लाइव , उत्तर प्रदेश: समाजवादी पार्टी के मेनिफ़ेस्टो पर मायावती ने ये कहा
मायावती ने कहा, "हर हाथ को काम और 'क़ानून का राज' जैसी बातें मूल रूप से बीएसपी की नीति और सिद्धान्त हैं. सपा की बातें, वादे, दावे और घोषणाएं चुनावी छलावा हैं, लोग ज़रूर सावधान रहें."
ट्रंप ने चीन और रूस से ईरान को मिल रही कथित ख़ुफ़िया जानकारी पर ये कहा
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, थैंक्सगिविंग डे के मौक़े पर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने मार-ए-लागो से फ़ोन पर अमेरिकी सैनिकों से बात की
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को मध्य पूर्व में मौजूद अमेरिकी सेना के साथ फोन पर बातचीत की.
इस दौरान उन्होंने रूस और चीन की ओर से ईरान के साथ ख़ुफ़िया जानकारी साझा करने के महत्व को कम करके आंका.
ये टिप्पणियां ऐसे समय में आईं जब ईरान पर अमेरिकी सैन्य हमलों की शुरुआत से ही ऐसी रिपोर्टें प्रकाशित हो रही हैं कि ईरान के सहयोगियों ने सैटेलाइट से मिली जानकारी देकर ईरानी सेना को अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने में मदद की.
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ अपनी मुलाक़ात के बारे में उन्होंने कहा, "मेरी मुलाक़ात शानदार रही. मुझे लगता है कि ईरान के मामले में उनकी दखलअंदाजी बहुत कम है."
"वे शायद दखल देते हों, लेकिन दखलअंदाजी से मेरा मतलब गोलीबारी और सैन्य टकराव है, न कि ईरान को थोड़ी सी जानकारी देना."
उन्होंने ईरान के साथ रूस के सूचना आदान-प्रदान के बारे में भी कहा, "मुझे नहीं लगता कि वे उन्हें बहुत अधिक जानकारी दे रहे हैं."
उत्तर प्रदेश: समाजवादी पार्टी के मेनिफ़ेस्टो पर मायावती ने ये कहा
इमेज स्रोत, @Mayawati
इमेज कैप्शन, उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बीएसपी प्रमुख मायावती ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी अमीरों की समर्थक है
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए समाजावादी पार्टी के घोषणापत्र को बीएसपी प्रमुख मायावती ने "हवाहवाई" बताया है.
मायावती ने एक्स पर एक पोस्ट में एसपी के मेनिफ़ेस्टो पर टिप्पणी की है.
मायावती ने आरोप लगाया, "वैसे भी इस पार्टी का स्वभाव ज़ाहिर तौर पर ग़रीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों के वास्तविक हित, कल्याण, उनके मान-सम्मान और सुरक्षा के विरुद्ध अधिकतर जातिवादी और धन्नासेठ-समर्थक भी रहा है."
मायावती ने कहा, "हर हाथ को काम और 'क़ानून का राज' जैसी बातें मूल रूप से बीएसपी की नीति और सिद्धान्त हैं. सपा की बातें, वादे, दावे और घोषणाएं चुनावी छलावा हैं, लोग ज़रूर सावधान रहें."
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने गुरुवार को पार्टी का घोषणापत्र 'पीडीए का प्रणपत्र' जारी किया है.
इस मौक़े पर उन्होंने कहा कि बीजेपी ने जिन 'अच्छे दिनों' का वादा किया था, वे कभी नहीं आए, लेकिन अब 'बुरे दिन' जाने वाले हैं.
घोषणापत्र में समाजवादी पार्टी ने पांच रुपये प्रति प्लेट की दर से समाजवादी कैंटीन खोलने और बुज़ुर्ग महिलाओं को सालाना 40 हज़ार रुपये पेंशन देने का वादा किया है.
कांग्रेस के साथ सीटों के समझौते पर आज़म ख़ान ने क्या कहा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, गुरुवार को समाजवादी पार्टी का मेनिफ़ेस्टो जारी करते आज़म ख़ान और अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के नेता आज़म ख़ान ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के साथ सीटों की साझेदारी का अधिकार हर किसी के पास नहीं है, यह काम राहुल गांधी और अखिलेश यादव को करना है.
आज़म ख़ान ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "हमारी पार्टी के गठबंधन में जो भी पार्टी होगी उन्हें पूरा अधिकार है कि वे अपने मेनिफ़ेस्टो जारी करें. जब गठबंधन का मेनिफ़ेस्टो आएगा तो वह भी आपने सामने होगा."
