लाइव, डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ईरान बातचीत करना चाहता है

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान बातचीत करना चाहता है. उन्होंने यह भी कहा कि ग़लत जानकारी फैलाने के लिए ईरान एआई का इस्तेमाल कर रहा है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह

  1. डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ईरान बातचीत करना चाहता है

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका ने ईरान को बहुत नुक़सान पहुंचाया है

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान बातचीत करना चाहता है. उन्होंने यह भी कहा कि ग़लत जानकारी फैलाने के लिए ईरान एआई का इस्तेमाल कर रहा है.

    ट्रंप ने ये बयान 'एयर फ़ोर्स वन' में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दिए.

    ट्रंप ने कहा कि ईरान समझौता करने के लिए बेताब है. कूटनीतिक बातचीत के बारे में उन्होंने बताया, "हम उनसे बात कर रहे हैं, लेकिन मुझे नहीं लगता कि वे अभी तैयार हैं, हालांकि वे काफ़ी क़रीब पहुंच रहे हैं."

    उधर, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने रविवार को कहा कि ईरान ने "कभी भी युद्धविराम की मांग नहीं की है और न ही बातचीत की मांग की है."

    जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या वह ईरान पर जीत की घोषणा करने के लिए तैयार हैं, तो उन्होंने कहा, "ऐसा करने की कोई वजह नहीं है."

    उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका ने इतना नुक़सान पहुंचाया है कि "अगर हम अभी उन्हें छोड़ दें तो उन्हें दोबारा खड़े होने में 10 साल लगेंगे."

    ट्रंप ने यह भी आरोप लगाया कि मोजतबा ख़ामेनेई के समर्थन में एक चौक पर हज़ारों लोगों के जुटने की तस्वीरें, "कामिकाज़ी बोट्स" से जुड़े दावे और यूएसएस अब्राहम लिंकन पर हमले की ख़बरें एआई से बनाई गई हैं.

    हालांकि उन्होंने इसके लिए कोई सबूत नहीं दिया.

  2. बांग्लादेश ने पाकिस्तान को तीसरे वनडे मैच में हराकर जीती सिरीज़

    बांग्लादेश क्रिकेट टीम के प्लेयर

    इमेज स्रोत, MUNIR UZ ZAMAN / AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, तस्किन अहमद ने चार विकेट झटके

    बांग्लादेश ने तीसरे वनडे मैच में पाकिस्तान को 11 रनों से हराकर सिरीज़ 2-1 से जीत ली है.

    तीसरे और आख़िरी वनडे मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी थी.

    पहले बल्लेबाज़ी करते हुए बांग्लादेश ने पाकिस्तान के सामने 291 रनों का लक्ष्य रखा. बांग्लादेश की शुरुआत काफ़ी अच्छी रही और पहले विकेट के लिए सैफ़ हसन और तंज़ीद हसन ने 105 रन की साझेदारी की.

    तंज़ीद हसन ने शतक जड़ते हुए 107 रन बनाए. उनके अलावा तौहीद हृदॉय ने 48, लिटन दास ने 41 और सैफ़ हसन ने 36 रन की पारी खेली.

    लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम 50 ओवरों में 279 रनों पर सिमट गई. पाकिस्तान की ओर से सलमान अली आग़ा ने शतकीय पारी खेली, लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके.

    आग़ा ने 98 गेंदों में 106 रन बनाए.

    बांग्लादेश के तंज़ीद हसन को उनकी शतकीय पारी के लिए 'प्लेयर ऑफ़ द मैच' चुना गया.

  3. ओडिशा: कटक के एससीबी अस्पताल में आग लगने से 10 लोगों की मौत

    मोहन चरण माझी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सीएम माझी ने बताया कि इस घटना की न्यायिक जांच के आदेश दिए गए हैं

    ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में आग लगने से 10 लोगों की मौत हो गई है. इसकी जानकारी राज्य के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने दी है.

    सीएम माझी ने बताया, "एससीबी मेडिकल कॉलेज से ट्रॉमा केयर सेंटर में संभवतः शॉर्ट सर्किट से आग लगी. ट्रॉमा से लगे आईसीयू में 23 मरीज़ भर्ती थे."

    उन्होंने बताया, "इस घटना में सात लोगों की मौत हो गई. आईसीयू के मरीजों को दूसरी जगह शिफ़्ट किया गया, जिसके बाद तीन और लोगों की मौत हुई."

    सीएम माझी ने बताया कि इस घटना की न्यायिक जांच के आदेश दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि इस घटना के ज़िम्मेदारों के ख़िलाफ़ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

  4. दुबई एयरपोर्ट पर उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित की गईं, जानिए वजह

    दुबई एयरपोर्ट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एक 'ड्रोन से जुड़ी घटना' के कारण दुबई एयरपोर्ट के नज़दीक आग लग गई

    दुबई के अधिकारियों ने बताया है कि सभी यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एहतियाती क़दम के तौर पर दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है.

    इससे पहले अधिकारियों ने बताया था कि वे एयरपोर्ट के नज़दीक लगी आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे हैं, जो एक "ड्रोन से संबंधित घटना" के कारण फ़्यूल टैंक के प्रभावित होने के बाद लगी है.

    यात्रियों को अपनी उड़ानों से जुड़ी जानकारी के लिए एयरलाइंस से संपर्क करने की सलाह दी गई है.

