उत्तर प्रदेश: समाजवादी पार्टी के मेनिफ़ेस्टो पर मायावती ने ये कहा

इमेज स्रोत, @Mayawati
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए समाजावादी पार्टी के घोषणापत्र को बीएसपी प्रमुख मायावती ने "हवाहवाई" बताया है.
मायावती ने एक्स पर एक पोस्ट में एसपी के मेनिफ़ेस्टो पर टिप्पणी की है.
मायावती ने आरोप लगाया, "वैसे भी इस पार्टी का स्वभाव ज़ाहिर तौर पर ग़रीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों के वास्तविक हित, कल्याण, उनके मान-सम्मान और सुरक्षा के विरुद्ध अधिकतर जातिवादी और धन्नासेठ-समर्थक भी रहा है."
मायावती ने कहा, "हर हाथ को काम और 'क़ानून का राज' जैसी बातें मूल रूप से बीएसपी की नीति और सिद्धान्त हैं. सपा की बातें, वादे, दावे और घोषणाएं चुनावी छलावा हैं, लोग ज़रूर सावधान रहें."
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने गुरुवार को पार्टी का घोषणापत्र 'पीडीए का प्रणपत्र' जारी किया है.
इस मौक़े पर उन्होंने कहा कि बीजेपी ने जिन 'अच्छे दिनों' का वादा किया था, वे कभी नहीं आए, लेकिन अब 'बुरे दिन' जाने वाले हैं.
घोषणापत्र में समाजवादी पार्टी ने पांच रुपये प्रति प्लेट की दर से समाजवादी कैंटीन खोलने और बुज़ुर्ग महिलाओं को सालाना 40 हज़ार रुपये पेंशन देने का वादा किया है.