इससे पहले समाजवादी पार्टी ने राज्य में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए अपना मेनिफ़ेस्टो जारी कर दिया है.
आज़म ख़ान ने कहा, "इसमें कोई झगड़ा नहीं है, कोई इसके ख़िलाफ़ नहीं है. गठबंधन टूटने की कोई बात नहीं है.पता नहीं ये बात कहां से आ रही है. हर किसी के पास गठबंधन कराने की ज़िम्मेदारी नहीं है. यह गठबंधन राहुल गांधी और अखिलेश यादव या ज़्यादा से ज़्यादा प्रियंका गांधी के बीच होगी. उसमें मैं भी शामिल नहीं हूं."
आज़म ख़ान ने कहा कि अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश के सारे सीटों के समीकरण पता हैं, सारे आंकड़े लेकर बैठने के बाद ही बात आगे बढ़ेगी. उन्होंने कहा कि अभी इस मुद्दे पर कुछ नहीं हुआ है.
आज़म ख़ान का कहना है, ''मेरी इतनी गु़जारिश है कि राय देते वक़्त अपनी शक्ल को हम पूरी तरह न बिगाड़ दें. लोग थोड़ा मस्कुराकर, थोड़ा कम दहाड़कर, तहज़ीब के साथ बात करें तो हो सकता है कि जतनी सीटें मांगी हैं, उससे भी 2-4 सीटें ज़्यादा मिल जाएं. बातचीत में ज़ुबान अच्छी होनी चाहिए."
ईरान ने इटली के नागरिकों की मौत में भूमिका से किया इनकार, कहा- जांच में सहयोग के लिए तैयार
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, कुवैत ने हमले में इटली के दो नागरिकों की मौत के लिए ईरान को ज़िम्मेदार ठहराया है (सांकेतिक तस्वीर)
ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी से फोन पर बातचीत की और कुवैत में इटली के दो नागरिकों की हत्या पर शोक जताया है.
बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, अराग़ची ने कहा कि 'कुवैत पर हुए ड्रोन हमले में ईरान शामिल नहीं था और न ही उसकी इस हमलें में कोई भूमिका थी.'
ईरानी विदेश मंत्री ने यह भी कहा कि ईरान "घटना के मूल कारण का पता लगाने और इसके विभिन्न पहलुओं की जांच करने के लिए कुवैत और इटली की सरकारों के साथ सहयोग करने के लिए तैयार है."
इससे पहले इटली ने कहा था कि कुवैत में गुरुवार को ईरान के ड्रोन हमले में उसके दो नागरिकों की मौत हो गई.
बीबीसी फ़ारसी ने इटली के विदेश मंत्रालय के बयान के मुताबिक़ लिखा कि दोनों नागरिक जर्मनी की हथियार बनाने वाली कंपनी राइनमेटल के लिए काम करते थे.
इससे पहले कुवैत ने कहा था कि उसके सशस्त्र बलों ने कई "दुश्मन ड्रोन" को मार गिराया.
कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने बताया था कि इन ड्रोन को रोकने की कार्रवाई के दौरान चार लोग छर्रे लगने से घायल हुए थे. इनमें कुवैत का एक नागरिक, दो इतालवी नागरिक और एक पाकिस्तानी नागरिक शामिल थे.
ज़लेंस्की ने कहा- 'ट्रंप का ध्यान रूस से ज़्यादा मध्य-पूर्व पर', सारा रेंस्फ़ोर्ड, दक्षिणी और पू्र्वी यूरोप संवाददाता
इमेज कैप्शन, बीबीसी को दिए इंटरव्यू में यूक्रेन के राष्ट्रपति ने ट्रंप और पुतिन के गले मिलने पर भी टिप्पणी की
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अमेरिका के प्रति नाराज़गी जाहिर की है. बीबीसी के साथ एक इंटरव्यू में ज़लेंस्की ने कहा कि अमेरिका की ओर से बैलिस्टिक मिसाइलों की डिलीवरी में देरी से यूक्रेन के लोगों की जान जा रही है.
उन्होंने यह भी शिकायत की कि शांति वार्ता के दौरान अमेरिका रूस पर पर्याप्त दबाव नहीं बना रहा है.
बीबीसी को कीएव स्थित अपने केंद्रीय कार्यालय में दिए इंटरव्यू में जेलेंस्की ने यह भी कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का व्लादिमीर पुतिन के साथ गले मिलते हुए अपनी तस्वीर पोस्ट करना और उन्हें 'मेरा दोस्त' कहना अजीब है.
