जेडी(यू) विधायक अनंत सिंह बोले, 'मुझे पार्टी से कोई दिक्कत नहीं, लेकिन नीरज कुमार को हराना है'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, जेडी(य़ू) विधायक अनंत सिंह (फ़ाइल फ़ोटो)
जेडी(य़ू) विधायक अनंत सिंह पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं. वो अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार के ख़िलाफ़ वोट मांग रहे हैं.
इस पर मंगलवार को मीडिया से बात करते हुए अनंत सिंह ने कहा, "मुझे इन सब चीज़ों के बारे में नहीं पता. मुझे बस इतना पता है कि मेरी लड़ाई नीरज कुमार से है. मुझे पार्टी से कोई दिक्कत नहीं है. मैं नीरज कुमार को हराकर रहूंगा."
उन्होंने कहा, "मैं जनता और भगवान से मांग करता हूं कि इस घमंडी आदमी को हराएं.”
जब पत्रकार ने पूछा कि जेडी(यू) उम्मीदवार अस्पताल में भर्ती हैं.
इसपर उन्होंने कहा, "वह अस्पताल में भर्ती नहीं हैं. वह सिर्फ़ जांच कराने जाते हैं और दो घंटे बाद ही वोट मांगने निकल जाते हैं."
यूएई के उप प्रधानमंत्री के साथ बैठक की शुरुआत में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ये कहा
इमेज स्रोत, @DrSJaishankar
इमेज कैप्शन, विदेश मंत्री एस जयशंकर
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख़ अब्दुल्लाह बिन जायद अल नाहयान और भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर के बीच मुंबई में मुलाक़ात हुई है.
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शेख़ अब्दुल्लाह बिन जायद अल नाहयान के साथ बैठक के दौरान शुरुआती संबोधन दिया.
उन्होंने कहा, "एक दशक से अधिक समय तक लगातार संपर्क और सहयोग के बाद भारत-यूएई संबंध व्यापक रणनीतिक साझेदारी के रूप में अपनी पूरी क्षमता के मुताबिक़ आगे बढ़ रहे हैं. इस साल दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व के बीच असाधारण स्तर पर बातचीत और संपर्क हुआ है."
एस जयशंकर ने कहा, "वैश्विक चुनौतियों और क्षेत्रीय मुश्किलों के बावजूद हमारी आर्थिक साझेदारी लगातार नए मानक स्थापित कर रही है. व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) पर हस्ताक्षर होने के बाद से द्विपक्षीय व्यापार 100 अरब अमेरिकी डॉलर का आंकड़ा पार कर चुका है."
उन्होंने कहा, "दोनों देशों के बीच निवेश भी लगातार बढ़ रहा है. यह इस बात को दर्शाता है कि दोनों देशों के कारोबारी एक-दूसरे की अर्थव्यवस्थाओं पर भरोसा करते हैं."
अभी तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.
मालदीव के राष्ट्रपति मुइज़्ज़ू का आज से तीन दिवसीय पाकिस्तान दौरा
इमेज स्रोत, @presidencymv
इमेज कैप्शन, मालदीव के राष्ट्रपति डॉक्टर मोहम्मद मुइज़्ज़ू का इस्लामाबाद में कई मुद्दों पर चर्चा और समझौता कर सकते हैं
पाकिस्तानी सरकारी मीडिया के अनुसार, मालदीव के राष्ट्रपति डॉक्टर मोहम्मद मुइज़्ज़ू का तीन दिवसीय इस्लामाबाद दौरा मंगलवार से शुरू हो रहा है.
मुइज़्ज़ू पाकिस्तान दौरे के लिए रवाना हो चुके हैं.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़ रेडियो पाकिस्तान पर प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, इस यात्रा के दौरान राष्ट्रपति मुइज़्ज़ू अपने पाकिस्तानी समकक्ष आसिफ़ अली ज़रदारी से मुलाक़ात करेंगे, जो उनके सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन करेंगे.
मालदीव के राष्ट्रपति पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ के साथ भी बातचीत करेंगे.
दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मज़बूत करने की संभावनाओं पर बातचीत करेंगे.
इस यात्रा के दौरान द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित कई समझौतों और समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है.
ईरान: आईआरजीसी ने अमेरिकी ड्रोन को मार गिराने का दावा किया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, 28 फ़रवरी को ईरान पर इसराइल और अमेरिका के हमलों के बाद इलाक़े में संघर्ष लगातार जारी है (सांकेतिक तस्वीर)
ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने एक बयान जारी कर दावा किया है कि उन्होंने एक अमेरिकी सैन्य ड्रोन को निशाना बनाया है.
मंगलवार सुबह जारी एक बयान में, रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने कहा कि होर्मुज़ स्ट्रेट के ऊपर आकाश में एक एम-क्यू9 सेंटकॉम ड्रोन को रोक कर नष्ट कर दिया गया है.
बयान में दावा किया गया, "आईआरजीसी की नई उन्नत एयरोस्पेस डिफ़ेंस सिस्टम से की गई गोलाबारी और देश के एकीकृत हवाई रक्षा नेटवर्क के नियंत्रण में रोककर ड्रोन को नष्ट कर दिया गया."
हालांकि आईआरजीसी के इस दावे पर सेंटकॉम की ओर से अभी कोई बयान नहीं आया है.
संजय राउत ने कहा, 'ये सरकार रही तो अराजकता फैलेगी'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, संजय राउत ने कहा है कि इस देश को अब सुप्रीम कोर्ट ही बचा सकता है
शिवसेना (उद्धव बाला साहेब ठाकरे गुट) के सांसद संजय राउत ने कहा है कि अगर मोदी सरकार सत्ता में बनी रही तो अराजकता फ़ैलेगी.
संजय राउत ने कहा, "ये सरकार रहेगी तो अराजकता फैलेगी. सुप्रीम कोर्ट को इस पर ध्यान देना चाहिए. हम कहते हैं कि सुप्रीम कोर्ट पर हमारा भरोसा है. अब इस देश को सुप्रीम कोर्ट ही बचा सकता है."
"जिस तरह से इस देश में मोदी जी की सरकार तिरंगा लहराने पर भी विरोध कर रही है. इसका मतलब है कि ये राष्ट्रभक्तों की सरकार नहीं है."
"एक बार फिर मोदी और शाह ईस्ट इंडिया कंपनी की सरकार यहां लाना चाहते हैं, महाराष्ट्र में फडणवीस लाना चाहते हैं. अगर हम अपने देश में तिरंगा नहीं लहरा सकते तो किस देश का झंडा लहराएं?"
पंजाब: मानसा में पुलिसकर्मी ने पूरे परिवार को मारी गोली, फिर की आत्महत्या
इमेज स्रोत, @BathindaRange
इमेज कैप्शन, मानसा के एसएसपी वैभव चौधरी ने बताया है कि घटना मंगलवार सुबह क़रीब 7 बजे की है
पंजाब के मानसा में एक पुलिसकर्मी ने अपनी पत्नी और दो बेटों को गोली मारकर ख़ुद आत्महत्या कर ली है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ इस गोलीबारी में एक बेटे की मौत हो गई है, जबकि उनकी पत्नी और दूसरा बेटा घायल हैं.
उनके मुताबिक़, शुरुआती जांच में ऐसा लग रहा है यह मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ है. हालांकि पुलिस इस मामले की गहन जांच में लगी हुई है.
पुलिस के मुताबिक़, इस गोलीबारी में पुलिसकर्मी ने अपने सरकारी हथियार का इस्तेमाल किया है.
स्थानीय ख़बरों के मुताबिक़, गोलीबारी करने वाले पुलिसकर्मी की ड्यूटी मानसा के उपायुक्त (डीसी) के सुरक्षाकर्मी के तौर पर लगी थी.
(आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है. अगर आप भी तनाव से गुज़र रहे हैं तो भारत सरकार की 'जीवन आस्था' हेल्पलाइन 18002333330 से मदद ले सकते हैं. आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए.)
कनाडा: अल्बर्टा की आज़ादी के लिए जनमत संग्रह का प्रस्ताव ख़ारिज, पीएम कार्नी ने ये कहा, नादिम यूसिफ़, बीबीसी न्यूज़
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, अल्बर्टा को अलग किए जाने के सवाल पर कनाडा में जनमत संग्रह कराए जाने के मुद्दे पर वोटिंग हुई
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा है कि अल्बर्टा के लोगों ने स्वतंत्रता पर जनमत संग्रह के प्रस्ताव को ख़ारिज करने के लिए 'स्पष्ट फैसला' दिया है.
उन्होंने कहा, "19 अक्तूबर को अल्बर्टा के लोगों ने स्पष्ट फैसला दिया. उन्होंने एकता को चुना, मिलकर आगे बढ़ने और एक-दूसरे का ख्याल रखने का फ़ैसला किया. सबसे बढ़कर, अल्बर्टा के लोगों ने कनाडा को चुना.”
कार्नी ने कहा, "अब हमारे पास यह अवसर है कि कनाडाई होने के नाते हमें जो कुछ मिला है, उसका पूरा लाभ उठाएं. और हमें दुनिया का सबसे महान देश मिला है. अब हमें अपने देश को हम सभी के लिए और बेहतर बनाना है."
अल्बर्टा की आज़ादी के लिए ज़रूरी जनमत संग्रह के लिए हुई वोटिंग के शुरुआती नतीजों में 76.5% मतदाताओं ने कनाडा में बने रहने के पक्ष में वोट दिया है.
अल्बर्टा, कनाडा का एक अहम तेल उत्पादक पश्चिमी प्रांत है. अल्बर्टा के लोगों ने इस सवाल पर वोट दिया है कि उन्हें कनाडा में बने रहना चाहिए या इस प्रांत को कनाडा से अलग हो जाने के लिए ज़रूरी जनमत संग्रह कराया जाना चाहिए.
परंपरागत रूप से कंजर्वेटिव समर्थक रहे इस प्रांत में अलगाव के समर्थक, प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की लिबरल सरकार से नाराज़ हैं.
कनाडा पहले भी अपनी एकता को लेकर ख़तरों का सामना कर चुका है, जिनमें कभी-कभी हिंसा भी शामिल रही है.
क्यूबेक प्रांत में 1980 और 1995 में स्वतंत्रता को लेकर दो जनमत संग्रह हुए थे. दोनों में स्वतंत्रता के पक्ष में प्रस्ताव सफल नहीं हुआ.
अल्बर्टा की स्वतंत्रता के समर्थक इस बात को नहीं छिपाते कि उन्हें फ्रेंच भाषी बहुसंख्यक आबादी वाले क्यूबेक प्रांत से प्रेरणा मिलती है.
पीएम मोदी ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के 'विजयादशमी संबोधन' पर ये कहा
इमेज स्रोत, AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की प्रशंका की है (फ़ाइल फ़ोटो)
विजयादशमी के मौक़े पर नागपुर में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के संबोधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रतिक्रिया दी है.
पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "नागपुर में शताब्दी वर्ष विजयादशमी उत्सव के दौरान परम पूज्य सरसंघचालक डॉक्टर मोहन भागवत जी का प्रेरणादायक संबोधन. उन्होंने राष्ट्रीय प्रगति, सामाजिक एकता, आत्मनिर्भरता की जरूरत और समाज के चरित्र को मजबूत करने समेत कई मुद्दों पर विस्तार से बात की."
पीएम मोदी ने लिखा, "उन्होंने (मोहन भागवत) सेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता पर खास जोर दिया. उन्होंने कहा कि ये भावनाएं हर आरएसएस स्वयंसेवक के जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं."
पीएम मोदी के मुताबिक़, "उन्होंने (संघ प्रमुख) पंच परिवर्तन के बारे में भी बात की और बताया कि किस तरह ये सकारात्मक सामाजिक बदलाव लाने में सार्थक भूमिका निभा सकते हैं."
"अनगिनत स्वयंसेवकों ने अपने समर्पण, कर्तव्य-निष्ठा और राष्ट्र-प्रथम की भावना से सदैव समाज के उत्थान के लिए कार्य किया है. मुझे विश्वास है कि यह भावना आने वाले समय में भी देश को और सशक्त एवं सुदृढ़ करेगी."
इससे पहले विजयादशमी के मौक़े पर संघ की स्थापना के 101 साल पूरे होने पर सरसंघचालक मोहन भागवन ने अपने संबोधन में कई मुद्दों की चर्चा की थी.
उन्होंने कहा कि भारत में सत्ता परिवर्तन नहीं होगा और भागवत ने व्यवस्था को ख़त्म करने की कोशिश कर रही ताक़तों पर भी निशाना साधा.
टाइगर श्रॉफ़ पर हमला मामला: मुंबई पुलिस की टीम कोटा पहुँची
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, मुंबई पुलिस की टीम कोटा पहुंची
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में पकड़े गए तीनों संदिग्धों को अपनी हिरासत में लेने के लिए मुंबई पुलिस की टीम कोटा पहुंच गई है.
समाचार एजेंसी एएनआई ने एक वीडियो जारी किया है, इसमें तीनों अभियुक्तों को मुंबई पुलिस की टीम कार में बैठाकर ले जा रही है.
इससे पहले समाचार एजेंसी पीटीआई ने बताया टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले के अभियुक्त रेलवे कॉलोनी पुलिस स्टेशन में हिरासत में हैं उन्हें मुंबई ले जाने की तैयारी की जी रही है.
इससे पहले कोटा रेलवे कॉलोनी पुलिस स्टेशन के एसएचओ रामस्वरूप मीणा ने बताया कि कोटा की एक स्थानीय अदालत ने 48 घंटे का ट्रांज़िट रिमांड मंजू़र कर लिया है.
अब महाराष्ट्र पुलिस की टीम इन तीनों को आधिकारिक तौर पर अपनी हिरासत में लेकर विस्तृत पूछताछ के लिए उन्हें मुंबई ले जा सकेगी.
राजस्थान की कोटा पुलिस ने बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ़ पर रविवार को हुए हमले के सिलसिले में तीन अभियुक्तों को सोमवार को हिरासत में लिया था.
टाइगर श्रॉफ़ पर रविवार शाम को उस वक़्त हमला हुआ था, जब वो मुंबई में एक ग्राउंड से फ़ुटबॉल खेलकर जा रहे थे.
गोलीबारी की इस घटना में टाइगर श्रॉफ़ के ड्राइवर घायल हो गए थे, जबकि एक अन्य शख़्स को भी गोली लगी थी.
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने विजयदशमी के संबोधन में सत्ता परिवर्तन पर क्या कहा?
इमेज स्रोत, @RSSorg
इमेज कैप्शन, भागवत ने भारत की विविधता और वैश्विक मंच पर देश के बढ़ते कद की सराहना की.
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने मंगलवार को कहा कि भारत में सत्ता परिवर्तन नहीं होगा. उन्होंने व्यवस्था को ख़त्म करने की कोशिश कर रही ताक़तों पर भी निशाना साधा.
फ्रांस, अल्बानिया और बांग्लादेश में अशांति का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आंदोलनों का मक़सद समाधान तलाशना होना चाहिए.
आरएसएस प्रमुख ने कहा, "यह तूफ़ान पश्चिम से उठा है, जो व्यवस्था के हर स्वरूप के ख़िलाफ़ है."
भागवत ने भारत की विविधता और वैश्विक मंच पर देश के बढ़ते कद की सराहना की.
उन्होंने कहा, "भारत, हिंदू और आरएसएस पर लोगों का भरोसा बढ़ रहा है."
संघ के 101वें स्थापना वर्ष के मौक़े पर आरएसएस के सरसंघचालक ने कहा, "हम बँट गए और कमज़ोर हो गए, जिसके कारण हमें ग़ुलामी झेलनी पड़ी. कई महान लोगों के प्रयासों से हमने ग़ुलामी से मुक्ति पाई. हमें एक बार फिर अपने भावनात्मक संबंधों को समझना होगा."
उन्होंने कहा, "हमारा देश प्राकृतिक विविधता, धर्मों, जातियों, खानपान और अन्य कई रूपों में विविधता से भरा है. इसलिए हमें ऐसी विचारधारा की ज़रूरत है, जो इन सभी को स्वीकार करे और उनका सम्मान करे. हमारी परंपरा, हमारी सनातन परंपरा, इस विचार को स्वीकार करती है."
कार्यक्रम की शुरुआत आरएसएस प्रमुख के औपचारिक स्वागत, संगठन के संस्थापक हेडगेवार को पुष्पांजलि और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुई.
यह कार्यक्रम आरएसएस के 101वें स्थापना वर्ष के अवसर पर आयोजित किया गया.
इससे पहले सोमवार को भागवत ने नागपुर के धंतोली स्थित श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में पूजा-अर्चना की थी.
महाष्टमी के अवसर पर उन्होंने कहा कि श्रद्धालु मां दुर्गा का आशीर्वाद मांगते हैं, क्योंकि संसार की हर गतिविधि उन्हीं की कृपा से संचालित होती है.
रूसी विदेश मंत्री ने कहा, रूस नहीं छोड़ेगा ईरान का साथ
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और ईरान के विदेश मंत्री के बीच तेहरान में मुलाक़ात हुई है
रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा है कि उनका देश कभी भी ईरान का साथ नहीं छोड़ेगा.
बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़ सोमवार को ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची और रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने तेहरान में मुलाक़ात के बाद एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ़्रेस में हिस्सा लिया.
अब्बास अराग़ची ने कहा कि दोनों देश इस बात पर सहमत हैं कि मध्य पूर्व के मुद्दों का कोई सैन्य समाधान नहीं है.
उन्होंने अमेरिका- ईरान युद्ध और नौसैनिक नाकाबंदी को इस क्षेत्र में असुरक्षा की वजह बताया.
ईरानी विदेश मंत्री ने कहा कि उन्होंने रूसी विदेश मंत्री से होर्मुज़ स्ट्रेट और फ़ारस की खाड़ी की स्थिति के बारे में बात की थी.
अराग़ची ने कैस्पियन सागर में ईरानी और रूसी जहाज़ों और यहां बंदरगाह पर मौजूद सुविधाओं पर हुए हमलों के बारे में गहरी चिंता व्यक्त की.
प्रेस कॉन्फ़्रेंस में सर्गेई लावरोव ने कहा कि वह ईरानी विदेश मंत्री की ओर से उठाए गए मुद्दों से सहमत हैं और उनके साथ बातचीत को बहुत ही अच्छा मानते हैं.
लावरोव ने इस बात पर जोर दिया कि ईरान और रूस के बीच रणनीतिक सहयोग बढ़ रहा है.
रूसी विदेश मंत्री ने कहा, "रूस दोनों देशों के संयुक्त रणनीतिक समझौते के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और रूस ईरान के साथ सहयोग कभी नहीं छोड़ेगा."
ट्रंप ने फ़्रांस के हालात के लिए प्रवासियों को ठहराया ज़िम्मेदार
इमेज स्रोत, Anna Moneymaker/Getty Images
इमेज कैप्शन, ट्रंप ने अमेरिका के लोगों को यूरोप के हालात को लेकर चेतावनी दी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कंसास के विचिटा में चुनावी रैली के दौरान फ़्रांस में जारी अशांति का ज़िक्र किया. उन्होंने आगामी मिडटर्म चुनावों के महत्व को बताते हुए समर्थकों को चेतावनी दी कि अमेरिका को ऐसी स्थिति से बचना होगा.
ट्रंप ने फ़्रांस में हिंसा और तबाही के लिए "प्रवासियों, जिहादियों और कम्युनिस्टों को ज़िम्मेदार" ठहराया.
उन्होंने यूरोप के वामपंथी नेताओं पर ऐसी इमिग्रेशन नीतियां अपनाने का आरोप लगाया, जो "पश्चिमी देशों के मूल्यों को कमज़ोर" करती हैं.
राष्ट्रपति ट्रंप ने अमेरिका की स्थिति की तुलना यूरोप से करते हुए कहा कि देश को उन ग़लतियों से बचना चाहिए, जो उनके मुताबिक़ यूरोप ने की हैं.
ट्रंप ने कहा, "वैश्विक वामपंथी यूरोप थर्ड वर्ल्ड के लाखों प्रवासियों को ला रहा है, जिनका पश्चिमी देशों के साथ बिल्कुल भी मेल नहीं है. वे फ़्रांस की हर चीज़ से नफ़रत करते हैं. वे उस देश को बर्बाद कर रहे हैं. हम अपने देश के साथ ऐसा नहीं होने देंगे."
ट्रंप ने रिपोर्टरों से बातचीत में कहा कि उन्होंने पहले ही फ़्रांस के राष्ट्रपति को देश की सीमाओं को बंद करने की चेतावनी दी थी.
ट्रंप ने कहा, "फ़्रांस में जो हो रहा है वह न तो स्कूलों की वजह है और न ही किसी अन्य वजह से. यह इमिग्रेशन की वजह से हो रहा है."
फ़्रांस में व्यापक हिंसा के बाद पेरिस के कुछ इलाक़ों समेत कई शहरों में कर्फ़्यू, जारोस्लाव ल्युकीव
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पेरिस के एक इलाक़े में कर्फ़्यू के बाद पसरा सन्नाटा
फ़्रांस में बीते कुछ दिनों के दौरान हुए दंगों और लूटपाट के बाद अधिकारियों ने पेरिस के कुछ हिस्सों समेत कई शहरों में रात के समय कर्फ़्यू लगा दिया है.
पेरिस पुलिस के मुताबिक़, प्लास द ला रिपब्लिक और ले आल शॉपिंग एरिया में स्थानीय समय के अनुसार रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक कर्फ़्यू लागू रहेगा. बीते कुछ दिनों के दौरान इन इलाक़ों में प्रदर्शनकारी जुटे थे.
शहर के केंद्र के कई अन्य हिस्सों में बिना अनुमति के सभाओं पर भी रोक लगा दी गई है.
दक्षिणी फ़्रांस के मार्सेई, बोर्डो, नीस और लियोन के साथ-साथ उत्तरी शहर लील और अन्य कस्बों में भी आंशिक कर्फ़्यू लगाने की घोषणा की गई है. इन पाबंदियों के तहत कुछ जगहों पर युवाओं की आवाजाही और लोगों के जुटने पर रोक लगाई गई है.
इससे पहले, गृह मंत्री लॉरां नुनेज ने माना कि कुछ शहरों में पुलिस ने हालात पर से नियंत्रण खो दिया था. कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने की तैयारियों को लेकर विपक्षी नेताओं ने उनकी कड़ी आलोचना की थी.
पिछले महीने बेहतर स्कूल सुविधाओं की मांग को लेकर छात्रों ने प्रदर्शन शुरू किया था. बाद में इन प्रदर्शनों में महंगाई समेत कई अन्य मुद्दे भी शामिल हो गए. बीते दिनों ट्रेड यूनियनों और विभिन्न प्रदर्शनकारी समूहों के शामिल होने से प्रदर्शनकारियों की संख्या बढ़ गई.
अधिकारियों के मुताबिक़, अब तक 2,500 से ज़्यादा लोगों को गिरफ़्तार किया जा चुका है. समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार, प्रदर्शन को काबू करने के दौरान क़रीब एक हज़ार पुलिसकर्मी घायल हुए हैं.
सोमवार को जारी संकट पर हुई बैठक के बाद देश के प्रधानमंत्री ने कहा कि स्थानीय मेयरों को जरूरत के मुताबिक़ कर्फ़्यू लगाने का अधिकार दिया जा रहा है.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.
कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहांक्लिक करें.