आईएस का दावा 'अमरीकी हमले में कोई नुक़सान नहीं'

इमेज स्रोत, Reuters
अफ़ग़ानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि अमरीका के 'मदर ऑफ़ ऑल बॉम्ब्स' कहे जा रहे हथियार से किए गए हमले में तथाकथित इस्लामिक स्टेट गुट के 36 चरमपंथी मारे गए हैं और उनका ठिकाना ध्वस्त हो गया है.
मगर इस्लामिक स्टेट की समर्थक एजेंसी 'अमाक' पर जारी किए गए एक बयान में इस हमले में आईएस को किसी भी तरह का नुक़सान होने से इनकार किया गया है.
अमरीका ने शुक्रवार को अफ़ग़ानिस्तान के नंगरहार में अपना अब तक का सबसे बड़ा ग़ैर-परमाणु बम गिराया था.

इमेज स्रोत, Getty Images
अमरीका ने हमले को सही बताया
अफ़ग़ानिस्तान में अमरीकी सेना के प्रमुख जनरल जॉन निकॉल्सन ने कहा है कि ये बम पूर्वी अफ़ग़ानिस्तान में स्थित चरमपंथियों के ठिकाने के लिए सबसे मुफ़ीद हथियार था.
उन्होंने कहा कि इस हमले में 300 मीटर लंबी सुरंग और गुफाओं का नेटवर्क ध्वस्त कर दिया गया है.
जनरल निकॉल्सन ने कहा कि घटनास्थल पर अमरीकी सुरक्षाबल मौजूद हैं और आम नागरिकों के हताहत होने के सबूत और ख़बरें नहीं मिली हैं.
अफ़ग़ानिस्तान के चीफ़ एक्जेक्यूटिव अब्दुल्लाह अब्दुल्लाह ने पुष्टि की है कि ये हमला उनकी सरकार के साथ तालमेल से किया गया और इसमें 'आम नागरिकों को किसी भी तरह का नुक़सान नहीं होने देने के लिए काफ़ी ध्यान रखा गया'.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)