जेलेंस्की ने कहा, "बेशक, यह अमेरिकी राष्ट्रपति पर निर्भर करता है, लेकिन... यह अजीब है."
उन्होंने कहा, "वह हमलावर हैं और हत्यारे हैं... वह दोस्त नहीं हो सकते. बिल्कुल नहीं."
जेलेंस्की ने इसकी तुलना दूसरे विश्व युद्ध के दौरान एडोल्फ हिटलर को अपना दोस्त बताने से की.
जेलेंस्की ने कहा, "यह अफसोस की बात है कि उन्होंने अपना ध्यान मिडिल ईस्ट पर केंद्रित कर दिया है और वहां के लोगों की ज्यादा मदद कर रहे हैं. यह दुखद है. इस मुद्दे पर हमारे कई बड़े सवाल हैं."
साल 2025 में व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में ट्रंप के साथ तीखी बहस के बाद से जेलेंस्की अमेरिका के साथ संबंधों को लेकर काफ़ी सतर्क रहे हैं.
ट्रंप के दो विशेष दूत रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध ख़त्म करने और बड़े पैमाने पर हो रही मौतों को रोकने के लिए शांति समझौते पर बातचीत कर रहे हैं. हालांकि, कई बार ऐसा लगता है कि वे यूक्रेन के बजाय रूस के रुख़ से ज़्यादा सहमत हैं.
गुरुवार को डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया कि चीन में पिछले सप्ताह पुतिन के साथ हुई अपनी बैठक में उन्होंने रूस से पूरे यूरोप के क्षेत्रों में सभी तरह की सैन्य आक्रामकता रोकने को कहा था. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें यूक्रेन के साथ शांति समझौते की काफी संभावना दिखती है.
हालांकि, रूस के सार्वजनिक बयानों से संकेत मिलता है कि वह बातचीत में अपने शुरुआती सख़्त रुख़ पर लौट आया है और लगभग सभी मुद्दों पर अपनी पुरानी मांगों पर कायम है.
अमेरिका में तूफ़ान और भारी बारिश के बाद क़रीब 10 लाख लोग अंधेरे में, सैकड़ों फ़्लाइट्स रद्द
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, अमेरिका में भीषण तूफ़ान ने लाखों लोगों के लिए परेशानी खड़ी कर दी है
अमेरिका के मिडवेस्ट और उत्तर-पूर्वी इलाक़ों में भारी बारिश और तेज हवाओं के साथ थैंक्सगिविंग के दौरान आए भीषण तूफान ने लाखों लोगों के सामने मुश्किलें खड़ी कर दी हैं.
वहीं, पश्चिमी इलाकों में समुद्र में उठ रही ऊंची लहरों के कारण भी देशभर में बड़े पैमाने पर जनजीवन प्रभावित हो रहा है.
इस सप्ताह अमेरिका में 8 करोड़ से ज्यादा लोगों के यात्रा करने की उम्मीद है. फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ़्लाइट अवेयर के मुताबिक़, स्थानीय समय के मुताबिक़ गुरुवार को अमेरिका में 400 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गईं.
वहीं अमेरिका आने-जाने वाली और देश के भीतर संचालित होने वाली 2,200 से ज्यादा उड़ानों में देरी हुई.
थैंक्सगिविंग अमेरिका का एक पारंपरिक उत्सव है. इसमें लोग अच्छी फसल, पारिवारिक और अन्य खुशियों के लिए एक-दूसरे को धन्यवाद देते हैं.
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने पहले ही चेतावनी दी थी कि बारिश और तेज हवाओं के पूर्वानुमान के चलते पूरे सप्ताह उड़ानों में देरी हो सकती है.
इस बीच, गुरुवार रात तक क़रीब 10 लाख घरों की बिजली गुल हो गई. पेंसिल्वेनिया, मैरीलैंड और वर्जीनिया सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में शामिल रहे.
अमेरिका में सबसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक छुट्टियों में से एक, थैंक्सगिविंग डे के दिन, पश्चिमी तट पर कैलिफोर्निया से लेकर पूर्वी तट पर वाशिंगटन, डी.सी. तक के क्षेत्रों में खराब मौसम की स्थिति बनी रही.
बाढ़ के कारण कई लोगों को थैंक्सगिविंग की मेज पर बैठकर भोजन करने के बजाय पानी से भरे सड़कों और घरों में मुश्किल हालात का सामना कर रहे हैं.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.
पिछले लाइव पोस्ट की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें.