लाइव, अमेरिका-ईरान में कब होगा समझौता, डोनाल्ड ट्रंप ने दिया ये जवाब

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि ईरान के साथ एक हफ़्ते में समझौता हो सकता है.

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. अमेरिका-ईरान में कब होगा समझौता, डोनाल्ड ट्रंप ने दिया ये जवाब

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Win McNamee/Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ युद्धविराम को आगे बढ़ाने और होर्मुज़ स्ट्रेट को खोलने से जुड़ा समझौता होगा (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि ईरान के साथ एक हफ़्ते में समझौता हो सकता है.

    उन्होंने कहा कि यह समझौता युद्धविराम को आगे बढ़ाने और होर्मुज़ स्ट्रेट को फिर से खोलने से जुड़ा होगा.

    एबीसी न्यूज़ को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा, "हालात अच्छे दिख रहे हैं, बहुत अच्छे."

    ट्रंप ने यह भी बताया कि दिन में एक छोटा-सा मसला सामने आया था, लेकिन उन्होंने उसे तुरंत सुलझा लिया. राष्ट्रपति के मुताबिक़, यह मसला ईरान की नाराज़गी से जुड़ा था, जो लेबनान पर हो रहे इसराइली हमलों की वजह से था.

    उन्होंने कहा, "मैंने हिज़्बुल्लाह से बात की और कहा गोली मत चलाओ. मैंने नेतन्याहू से बात की और कहा गोली मत चलाओ. दोनों ने एक-दूसरे पर गोली चलाना बंद कर दिया."

    ट्रंप ने माना कि यह प्रक्रिया आसान नहीं है क्योंकि दोनों देशों के बीच गहरी दुश्मनी है.

    उन्होंने कहा, "आप एक बहुत बड़े देश की बात कर रहे हैं जो समझौता करना चाहता है. उनके लिए आसान नहीं है, हमारे लिए भी आसान नहीं है. लेकिन हमें जो चाहिए, वह मिल रहा है."

  2. आरसीबी को आईपीएल चैंपियन बनते ही लगा बड़ा झटका, इस खिलाड़ी के ख़िलाफ़ हुआ एक्शन

    टिम डेविड

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, आरसीबी के खिलाड़ी को आचार संहिता के आर्टिकल 2.9 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया

    रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने आईपीएल 2026 का फ़ाइनल मुक़ाबला जीत लिया, लेकिन इसके बाद टीम के बल्लेबाज़ टिम डेविड पर कार्रवाई हुई है. टिम को आईपीएल 2027 के पहले मैच से सस्पेंड कर दिया गया है.

    दरअसल, अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए फ़ाइनल मुक़ाबले में टिम डेविड ने गुजरात टाइटंस की पारी के 10वें ओवर के दौरान अंपायर नितिन मेनन की तरफ़ आइस बैग फेंक दिया था. इसे आचार संहिता का लेवल-1 उल्लंघन माना गया.

    डेविड को आईपीएल की आचार संहिता के आर्टिकल 2.9 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया. यह नियम कहता है कि मैच के दौरान गेंद या कोई उपकरण (जैसे पानी की बोतल) किसी खिलाड़ी, टीम अधिकारी, अंपायर या मैच रेफ़री की तरफ़ ग़लत और ख़तरनाक तरीक़े से फेंकना अपराध है."

    इसके बाद टिम डेविड पर मैच फ़ीस का 50 फ़ीसदी जुर्माना भी लगाया गया है. डेविड को इस मामले में दो डिमेरिट पॉइंट भी दिए गए. इस तरह इस सीज़न में उनके कुल डिमेरिट पॉइंट पांच हो गए हैं.

    नियम कहता है कि पांच डिमेरिट पॉइंट होने पर खिलाड़ी को अगले सीज़न के पहले मैच में सस्पेंड किया जाता है.

  3. हिज़्बुल्लाह और इसराइल के बीच 'युद्धविराम' को लेकर हुआ अहम समझौता

    हिज़्बुल्लाह

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, हिज़्बुल्लाह की ओर से अमेरिकी प्रस्ताव को मानने की पुष्टि हुई है, जिसमें दोनों तरफ से हमले रोकने की बात है (फ़ाइल फ़ोटो)

    हिज़्बुल्लाह ने अमेरिका के उस प्रस्ताव को मान लिया है, जिसमें तय हुआ है कि वह इसराइल पर हमला नहीं करेगा और इसराइल भी बेरूत पर हमला नहीं करेगा. यह जानकारी लेबनान की ओर से दी गई है.

    अमेरिका में लेबनान के दूतावास ने बताया कि हिज़्बुल्लाह की ओर से अमेरिकी प्रस्ताव को मानने की पुष्टि हुई है, जिसमें दोनों तरफ से हमले रोकने की बात है.

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने भी इस समझौते की पुष्टि की. लेकिन साथ ही चेतावनी देते हुए कहा, "अगर हिज़्बुल्लाह हमारे शहरों और आम लोगों पर हमला नहीं रोकता तो बेरूत पर हमले जारी रहेंगे."

    सोमवार देर रात लेबनान के दूतावास ने बताया, "इस प्रस्ताव के तहत इसराइल बेरूत के दक्षिणी इलाकों पर हमले बंद करेगा और बदले में हिज़्बुल्लाह इसराइल पर हमले नहीं करेगा. युद्धविराम पूरे लेबनान में लागू होगा."

    ये बयान तब आए जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्होंने नेतन्याहू और हिज़्बुल्लाह के प्रतिनिधियों से बात की है. ट्रंप ने कहा कि दोनों ने मान लिया है कि गोलीबारी बंद होगी.