    फ़रवरी के अंत में अमेरिका और ईरान के बीच जंग शुरू होने से पहले दुबई एयरपोर्ट अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए दुनिया का सबसे व्यस्त हवाई अड्डा था और साल 2025 में यहां क़रीब 9 करोड़ यात्रियों ने यात्रा की थी.

  5. सऊदी अरब में हमलों के बीच भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइज़री

    रियाद में उठता धुआं

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, सऊदी अरब समेत खाड़ी के कई देशों में रविवार को भी हमले जारी रहे

    सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने क्षेत्र के मौजूदा हालात को देखते हुए अपने नागरिकों के लिए एडवाइज़री जारी की है.

    भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों को सतर्क रहने, सुरक्षा दिशानिर्देशों का सख़्ती से पालन करने और स्थानीय प्रशासन और दूतावास की ओर से दी गई सलाह को मानने के लिए कहा है.

    अधिकारियों ने भारतीय नागरिकों से विशेष तौर पर यह कहा है कि वे मौजूदा हालात से जुड़े किसी भी 'वीडियो या ख़बर को साझा करने या दोबारा पोस्ट करने से परहेज़ करें'.

    मध्य-पूर्व में जारी संघर्ष के बीच खाड़ी देशों ने हमलों से जुड़े किसी भी मीडिया रिपोर्टिंग और सोशल मीडिया पोस्टिंग को लेकर सख़्त नियम लागू किए हैं.

    इनमें उन जगहों की तस्वीरें या वीडियो पोस्ट करने पर पूरी तरह रोक शामिल है, जो ईरानी हमलों का निशाना बनी हों.

    भारतीय दूतावास ने यह जानकारी भी दी है कि सऊदी अरब से भारत के लिए दोनों देशों की एयरलाइंस अपनी नियमित उड़ानें जारी रखे हुए हैं. भारत जाने वाले नागरिक इन उड़ानों का इस्तेमाल कर सकते हैं.

    सऊदी अरब समेत खाड़ी के कई देशों पर रविवार को भी हमले जारी रहे. सऊदी अरब की राजधानी रियाद के नज़दीक स्थित प्रिंस सुल्तान एयर बेस पर ईरान ने कई मिसाइल और ड्रोन हमले किए.

  6. डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज़ स्ट्रेट खोलने को लेकर चीन और यूरोपीय देशों का ज़िक्र करते हुए क्या कहा

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Andrew Harnik/Getty

    इमेज कैप्शन, ट्रंप का कहना है कि यूरोप और चीन खाड़ी से आने वाले तेल पर काफ़ी निर्भर हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अगर यूरोपीय देश होर्मुज़ स्ट्रेट खोलने में मदद नहीं करते हैं, तो यह नेटो के भविष्य के लिए "बहुत बुरा" होगा.

    इसके साथ ही ट्रंप ने उम्मीद जताई कि चीनी राष्ट्रपति के साथ बीजिंग में होने वाली उनकी आगामी बैठक से पहले चीन होर्मुज़ स्ट्रेट खोलने में मदद करेगा. उन्होंने कहा कि चीन को "उसका 90 फ़ीसदी तेल इसी स्ट्रेट से मिलता है".

    ट्रंप ने यह बातें फ़ाइनेंशियल टाइम्स को दिए इंटरव्यू में कही हैं.

    बीजिंग में यह बैठक मार्च के अंत में होनी है, लेकिन ट्रंप ने कहा कि वह चाहते हैं कि इससे पहले ही चीन कोई क़दम उठाए, क्योंकि बैठक दो हफ़्ते बाद होनी है और यह "लंबा समय" है.

    उन्होंने यह भी कहा कि उनकी चीन यात्रा टल भी सकती है, हालांकि उन्होंने इस बारे में कोई और स्पष्ट जानकारी नहीं दी.

    नेटो और यूरोपीय सहयोगियों के बारे में बात करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि जिन देशों को होर्मुज़ स्ट्रेट से फ़ायदा होता है, उनके लिए इसे फिर से खोलने में मदद करना "उचित" है.

    ट्रंप का कहना है कि यूरोप और चीन खाड़ी से आने वाले तेल पर काफ़ी निर्भर हैं.

    उन्होंने चेतावनी दी कि अगर दूसरे देशों की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आती है, तो यह "नेटो के भविष्य के लिए बहुत बुरा" हो सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका अपने यूरोपीय सहयोगियों के साथ "काफ़ी नरम" रहा है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा, "हमें यूक्रेन के लिए उनकी मदद करना ज़रूरी नहीं था. यूक्रेन हमसे हज़ारों मील दूर है... लेकिन हमने उनकी मदद की. अब हम देखेंगे कि क्या वे हमारी मदद करते हैं. क्योंकि मैं लंबे समय से कहता आया हूं कि हम उनके लिए मौजूद रहेंगे, लेकिन वे हमारे लिए मौजूद नहीं रहेंगे. और मुझे यक़ीन नहीं है कि वे मौजूद होंगे."

    ट्रंप की यह टिप्पणी उस अपील के एक दिन बाद आई है, जिसमें उन्होंने चीन, फ़्रांस, जापान, दक्षिण कोरिया और ब्रिटेन से होर्मुज़ स्ट्रेट को खोलने के लिए "साझा प्रयास" में शामिल होने को कहा था.

  7. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.