोप लगाया कि इन्होंने दूतावास के दो कर्मचारियों को ‘डराया-धमकाया’ था.

    दूसरी ओर ईरान ने फ़्रांस पर ईरान के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप और प्रभाव डालने का आरोप लगाया था.

  10. डेविड वॉर्नर पर ड्रिंक-ड्राइविंग मामले में ऑस्ट्रेलियाई कोर्ट ने लगाया इतना जुर्माना, एडवोड राजन, बीबीसी स्पोर्ट जर्नलिस्ट

    डेविड वॉर्नर

    इमेज स्रोत, Saeed Khan / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, डेविड वॉर्नर को अपनी कार में ऐसा इंटरलॉक डिवाइस लगवाने का आदेश दिया गया है, जो उनके शरीर में शराब की मौजूदगी का पता चलने पर कार को स्टार्ट होने से रोक देगा (फ़ाइल फ़ोटो)

    ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज़ डेविड वॉर्नर पर ड्रिंक-ड्राइविंग मामले में 1,500 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (क़रीब एक लाख रुपये) का जुर्माना लगाया गया है.

    इसके साथ ही उन्हें अपनी कार में ऐसा इंटरलॉक डिवाइस लगवाने का आदेश दिया गया है, जो उनके शरीर में शराब की मौजूदगी का पता चलने पर कार को स्टार्ट होने से रोक देगा. वॉर्नर ने अप्रैल में सिडनी में शराब पीकर गाड़ी चलाने का आरोप स्वीकार किया था.

    दरअसल, वह एक कार्यक्रम से अपने परिवार को घर लेकर जा रहे थे. इसी दौरान जांच में उनके ख़ून में अल्कोहल की मात्रा लिमिट के मुक़ाबले दोगुने से भी अधिक पाई गई थी.

    मामले की सुनवाई में अदालत को बताया गया कि ईस्टर संडे के दिन वॉर्नर ने सड़क किनारे पुलिस की जांच देखकर अपनी कार रोक दी थी. इसके बाद उन्होंने एक महिला के साथ सीट बदलने की कोशिश की थी.

    जज क्लेयर फार्नन ने सुनवाई के दौरान कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वॉर्नर दोबारा इस तरह का अपराध नहीं करेंगे. हालांकि, उन्होंने कहा कि न्यू साउथ वेल्स में सड़क दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण अब भी ड्रिंक-ड्राइविंग है.

    जज ने यह भी कहा कि मामले की गंभीरता इसलिए बढ़ जाती है क्योंकि घटना के समय कार में बच्चे भी मौजूद थे.

    वॉर्नर ने 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था. वह फ़िलहाल फ़ॉक्स स्पोर्ट्स ऑस्ट्रेलिया के लिए कमेंटेटर के तौर पर काम करते हैं.

    वॉर्नर पाकिस्तान सुपर लीग की टीम कराची किंग्स और बिग बैश लीग की सिडनी थंडर के कप्तान भी हैं.

  11. झारखंड: स्टूडेंट प्रोटेस्ट के बीच सरकार ने रद्द की 44 भर्ती परीक्षाएं

    सीएम हेमंत सोरेन

    इमेज स्रोत, Mohd Zakir/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, जेपीएससी और जेएसएससी में इंटरनल विजिलेंस सेल का गठन किया जाएगा (फ़ाइल फ़ोटो: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन)

    झारखंड सरकार ने छात्र आंदोलन के बीच मंगलवार देर रात अनियमितताओं के चलते 44 भर्ती परीक्षाएं रद्द करने का फ़ैसला लिया.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, सरकार ने देर रात आठ अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी कर इसकी जानकारी दी. रद्द की गई परीक्षाओं में झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और आउटसोर्स एजेंसी टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (टीडीपीएल) की ओर से 2014 के बाद आयोजित परीक्षाएं शामिल हैं.

    सरकार के फ़ैसले के मुताबिक़, ड्रग इंस्पेक्टर, असिस्टेंट प्रोफ़ेसर, डिप्टी कलेक्टर, डेंटल डॉक्टर, असिस्टेंट इंजीनियर, सिविल जज, एडिशनल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर और फ़ॉरेस्ट रेंज ऑफ़िसर समेत कई पदों पर भर्ती के लिए आयोजित परीक्षाएं रद्द की गई हैं.

    इसके अलावा सरकारी पॉलिटेक्निक में लेक्चरर, सीनियर साइंटिफ़िक ऑफ़िसर, असिस्टेंट कंजरवेटर ऑफ़ फ़ॉरेस्ट समेत कई प्रशासनिक और तकनीकी पदों के लिए आयोजित परीक्षाएं भी रद्द कर दी गई हैं.

    सरकार की ओर से जारी अधिसूचनाओं में कहा गया है कि जेपीएससी-जेएसएससी में हुई अनियमितताओं से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए हाईकोर्ट से फ़ास्ट-ट्रैक कोर्ट गठित करने का अनुरोध किया जाएगा. इसके साथ ही जेपीएससी और जेएसएससी में इंटरनल विजिलेंस सेल का गठन किया जाएगा.

    वहीं, वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में जेपीएससी-जेएसएससी में सुधार के लिए गठित समिति को दो महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपनी होगी.

  12. ईरान के साथ मध्य पूर्व के इस देश ने रोका व्यापारिक लेन-देन

    शेख़ मोहम्मद बिन ज़ाएद अल नाह्यान

    इमेज स्रोत, Antonio Masiello/Getty Images

    इमेज कैप्शन, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति शेख़ मोहम्मद बिन ज़ाएद अल नहयान

    संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने ईरान के साथ सभी व्यापारिक और वित्तीय लेन-देन को अगले आदेश तक निलंबित करने की घोषणा की है.

    समाचार एजेंसियों के मुताबिक़, यूएई के विदेश मंत्रालय ने क्षेत्रीय तनाव बढ़ने, शांति और सुरक्षा के लिए ख़तरा पैदा होने के मद्देनज़र यह फ़ैसला लिया है.

    इससे कुछ घंटे पहले यूएई के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया था कि ईरान ने यूएई की ओर दो बैलिस्टिक मिसाइलें दाग़ी थीं.

    हालांकि, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने यूएई के इस दावे को ख़ारिज किया है.

    जबकि यूएई ने कहा है कि एक मिसाइल यूएई के क्षेत्रीय जल से बाहर गिरी, जबकि दूसरी देश के जलक्षेत्र में आकर गिरी.

    उल्लेखनीय है कि मध्य पूर्व में युद्ध शुरू होने के बाद यूएई उन देशों में शामिल रहा, जिसे ईरान के हमलों का सबसे अधिक सामना करना पड़ा.

  13. बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आपतक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद इन अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए इनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.