यूएई की मंत्री ने कहा, 'अमेरिका को हमारी ज़मीन से ईरान पर हमले की इजाज़त नहीं दी जाएगी', क्लाइव माइरी, अबू धाबी

इमेज स्रोत, Lev Radin/Pacific Press/LightRocket via Getty Images
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की राज्यमंत्री लाना नुसैबेह ने खाड़ी देशों पर ईरान के हमलों की निंदा की है.
उन्होंने इन्हें बेहद गंभीर, ग़ैरक़ानूनी और बिना उकसावे के किए गए हमले बताया.
उन्होंने कहा कि हमलों का पैमाना ही नहीं, बल्कि यह भी चौंकाने वाला है कि ईरान ने इस संघर्ष में पूरे क्षेत्र को खींच लिया है.
नुसैबेह ने इस सवाल का सीधा जवाब देने से इनकार किया कि क्या उनका देश ईरान के ख़िलाफ़ जवाबी कार्रवाई करेगा. उन्होंने कहा कि आगे बढ़ने का रास्ता कूटनीति ही होना चाहिए.
उन्होंने यह भी कहा कि यूएई को आत्मरक्षा का अधिकार है, लेकिन अमेरिका को ईरान पर हमला करने के लिए यूएई के हवाई क्षेत्र या उसकी ज़मीन का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था मज़बूत है और ऑइल इन्फ़्रास्ट्रक्चर और पर्यटन उद्योग पर हुए हमलों के झटके को झेल सकती है. इसमें दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और कुछ होटलों पर हुए हमले भी शामिल हैं.
उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें उन खबरों की जानकारी है जिनमें बताया गया है कि ड्रोन और मिसाइल हमलों की तस्वीरें लेने से जुड़े सख्त कानूनों के तहत कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
आरोप लगाया जा रहा है कि यह कदम यूएई में मौजूदा हालात की असल तस्वीर सामने आने से रोकने की कोशिश है. लेकिन नुसैबेह ने इन ख़बरों को ग़लत बताया है.




